ब्रेकिंग न्यूज़
प्रताड़ना से परेशान महिला ने बेटे-भांजियों के साथ घर छोड़ा:हरियाणा के होटल में मिलीं, दो दिन पहले अचानक घर से गायब हुई थीं

झुंझुनूं के एक गांव से दो दिन पहले अपने दो साल बेटे और दो नाबालिक भांजियों के साथ लापता हुई विवाहिता हरियाणा के नारनौल में एक होटल में मिली। पुलिस जांच में सामने आया कि विवाहिता घर वालों के व्यवहार और प्रताड़ना से परेशान होकर घर छोड़कर गई थी। सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने चारों को दस्तयाब कर लिया। पढ़िए … सिलसिलेवार पूरा घटनाक्रम पुलिस ने बताया, विवाहिता अपने दो वर्षीय बेटे और ननद की दो किशोर बेटियों (16 और 18 वर्ष) के साथ दो दिन पहले अचानक घर से लापता हो गई थी। दोनों किशोरियां अपने ननिहाल आई हुई थीं। बुधवार सुबह जब परिवार के लोग सोकर उठे तो चारों घर पर नहीं मिले। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर मामला पुलिस तक पहुंचा। दोनों किशोरियों की मां ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में उन्होंने बेटियों के अपहरण की आशंका जताई। साथ ही आरोप लगाया कि घर से जेवरात और नकदी भी गायब है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत अलग-अलग टीमें बनाकर जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन से मिला सुराग जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मोबाइल लोकेशन समेत अन्य तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया। जांच में पता चला कि चारों हरियाणा के नारनौल पहुंच चुके हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने नारनौल के एक होटल में दबिश दी और विवाहिता, दोनों किशोरियों तथा उसके दो वर्षीय बेटे को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया। पूछताछ में सामने आई घर छोड़ने की वजह पुलिस पूछताछ में विवाहिता ने बताया कि वह घर वालों के कथित व्यवहार और लगातार हो रही प्रताड़ना से बेहद परेशान थी। मानसिक तनाव और तंग आकर उसने अपनी दोनों भांजियों और दो वर्षीय बेटे के साथ घर छोड़ने का फैसला लिया और हरियाणा चली गई। पुलिस ने चारों को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पक्षों से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

‘भास्कर समाधान’ पर एक क्लिक में हल:पोस्ट करने के 24 घंटे में हटाया मलबा तो साल भर बाद साफ हुईं नालियां, सिकंदर बने 'पब्लिक के स्टार'

‘भास्कर समाधान’ पर लोगों की भेजी पोस्ट का लगातार समाधान होने से कोटा में प्रशासन और आमजन के बीच की दूरी भी कम हो रही है। शहर में एक ही दिन में चार बड़ी परेशानियों के हल होने से लोगों को भी राहत मिली है। इनमें समस्या पोस्ट करने के 24 घंटे में ही मलबा उठा लिया गया तो शास्त्री मार्केट की ठठेरा गली में एक साल बाद नालियों की सफाई होने से व्यापारी भी काफी खुश हैं। 10 साल पुरानी सीवरेज और नालियों के कनेक्शन की समस्या का समाधान करवाकर वार्ड नंबर 28 के जमादार सिकंदर पंवार आज ‘पब्लिक के स्टार’ बने हैं। पहले एक नजर डालते हैं उन समाधानों पर जिससे लोगों की समस्याएं हल हुईं… एक साल बाद साफ हुईं नालियां कोटा के शास्त्री मार्केट की ठठेरा गली से धीरज मंगरानी ने ‘भास्कर समाधान’ पर नालियों से जुड़ी समस्या पोस्ट की थी। उन्होंने लिखा था कि रामपुरा बाजार की गलियों में बीते एक साल से न तो नालियों की मरम्मत हुई है न ही इन नालियों का कचरा निकाला गया है। बारिश के मौसम में नालियां ओवरफ्लो होने पर गंदा पानी रास्ते पर बहने लगता है। व्यापारी बहुत परेशान है। समस्या का समाधान करवाएं। ‘भास्कर समाधान’ पर समस्या के पोस्ट होने के 24 घंटे बाद ही निगम ने नालियों की सफाई करवा दी। 24 घंटे में हट गया गली में पड़ा मलबा कोटा के संजय लोढ़ा ने रामपुरा पोस्ट ऑफिस के पास वाली गली की समस्या पोस्ट की थी। उन्होंने बताया कि गली में काफी दिनों से मलबा पड़ा हुआ है लेकिन कई बार शिकायत करने के बाद भी निगम कर्मचारी इसे हटा नहीं रहे हैं। मलबे से मुख्य रास्ता भी अवरुद्ध हो रहा है जिससे व्यस्त समय में ट्रैफिक जाम की समस्या भी हो रही है। पूरे रोड पर यहां–वहां पत्थर और रोड़ी पड़े होने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। इस समस्या के ‘भास्कर समाधान’ पर पोस्ट होने के बाद निगम ने 24 घंटे में ही मलबा हटा दिया। खराब स्ट्रीट लाइट फिर से हुई रोशन कपिल कुमार ने रावतभाटा रोड, घोड़े बाबा सर्किल, गुमानपुरा से स्ट्रीट लाइट खराब होने की समस्या पोस्ट की थी। उन्होंने लिखा था कि स्ट्रीट लाइट खराब होने से उनकी गली में लंबे समय से अंधेरा छाया रहता है। इससे लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी होती है। समस्या के ‘भास्कर समाधान’ पर पोस्ट होने के बाद संबंधित विभाग के कर्मचारियों ने खराब लाइट का समाधान कर लोगों को अंधेरे से राहत दिलाई है। सिकंदर पंवार बने ‘पब्लिक के स्टार’ कोटा के पुलिस थाना चौक, अंसारी रोड से नवीन कुमार चौथवानी ने 8–10 साल पुरानी नालियों की समस्या पोस्ट की थी। उन्होंने बताया कि उनकी कॉलोनी में सभी घरों की लाइन मेन चैम्बर से जोड़ दी गई हैं लेकिन उनके घर का कनेक्शन अब तक नहीं किया गया है। यह समस्या ‘भास्कर समाधान’ पर पोस्ट होने के बाद हैल्थ इंस्पेक्टर धर्मेंन्द्र कुमार के निर्देश पर नया वार्ड 28 के जमादार सिकंदर पंवार ने समस्या का समाधान करवा दिया है। हैल्थ इंस्पेक्टर धर्मेंन्द्र ने इसकी जानकारी भी शेयर की है। एप से लोगों को मिल रहा समाधान अपने क्षेत्र की समस्याएं पोस्ट कर यूजर विभागों और जिम्मेदारों को जमीनी हकीकत बता रहे हैं और अधिकारी अपनी टीम से उसका समाधान भी करवा रहे हैं। आप भी अपने क्षेत्र, वार्ड, सेक्टर, गांव या गली की समस्या हमें पोस्ट कर सकते हैं। भास्कर एप पर अपनी समस्या पोस्ट करने लिए यहां क्लिक कीजिए… अब उन समस्याओं पर एक नजर जिनके समाधान होना अभी बाकी हैं… ऊंचे ब्रेकर बने हादसों की वजह कोटा। रामगंज मंडी के पंचमुखी रोड, अमन चैन नगर से जसवंत कुमार ने ऊंचे ब्रेकर की समस्या पोस्ट की है। उन्होंने लिखा कि सुकेत रोड, जानकी नगर में स्थानीय लोगों ने सीमेंट से बने टूटे खम्भों को ब्रेकर बनाने में इस्तेमाल किया है। इससे बना ब्रेकर असामान्य रूप से ऊंचा हो गया है। दोपहिया वाहन चालक ही नहीं, बल्कि चौपहिया वाहन चालक भी परेशान हो रहे हैं। कुछ तो गिरने से चोटिल भी हो चुके हैं। ऐसे ब्रेकर जानकी नगर के कई मुख्य रास्तों पर है। समस्या का समाधान करवा कर राहगीरों को राहत दें। गहरी टूटी नाली बनी परेशानी कोटा। सोगारिया के काला तालाब एरिया से ओम प्रकाश राणावत ने टूटी नाली की समस्या पोस्ट की है। उन्होंने लिखा की क्षेत्र में पाबूजी की धर्मशाला वाली गली में सीमेंट से बनी एक नाली टूटी हुई है। गहराई अधिक होने से वाहन चालकों को इससे काफी असुविधा हो रही है। बारिश में पानी भर जाने से नाली की गहराई का अंदाजा नहीं लगता जिससे दोपहिया वाहन चालक गिर भी जाते हैं। वहीं बेसहारा पशुओं का पांव भी अंणेरे में इसमें फंसने से वो घायल हो रहे हैं। एक ही रोड पर तीन बड़ी परेशानियां कोटा के बोरखेड़ा से यशवंत सिंह ने समस्या पोस्ट कर तीन अलग–अलग परेशानियां का समाधान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी से नया नोहरा क्षेत्र में तीन बड़ी समस्याएं हैं। पहली अंडरग्राउंड सीवरेज लाइन पूरी तरह क्षतिग्रस्त है जिससे गंदा पानी जमा हो रहा है। दूसरा सड़क पर जगह–जगह गड्‌ढों के कारण आने–जाने में बहुत परेशानी हो रही है। वहीं पूरे रोड पर रोड अथॉरिटी के स्टैंडर्ड के विपरीत ऊंचे ब्रेकर्स बनाए गए हैं जिससे गाड़ी चलाते समय हादसे का डर रहता है। मेंटिनेंस के अधूरे काम से परेशानी कोटा के पार्श्वनाथ नगर, सहारा एनक्लेव से यशवंत ने अधूरे पाइपलाइन के काम से जुड़ी समस्या पोस्ट की है। उन्होंने लिखा कि आरएसजीएल ने पूरी कॉलोनी में पाइपलाइन डालने का काम अधूरा छोड़ा हुआ है। इससे जगह–जगह गड्‌ढे हो गए हैं, खुले पाइप और खोदी गई मिट्‌टी से रास्ता जाम हो रहा है और राहगीरों को भी खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस काम को जल्द पूरा करवाकर कॉलोनीवासियों को राहत दें। पब्लिक की आवाज बना ‘भास्कर समाधान’ ‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट देशभर में इकलौता ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी सीधे अपने इलाके से जुड़े सिविक इश्यू खुद पोस्ट कर सकते हैं। ये सेगमेंट जनता को अपने गली-मोहल्ले की परेशानियां सीधे विभाग के उच्चाधिकारियों के सामने रखने की सुविधा देता है। लोगों से मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स के बाद अब इसे और अधिक प्रभावी, सरल और यूजर-फ्रेंडली बनाया गया है। अब सीधे अधिकारियों तक पहुंच रहीं समस्याएं दैनिक भास्कर के इस सेगमेंट में अधिकारी भी अपने एक्शन के बारे में बता सकेंगे। शिकायत जिस विभाग से संबंधित है, वह अब सीधे उन्हीं अधिकारियों तक पहुंचेगी। इसके बाद अधिकारी उस लोकेशन को मैप पर देख सकेंगे। यदि उन्होंने समाधान कर दिया है तो शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी एप के जरिए ही दे सकेंगे या बता सकेंगे कि अभी काम जारी है। अधिकारी चाहें तो जिस यूजर ने शिकायत की है, उसे कॉल भी कर सकते हैं। ‘भास्कर समाधान’ की ये खबरें भी पढ़िए… 1.*’भास्कर समाधान’ में सुरेन्द्र बने ‘पब्लिक के स्टार’:* निगम को मृत गाय उठाने की फुर्सत नहीं, जाम ड्रेनेज सिस्टम से कॉलोनी परेशान 2.*’भास्कर समाधान’: आपकी समस्या एक पोस्ट में हल:* कोटा में टूटी सड़क, बिजली और गड्‌ढे बड़ी समस्या, 15 दिन पुराना गड्‌ढा भरा, प्लॉट का कचरा उठा 3.*’भास्कर समाधान’ पर प्रेमचंद बने ‘पब्लिक के स्टार’:* जिस नाले में गिरा बछड़ा, उसे अब तक नहीं ढका, पार्किंग में स्टॉल लगाई, गाड़ी भी नहीं खड़ी करने देते 4.*पार्षद तबस्सुम बनीं ‘पब्लिक की स्टार’:* पार्क में टूटे झूले, ग्राउंड पर कचरा, कहां खेलें नौनिहाल, 15 दिन से नहीं हटाया रास्ते पर गिरा पेड़ 5. *कोटा में रोड लाइट और नाली की समस्या का समाधान:* जर्जर मकान, कचरा और अधूरी नाली से बढ़ी परेशानी, अरुण झावा बने आज के ‘स्टार ऑफिसर’ 6. *भास्कर समाधान: बंद स्ट्रीट लाइट का हुआ समाधान:* झूलते बिजली के तार, अधूरी सड़क-नाली जैसी समस्याओं से परेशान लोग, धर्मेंद्र कुमार बने आज के ‘स्टार ऑफिसर’ 7. *हैल्थ इंस्पेक्टर मनोज बने ‘स्टार ऑफिसर’:* नयागांव में लगी रोड लाइट, बोरखेड़ा में साफ हुई नालियां; मगरमच्छ और बंद वॉटर कूलर जैसी समस्या अब भी लंबित

जेईएन बीना बनीं 'स्टार ऑफिसर':अजमेर में दो महीने पुरानी सीवरेज की समस्या हुई ठीक, 20 दिन से खराब स्ट्रीट लाइट भी चमकी, गड्‌ढे भरने का इंतजार

अजमेर में ‘भास्कर समाधान’ से 20 दिन बाद खराब स्ट्रीट लाइट की समस्या का समाधान हो गया। वहीं दो महीने से ओवरफ्लो हो बह रहे सीवरेज लाइन की मरम्मत से भी स्थानीय लोगों को राहत मिली है। ऐसे ही बिजली के तारों और जाम नालियों की समस्या का भी विभाग के अधिकारियों ने समाधान करवा दिया है। अजमेर में लोगों की भेजी हुईं ऐसी ही अन्य समस्याओं के हल भी विभागीय समाधान की प्रक्रिया में हैं। पहले एक नजर उन समाधानों पर जिसने लोगों को राहत देने का काम किया… जेईएन बीना बनीं ‘स्टार ऑफिसर’ अजमेर से योगेश ने केसर कॉलोनी, डॉ लाला वाली गली से दो महीने से ओवरफ्लो हो रहे सीवरेज चैम्बर की समस्या पोस्ट की थी। उन्होंने लिखा था कि कई बार निगम कर्मियों को इस समस्या के बारे में बताने के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है। दो महीने से सीवर का गंदा पानी गलियों और सड़कों पर बह रहा है। सड़क भी बीते पांच साल से टूटी हुई है। समस्या पोस्ट होने के बाद निगम की जेईएन बीना मीणा ने समाधान करवा दिया है। पोस्ट के बाद हुई नालियाें की सफाई शहर के सांईं बाबा मार्ग, उदयनगर से राजेश पंजाबी ने नालियाें की सफाई न होने की समस्या पोस्ट की थी। उन्होंने अपनी पोस्ट में बताया था कि नालियों में बड़ी–बड़ी झाड़ियां उग आई हैं। सफाईकर्मी भी कॉलोनी में हफ्तों नहीं आते। जमादार को भी इस संबंध में कई बार कह चुके लेकिन कोई समाधान नहीं हो रहा है। बारिश में जलभराव से पूरी कॉलोनी परेशान होती है। इस समस्या के सामने आने के बाद निगम के सफाईकर्मियों ने पूरी लाइन की नालियां साफ कर लोगों की परेशानी दूर कर दी है। 20 दिन से खराब स्ट्रीट लाइट हुई रोशन अजमेर की दयानंद कॉलोनी से पंकज ने कई दिनों से खराब स्ट्रीट लाइट की समस्या ‘भास्कर समाधान’ पर पोस्ट की थी। उन्होंने लिखा था कि कॉलोनी की गली नंबर एक में 20 दिन से स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी है। इसे सुधारने के लिए निगम के कर्मचारियों को भी कह चुके लेकिन समाधान नहीं हुआ। बरसात के इन दिनों में अंधेरे में लोगों को आने–जाने में बहुत परेशानी होती है। समस्या सामने आने के बाद निगम ने स्ट्रीट लाइट ठीक करवा दी। पेड़ों में उलझे बिजली के तार किए ठीक ‘भास्कर समाधान’ पर जेपी नगर, मदार सेक्टर 3 से हिमांशु लालवानी ने बिजली के तारों में पेड़ों की टहनियों के टच होने की समस्या पोस्ट की थी। उन्होंने लिखा था कि वार्ड 55 की डबल स्टाेरी बिल्डिंग के आसपास काफी समय से बिजली के तार पेड़ों की टहनियों में उलझे हुए हैं। इससे आए दिन स्पार्किंग होती है और कई बार फॉल्ट के कारण घंटो पॉवर कट हो जाता है। बार–बार घरों में बिजली जाने से इलेक्ट्रिक उपकरणों के खराब होने का डर रहता है। समस्या के ‘भास्कर समाधान’ पर पोस्ट होने के बाद संबंधित विभाग ने इसका समाधान करवा दिया। एक नजर उन समस्याओं पर भी जिनका समाधान अभी विभागीय प्रक्रिया में हैं… स्ट्रीट लाइट और हैंडपंप दोनों खराब अजमेर के फायसागर रोड, गोटा कॉलोनी से भाग्यश्री चौहान ने अपनी कॉलोनी की दो समस्याएं ‘भास्कर समाधान’ पर पोस्ट की हैं। उन्होंने लिखा कि हमारी कॉलोनी में निगम की लगाई हुई स्ट्रीट लाइट कई दिनों से खराब पड़ी है। शाम होते ही पूरी गली अंधेरे में डूब जाती है। वहीं सालों से खराब पड़े कॉलोनी के हैंडपंप की भी मरम्मत नहीं करवाई गई है। अजमेर में पहले ही पेयजल की काफी समस्या है। ऐसे में इसे ठीक करवाकर राहत दें। नए बने नाले की दीवार गिरने का डर अजमेर के चचियावास रोड, चुंगी चौराहा, लोहा खान कॉलोनी से पप्पू मानसुरे ने नवनिर्मित नाले की समस्या पोस्ट की है। उन्हाेंने लिखा कि हाल ही इस नाले का निर्माण किया गया है लेकिन सेटबैक ठीक न होने के कारण यह बारिश में ढह सकता है। इससे नाले का सारा पानी वापस कॉलोनी में ही भरेगा। समस्या का समाधान कर लोगों को असुविधा से बचाएं। सड़क के गड्‌ढे नहीं भरे, बनी परेशानी विज्ञान नगर की मुकेश टेलर वाली गली से परेश काकानी ने टूटी सड़क और गड्‌ढे की समस्या पोस्ट की है। उन्होंने लिखा कि पंचवटी कॉलोनी की गली नंबर 5 में गैस पाइपलाइन कनेक्शन के बाद रोड को दोबारा रिपेयर नहीं किया गया। इससे गली में जगह–जगह गड्‌ढे होने से लोगों को काफी असुविधा हो रही है। राहगीरों को भी गाड़ियां लेकर आने–जाने में परेशानी उठानी पड़ रही है। निगम और संबंधित विभाग के कर्मचारियों को कई बार कह चुके लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। रोड लाइट खराब, विभाग बेपरवाह ‘भास्कर समाधान’ पर नयन टाक ने सुभाष नगर से खराब स्ट्रीट लाइट की समस्या पोस्ट की है। उन्होंने बताया कि हमारी गली में कई दिनों से गली की सरकारी लाइट काम नहीं कर रही है। बारिया के दिनों में जहरीले जीव–जंतुओं के खतरे के बीच लोग मोबाइल की टॉर्च में रात को घर से बाहर निकल रहे हैं। निगम के कर्मचारियों को इस संबंध में कई बार कह चुके लेकिन कोई इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा है। शक्ति नगर, सुभाष नगर कॉलोनी के लोगों को इससे काफी असुविधा हो रही है। इसका जल्द समाधान करवाएं। एप से लोगों को मिल रहा समाधान समस्याएं पोस्ट कर यूजर विभागों को जमीनी हकीकत बता रहे हैं और अधिकारी अपनी टीम से उसका समाधान भी करवा रहे हैं। आप भी अपने क्षेत्र, वार्ड, सेक्टर या गांव की समस्या हमें पोस्ट कर सकते हैं। भास्कर एप पर अपनी समस्या पोस्ट करने लिए यहां क्लिक कीजिए… पब्लिक की आवाज बना ‘भास्कर समाधान’ ‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट देशभर में इकलौता ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी सीधे अपने इलाके से जुड़े सिविक इश्यू खुद पोस्ट कर सकते हैं। ये सेगमेंट जनता को अपने गली-मोहल्ले की परेशानियां सीधे विभाग के उच्चाधिकारियों के सामने रखने की सुविधा देता है। लोगों से मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स के बाद अब इसे और अधिक प्रभावी, सरल और यूजर-फ्रेंडली बनाया गया है। अब सीधे अधिकारियों तक पहुंच रहीं समस्याएं दैनिक भास्कर के इस सेगमेंट में अधिकारी भी अपने एक्शन के बारे में बता सकेंगे। शिकायत जिस विभाग से संबंधित है, वह अब सीधे उन्हीं अधिकारियों तक पहुंचेगी। इसके बाद अधिकारी उस लोकेशन को मैप पर देख सकेंगे। यदि उन्होंने समाधान कर दिया है तो शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी एप के जरिए ही दे सकेंगे या बता सकेंगे कि अभी काम जारी है। अधिकारी चाहें तो जिस यूजर ने शिकायत की है, उसे कॉल भी कर सकते हैं। ‘भास्कर समाधान’ से जुड़ीं ये खबरें भी पढ़िए… 1.‘भास्कर समाधान’: अधिकारियों तक सीधे पहुंच रही समस्या:नलों से आ रहा बदबूदार पानी, सीवर ओवरफ्लो, आश्रम क्षेत्र में बच्चों को काट रहे बेसहारा कुत्ते 2.भास्कर समाधान का असर; बेसहारा पशुओं की समस्या का निस्तारण:हाईटेंशन लाइन और पानी लीकेज से लोग परेशान, देवेन्द्र सिंह बने आज के ‘स्टार ऑफिसर’ 3.‘भास्कर समाधान’: अधिकारी खुद करवा रहे सॉल्यूशन:दरगाह बाजार में नहीं सुधर रही सफाई व्यवस्था, 6 महीने से खराब हैंडपंप 4.कब होगी पानी की सप्लाई, मोबाइल पर मिलेगा अपडेट:‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट में समस्या सामने आने के बाद SE ने दिए निर्देश 5.अजमेर में ‘भास्कर समाधान’ पर उठी आवाज:पानी, सफाई और जलभराव की समस्याओं से जूझ रहे लोग, कई शिकायतों के बाद मिली राहत 6.‘भास्कर समाधान’, अधिकारी खुद सुलझा रहे समस्या:10 दिन से स्ट्रीट लाइट बंद, नालियां जाम, घर के आगे ठेले खडे़ कर रहे सफाई कर्मचारी, सड़क बनने का इंतजार 7.‘भास्कर समाधान’, सरकारी विभाग आए एक्शन में:अधिकारी खुद कर रहे मॉनिटरिंग, 4 महीने से स्ट्रीट लाइट खराब, सफाई नहीं हो रही, पुलिया के नीचे सड़क जर्जर

अजमेर में शोरूम से निकलते ही कार में आग लगी,VIDEO:धुआं उठता देख डॉक्टर ने मां को बाहर निकाल लिया; दमकल ने पाया काबू

अजमेर में नई कार खरीदने की खुशी उस समय दहशत में बदल गई, जब शोरूम से निकलने के करीब आधे घंटे बाद ही चलती कार में आग लग गई। गनीमत रही कि कार चला रहे जेएलएन अस्पताल के न्यूरो सर्जरी विभाग के न्यूरो सर्जन डॉ. कुशल गोयल ने समय रहते बोनट से उठता धुआं देख लिया। उन्होंने तुरंत कार सड़क किनारे रोककर अपनी मां को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सूचना पर पहुंची नगर निगम की दमकल ने आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। अजमेर में यह पहला मामला है जब शोरूम से निकलने के कुछ देर बाद ही कार में आग लग गई। गोयल गुरुवार दोपहर ढाई बजे शोरूम से निकले थे और तीन बजे कार में आग लग गई। घर लौट रहे थे डॉक्टर जानकारी के अनुसार वैशालीनगर के आनंद नगर में रहने वाले डॉ. कुशल गोयल ने गुरुवार को मारुति कंपनी की ऑल्टो के-10 नई कार साढ़े पांच लाख रुपए में खरीदी थी। शोरूम से डिलीवरी लेने के बाद वे अपनी मां और परिवार के साथ घर लौट रहे थे। करीब आधे घंटे बाद वैशालीनगर में कार के अगले हिस्से से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। परिजनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया स्थिति की गंभीरता समझते हुए डॉ. गोयल ने तुरंत कार सड़क किनारे रोक दी और सभी परिजनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कुछ ही क्षणों में बोनट के भीतर आग की लपटें उठने लगीं। उन्होंने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही नगर निगम की दमकल मौके पर पहुंची और आग पर समय रहते काबू पा लिया। इससे आग पूरी कार में फैलने से पहले ही नियंत्रित हो गई। आग बुझाने के बाद क्षतिग्रस्त कार को टो-व्हीकल की मदद से वापस शोरूम ले जाया गया। आग के कारणों का नहीं चला पता प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। तकनीकी जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि आग शॉर्ट सर्किट, किसी तकनीकी खराबी या अन्य किसी वजह से लगी। फिलहाल घटना को लेकर कंपनी स्तर पर जांच की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

'मल्लिका' आम ने बदली किस्मत, हर साल लाखों की कमाई:प्राइवेट नौकरी छोड़कर शुरू की बागवानी; इनोवेशन के लिए मिला सम्मान

इलेक्ट्रिकल में पॉलिटेक्निक डिप्लोमा करने के बाद चार साल प्राइवेट कंपनियों में नौकरी की। सैलरी ज्यादा नहीं थी और परिवार से भी दूर रहना पड़ता था। पिता की तबीयत खराब होने पर भी नौकरी की वजह से समय पर घर नहीं पहुंच पाते थे। ऐसे में नौकरी छोड़कर खेती करने का फैसला किया। काफी रिसर्च के बाद 7 साल पहले दो बीघा जमीन में आम की ‘मल्लिका’ वैरायटी के पौधे लगाए। चार महीने तक फल देने वाली इस वैरायटी से अब हर साल लगातार मुनाफा बढ़ रहा है। म्हारे देश की खेती में आज बात चित्तौड़गढ़ के किसान की… पारंपरिक फसल छोड़कर बागवानी को चुना
कन्हैयालाल धाकड़ (37) चित्तौड़गढ़ जिले की निंबाहेड़ा तहसील के भैरूखेड़ा गांव के किसान हैं। खेती में कुछ नया करने की इच्छा से उन्होंने पारंपरिक फसलों के बजाय बागवानी को चुना। साल 2025 में पिता मोहनलाल धाकड़ का निधन हो गया, लेकिन उनकी प्रेरणा आज भी परिवार के साथ है। मां धापूबाई, पत्नी ममता, बेटा चंद्रप्रकाश और अन्य भाई बागवानी में पूरा सहयोग करते हैं। चार भाइयों और एक बहन में सबसे छोटे कन्हैयालाल को साल 2025 में उदयपुर में इनोवेटिव फार्मर के रूप में सम्मानित भी किया गया। आंध्र प्रदेश से मंगवाए 270 पौधे कन्हैयालाल धाकड़ ने बताया- साल 2017 में उदयपुर में नौकरी करते समय पिता की तबीयत खराब हुई। नौकरी के कारण घर नहीं आ पा रहा था तो सबकुछ छोड़कर वापस आ गया। भैरूखेड़ा गांव में खेती करना शुरू कर दिया। पिता के सहयोग से दो बीघा में आम का बगीचा लगाने का प्लान किया। काफी रिसर्च के बाद आंध्र प्रदेश से 270 पौधे मंगवाए। जुलाई-अगस्त में डेढ़ से ढाई फीट गहरे गड्ढे तैयार कर उनमें गोबर की सड़ी खाद या वर्मी कम्पोस्ट के साथ थोड़ी डीएपी और एसएसपी मिलाकर पौधे लगाए। पौधों के बीच 8×12 फीट या जरूरत के अनुसार दूरी रखी। सिंचाई के लिए मैंने कम खर्च वाला पारंपरिक तरीका अपनाया। शुरुआत में खराब मिट्टी के कारण कुछ पौधे खराब हुए, जिन्हें नए पौधों से बदल दिया गया। पहले साल पौधों पर आए फूल और छोटे फल हटा दिए, ताकि पेड़ मजबूत हो सकें। करीब पांच-छह साल बाद अच्छी पैदावार मिलने लगी और आज सभी पेड़ लगभग 15 फीट ऊंचे होकर भरपूर फल दे रहे हैं। आम से लगातार बढ़ रहा मुनाफा
चुनौतियों के बावजूद पौधे विकसित हुए और 2020 से उत्पादन शुरू हुआ, जो 10 क्विंटल से बढ़कर 2025 में लगभग 150 क्विंटल तक पहुंच गया। आम की मांग बढ़ने के साथ कीमतें भी बढ़ीं और अब उनकी सप्लाई चित्तौड़गढ़ के अलावा प्रतापगढ़, नीमच, उज्जैन और उदयपुर तक हो रही है। इस समय आम 100 से 120 रुपए किलो बिक रहे हैं, जबकि बड़े और अच्छी गुणवत्ता वाले फल 150 से 200 रुपए किलो तक बिक जाते हैं। साल 2025 में उन्हें करीब 1.40 लाख रुपए का शुद्ध लाभ हुआ, जबकि इस साल ढाई से तीन लाख रुपए तक मुनाफे की उम्मीद है। दूसरे किसानों के लिए भी बना सफल मॉडल कन्हैयालाल ने बताया- मल्लिका आम का स्वाद बेहद अच्छा होता है। इसकी गुठली छोटी, पल्प ज्यादा और यह लगभग रेशारहित होता है। यही वजह है कि इसे खाने के साथ-साथ अचार बनाने के लिए भी खूब पसंद किया जाता है। नीलम और दशहरी किस्मों को मिलाकर तैयार की गई इस हाइब्रिड वैरायटी में विटामिन ए, विटामिन सी, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। उनका मानना है कि नई तकनीक अपनाकर, नई किस्मों की जानकारी रखकर और बाजार की मांग को समझकर किसान कम जमीन से भी अच्छी कमाई कर सकते हैं। उनका बगीचा अब जिले के अन्य किसानों के लिए एक सफल और प्रेरणादायक मॉडल बन गया है। … खेती-किसानी से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… आम के 100 साल पुराने पेड़ों की कैरी का अचार:स्वाद ऐसा कि विदेशों तक है डिमांड, किसान को हर साल लाखों की कमाई बेहतर उत्पादन की उम्मीद में किसान नए-नए बीज और पौधों की वैरायटी की तलाश में रहते हैं। खराब बीज और पौधों से न केवल किसानों की उम्मीदें टूटती हैं, बल्कि नुकसान भी होता है। पूरी खबर पढ़िए

बांसवाड़ा में आज 5 घंटे तक बिजली कटौती:सुबह 10 से शाम 5 बजे तक अलग-अलग इलाकों में रहेगा शटडाउन

बांसवाड़ा जिले में आज 3 से 5 घंटे तक बिजली कटौती रहेगी। अलग-अलग क्षेत्रों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चरणबद्ध तरीके से शटडाउन लिया जाएगा। मेंटेनेंस और बिजली लाइनों के पास पेड़ों की टहनियों की छंटाई के चलते दर्जनों गांव और कई शहरी-ग्रामीण इलाके प्रभावित होंगे। विद्युत निगम ने उपभोक्ताओं से समय रहते जरूरी काम निपटाने की अपील की है। झरी और गागरी लाइन पर दो चरणों में रहेगा शटडाउन विद्युत विभाग के अनुसार निचला घंटाला जीएसएस से निकलने वाली 11 केवी झरी और गागरी लाइन पर बिजली तारों के पास आई पेड़ों की टहनियों की छंटाई की जाएगी। इसके चलते सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक उपला घंटाला, बड़वी और गणेशीलाल पाड़ला क्षेत्र में करीब 3 घंटे बिजली बंद रहेगी। इसके बाद दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक गागरी क्षेत्र में 4 घंटे बिजली आपूर्ति बंद रखी जाएगी। घाटोल क्षेत्र में 4 घंटे बंद रहेगी बिजली घाटोल क्षेत्र में 33/11 केवी जीएसएस घाटोल, देवदा और बड़ी पड़ाल पर रखरखाव कार्य किया जाएगा। इसके चलते सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक यानी 4 घंटे बिजली सप्लाई बंद रहेगी। इन गांवों में रहेगा बिजली का असर शटडाउन के दौरान घाटोल प्रथम फीडर, द्वितीय फीडर, रूंजिया, देवदा, कानेला, पड़ोली, अमरथुन, बड़ी पड़ाल, छोटी पड़ाल, चौकड़ी, सवनिया और कंठाव सहित इन फीडरों से जुड़े दर्जनों गांवों की बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।

'तू ना संभाले तो हमे कौन संभाले':भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचने की मची होड़, 25 जुलाई को मौसी घर से लौटेंगे निजधाम

ओडिशा के पुरीधाम की विश्व प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ रथयात्रा की परंपरा गुरुवार को भीलवाड़ा में भी पूरे श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ निभाई गई। शहर में भगवान जगन्नाथ की दो अलग-अलग रथयात्राएं निकाली गईं। कावांखेड़ा स्थित जगन्नाथ मंदिर से शाम 4 बजे 24वीं रथयात्रा रवाना हुई, जबकि अंतरराष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) की 10वीं रथयात्रा शाम 5 बजे लक्ष्मीनारायण मंदिर से शुरू हुई। यात्रा के दौरान ‘तू ना संभाले तो हमें कौन संभाले’ और भगवान जगन्नाथ के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा। श्रद्धालुओं में रथ की पवित्र रस्सी पकड़कर रथ खींचने की होड़ देखने को मिली। कावांखेड़ा से निकली रथयात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई हरीसेवा धाम पहुंची। यहां भगवान जगन्नाथ, बलदेव और देवी सुभद्रा आठ दिनों तक मौसी घर में विराजेंगे और 25 जुलाई को पुनः अपने निजधाम लौटेंगे। दोनों यात्राओं में भगवान जगन्नाथ, बलदेव और देवी सुभद्रा सुसज्जित लकड़ी के रथ में विराजे और श्रद्धालुओं ने पूरे भक्ति भाव से रथ खींचकर दर्शन किए। 2003 में शुरू हुई परंपरा, 2015 से नक्काशीदार रथ में नगर भ्रमण मंदिर के पंडित प्रभुदयाल ने बताया कि वर्ष 2003 में जयपुर में निर्मित संगमरमर की प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा के साथ रथयात्रा की शुरुआत हुई थी। शुरुआत में रथयात्रा बैलगाड़ी से निकाली जाती थी, बाद में श्रद्धालु स्वयं रथ खींचने लगे। इसके बाद पुरीधाम से भगवान जगन्नाथ, बलदेव और देवी सुभद्रा के लकड़ी के विग्रह मंगवाए गए। वर्ष 2015 से उदयपुर में तैयार नक्काशीदार लकड़ी के रथ में भगवान जगन्नाथ, बलदेव और देवी सुभद्रा विराजकर नगर भ्रमण कर रहे हैं। फूल बरसाकर किया स्वागत, हरिनाम संकीर्तन से गूंजे रास्ते इस्कॉन की रथयात्रा लक्ष्मीनारायण मंदिर से शुरू होकर मुरलीविलास रोड, रेलवे स्टेशन, गोलप्याऊ, बालाजी मार्केट, महावीर पार्क, कॉलेज रोड, गुरुद्वारा रोड और बड़ला चौराहा होते हुए अग्रसेन भवन पहुंची। पूरे रास्ते हरे कृष्णा… हरे कृष्णा… कृष्णा कृष्णा… हरे हरे के हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन और भगवान जगन्नाथ के जयकारे गूंजते रहे। युवा भक्ति में झूमते नजर आए, जबकि कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने फूल बरसाकर रथयात्रा का स्वागत किया। महाप्रसाद वितरण के साथ भक्तिमय माहौल यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में कीर्तन मंडलियां और श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे मार्ग में महाप्रसाद का वितरण किया गया। भक्तों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ भगवान के दर्शन किए और रथ की पवित्र रस्सी खींचने का सौभाग्य प्राप्त करने के लिए उत्साह दिखाया। पूरे शहर में दिनभर भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का माहौल बना रहा। देखिए… संबंधित अन्य तस्वीरें

स्पोर्ट्स अपडेट- ट्रम्प फुटबॉल वर्ल्डकप फाइनल देखने पहुंचेंगे:मैच के ऑफिशियल्स तय हुए, पेले की जर्सी 42 करोड़ रुपए में नीलाम

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल देखने न्यू जर्सी पहुंचेंगे। व्हाइट हाउस ने इसकी पुष्टि की है। स्पेन-अर्जेंटीना के बीच होने वाले खिताबी मैच से पहले ट्रम्प न्यूयॉर्क स्थित ट्रम्प टॉवर में आयोजित फीफा स्वागत समारोह में भी हिस्सा लेंगे। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने राष्ट्रपति के सप्ताहांत कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि ट्रम्प शुक्रवार को न्यूयॉर्क में फीफा रिसेप्शन में शामिल होंगे। रविवार को न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में वर्ल्ड कप फाइनल का मुकाबला देखेंगे। लेविट ने कहा कि यह टूर्नामेंट अमेरिकी इतिहास का सबसे ज्यादा देखा गया, सबसे सुरक्षित और सबसे सफल वर्ल्ड कप रहा है। उनके मुताबिक, यह आयोजन दुनिया के सबसे बड़े खेल मंच की मेजबानी करने की अमेरिका की क्षमता का प्रमाण है। फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फैन्टिनो भी पुष्टि कर चुके हैं कि वे ट्रम्प के साथ फाइनल देखेंगे। दोनों मिलकर विजेता टीम को ट्रॉफी सौंपेंगे। उन्होंने हाल ही में एक इंटरव्यू में कहा था कि विश्व कप फाइनल के बाद ट्रंप उनके साथ पुरस्कार वितरण समारोह में मौजूद रहेंगे। विश्व कप 2026 का फाइनल 19 जुलाई (स्थानीय समय) को न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में खेला जाएगा। सेमीफाइनल में अर्जेंटीना ने इंग्लैंड को 2-1 से हराकर और स्पेन ने फ्रांस को 2-0 से मात देकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई है। स्पोर्ट्स की अन्य खबरें भी पढ़िए… वर्ल्ड कप फाइनल और तीसरे स्थान के मैच के लिए ऑफिशियल्स के नाम तय न्यू जर्सी। फीफा ने वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल और तीसरे स्थान के मुकाबले के लिए मैच अधिकारियों की घोषणा कर दी है। 19 जुलाई (स्थानीय समय) को होने वाले अर्जेंटीना और स्पेन के बीच खिताबी मैच में स्लोवेनिया के स्लावको विंचिच रेफरी की भूमिका निभाएंगे। विंचिच के साथ उनके हमवतन टोमाज क्लान्चनिक और आंद्राज कोवाचिच क्रमशः पहले और दूसरे सहायक रेफरी होंगे। अदहम मखादमेह को चौथा अधिकारी और मोहम्मद अलकलाफ को रिजर्व सहायक रेफरी नियुक्त किया गया है। वहीं, इंग्लैंड और फ्रांस के बीच होने वाले तीसरे स्थान के मुकाबले में वेनेजुएला के जीसस वालेंजुएला रेफरी होंगे। उनके साथ जॉर्ज उरेगो और टुलियो मोरेनो सहायक रेफरी की जिम्मेदारी संभालेंगे। जलाल जायेद चौथे अधिकारी और जकारिया ब्रिंसी रिजर्व सहायक रेफरी होंगे। पेले की जर्सी 42 करोड़ रुपए में नीलाम, 1958 वर्ल्डकप फाइनल में पहनी थी न्यूयॉर्क। ब्राजील के महान फुटबॉलर पेले की 1958 फीफा वर्ल्ड कप फाइनल में पहनी गई जर्सी करीब 42 करोड़ रुपए (49 लाख अमेरिकी डॉलर) में नीलाम हुई है। सोथबीज की नीलामी में यह पेले से जुड़ी अब तक की सबसे महंगी खेल स्मृति (मेमोराबिलिया) बन गई है। नीलामी के दौरान इस जर्सी के लिए 10 बोलियां लगीं और पांच से अधिक बोलीदाताओं ने इसमें हिस्सा लिया। यह फुटबॉल इतिहास की दूसरी सबसे महंगी नीलाम हुई जर्सी बन गई। पहले स्थान पर अर्जेंटीना के महान खिलाड़ी डिएगो मैराडोना की 1986 विश्व कप क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ पहनी गई जर्सी है, जो 2022 में 93 लाख डॉलर में बिकी थी। ब्राजील की प्रतिष्ठित नंबर-10 जर्सी पहनकर 17 वर्षीय पेले ने 1958 विश्व कप फाइनल में मेजबान स्वीडन के खिलाफ दो गोल किए थे। ब्राजील ने यह मुकाबला 5-2 से जीतकर अपने इतिहास का पहला विश्व कप खिताब जीता था। पेले 1958 वर्ल्ड कप फाइनल में गोल करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं और यह रिकॉर्ड आज भी कायम है। सोथबीज के अनुसार, यही जर्सी 2004 में भी नीलाम हुई थी, तब इसकी कीमत 70,505 पाउंड मिली थी। महिला हॉकी वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम का ऐलान हॉकी इंडिया ने बेल्जियम और नीदरलैंड्स में होने वाले एफआईएच (FIH) महिला हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के लिए 20 सदस्यीय भारतीय टीम घोषित कर दी है। मिडफील्डर सलीमा टेटे को टीम की कमान सौंपी गई है। चीफ कोच शुअर्ड मारिन ने इसे बेहद संतुलित टीम बताया है। यह टूर्नामेंट 15 से 30 अगस्त 2026 तक खेला जाएगा। भारतीय टीम फिलहाल बेंगलुरु के नेशनल कैंप में तैयारी कर रही है। टीम में युवाओं और सीनियर्स का तालमेल टीम में अनुभवी खिलाड़ियों और युवाओं को बराबर मौका मिला है। पिछले महीने न्यूजीलैंड में हुए एफआईएच नेशंस कप में अजेय रहकर खिताब जीतने वाले युवा चेहरों पर चयनकर्ताओं ने दोबारा भरोसा जताया है। गोलकीपिंग और डिफेंस यूनिट गोलकीपिंग का जिम्मा सविता पूनिया और बिचू देवी खरीबाम पर होगा। डिफेंस में अनुभवी सुशीला चानू पुखरम्बम के साथ इशिका चौधरी, लालथंतलुआंगी, ज्योति और शिल्पी डबास को शामिल किया गया है। मिडफील्ड और फॉरवर्ड लाइन कप्तान सलीमा टेटे मिडफील्ड को लीड करेंगी, जहां निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, नेहा और दीपिका सोरेंग उनका साथ देंगी। फॉरवर्ड लाइन में लालरेम्सियामी, रुतुजा दादासो पिसाल, नवनीत कौर, दीपिका, इशिका, बलजीत कौर और ब्यूटी डुंगडुंग गोल दागने की जिम्मेदारी संभालेंगी।
————————————————

भास्कर अपडेट्स:जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाकर्मी से हथियार छीनने की कोशिश, 1 की मौत

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भद्रवाह के में एक गोलीबारी हुई है। यह हादसा तब हुआ जब एक व्यक्ति ने कथित तौर पर सुरक्षाकर्मियों की सर्विस राइफल छीनने की कोशिश की। इस दौरान हुई फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) के तीन जवान घायल हो गए हैं। इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे। आज की अन्य बड़ी खबरें… बंगाल के मुर्शिदाबाद में ट्रेन की स्कूल वैन से टक्कर, 3 की मौत पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में एक रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेन ने एक पूल कार (स्कूली गाड़ी) को टक्कर मार दी। अधिकारियों के मुताबिक, टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई है, जिनमें दो स्कूली छात्र शामिल हैं। गाड़ी रेलवे ट्रैक को पार करने की कोशिश कर रही थी। टक्कर में गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। घायलों को तुरंत मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, अस्पताल में भर्ती कराए गए लोगों में से कुछ की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। पूरी खबर पढ़ें… संसद के मानसून सत्र से पहले विपक्षी दलों की बैठक, साझा रणनीति पर चर्चा संभव संसद के मानसून सत्र से पहले राज्यसभा और लोकसभा में विपक्षी दलों के नेता संयुक्त बैठक करेंगे। इस बैठक में पूरे सत्र के लिए साझा रणनीति तय की जाएगी और केंद्र सरकार के विधायी एजेंडे के साथ विपक्ष जिन मुद्दों को उठाएगा, उन पर चर्चा होगी। 20 जुलाई से 13 अगस्त तक चलने वाले मानसून सत्र में विपक्ष सरकार को कई अहम मुद्दों पर घेरने की तैयारी कर रहा है। वहीं, केंद्र सरकार भी कई महत्वपूर्ण विधेयक संसद में पेश करने की तैयारी में है। आज से दो दिनों के बंगाल दौरे पर अमित शाह, BSF जवानों से मुलाकात करेंगे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 17 से 19 जुलाई तक पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान उनका फोकस सीमा सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, सुशासन और विकास परियोजनाओं पर रहेगा। मई में राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद यह उनका पहला बंगाल दौरा होगा। 18 जुलाई को शाह सिलीगुड़ी के जुमागाछ बॉर्डर आउटपोस्ट पहुंचकर सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों से मुलाकात करेंगे और BSF की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। वे सीमा से जुड़े मुद्दों और राज्य में लागू नए तीन आपराधिक कानूनों की समीक्षा भी करेंगे। दौरे के आखिरी दिन कोलकाता में कानून-व्यवस्था पर बैठक करेंगे। साथ ही राष्ट्रीय पुस्तकालय में ‘म्यूजियम ऑफ वर्ड्स’ के पहले चरण का उद्घाटन और अमूल डेयरी के दही प्रसंस्करण संयंत्र का शिलान्यास भी करेंगे। पुणे में ठेकेदार ने की आत्महत्या, पूर्व विधायक समेत 14 लोगों पर केस महाराष्ट्र के पुणे में 65 साल के ठेकेदार खलील शेख ने गुरुवार को अपने घर में आत्महत्या कर ली। मरने से पहले उन्होंने वीडियो रिकॉर्ड किया और एक सुसाइड नोट भी छोड़ा, जिसमें पूर्व शिवसेना विधायक रवींद्र धंगेकर, उनकी पत्नी समेत कई लोगों के नाम लिखे। इसके बाद पुलिस ने धंगेकर, उनकी पत्नी और अन्य 12 लोगों सहित 14 लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, खलील शेख ने सुसाइड नोट और वीडियो में आरोप लगाया कि कारोबार में साझेदारों की धोखाधड़ी से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोगों से उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं, जिससे वे मानसिक तनाव में थे। स्वारगेट पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

MLA नौक्षम के सामने मंत्रीजी ने जोड़े हाथ:सांसद संजना गुस्से में बोलीं-'केस कर दो'; BMW कार देखकर रोने लगे पूर्व विधायक

नमस्कार, सांसद संजना जाटव की डीग में ASP अखिलेश शर्मा से जमकर तकरार हुई। विधायक नौक्षम चौधरी के सामने शिक्षामंत्री जी के हाथ जोड़ने वाली तस्वीर चर्चा में है और पूर्व विधायक ओमप्रकाश हुडला को बेटे-बेटी ने दी खास तोहफा दिया। राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में.. 1. सांसद संजना जाटव बोलीं-गिरफ्तार करो मुझे सांसद महोदया ने कम उम्र में लोकसभा की सीढ़ियां चढ़ीं। आम घरेलू महिला से लोकसभा सांसद का सफर उन्होंने सहजता से तय किया।
खेत-खलिहान में किसान गृहिणी की तरह काम भी किया। लोकसभा चुनाव में जीत की खुशी में जब डांस किया तो गजब वायरल हुआ। सौम्य सामाजिक छवि के चलते सोशल मीडिया ने उन्हें स्टार बना दिया। लेकिन डीग में एक युवक की मौत के मामले में उनका उग्र रूप दिखाई दिया। न्याय की मांग करते हुए वे शव को आईजी ऑफिस ले जाने पर अड़ गईं। ASP अखिलेश शर्मा ने रास्ता रोक लिया। समझाने की कोशिश की। लेकिन सांसद महोदया आपे में नहीं। ASP पर चिल्लाकर बोलीं-केस कर दो मुझ पर। मुझे गिरफ्तार कर लो। ASP साहब क्या केस करें और क्या गिरफ्तार करें? वे खुद अपने निराले अंदाज के लिए जाने जाते हैं। सोशल मीडिया उनकी रीलों से भरा है। गजब का सिंगिंग टैलेंट भी है। एक रील में सुरीला गीत गाते नजर आ रहे हैं- जादू तेरी नजर खुशबू तेरा बदन..। 2. तस्वीर के मायने तबादलों का दौर चला। लिस्ट पर लिस्ट आई। लिस्टों में चिपककर गफलतें भी आईं। किसी को दो जगह भेज दिया, कहीं दो को भेज दिया। आरोप ये कि पार्टी-संगठन के खासमखास कार्यकर्ताओं के भी काम नहीं हुए। संगठन के मुखिया ने मंत्रियों को तलब भी किया। पता चला कि अफसरों ने अपने स्तर पर फैसले कर लिए। इस दौर के बीच एक तस्वीर ने सबका ध्यान खींचा। शीश महल जैसा कमरा। जिसकी दीवारें कांच से बनी हैं। यह शिक्षा मंत्री जी का जनसुनवाई चैंबर है। चैंबर में टेबल के इस तरह शिक्षा मंत्री और दूसरी तरफ कामां विधायक नौक्षम चौधरी। नौक्षम चौधरी के पास एक एप्लीकेशननुमां लेटर पड़ा हुआ है। वे सवालिया नजरों से मंत्रीजी को देख रही हैं। जबकि मंत्री हाथ जोड़े नजर आ रहे हैं। हाथ जोड़ने का अंदाज अभिवादन वाला है या नहीं, पता नहीं। मजबूरी वाला भी हो सकता है। मुहावरे वाला भी हो सकता है। मांग नकारने वाला भी हो सकता है। खैर, इसी तस्वीर में विधायक रेवंतराम डांगा भी ‘नंबर लगाकर बैठने’ के अंदाज में दिख रहे हैं। चेहरे से काम हो जाने को लेकर आश्वस्त दिख रहे हैं। फिलहाल मुलाकात का मकसद और हासिल क्या रहा, नेतागण जानें। हमें तो नौक्षमजी की वह रील बहुत पसंद आई, जिसके बैकग्राउंड में गाना है- वो भी अपने न हुए, दिल भी गया हाथों से.. 3. चलते-चलते.. आपको यह वीडियो इमोशनल लग सकता है। इसमें दो बार के विधायक को उनके बेटे-बेटी आंखों पर पट्‌टी बांधकर BMW के शोरूम ला रहे हैं। माता-पिता दोनों की आंखों पर पट्‌टी है। भव्य शोरूम। जगमग। चकाचौंध। बेटे-बेटी पिता को लग्जरी कार के पास लाकर खड़ा करते हैं। पट्‌टी हटाते हैं। आंखों के सामने BMW कार देखकर पूर्व विधायक की आंखें छलछला जाती हैं। बताया जा रहा है कि ये खुशी के आंसू हैं। यकीनन खुशी के आंसू ही होंगे। नेताजी को भरोसा हो गया कि उनकी राजनीति सफल रही। इतनी कम उम्र में बच्चे पिता को BMW जैसी बहुत मंहगी कार गिफ्ट कर दें तो यह राजनीतिक सफर की सफलता है। हम अगर हमारे पिताजी को इस तरह आंखों पर पट्‌टी बांधकर शोरूम ले जाते और पट्‌टी खोलते ही उन्हें BMW कार दिखती तो उनके 2 तरह के रिएक्शन होते। एक तो यह कि कान पकड़कर कहते-बेटा, इतना पैसा कहां से आया कि इतनी मंहगी कार तोहफे में दे रहे हो? दूसरा यह कि कान पकड़कर कहते-बेटा, इस कार के लिए मैं एक नया पैसा नहीं देने वाला। कमाओ और अपनी हैसियत के हिसाब से स्कूटर ले लो। इनपुट सहयोग- मुकेश कुमार जांगिड़ (डीग), राघवेंद्र सिंह (दौसा)। वीडियो देखने के लिए सबसे ऊपर फोटो पर क्लिक करें। अब कल सुबह 7 बजे मुलाकात होगी।