ब्रेकिंग न्यूज़
PM के पंजाब दौरे से पहले ट्रेन में खालिस्तानी नारे:आतंकी पन्नू ने वीडियो जारी किया; खालड़ा का भी जिक्र, इन्हीं पर बनी 'सतलुज' बैन हुई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे से पहले फिरोजपुर कैंट रेलवे स्टेशन का एक वीडियो सामने आया है। यह वीडियो प्रतिबंधित अलगाववादी संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) ने जारी किया है। वीडियो में दिल्ली जाने वाली एक ट्रेन के डिब्बों पर ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ और ‘मोदी मुर्दाबाद’ जैसे नारे लिखे दिखाई दे रहे हैं। SFJ के आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने वीडियो जारी कर पंजाब में आतंकवाद के दौर के मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा की विरासत का जिक्र करते हुए कथित एनकाउंटर मामलों को उठाया। हालांकि, दैनिक भास्कर पन्नू के वीडियो की पुष्टि नहीं करता। जसवंत सिंह खालड़ा पर ही दिलजीत दोसांझ की फिल्म सतलुज बनी थी, जिसे रिलीज होने के दूसरे दिन ही OTT से हटा दिया गया था और अब पूरी तरह से बैन कर दिया गया है। इधर, वीडियो सामने आने के बाद खुफिया एजेंसियां स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। पुलिस उन लोगों की पहचान करने में जुटी है, जिन्होंने रात के अंधेरे में ट्रेन के डिब्बों पर ये नारे लिखे। पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी किया है। पीएम का 15 और 17 जुलाई को लुधियाना और जालंधर दौरा प्रस्तावित हैं। पीएम इन दो दिन में किसी भी दिन आ सकते हैं। जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन की नई बनी बिल्डिंग का उद्घाटन करेंगे। इसी दिन वे चंडीगढ़ में भी 4 प्रोजेक्टों का उद्घाटन कर सकते हैं। वीडियो में आतंकी पन्नू ने ये बातें कही… जसवंत सिंह खालड़ा के बारे में जानिए, जिनका पन्नू ने जिक्र किया जसवंत सिंह खालड़ा अमृतसर सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक में डायरेक्टर थे। इसके साथ ही वो शिरोमणि अकाली दल के मानवाधिकार विंग से जुड़े थे। उनके साथी और बैंककर्मी प्यारा सिंह एक दिन अचानक गायब हो गए। उनकी तलाश में ही एक दिन जसवंत श्मशान घाट पहुंचे। तब उन्हें बड़ी संख्या में लाशों को लावारिस बताकर जलाने का पता चला था। जब उन्होंने पड़ताल आगे बढ़ाई तो पुलिस के फेक एनकाउंटर का सच सामने आया। इसके बाद जसवंत और उनके साथी जे.एस. ढिल्लो ने 1995 में एक प्रेस नोट तैयार किया। जे.एस. ढिल्लो भी शिरोमणि अकाली दल के मानवाधिकार विंग से जुड़े थे। ये प्रेसनोट 16 जनवरी 1995 को जारी किया गया, जिसकी हेडलाइन थी- ‘DISAPPEARED CREMATION GROUNDS’। इसमें लिखा था- ‘अमृतसर और इसके आसपास के जिलों की पुलिस नियमित तौर पर शवों को श्मशान घाटों पर ले जाती है। वहां लावारिस बता कर उनका अंतिम संस्कार किया जाता है। पट्टी नगर पालिका श्मशान घाट पर ऐसी 400 लावारिस लाशों का अंतिम संस्कार किया गया। यहां 40 किमी दूर खालड़ा गांव से लाशें लाई गईं। साथ ही 10 किमी दूर कैरों, 15 किमी दूर हरिका और 30 किमी दूर वल्टोहा से भी लाई गईं।‘ ‘तरनतारन नगर पालिका श्मशान घाट पर 700 लावारिस लाशें लाईं गईं। इनकी जानकारी का सिर्फ एक ही रिकॉर्ड है- रसीद बुक। इसमें शवों को जलाने के लिए लगने वाली लकड़ी का जिक्र है। रसीद बुक पर लाए गए शवों की तारीख और संख्या दर्ज है।‘ ‘अमृतसर में 1 जून 1984 से 1994 के अंत तक करीब 2000 शवों का लावारिस के तौर पर अंतिम संस्कार किया गया। सबसे ज्यादा 900 लावारिस लाशें दुर्गियाना मंदिर के श्मशान घाट लाई गईं थीं।‘ इस प्रेस नोट के कुछ महीनों बाद जसवंत सिंह एक दिन घर के बाहर से गायब हो गए। सिख फॉर जस्टिस यानी SFJ क्या है… ——————- ये खबर भी पढ़ें: दिलजीत की फिल्म सतलुज पूरी तरह बैन: ZEE5 ग्लोबल कैटेगरी से भी हटाई, सेंट्रल कमेटी ने रिपोर्ट सौंपी; अब आगे क्या? जानिए सवाल-जवाब में सबकुछ पंजाबी एक्टर और सिंगर दिलजीत दोसांझ की फिल्म सतलुज अब पूरी तरह बैन हो गई है। इसे OTT प्लेटफॉर्म ZEE5 की ग्लोबल कैटेगरी से भी हटा दिया गया है। इस फिल्म को अब विदेश में भी नहीं देखा जा सकेगा। इसी के साथ फिल्म के कंटेंट की जांच के लिए गठित केंद्रीय समिति ने भी सिफारिश कर दी है कि फिल्म को बैन ही रहने दिया जाए। क्योंकि, फिल्म भारत की संप्रभुता और अखंडता के खिलाफ है। सरकारी सूत्रों से हवाले से यह जानकारी शनिवार को न्यूज एजेंसी PTI ने दी। (पढ़ें पूरी खबर)

3.81 करोड़ के फॉरेक्स ट्रेडिंग महाघोटाले में बैंक-खाता सप्लायर गिरफ्तार:जयपुर के डॉक्टर से करोड़ों की थी ठगी, नागपुर से अंतरराज्यीय-गिरोह ने टेलीग्राम ग्रुप 'CMC Global CS' के जरिए वारदात

राजस्थान पुलिस की स्टेट साइबर क्राइम शाखा ने फॉरेक्स ट्रेडिंग और ऑनलाइन निवेश के नाम पर देशभर में ठगी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए गिरोह को बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले आरोपी को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रक्षक राहुल गजभिये के रूप में हुई है, जिसे ट्रांजिट वारंट पर जयपुर लाकर पूछताछ की जा रही है। यह कार्रवाई 3 करोड़ 81 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में की गई है। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (साइबर क्राइम) विजय कुमार सिंह ने बताया कि साइबर ठग टेलीग्राम ग्रुप “CMC Global CS” के माध्यम से लोगों को फॉरेक्स ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का लालच देकर निवेश करवाते थे। मामले की जांच उप महानिरीक्षक साइबर क्राइम शांतनु कुमार सिंह के निर्देशन और साइबर क्राइम पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरड़ा के सुपरविजन में स्टेट साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन की विशेष टीम ने की। गूगल सर्च से शुरू हुई ठगी मालवीय नगर निवासी डॉ. प्रेम रतन (45) ने 5 अक्टूबर 2025 को स्टेट साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि निवेश के विकल्प तलाशने के दौरान गूगल पर CMC Global CS नामक फॉरेक्स ट्रेडिंग वेबसाइट सर्च की। इसके कुछ समय बाद खुद को कंपनी का कस्टमर केयर बताने वाले लोगों ने उनसे संपर्क किया और उन्हें टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ दिया। आधार-पैन लेकर बनाया फर्जी ट्रेडिंग अकाउंट साइबर ठगों ने रजिस्ट्रेशन के नाम पर डॉक्टर से आधार कार्ड और पैन कार्ड सहित अन्य दस्तावेज प्राप्त किए। इसके बाद एक फर्जी वर्चुअल ट्रेडिंग पोर्टल पर उनका ट्रेडिंग अकाउंट बनाकर यूजर आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराया गया। पहले छोटा मुनाफा, फिर करोड़ों की ठगी शुरुआत में आरोपियों ने कम राशि का निवेश करवाकर उस पर वास्तविक रिटर्न लौटाया, जिससे पीड़ित का भरोसा जीत लिया। इसके बाद भारी मुनाफे का लालच देकर लगातार बड़ी रकम निवेश करवाई गई। फर्जी ट्रेडिंग पोर्टल के डैशबोर्ड पर निवेश की राशि और मुनाफा बढ़ता हुआ दिखाया जाता रहा, जबकि यह पूरा आंकड़ा सॉफ्टवेयर के जरिए तैयार किया गया था। जब निवेश की कुल राशि 3 करोड़ 81 लाख रुपये तक पहुंच गई और डॉक्टर ने रकम निकालने का प्रयास किया, तो ठगों ने उन्हें टेलीग्राम ग्रुप से तुरंत हटा दिया, चैट डिलीट कर दी और सभी तरह का संपर्क समाप्त कर दिया। तकनीकी जांच से नागपुर तक पहुंची पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर एसपी सुमित मेहरड़ा के नेतृत्व में विशेष तकनीकी टीम बनाई गई। टीम ने संदिग्ध बैंक खातों, टेलीग्राम ग्रुप, आईपी एड्रेस और मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच के दौरान पुलिस महाराष्ट्र के नागपुर पहुंची, जहां गिरोह को बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले आरोपी रक्षक राहुल गजभिये को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को नागपुर की अदालत में पेश कर ट्रांजिट वारंट पर जयपुर लाया गया है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में गिरोह के मुख्य सरगनाओं और देशभर में फैले साइबर नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे होंगे।

सराड़ा में 1600 सीताफल के पौधे लगाए गए:केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके बोले- परियोजना से मिलेगा रोजगार, किसानों को मक्का बीज भी बांटे

सलूम्बर जिले के सराड़ा उपखंड की नाल हल्कार ग्राम पंचायत में शनिवार को संसदीय संकुल विकास परियोजना के तहत महावृक्षारोपण कार्यक्रम हुआ। इसमें केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए और करीब 1600 सीताफल के पौधे रोपे गए। कार्यक्रम में मुख्य रूप से राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, जनजाति क्षेत्रीय विकास (टीएडी) मंत्री बाबूलाल खराड़ी, सांसद मन्नालाल रावत, सलूम्बर विधायक शांता देवी मीणा, भाजपा जिला अध्यक्ष (देहात) पुष्कर तेली और ग्राम पंचायत प्रशासक (सरपंच) वर्षा देवी मौजूद रहे। मंत्री बोले- अंधाधुंध कटाई से बढ़ रहा तापमान केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा – दुनिया में बढ़ते तापमान और जल संकट का मुख्य कारण अंधाधुंध वृक्षों की कटाई है। पहाड़ों पर लगाए गए वृक्ष वर्षा जल को धरती में संचित रखते हैं, जिससे जलस्रोत जीवित रहते हैं। इसके माध्यम से देशभर के जनजातीय क्षेत्रों में खाली पहाड़ियों को हराभरा बनाया जा रहा है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। 1600 सीताफल पौधे रोपे, किसानों को मक्का बीज भी बांटे कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की सहभागिता से करीब 1600 सीताफल के पौधे लगाए गए। विशेषज्ञों ने किसानों को पौधों के संरक्षण और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी। इसके अलावा किसानों को मक्का बीज भी वितरित किए गए। सरपंच वर्षा देवी ने रखीं कई मांगें कार्यक्रम की शुरुआत में ग्राम पंचायत प्रशासक वर्षा देवी ने क्षेत्र के विकास के लिए कई मांगें रखीं। इनमें खेरकी, घाटीवाला और भुराघाटी तालाबों का पुनर्जीवन, नहरों का सुदृढ़ीकरण, नई डामरीकरण सड़कों का निर्माण, जर्जर एनीकटों की मरम्मत, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, बागवानी-पशुपालन को बढ़ावा और मोबाइल नेटवर्क समस्या का समाधान शामिल था।

भीलवाड़ा में आज तीन से साढ़े चार घंटे बिजली बंद:इलेक्ट्रिसिटी मेंटेनेंस वर्क के चलते होगी बिजली कटौती, जानें कौनसे क्षेत्र होंगे प्रभावित

भीलवाड़ा के कई इलाकों में रविवार को इलेक्ट्रिसिटी मेंटेनेंस वर्क के चलते बिजली सप्लाई प्रभावित रहेगी। कुछ क्षेत्रों में साढ़े चार घंटे और कुछ क्षेत्रों में तीन घंटे तक बिजली बंद रहेगी। विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे जरूरी काम निर्धारित समय से पहले निपटा लें ताकि परेशानी से बचा जा सके। टेलीफोन एक्सचेंज फीडर से जुड़े क्षेत्रों में साढ़े चार घंटे पावर कट एवीएनएल के सहायक अभियंता नीरज शर्मा ने बताया कि 11 केवी टेलीफोन एक्सचेंज फीडर से जुड़े महेश नगर, गुप्ता जी की फैक्ट्री पांसल रोड, करणी मार्केट, वसंता, जम्बेश्वर नगर, मुखीजा हाउस, रामनगर, हनुमान मंदिर, कांच गोदाम के पास, कल्याण एलुमिनियम, सामुदायिक भवन पुलिस लाइन के पास, वायरलेस, मेस, पुलिस लाइन एरिया, होमगार्ड, हजीमंजिल, संतोषी माता मंदिर, भवानी नर्सरी, संतोष कॉलोनी, खडेश्वर मंदिर, गोकुल धाम सोसायटी, अनुकंपा अपार्टमेंट और आसपास के क्षेत्रों में सुबह 8 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक बिजली सप्लाई बंद रहेगी। पावरहाउस फीडर क्षेत्र में तीन घंटे बिजली बंद रहेगी 11 केवी पावरहाउस फीडर से जुड़े मराठा कॉलोनी, जवाहर नगर नहर के पास, बालाजी की बगीची, हरिजन बस्ती, हनुमान नगर, संस्कृति विहार पांसल रोड, बालाजी अपार्टमेंट, ग्रीनवेली स्कूल के पीछे, रौनक विहार, कंचन देवी कॉलेज, धर्मकांटा 80 फीट रोड, रोटोमेक और आसपास के क्षेत्रों में दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक तीन घंटे बिजली सप्लाई बंद रहेगी। विद्युत विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से कहा है कि वे पावर कट से पहले अपने जरूरी कार्य पूरे कर लें, ताकि बिजली बंद रहने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।

21 साल की लिंडा नोस्कोवा बनीं विंबलडन चैंपियन:कैरोलीना मुहोवा को 6-2, 5-7, 6-3 से हराया; करियर की बेस्ट रैंकिंग 7 पर पहुंचेंगी

चेक रिपब्लिक की 21 साल की टेनिस खिलाड़ी लिंडा नोस्कोवा ने विंबलडन 2026 का विमेंस सिंगल्स खिताब अपने नाम कर लिया है। ऑल इंग्लैंड क्लब के सेंटर कोर्ट पर खेले गए फाइनल मुकाबले में नौवीं सीड नोस्कोवा ने अपनी ही हमवतन और पेरिस ओलिंपिक की डबल्स पार्टनर कैरोलीना मुहोवा को 6-2, 5-7, 6-3 से शिकस्त दी। विंबलडन के इतिहास में यह पहली बार था जब दो चेक खिलाड़ियों के बीच फाइनल मैच खेला गया। इस जीत के साथ ही नोस्कोवा को करीब 38.5 करोड़ रुपए (£3.6 मिलियन) की इनामी राशि मिली और वे अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 7वीं रैंकिंग पर पहुंच जाएंगी। 4 साल में तीसरी चेक चैंपियन बनीं लिंडा नोस्कोवा लिंडा नोस्कोवा पिछले चार सालों में विंबलडन महिला सिंगल्स का खिताब जीतने वाली तीसरी चेक खिलाड़ी बन गई हैं। इससे पहले मार्केटा वोंद्रोसोवा ने 2023 और बारबोरा क्रेजिकोवा ने 2024 में यह खिताब जीता था।

मैच पॉइंट गंवाने के बाद कांपने लगी थीं नोस्कोवा
मैच के दौरान एक समय ऐसा आया जब नोस्कोवा आसानी से जीत की तरफ बढ़ रही थीं। वे दूसरे सेट में 6-2, 5-2 से आगे थीं। इसके बाद 10वीं सीड मुहोवा ने जोरदार वापसी की और लगातार 5 गेम जीतकर दूसरा सेट 7-5 से अपने नाम कर लिया। इस दौरान दबाव में नोस्कोवा का बॉडी लैंग्वेज देखने लायक था। वे क्राउड के शोर से बचने के लिए कानों में उंगलियां डालती दिखीं और चेंजओवर के समय विंबलडन के तौलिये में अपना चेहरा छिपा लिया। हालांकि, तीसरे सेट में उन्होंने खुद को संभाला और जीत कर इतिहास रच दिया।
आसमान की तरफ चूमा हाथ: दो साल पहले विंबलडन से ठीक पहले मां को खोया था
जीत के बाद नोस्कोवा कोर्ट पर ही बैठ गईं और भावुक हो गईं। ट्रॉफी मिलने के बाद स्पीच के दौरान वे रो पड़ीं। उन्होंने आसमान की तरफ देखते हुए फ्लाइंग किस किया और अपनी दिवंगत मां को याद किया।
नोस्कोवा ने कहा,’दो साल पहले विंबलडन की शुरुआत से ठीक पहले मेरी मां इवाना का निधन हो गया था। मैं उनके बिना आज यहां नहीं होती। मैं अपने पिता को भी धन्यवाद देना चाहती हूं, जो मेरे लिए फ्लाइट का डर होने के बावजूद यहां मैच देखने आए।’ मुहोवा ने मजाकिया अंदाज में कहा- लिंडा मेरी ‘एक्स-फ्रेंड’ हैं
हार के बाद भावुक मुहोवा ने उपविजेता की ट्रॉफी लेते समय रोते हुए कहा,’शब्द ढूंढना मुश्किल है, लेकिन मैं अपनी ‘पूर्व दोस्त’ (एक्स-फ्रेंड) लिंडा से शुरुआत करूंगी। आपने जिस तरह से दबाव को संभाला और खेला, वह अविश्वसनीय था। आप इस जीत की हकदार हैं।’
उन्होंने आगे कहा,’मैं आगे भी लड़ती रहूंगी। मुझे यह ट्रॉफी चाहिए और उम्मीद है कि मैं फिर से फाइनल में पहुंचकर इसे जीतूंगी।” बता दें कि मुचोवा पिछले कुछ समय से कलाई की गंभीर चोट से जूझ रही थीं, जिसके कारण उन्हें एक समय सिंगल-हैंडेड बैकहैंड से खेलना पड़ा था। मैच पॉइंट बचाकर चैंपियन बनने वाली तीसरी खिलाड़ी: वीनस और सेरेना के क्लब में हुईं शामिल
नोस्कोवा इस पूरे टूर्नामेंट में कठिन परिस्थितियों से उबरकर आगे बढ़ी हैं। वे इस टूर्नामेंट के तीसरे दौर में रोमानिया की सोराना सिर्स्टिया के खिलाफ मैच पॉइंट से पिछड़ रही थीं, लेकिन वहां से वापसी कर उन्होंने मैच जीता। विंबलडन के इतिहास में मैच पॉइंट बचाकर खिताब जीतने वाली वे केवल तीसरी महिला खिलाड़ी हैं। उनसे पहले यह कारनामा वीनस विलियम्स (2005) और सेरेना विलियम्स (2009) ही कर सकी थीं। ————————————- जोकोविच विंबलडन सेमीफाइनल हारे, 25वां ग्रैंडस्लैम जीतने का सपना टूटा:15 साल छोटे सिनर ने सीधे सेटों में हराया, तेंदुलकर-गिल रोजर फेडरर से मिले 39 साल के दिग्गज टेनिस स्टार नोवाक जोकोविच का 25वां ग्रैंड स्लैट जीतने का सपना एक बार फिर टूट गया है। वे विंबलडन टेनिस चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में खुद से 15 साल छोटे 24 साल के जैनिक सिनर से सीधे सेटों में हार गए। सर्बिया के जोकोविच ने पिछला ग्रैंड स्लैम 3 साल पहले 2023 में जीता था। तब वे यूएस ओपन में चैंपियन बने थे। पूरी खबर

पूर्व MLA ने घूंघट में लगाई EO की क्लास:बिन गाय गोशाला वाले 'माननीय विधायक'; पूर्व सरपंच रंगे हाथ पकड़े गए

नमस्कार, पूर्व विधायक ने घूंघट निकालकर नगर पालिका के EO को ढंग से झाड़ दिया। पूर्व सरपंच चोरी करते रंगे हाथों धरा गया और विधायक की बिना गाय वाली गोशाला पर बुलडोजर चल गया। राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में.. 1. घूंघट में पूर्व MLA ने लगा दी ‘क्लास’ कान्स फिल्म फेस्टिवल में एक मॉडल घूंघट में रेड कार्पेट पर उतरी थी। उसने घूंघट निकालकर घूंघट का विरोध किया था। कुप्रथा बताया था। गीतकार इंदीवर साहब ने एक खूबसूरत गाना लिखा था- दिल को देखो, चेहरा न देखो, चेहरे ने लाखों को लूटा, दिल सच्चा और चेहरा झूठा। कुछ लोगों का चेहरा बिना घूंघट भी ढका होता है। कुछ चेहरे पर चेहरा लगाकर घूमते हैं। एक चोर ने तो प्रधानमंत्रीजी का चेहरा लगाकर वारदात कर दी। घूंघट, नकाब या हिजाब मान्यताओं के नाम हैं, परंपराओं के नाम हैं, रिवाज के नाम हैं। संविधान ने अपनी परंपराओं को निभाने की आजादी दी है। घूंघट का विरोध करने कान्स पहुंचीं मोहतरमा को पश्चिमी देशों की ‘ब्राइडल वेल’ परंपरा का विरोध भी करना चाहिए था। इसमें दुल्हन सफेद जालीदार घूंघट पहनती है। ताकि उसे किसी की बुरी नजर न लगे। खैर, बात है उदयपुर के वल्लभनगर से विधायक रहीं प्रीति गजेंद्र शक्तावत की। बड़े राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखने और खुद विधायक रह लेने के बावजूद उन्होंने परंपरा का साथ नहीं छोड़ा है। घूंघट उनकी नजर में अदब का हिस्सा है। उन्हें पता चला कि भिंडर नगर पालिका का EO जनता के काम अटका रहा है। तो वे उसके दफ्तर पहुंचीं और फर्राटेदार अंग्रेजी में लताड़ पिला दी। अधिकारी सकपका गया। अधिकारी को फटकारते वक्त भी पूर्व विधायक घूंघट में थीं। स्वागत हो या फिर विरोध प्रदर्शन, उनका घूंघट कायम रहता है। EO साहब अब बता सकते हैं- क्या घूंघट कमजोरी की निशानी है? 2. कब होंगे पंचायत चुनाव.. कानून मंत्रीजी ने कहा है कि सरकार तो पंचायत चुनाव कराने की मंशा रखती है। सारा काम भी मुकम्मल कर दिया है। अब चुनाव आयोग को फैसला करना है। चुनाव की गेंद इस पाले से उस पाले में उछल रही है। इधर निवर्तमान और पूर्व हो चुके नेताओं के धैर्य की परीक्षा हो रही है। कुछ का जवाब दे गया है। बूंदी के नैनवां में बामनगांव के पूर्व सरपंच साहब टोंक जिले के रायपुरिया गांव में बाइक चुराते रंगे हाथों धरे गए। गांव के लोगों ने पहले तो उन्हें पिलर से बांधकर पीटा। फिर कपड़े उतार कर कैंची से बाल काट डाले। पंचायती के चुनाव वक्त पर हुए होते तो हो सकता है कि वे चुनाव लड़ते। संभव है जीत भी जाते। फिर उन्हें दूर गांव जाकर बाइक चुराने की जरूरत नहीं पड़ती। इससे पहले कि राजनीति में दम-खम दिखाने की ललक रखने वाले दूसरे क्षेत्रों में जोर-आजमाइश करें, चुनाव हो ही जाने चाहिए। 3. चलते-चलते.. राजनीति में रहते हुए अगर आपने जमीन-जायदाद नहीं बनाई तो खाक राजनीति में रहे। लेकिन हब्बड़-तब्बड़ नहीं होनी चाहिए। भीलवाड़ा के शाहपुरा से विधायक लालारामजी ने कई पीढ़ियों का जुगाड़ सोचा था। इसके लिए उन्हें सबसे मुफीद लगी गाय। गाय की पूंछ पकड़कर वे भव सागर से पार उतरना चाहते थे। इसलिए गो रक्षा आंदोलन चलाया। गाय की रक्षा को देश की रक्षा से जोड़ा। इसके बाद हाईवे किनारे बढ़िया 20 बीघा सरकारी जमीन देखी। गोचर जमीन को वे गोशाला के रूप में देखने लगे। गोशाला के लिए एक संस्था बना ली। संस्था में खुद सचिव बन गए। बड़े बेटे को अध्यक्ष बना दिया। छोटा बेटा कोषाध्यक्ष बन गया। और तमाम रिश्तेदार कुछ न कुछ बन गए। संस्था के जरिए सहकारिता विभाग से उसी जगह गोशाला की जमीन का आवंटन करा लिया। इसके बाद रातों रात तारबंदी कराई, बिजली कनेक्शन ले लिया, टिनशेड का ढांचा खड़ा कर दिया। फाइल कलेक्टर की टेबल पर पहुंची तो आवंटन में कई खामियां मिली। गोशाला में गाय तो एक भी नहीं थी। तीन साल का गोशाला का अनुभव नहीं था। मामला रद्द हो गया। इस बीच पत्रकारों ने पोल खोल दी। जो जमीन आवंटित ही नहीं हुई उस पर बिजली कनेक्शन कैसे मिल गया? आनन-फानन में प्रशासन ने बिजली काटी और फिर ढांचे पर बुलडोजर चला दिया। माननीय ने फेसबुक पर एक पर्चा पोस्ट किया जिसमें लिखा था कि संस्था के सचिव पद से त्यागपत्र देता हूं। सफाई में विधायकजी बोले-संस्था से मेरा लेना-देना नहीं। मैंने तो इस्तीफा दे दिया था। तो माननीय किससे पूछें? बेटा अध्यक्ष है। उसने इस्तीफा मंजूर किया या नहीं? इनपुट सहयोग- मनीष जैन (भीलवाड़ा), मुकेश हिंगड़ (उदयपुर), मुकेश नागर (बूंदी)। वीडियो देखने के लिए सबसे ऊपर फोटो पर क्लिक करें। अब मंगलवार सुबह 7 बजे मुलाकात होगी।

ओमान के पास जहाज पर हमला, 11 भारतीय सवार थे:10 सुरक्षित; एक अब भी लापता; भारत ने हमले की निंदा की

ओमान तट के पास एक व्यापारी जहाज ‘GFS गैलेक्सी’ पर हमला हुआ। भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) ने रविवार को बताया कि इस जहाज पर 11 भारतीय नागरिक सवार थे। इनमें से 10 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय अब भी लापता है। भारत ने हमले की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि मस्कट में भारतीय दूतावास ओमान सरकार के साथ मिलकर लापता भारतीय की तलाश और बचाव अभियान पर लगातार नजर रखे हुए है। भारत ने इस अभियान में सहयोग के लिए ओमानी अधिकारियों का धन्यवाद भी दिया। भारत ने कहा कि क्षेत्र में व्यापारी जहाजों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना तुरंत बंद होना चाहिए। साथ ही तनाव कम करने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की। विदेश मंत्रालय ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर बिना किसी बाधा के जहाजों की आवाजाही जल्द बहाल होनी चाहिए। पिछले 24 घंटे के 4 बड़े अपडेट्स मिडिल ईस्ट के हालात से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लाग से गुजर जाइए…

इंग्लैंड फुटबॉल वर्ल्डकप के सेमीफाइनल में:नॉर्वे को क्वार्टर फाइनल में 2-1 से हराया, बेलिंगहैम ने दो गोल दागे

जूड बेलिंगहैम के दो गोल की बदौलत इंग्लैंड ने फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। उसने रविवार के पहले मुकाबले में नॉर्वे को एक्स्ट्रा टाइम में 2-1 से हराया। इंग्लैंड 2018 के बाद पहली बार वर्ल्ड कप के अंतिम-4 में पहुंचा है। मियामी स्टेडियम में खेला गया मुकाबला तय समय तक 1-1 की बराबरी पर रहा। उसके बाद रियल मैड्रिड के स्टार मिडफील्डर जूड बेलिंगहैम ने टीम के दोनों गोल किए। विजयी गोल एक्स्ट्रा टाइम के तीसरे मिनट में हराया। इंग्लैंड का सेमीफाइनल मैच अर्जेंटीना से 15 जुलाई को होगा। इंग्लैंड-नॉर्वे मैच में खास नॉर्वे ने शेल्डेरुप के गोल से बढ़त बनाई नॉर्वे ने 36वें मिनट में एंड्रियास शेल्डेरुप के गोल से बढ़त हासिल की। हालांकि, पहले हाफ के इंजरी टाइम में बेलिंगहैम ने नजदीक से गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। इस गोल पर विवाद खड़ा हो गए। गोल से ठीक पहले गेंद के एरियल कैमरा केबल से टकराने की आशंका थी। ऐसी स्थिति में खेल रोककर ड्रॉप बॉल से दोबारा शुरुआत करना जरूरी है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। बाद में FIFA ने इस गोल पर स्पष्टीकरण जारी किया। उसने बताया कि मैच बॉल में लगे सेंसर के डेटा के अनुसार गेंद हवा में रहते हुए ओवरहेड वायर से नहीं टकराई थी, इसलिए गोल वैध था। FIFA ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, ‘इंग्लैंड के गोल से पहले कनेक्टेड बॉल के सेंसर में ऐसा कोई संकेत नहीं मिला, जिससे यह साबित हो कि गेंद ओवरहेड वायर से टकराई और उसकी दिशा बदली।’ नॉर्वे का दूसरा गोल रद्द हुआ हाफ टाइम के बाद 56वें मिनट में टॉरब्योर्न हेगम ने कॉर्नर के बाद रीबाउंड पर गोल कर नॉर्वे को फिर बढ़त दिलाई थी, लेकिन वीडियो रीव्यू में बॉक्स के अंदर एरलिंग हालैंड के फाउल की वजह से गोल रद्द कर दिया गया। इसके बाद हालैंड पूरे मैच में गोल नहीं कर सके। यह इस वर्ल्ड कप का पहला मैच रहा, जिसमें वे स्कोरशीट पर जगह नहीं बना पाए। अतिरिक्त समय के दूसरे हाफ में उन्हें बाहर बुला लिया गया। एक्स्ट्रा टाइम में बेलिंगहैम बने मैच विनर निर्धारित समय तक मुकाबला 1-1 से बराबर रहा। एक्स्ट्रा टाइम के तीसरे मिनट में बेलिंगहैम ने गोल कर इंग्लैंड को 2-1 की बढ़त दिलाई, जिसे टीम ने आखिर तक बरकरार रखा। वर्ल्ड कप में बेलिंगहैम और केन के 6-6 गोल बेलिंगहैम ने इस विश्व कप में अपने गोलों की संख्या छह कर ली है। इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन के भी छह गोल हैं। दोनों से आगे सिर्फ फ्रांस के किलियन एमबाप्पे और अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी हैं, जिनके नाम 8-8 गोल हैं। —————————————— फुटबॉल वर्ल्ड कप से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… अर्जेंटीना छठी बार फुटबॉल वर्ल्डकप सेमीफाइनल में, स्विट्जरलैंड को 3-1 से हराया डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना ने फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। उसने आखिरी क्वार्टर फाइनल मुकाबले में अर्जेंटीना को 2-1 से हराया। लियोनेल मेसी की टीम ने छठी बार वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में प्रवेश किया है। पढ़ें पूरी खबर

कार को टक्कर मारकर भागा ट्रेलर-ड्राइवर, स्कॉर्पियो सवार ने पकड़ा:15 किमी तक पीछे SUV दौड़ाई, वापस मौके पर लेकर आया; ड्राइवर फरार, 5 घायल

नागौर में नेशनल हाईवे-62 पर खरनाल के पास शनिवार रात करीब 8 बजे तेज रफ्तार ट्रेलर ने एक कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर जोधपुर की ओर फरार हो गया। पीछे चल रहे नागौर के स्कॉर्पियो सवार युवक ने करीब 15 किलोमीटर तक पीछा कर टांकला टोल प्लाजा पर ट्रेलर को रुकवा लिया और उसे वापस घटनास्थल तक लेकर आए। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले चालक मौका देखकर फिर फरार हो गया। साइड बदलते हुए मारी टक्कर जानकारी के अनुसार, रिंकू खान अपने परिवार के साथ ओसियां स्थित ससुराल में एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होकर नागौर लौट रहे थे। खरनाल के पास सामने से आए ट्रेलर ने अचानक साइड बदलते हुए उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रिंकू खान, उनकी दादी, पत्नी, छोटे भाई की पत्नी और बेटा घायल हो गए। दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जोधपुर की ओर भागा ट्रेलर चालक टक्कर मारने के बाद वाहन लेकर जोधपुर की ओर भाग निकला। इसी दौरान पीछे चल रहे नागौर निवासी मनोहर गोदारा ने पहले घायलों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकालकर एंबुलेंस को सूचना दी, फिर ट्रेलर का पीछा शुरू किया। करीब 15 किलोमीटर दूर टांकला टोल प्लाजा पर ट्रेलर को रुकवाकर चालक सहित वाहन को वापस घटनास्थल तक लाया गया। स्कॉर्पियो सवार ने पकड़ा स्कॉर्पियो सवार युवक का आरोप है कि ट्रेलर चलाने वाला नशे की हालत में था। इसकी सूचना तत्काल नागौर सदर पुलिस को भी दी गई। इस बीच सभी घायलों को एंबुलेंस से नागौर के जवाहरलाल नेहरू जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। उधर, पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ट्रेलर चालक पास के एक होटल पर ट्रेलर खड़ा कर मौका देखकर फरार हो गया। सूचना पर नागौर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। चालक की तलाश की जा रही है।

राजस्थान में आज 15 जिलों में बारिश की संभावना:मानसून वाले बादल गायब, आने वाले दिनों में बरसात का अलर्ट नहीं

राजस्थान में मानसून कमजोर पड़ने के बाद भी शनिवार को कुछ हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहा। वहीं, आज 15 जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। हालांकि, मौसम विभाग की तरफ से कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। सैटेलाइट इमेज में राजस्थान के ऊपर से मानसून वाले बादल गायब नजर आ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश सादुलपुर (चूरू) में हुई। यहां 2 इंच से ज्यादा पानी बरसा। मानसून के कमजोर और बादलों के गायब होने से गर्मी-उमस बढ़ गई। शनिवार को श्रीगंगानगर सबसे गर्म जिला रहा। यहां दिन का तापमान 42 डिग्री के करीब रहा। सबसे कम तापमान माउंट आबू में करीब 18 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। सबसे पहले- प्रदेश में बारिश की स्थिति और सैटेलाइट इमेज राजस्थान के मौसम से जुड़ी PHOTO… ये शहर सबसे गर्म गर्मी-बारिश के बड़े अपडेट्स कहां कितनी बारिश हुई: पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश चूरू के सादुलपुर में 55 MM हुई। वहीं, झुंझुनूं में 18 MM, अलवर और खैरथल तिजारा में महज 1-1 MM बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा श्रीगंगानगर में 28 MM, हनुमानगढ़ में तीन से 38 MM तक बारिश हुई है। श्रीगंगानगर फिर सबसे गर्म: शनिवार को श्रीगंगानगर सहित 3 जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री और उससे ऊपर रिकॉर्ड हुआ। श्रीगंगानगर में पारा 41.7 डिग्री रहा। फलोदी 40.6 डिग्री और जैसलमेर 40 डिग्री सेल्सियस रहा। साथ ही बीकानेर, बाड़मेर जोधपुर में तेज गर्मी रही। आगे क्या: राजस्थान में 15 जुलाई तक किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया गया। वहीं, रविवार (12 जुलाई) मौसम विभाग ने झुंझुनूं, सीकर, कोटपूतली-बहरोड़, अलवर, खैरथल-तिजारा, डीग, दौसा, भरतपुर, करौली, धौलपुर, सवाई माधोपुर, जालोर, सिरोही, उदयपुर और डूंगरपुर में बारिश की संभावना जताई है।
राजस्थान के बड़े शहरों में कैसा रहा मौसम जयपुर: राजधानी में शनिवार को मौसम साफ रहा। दिन में धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। वहीं, हल्के बादल भी छाए। इस दौरान तापमान में कुछ कमी आई है। यहां रात के तापमान में 4.4 डिग्री की गिरावट हुई है। जयपुर में अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री रहा। अजमेर: शनिवार को मौसम सुहावना बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर बादलों की आवाजाही और बीच-बीच में धूप निकलने से उमस का असर महसूस हुआ, हालांकि हल्की हवा के कारण लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। अलवर: शनिवार सुबह से ही मौसम साफ रहा। दिनभर तेज धूप खिली रही। धूप निकलने के साथ उमस भी बढ़ गई, जिससे लोगों को गर्मी का एहसास हुआ और आमजन पसीने से तरबतर नजर आए। अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उदयपुर: शनिवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार दिनभर शहर के मौसम में कभी धूप निकली तो कभी बादल छाए रहे। शाम को हल्की हवा चली और बादल छाए। लेकसिटी में आने वाले कुछ दिनों में बारिश की संभावना कम है। कोटा: मानसून की रफ्तार कमजोर होने से गर्मी व उमस बढ़ गई है। रविवार दिनभर हल्की हवा चलती रही। अधिकतर समय बादल छाए रहे। शनिवार को अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री व न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार इस सीजन में 10 जुलाई तक 11% कम बारिश हुई है। जोधपुर: शनिवार को मौसम सामान्य बना रहा। अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक है। सीकर: बारिश नहीं होने से गर्मी-उमस बढ़ गई है। जिल के कई इलाकों में हल्के बादलों छाए रहे। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 36.0 डिग्री रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री दर्ज किया गया है।