जिले में 231 पुलिसकर्मियों की 58 टीमों ने 293 जगह एक साथ दबिश दी, 89 बदमाश पकड़े
पुलिस ने जिले में सक्रिय बदमाशों व आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया। एसपी निश्चय प्रसाद एम ने बताया कि अभियान के जरिए या तो अपराधी अपराध छोड़ दे, या फिर चूरू छोड़ दे का संदेश दिया गया। अभियान के तहत 15 और 16 जुलाई को पूरे जिले में एक साथ 293 संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। इस दौरान 29 हिस्ट्रीशीटरों की चैकिंग की गई और अलग-अलग मामलों में वांछित व सक्रिय 89 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई को लेकर एएसपी सुनील कुमार, रिछपाल सिंह, सतपाल सिंह के सुपरविजन में सभी एसएचओ ने पहले लंबे समय तक खुफिया इनपुट जुटाए। इसके बाद एक साथ दबिश दी गई। बीकानेर रेंज आईजी के निर्देशानुसार जिले में टॉप-10 सक्रिय अपराधियों, इनामी बदमाशों, हार्डकोर अपराधी व तस्करों के खिलाफ यह विशेष अभियान चलाया गया। पकड़े गए अपराधियों से पूछताछ की जा रही है, जिससे कई अन्य वारदातों के खुलासे और फरार मुल्जिमों की गिरफ्तारी होने की पूरी संभावना है। -निश्चय प्रसाद एम, एसपी, चूरू

