80 साल की लक्ष्मी का नाम किया ठीक, दस्तावेज सौंपे:सुधार के लिए बरसों भटकी, सेवा शिविर में मिनटों में हुआ काम
80 साल की बुजुर्ग लक्ष्मी देवी का नाम राजस्व रिकॉर्ड में लिछमी देवी दर्ज था। इसे ठीक कराने के लिए वह कई दफ्तरों में भटकी। लेकिन नाम ठीक नहीं हुआ। बुधवार को ग्राम सेवा शिविर में जब लक्ष्मी देवी का यह काम चंद मिनट में हुआ तो उनके चेहरे पर संतोष साफ नजर आया। मामला बांसवाड़ा जिले की आंबापुरा तहसील के देवगढ़ गांव के कैंप का है। तहसीलदार राकेश रावत ने बताया- राज्य सरकार आमजन की समस्याओं के जल्द निपटारे के लिए ग्राम सेवा शिविर लगा रही है। गांव वालों को इन कैंप में फायदा मिल रहा है। देवगढ़ रहने वाली लक्ष्मी देवी (80) राजस्व रिकॉर्ड में नाम ठीक कराने के लिए कई साल से सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रही थीं। मंगलवार को देवगढ़ में ग्राम सेवा शिविर लगा। लक्ष्मी का मामला अधिकारियों के सामने आया। शिविर में तुरंत राजस्व रिकॉर्ड को दुरुस्त किया गया और लक्ष्मी देवी का नाम ठीक करने की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद लक्ष्मी देवी को जरूरी दस्तावेज सौंप दिए गए। बरसों से अटका काम चुटकियों में होता देख लक्ष्मी और उनके परिजन खुश नजर आए। उन्होंने सरकार और प्रशासनिक टीम का आभार जताया। एक ही छत के नीचे 22 विभागों की सेवाएं तहसीलदार राकेश रावत ने बताया- इन राहत सेवा शिविरों में ग्रामीणों की सुविधा के लिए 22 प्रमुख विभागों को एक साथ जोड़ा गया है, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के लिए भटकना न पड़े। इनमें मुख्य रूप से राजस्व विभाग से जुड़े मामलों (जैसे नामांतरण, खाता शुद्धिकरण और बंटवारे) का मौके पर ही निपटारा किया जा रहा है। अब तक आंबापुरा तहसील क्षेत्र में आयोजित विभिन्न शिविरों के माध्यम से 3230 लोगों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं से सीधे लाभान्वित किया जा चुका है। 15 जुलाई तक जारी रहेगा शिविरों का दौर प्रशासन के मुताबिक, आंबापुरा तहसील की सभी 16 ग्राम पंचायतों में आगामी 15 जुलाई तक इन राहत सेवा शिविरों का आयोजन जारी रहेगा। इसी कड़ी में अगला महत्वपूर्ण शिविर कल खेड़ा वडलीपाड़ा में आयोजित किया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा ग्रामीणों की समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट समाधान किया जा सके।

