ब्रेकिंग न्यूज़
मंत्री के नाम से फर्जी अकाउंट बना ठगी की कोशिश:सोशल मीडिया पर भेजे जा रहे मैसेज; संजय शर्मा बोले- किसी भी ऑफर पर भरोसा न करें

राजस्थान के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा के नाम से सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाकर ठगी की कोशिश का मामला सामने आया है। लोगों को मैसेज भेजकर निवेश योजनाओं और अलग – अलग ग्रुपों से जोड़ने की कोशिश की जा रही है। इस पूरे मामले की जानकारी मिलने के बाद मंत्री संजय शर्मा ने खुद सोशल मीडिया के जरिए लोगों को सतर्क किया है। उन्होंने कहा- मेरे नाम और फोटो का दुरुपयोग कर एक फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट संचालित किया जा रहा है। यह अकाउंट लोगों को अलग-अलग संदेश भेजकर अलग – अलग ग्रुपों, निवेश योजनाओं और अन्य गतिविधियों से जोड़ने की कोशिश कर रहा है। फर्जी अकाउंट से मंत्री का कोई संबंध नहीं संजय शर्मा ने स्पष्ट किया कि इस फर्जी अकाउंट का मेरा किसी भी प्रकार का कोई संबंध नहीं है। ऐसे किसी भी संदेश, लिंक, निवेश संबंधी प्रस्ताव या वित्तीय लेनदेन के अनुरोध पर बिल्कुल भी भरोसा न करें। साथ ही अपनी बैंकिंग, ओटीपी, आधार या अन्य व्यक्तिगत और वित्तीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। मंत्री ने आमजन से यह भी अनुरोध किया कि अगर उनके नाम से संचालित ऐसा कोई फर्जी अकाउंट दिखाई दे तो उसे तुरंत संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रिपोर्ट करें, ताकि साइबर ठगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके और अन्य लोगों को ठगी का शिकार होने से बचाया जा सके। साइबर अपराधी नए-नए तरीके अपना रहे उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को अपने जाल में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में जागरूकता और सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध सोशल मीडिया प्रोफाइल या निवेश के लालच में आने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें। बता दें कि प्रदेश में इन दिनों तबादलों का दौर चल रहा है। ऐसे समय में साइबर ठग मंत्री, अधिकारी या प्रभावशाली व्यक्तियों के नाम का दुरुपयोग कर लोगों से संपर्क साधने और ठगी करने की कोशिश कर रहे हैं। इसके बाद अब संजय शर्मा के नाम से ठगी करने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *