ब्रेकिंग न्यूज़
डीग में पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक मोड़:घर के बाहर खड़े व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला, पुरानी कहासुनी बनी वजह

डीग के सदर थाना क्षेत्र के रामबाग गांव में शनिवार दोपहर पुरानी कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। एक ही परिवार के सदस्यों के बीच हुए विवाद में धारदार हथियार से हमला कर 48 वर्षीय नेम सिंह को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। हमले में उसकी आंख के पास गहरी चोट आई। घायल को तत्काल डीग जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घर के बाहर हुआ हमला घटना शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे की है। नेम सिंह अपने घर के सामने खड़ा था। इसी दौरान परिवार के सतवीर और उनकी पत्नी अर्चना वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने पहले उनके साथ मारपीट की और फिर धारदार हथियार से हमला कर दिया। आंख के पास लगी गंभीर चोट हमले में नेम सिंह की आंख के पास गहरी चोट आई, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। उनकी चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घायल ने बताया कि उस पर बिना किसी उकसावे के हमला किया गया। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने शुरू की जांच घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई। मामले में बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है। आपसी विवाद बताया जा रहा कारण प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि झगड़े की वजह परिवार के भीतर चल रहा पुराना विवाद और आपसी कहासुनी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। दोषियों पर होगी कार्रवाई सदर थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि रामबाग गांव में एक ही परिवार के लोगों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है। जांच जारी है और जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घायल नेम सिंह का डीग जिला अस्पताल में उपचार जारी है।

सरकारी टीचर ने खेत में फंदा लगाकर किया सुसाइड:पाली जिले में थी पोस्टिंग, छुट्टियों पर घर आया था

चूरू जिले के दूधवाखारा थाना क्षेत्र के गांव सिरसला में एक सरकारी टीचर ने अपने खेत में बने झोपड़े में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। मृतक की पहचान प्रदीप सहारण (35) के रूप में हुई है, जो पाली जिले में कार्यरत थे और इन दिनों छुट्टी पर घर आए हुए थे। पुलिस ने सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से उतारा और दूधवाखारा के सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। दूधवाखारा पुलिस थाने के रीडर राजेश कुमार ने बताया कि मृतक के भाई मोहनलाल ने इस संबंध में मामला दर्ज कराया है। रिपोर्ट के अनुसार प्रदीप सहारण शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे घर से निकले थे। उन्होंने परिजनों को पहले खेत और फिर चूरू जाने की बात कही थी। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान प्रदीप अपने ही खेत में बने झोपड़े में फंदे से लटके मिले। घटना की सूचना मिलते ही खेत में परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को मॉर्च्युरी में रखवाया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक के भाई की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सीकर रेलवे स्टेशन पर उत्तर-पश्चिम रेलवे के GM का निरीक्षण:टॉयलेट्स, प्याऊ में गंदगी देख नाराजगी जताई; दीवारों में सीलन मिली

सीकर रेलवे स्टेशन पर आज नॉर्थ-वेस्टर्न रेलवे के जीएम पंकज शर्मा निरीक्षण के लिए पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रेलवे स्टेशन पर टॉयलेट्स, कैंटीन, वेटिंग एरिया सहित कई जगह का निरीक्षण किया। दीवारों में सीलन देख हुए नाराज सबसे पहले होने वेटिंग एरिया में टॉयलेट्स के ऊपर आई सीलन को देखकर नाराजगी जताई। इतना ही नहीं उन्होंने टॉयलेट्स में जिंदगी देखकर संबंधित अधिकारियों को कहा कि इसे जल्दी से जल्दी साफ करवाएं। हमेशा यहां सफाई अच्छी तरह से हो इसका ध्यान रखें। इसके बाद जीएम ने स्टेशन पर चल रहे कंस्ट्रक्शन कार्यों का भी निरीक्षण किया। इसके बाद वह स्टेशन परिसर के बाहर आए। जहां उन्होंने गलत जगह लगे होर्डिंग्स को जल्द से जल्द हटाकर एरिया को किसी अन्य यूज में लेने की बात कही। जीएम ने टिकट काउंटर पर खिड़कियों को थोड़ा बड़ा करने की बात कही। इसके बाद जीएम इंस्पेक्शन कोच से वापस जयपुर चले गए। अब देखिए निरीक्षण के दौरान की फोटोज…

चंडीगढ़- रिटायर्ड IPS की कोठी में मिली युवती की लाश:मरने से पहले बहन को फोन पर कहा- मन नहीं लग रहा, यहां लोग परेशान कर रहे

चंडीगढ़ के सेक्टर-10 स्थित एक कोठी में 18 वर्षीय एक युवती का शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला। यह कोठी गुजरात पुलिस विभाग से रिटायर IPS अधिकारी गुरिंदर सिंह की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया। इधर, मृतका के परिजन ने कोठी मालिक पर हत्या का आरोप लगाया है। साथ ही पुलिस पर भी मामले को दबाने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। मृतका की पहचान ताप्ती के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के गांव संतरी की रहने वाली थी। वह करीब एक सप्ताह पहले ही सेक्टर-10 की एक कोठी में घरेलू काम के लिए लगी थी। मृतका के परिजन ने यह जानकारी दी… कोठी की मालकिन बोली- फंदे पर लटकी मिली युवती पुलिस को दिए बयान में कोठी की मालकिन अमृता ने बताया कि उनके 3-3 साल की जुड़वां बच्चियां हैं। उनकी देखभाल के लिए केयरटेकर लड़की ताप्ती को रखा था। शनिवार सुबह वह अपने कमरे से बाहर नहीं निकली। इसलिए, पहले उसे फोन किया गया। अमृता ने बताया कि ताप्ती ने फोन नहीं उठाया। आवाज लगाई तो कोई रिस्पांस नहीं आया। जब ऊपर कमरे में जाकर देखा तो वह फंदा लगाकर पंखे से लटकी हुई थी। इसके बाद इसकी सूचना 112 नंबर पर पुलिस को दी। पुलिस बोली- पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद कार्रवाई होगी वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सेक्टर-16 अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰ यह खबर भी पढ़ें… मार्शल आर्ट क्लास से 4 साल के बच्चे की किडनैपिंग, कार में बैठा ले गए लुधियाना में 4 साल के एक बच्चे को कुछ बदमाश मार्शल आर्ट क्लास से जबरन उठाकर ले गए। बच्चे की मां ने आरोप लगाया कि उसके पति और ससुराल वालों ने बेटे का किडनैप कर लिया। पति के साथ उनका तलाक का केस चल रहा है। पढ़ें पूरी खबर…

कांग्रेस नेता बोले-LDC एग्जाम पेपर नकल-मामले की जांच SOG करे:पेपरलीक होने का दावा किया; 25 जुलाई को जैसलमेर कलेक्ट्रेट के घेराव की चेतावनी

एलडीसी भर्ती परीक्षा के नकल मामले को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से जांच की मांग की है। शनिवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर ने चेतावनी दी है कि यदि अगले दो दिनों के भीतर इस पूरे प्रकरण में कोई ठोस और स्पष्ट कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं और अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा के लिए आगामी 25 जुलाई को जिला कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर उग्र प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। वे शनिवार को जैसलमेर में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले के नामजद आरोपियों को जमानत मिलने के बावजूद विभाग ने अब तक निलंबन जैसी कोई सख्त विभागीय कार्रवाई नहीं की है। फकीर ने पूरे मामले की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) से निष्पक्ष जांच कराने, सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है। मोबाइल तोड़ने पर उठाए सवाल, SOG जांच की मांग
जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर ने हाल ही में आरोपियों के पक्ष में हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का जिक्र करते हुए कहा कि यदि परीक्षा में कोई गड़बड़ी नहीं हुई थी, तो मुख्य आरोपी पदम् सिंह को अपना मोबाइल तोड़कर नष्ट करने की जरूरत क्यों पड़ी? कांग्रेस ने मांग की है कि उक्त मोबाइल की फोरेंसिक जांच कराई जाए और उससे जुड़े सभी तथ्यों को सार्वजनिक किया जाए। फकीर ने कहा कि पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को आरोपी बनाया था, लेकिन केवल दो की गिरफ्तारी कर बाकी तीन को खुला छोड़ दिया गया। उन्होंने मांग की कि यदि पांचों नामजद हैं, तो सभी की सलाखों के पीछे गिरफ्तारी होनी चाहिए। तीन साल के रिकॉर्ड खंगालने और बड़े नेटवर्क की आशंका
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर ने आरोप लगाया कि यह मामला सिर्फ एक परीक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक बड़ा नकल गिरोह सक्रिय हो सकता है। अमरदीन फकीर ने मांग की कि इस मामले में संलिप्त अधिकारियों और कर्मचारियों की पिछले 3 सालों में जिन-जिन भर्ती परीक्षाओं में ड्यूटी लगी थी, उन सभी केंद्रों की सघन जांच हो। उन संदिग्ध परीक्षा केंद्रों से चयनित हुए अभ्यर्थियों का पूरा रिकॉर्ड खंगाला जाए। पूर्व में हुई पटवारी, ग्राम सेवक और शिक्षक भर्ती में एक ही परिवार के कई सदस्यों के चयन के मामलों की भी निष्पक्ष जांच की जाए। नकल नहीं, पेपर लीक हुआ है
फकीर ने इस मामले को नकल का नहीं, बल्कि पेपर लीक का मामला बताते हुए कहा- विभागीय जांच में भी यह स्पष्ट रूप से माना जा चुका है कि प्रश्नपत्र परीक्षा कक्ष से बाहर गया था। ऐसे में इसे महज एक ‘नकल’ का मामला बताकर दबाया नहीं जा सकता, यह सीधे तौर पर ‘पेपर लीक’ का मामला है, जिसमें युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। ……………………
इससे खबर भी पढ़ें… LDC भर्ती नकल मामले में आरोपियों को मिली जमानत:बोले- पुलिस ने FIR से पहले ही मारपीट की, कान का पर्दा फाड़ दिया जैसलमेर के चर्चित एलडीसी भर्ती परीक्षा नकल मामले में अदालत ने मुख्य आरोपी पदमसिंह और मनु कंवर को जमानत दे दी है। कोर्ट ने पदमसिंह को एक लाख रुपए के निजी बांड और पचास-पचास हजार रुपए की दो जमानतों पर रिहा करने के आदेश दिए हैं। इस दौरान आरोपियों की ओर से पुलिस पर एफआईआर से पहले अवैध हिरासत में रखने और प्रताड़ित करने के आरोप लगाए गए, जिस पर अदालत ने मेडिकल जांच कराने के आदेश भी जारी किए हैं। (पूरी खबर पढ़ें)

मामतानी बने सिंधी समाज झालावाड़ के अध्यक्ष:पिछले कार्यकाल के काम और समाज के प्रति समर्पण को देखते हुए फिर भरोसा जताया

जितेन्द्र मामतानी को सर्वसम्मति से सिंधी समाज, झालावाड़ का पुन: निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है। समाज के गणमान्य नागरिकों ने उनके पिछले कार्यकाल के शानदार प्रदर्शन और समाज के प्रति अटूट समर्पण को देखते हुए उन पर एक बार फिर भरोसा जताया है। अध्यक्ष पद पर पुनर्नियुक्ति से पहले मामतानी ने नवयुवक मंडल के अध्यक्ष के रूप में छह वर्षों तक नेतृत्व किया था। इसके बाद उन्होंने पूज्य सिंधी पंचायत, झालावाड़ के अध्यक्ष के रूप में तीन वर्षों तक अपनी कुशल प्रशासनिक क्षमता का परिचय दिया। इन कार्यकालों के दौरान उन्होंने समाज को एकजुट करने, युवाओं को संस्कारित करने और सामुदायिक कार्यों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का सराहनीय कार्य किया। समाज के सदस्यों ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया कि समाज की प्रगति और एकता बनाए रखने के लिए जितेन्द्र मामतानी ही सबसे योग्य नेतृत्वकर्ता हैं। वरिष्ठ पदाधिकारियों और प्रबुद्ध जनों ने बताया कि मामतानी की कार्यशैली हमेशा निष्पक्ष और पारदर्शी रही है, जिससे उन्हें समाज के प्रत्येक वर्ग का अपार समर्थन प्राप्त है। इस अवसर पर समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इनमें खैराज काशवानी, प्रभुलाल खुशलानी, इन्द्रजीत काशवानी, हंसराज खत्री, खेमराज खत्री, संदीप हरपालानी, मनोज रतनानी, पंकज काशवानी, दीपक खत्री और राजेन्द्र बरलानी शामिल थे। पदाधिकारियों और युवा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ श्री मामतानी का अभिनंदन किया। पुनः अध्यक्ष बनने पर जितेन्द्र मामतानी ने समाज के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज ने उन पर जो विश्वास पुनः व्यक्त किया है, वह उनके लिए गर्व का विषय है। मामतानी ने अपनी प्राथमिकताएं बताते हुए कहा कि आगामी कार्यकाल में समाज के विकास, जरूरतमंदों की सहायता, शिक्षा के प्रोत्साहन और सामुदायिक मेल-मिलाप को गति प्रदान की जाएगी। उन्होंने पूरी निष्ठा के साथ समाज के गौरव को बढ़ाने के लिए प्रयासरत रहने का संकल्प लिया।

IPS पंकज यादव ने जोधपुर ग्रामीण एसपी की संभाली कमान:बोले- तस्करी और संगठित अपराध पर करेंगे सख्त कार्रवाई, महिला सुरक्षा पहली प्राथमिकता

IPS अधिकारी पंकज यादव ने जोधपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (SP) का पदभार संभाल लिया है। शनिवार को कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता संगठित अपराध और तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई करना होगी। साथ ही महिला सुरक्षा, कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और आमजन को त्वरित एवं बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराना भी उनके एजेंडे में शामिल रहेगा। उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय के साथ अपराध नियंत्रण पर विशेष जोर देने की बात कही। इस मौके पर आईपीएस पंकज यादव को पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। बेहतर पुलिसिंग करने की दिशा में करेंगे प्रयास उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नशे की तस्करी रोकने को लेकर प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। इसके अलावा इस इलाके में क्या प्रमुख मुद्दे है, इसे लेकर अभी अधिकारियों के साथ मीटिंग करेंगे और यहां की समस्याओं पर भी चर्चा करेंगे। इसके बाद बेहतर पुलिसिंग करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। महिला सुरक्षा पहली प्राथमिकता उन्होंने कहा कि जो भी यहां पर अपराध है, उस पर DGP, IGP के निर्देशन में इस पर अंकुश लगाने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा महिला सुरक्षा से लेकर साइबर ठगी को रोकने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठित अपराध के खात्मे के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। इससे पूर्व उनका ग्रामीण के एडिशनल SP भोपाल सिंह लखावत सहित पुलिस अधिकारियों ने उनका गुलदस्ता भेंट कर अभिनंदन किया।

हरियाणा-यात्रियों से भरी टूरिस्ट बस पलटी, दरवाजे जाम हुए:कई अंदर फंसे, राहगीरों ने शीशे तोड़कर बाहर निकाला; दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर लगा जाम

हरियाणा के नूंह जिले से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार दोपहर एक टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर पलट गई। यह हादसा सदर थाना फिरोजपुर झिरका क्षेत्र के गांव बघोला के पास हुआ। बस पलटने से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे से गुजर रहे राहगीर और आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। बस के दरवाजे क्षतिग्रस्त होने के कारण जाम हो गए। इसके बाद लोगों ने शीशे तोड़कर एक-एक कर यात्रियों को बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 7 यात्रियों को चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर सदर थाना फिरोजपुर झिरका पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और राहत कार्य संभाला। घायल यात्रियों को नल्हड़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज किया गया। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर जाम भी लग गया। पुलिस ने टूरिस्ट बस को किसी तरह सड़क किनारे कराकर ट्रैफिक सुचारु कराया। टूरिस्ट बस हादसे के कुछ PHOTOS… यहां सिलसिलेवार ढंग से जानिए कैसे हुआ हादसा… हादसे का कारण पता कर रही पुलिस थाना सदर फिरोजपुर झिरका प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होने के कारण पलटी। कुछ लोग ड्राइवर के नशे में होने की बात भी कह रहे थे। फिलहाल, राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी यात्री के गंभीर रूप से घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। पुलिस द्वारा हादसे के वास्तविक कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। ————————– सड़क हादसे से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… घायल ड्राइवर-हेल्पर को तड़पता छोड़ लोगों ने लूट लिए आम,VIDEO:गुरुग्राम में बेकाबू होकर पलटा पिकअप, हाईवे पर बिखरीं पेटियां; थैलों में भरकर ले गए हरियाणा के साइबर सिटी गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे-48 पर आम से भरा एक पिकअप बेकाबू होकर पलट गया। इस हादसे हादसे में जहां पिकअप ड्राइवर और हेल्पर घायल हो गए, वहीं इसमें लदे आम सड़क पर बिखर गए। हादसा देख वहां से गुजर रहे लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। (पूरी खबर पढ़ें)

भीलवाड़ा में लगी लोक अदालत, चेक बाउंस मामलों का निस्तारण:13 बेंचों पर हुए राजीनामे के प्रयास, हाथों-हाथ निपटाए मामलें

भीलवाड़ा में चेक बाउंस से जुड़े मामलों के निस्तारण के लिए आज 18 जुलाई को लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश अभय जैन ने बताया कि लोक अदालत के लिए जिले में 13 बेंचों का गठन किया, इनमें अपर जिला न्यायाधीश स्तर के अधिकारी व अनुभवी अधिवक्ता पक्षकारों में समझौता कराने का प्रयास कर रहे हैं। प्राधिकरण की सचिव रश्मि आर्य ने बताया कि लोक अदालत में दोनों पक्षों की सहमति से ही राजीनामा कराया जा रहा है। इसमें कई सालों से लंबित मामले रखे गए हैं, जिनका निस्तारण नहीं हो पा रहा था। स्पेशल कोर्ट में ज्यादा से ज्यादा मामले निस्तारित होंगे लोक अदालत सदस्य शांति लाल जैन ने बताया की प्रदेश में चेक अनादरण के बढ़ते हुए मामलों, उनकी पेंडेंसी और उनके निस्तारण के लिए रालसा के निर्देश पर चेक बाउंस से जुड़े मामलों के निस्तारण आज लोक अदालत स्पेशल कोर्ट के द्वारा किए जा रहे हैं। इसको ध्यान में रखते हुए स्पेशल कोर्ट लगाई गई है। इस स्पेशल कोर्ट में का मूल उद्देश्य है कि अधिक से अधिक केसों का निस्तारण हो। अब तक 105 केस निस्तारित हो चुके हैं और संभावना है कि कुछ केस शाम तक और निस्तारित किए जा सकेंगे। स

हाऊसिंग बोर्ड कॉलोनी में ट्रांसफार्मर में लगी आग:धमाके के बाद कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित, कोई जनहानि नहीं

धौलपुर की हाऊसिंग बोर्ड कॉलोनी में देर रात एक बिजली ट्रांसफार्मर में आग लग गई। आग लगने के कुछ ही देर बाद ट्रांसफार्मर में जोरदार धमाका हुआ, जिससे वह पूरी तरह जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि ट्रांसफार्मर जलने से पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। स्थानीय निवासियों के अनुसार देर रात अचानक ट्रांसफार्मर से धुआं निकलने लगा। इसके कुछ ही क्षण बाद एक तेज धमाका हुआ और ट्रांसफार्मर में आग लग गई। आग की लपटें तेजी से फैलीं और पूरे ट्रांसफार्मर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। घटना के बाद बिजली विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर का निरीक्षण किया। विभाग ने नया ट्रांसफार्मर लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। ट्रांसफार्मर जलने के कारण हाऊसिंग बोर्ड कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। स्थानीय निवासियों ने जल्द से जल्द बिजली बहाल करने की मांग की है, जिस पर विभाग ने शीघ्र आपूर्ति सामान्य करने का आश्वासन दिया है।