ब्रेकिंग न्यूज़
2 बच्चों को गोद देना बता कर सरकारी नौकरी ली:जांच में 4 बच्चे होना पाया, ANM के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में तथ्य छुपाकर और फर्जी शपथ पत्र देकर सरकारी नौकरी हासिल करने का एक बड़ा मामला सामने आया है। तलवाड़ा खंड में कार्यरत एक एएनएम (ANM) के खिलाफ कोतवाली थाने में धोखाधड़ी और जालसाजी का मुकदमा दर्ज कराया गया है। विभाग की आंतरिक जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। ​बच्चों की संख्या 4 मिली, 2015 में हुई थी जॉइनिंग ​मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. खुशपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि तलवाड़ा खंड में कार्यरत एएनएम रश्मि पत्नी नीलम गरासिया वर्तमान में पाडिकला उपस्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत थी। दिसंबर 2015 में उसकी जॉइनिंग हुई थी। उसके खिलाफ करीब 7 माह पूर्व एक शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में आरोप था कि उन्होंने अपने बच्चों की वास्तविक संख्या छुपाकर सरकारी नौकरी प्राप्त की है। ​विभाग द्वारा जब इस मामले की आंतरिक जांच करवाई गई, तो शिकायत शत-प्रतिशत सही पाई गई। जांच में सामने आया कि एएनएम रश्मि के बच्चों की वास्तविक संख्या 4 है। नौकरी बचाने या पाने के फेर में उन्होंने नियुक्ति से पूर्व अपनी 2 बालिकाओं को गोद देना दर्शाया था, जो कि पूरी तरह से नियमों के विपरीत और अवैध पाया गया। ​उच्चाधिकारियों के आदेश पर दर्ज हुई FIR ​जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद एक्शन लिया गया हैं। सीएमएचओ डॉ. खुशपाल सिंह ने बीसीएमओ (BCMO) तलवाड़ा को संबंधित एएनएम के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। निर्देशों की पालना करते हुए बीसीएमओ तलवाड़ा ने कोतवाली थाने में आरोपी एएनएम रश्मि के खिलाफ गलत शपथ पत्र प्रस्तुत कर नियुक्ति पाने का मुकदमा दर्ज करवा दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *