ब्रेकिंग न्यूज़
खैरथल-तिजारा जिले में 30 MM बारिश दर्ज:तापमान में 8 डिग्री गिरावट, रुक-रुककर बूंदाबांदी जारी

खैरथल-तिजारा जिले में बुधवार सुबह झमाझम बारिश से दो दिन से उमस और तेज गर्मी झेल रहे लोगों को बड़ी राहत मिली। सुबह करीब 9 बजे बारिश शुरू हुई। इस दौरान जिले में औसतन 30 मिमी वर्षा दर्ज की गई। बुधवार तड़के से ही बूंदाबांदी का दौर शुरू हो गया था, लेकिन सुबह होते-होते बारिश ने रफ्तार पकड़ ली। खैरथल, किशनगढ़बास, मुंडावर, तिजारा, कोटकासिम, ततारपुर, बीबीरानी, हरसोली, मातोर, इस्माईलपुर और सोडावास सहित जिले के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश हुई। बारिश के बाद तापमान में करीब 8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। इस पारा 36 डिग्री से लुढ़ककर 28 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। ठंडी हवाओं और लगातार हो रही बारिश से मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया। बारिश ने खोली नगर निकायों के दावों की पोल एक ओर बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं दूसरी ओर नगर निकायों की सफाई व्यवस्था की हकीकत भी सामने आ गई। खैरथल नगर परिषद, किशनगढ़बास नगर पालिका सहित कई कस्बों की कॉलोनियों और निचले इलाकों में जलभराव हो गया। नालियां उफान पर आ गईं और उनमें जमा गंदगी सड़कों पर बह निकली। कई कॉलोनियों के रास्ते पानी में डूब गए, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं लगातार हो रही बारिश ने किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी है। कृषि जानकारों के अनुसार यह वर्षा खरीफ सीजन की प्रमुख फसलें बाजरा, ज्वार और तिल के लिए बेहद लाभकारी है। खेतों में पर्याप्त नमी बनने से बुवाई और फसलों की शुरुआती बढ़वार को मजबूती मिलेगी, वहीं किसानों का सिंचाई खर्च भी कम होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *