ब्रेकिंग न्यूज़
थानेदार बोला-’तुम्हारा बेटा मेरे पास, 50 हजार दो, ले जाओ’:मां गिड़गिड़ाई- ज्वेलरी गिरवी रख 20 हजार ही मिले, धमकाया- श..श..यहां कैमरे हैं

थानेदार ने थाने में वर्दी की धौंस दिखाकर ऐसे रिश्वत ली, जैसे किडनैपर वसूली करता है। प्रेम संबंध के मामले में दोनों पक्षों में समझौता हो जाने के बावजूद युवक को 4 दिन थाने में बंद रखा और छोड़ने के एवज में 50 हजार रुपए मांगे। विधवा मां को गहने गिरवी रखने पड़े। मामला बारां जिले के मोठपुर थाने का है। पीड़िता ने ACB को शिकायत दी, लेकिन थानेदार देवकरण जाल में नहीं फंसा। पीड़िता थानेदार के चैंबर में गई और रिश्वत देने लगी तो थानेदार ने मुंह पर अंगुली रखकर चुप रहने का इशारा किया और बोला- श…श…श…यहां कैमरे लगे हैं। थानेदार और कॉन्स्टेबल ने रिश्वत लेने के लिए पीड़ित से जो भी कहा, वे सारी आपसी बातें वॉयस रिकॉर्डर में रिकॉर्ड हो गईं। 5 महीने बाद ACB मोठपुर थाने के थानेदार देवकरण, कॉन्स्टेबल कुलदीप के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। पढ़िए रिपोर्ट… राजीनामे के बाद बेटे को छुड़ाने गई थी थाने पीड़ित का बेटा और समाज की एक युवती एक दूसरे को पसंद करते थे। युवती चौथी बार अपना घर छोड़कर उसके बेटे के पास आ गई थी। इससे पहले तीन बार युवती को समझाकर उसके परिजनों के पास भेज दिया था। युवती के परिजनों ने पीड़ित के बेटे के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने उसके बेटे को पकड़ लिया। बाद में दोनों पक्षों में राजीनामा हो गया था। राजीनामे के बाद पीड़ित 22 फरवरी को 4 दिन से बारां के मोठपुर थाने में बंद अपने बेटे को छुड़ाने के लिए पहुंची। वहां थानेदार देवकरण ने बेटे को छोड़ने के एवज में 50 हजार रुपए मांगे। पीड़ित थाने से लौटी और एक परिचित को घटना के बारे में बताया। पीड़ित की बहन इस परिचित के यहां मजदूरी करती है। परिचित के कहने पर पीड़ित ने 23 फरवरी को ACB में संपर्क किया। पीड़ित ने ACB को पूरा घटनाक्रम बताया। उसने बताया- एक दिन पहले अपने बेटे को छोड़ने की गुहार को लेकर मोठपुर थाने गई थी। थाना इंचार्ज देवकरण ने पूरे दिन थाने पर बैठाए रखा। देर शाम को बेटे से मिलवाया। इसके बाद थानेदार ने अपने चैंबर में बुलवाया… कैमरे से डरा थानेदार…बोला – मैं मदद कर रहा हूं पूरी घटना बताने के बाद ACB ने थानेदार को रिश्वत लेते रंगे हाथों ट्रैप करने की तैयारी शुरू कर दी। पीड़ित ने बताया कि वह बहुत गरीब और कम पढ़ी-लिखी है। वह हमेशा एक परिचित को थाने लेकर जाती है। ACB ने उस परिचित को ट्रैप का पूरा प्लान समझाया। अगले दिन 24 फरवरी को पीड़ित और उसका परिचित थाने पहुंचे। वहां पहुंचने से पहले उन्होंने रिकॉर्डर ऑन कर दिया था। रिकॉर्डर में सारी बातचीत रिकॉर्ड हो गई… (थानेदार ने मुंह पर अंगुली रखी और चुप रहने का इशारा किया) (इसके बाद थानेदार ने रिश्वत लेने के लिए इशारा किया। कॉन्स्टेबल कुलदीप को अपने चैंबर में बुलाया और फिर सभी को बाहर भेज दिया।) बेटे को कोर्ट ले जाते समय थानेदार-कॉन्स्टेबल से मिली, लेकिन हुआ शक ACB टीम ने रिकॉर्डर देकर रिश्वत की बात करने के लिए कहा था, ताकि रिश्वत मांगने के आरोपों की पुष्टि हो सके, लेकिन पीड़ित ने थानेदार और कॉन्स्टेबल से बातचीत के बाद रिश्वत के पैसे दे दिए। ऐसे में ACB को पहले से तैयारी का मौका नहीं मिला और ट्रैप की कार्रवाई नहीं हो सकी। थाने से लौटकर पीड़ित ने ACB टीम को सारी बात बता दी। ACB ने रिकॉर्डर के जरिए थाने में हुई बातचीत को सुना तो पीड़ित की बताई बात सही निकली और रिश्वत लेने की पुष्टि हो गई। पीड़ित ने ACB को कहा कि कल (25 फरवरी) रिश्वत के बाकी पैसे लेकर आने को कहा है। जब वे लेंगे, तो उससे पहले आपको बता देंगे, जिससे आप रंगे हाथों पकड़ सकें। फिर ACB ने रिकॉर्डर को अपने पास सुरक्षित रख लिया। अगले दिन बेटे को कोर्ट में ले जाते समय पीड़िता थानेदार और कॉन्स्टेबल मिली तो दोनों ने ही रिश्वत के बचे रुपयों को लेकर कोई बात नहीं की। ACB एएसपी विजय स्वर्णकार ने बताया कि थानेदार को ट्रैप को लेकर शक हो गया था। पीड़ित ने दूसरा शिकायती पत्र सौंपा इसके बाद पीड़ित ने 13 मार्च को फिर ACB को संपर्क किया और कार्रवाई के लिए दूसरा शिकायती पत्र सौंपा। शिकायती पत्र में लिखा कि पुलिस ने 50 हजार मांगे थे, हमने 20 हजार दिए और बाकी बाद में देने को कहा था। बाद में वे 20 हजार लेकर ही संतुष्ट हो गए और बकाया रकम देने के लिए ही नहीं कहा। इस कारण ट्रैप की कार्रवाई नहीं हो सकी, लेकिन रिश्वत की सारी बातें रिकॉर्डर में रिकॉर्ड हुई है। इस मामले में कार्रवाई करने की मांग की। ACB ने वापस वाइस रिकॉर्डर के मेमोरी कार्ड को निकलवाया। ACB ने रिकॉर्ड हुई बातचीत को विश्वास के दो व्यक्तियों को सुनाया। उन्होंने थानेदार और कॉन्स्टेबल की ही आवाज होने की पुष्टि भी की। इसके बाद 14 जुलाई को मामले की FIR दर्ज कर ली गई है। …. ये खबर भी पढ़िए… ‘काले-धन’ के लिए रिश्वतखोर GM ने खुलवाए 34 अकाउंट,42 एफडी:इनमें 1.70 करोड़ जमा, 75 लाख का आधा किलो सोना, नोट गिनने की मशीन भी रिश्वत की ब्लैक मनी को व्हाइट करने के लिए बैंकों का सहारा लेने का एक अनोखा मामला सामने आया है। एक अधिकारी ने अपने नाम के 34 बैंक खातों और 42 एफडी (फिक्स डिपॉजिट) में करीब 1.70 करोड़ रुपए जोड़ लिए। पूरी खबर पढ़िए…

सरकार मानसून सत्र में 7 बिल ला सकती है:वंदे मातरम के अपमान और विदेशी चंदे पर सख्ती की तैयारी; सत्र 20 जुलाई से शुरू होगा

20 जुलाई से शुरू होने वाले संसद के मानसून सत्र के लिए सरकार ने एजेंडा तय कर लिया है। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, लोकसभा में 7 बिल पेश किए जाएंगे। इन सात बिलों में वंदे मातरम के अपमान और विदेशी चंदा कानून में संशोधन शामिल है। वहीं, 13 अगस्त तक चलने वाले मानसून सत्र में कांग्रेस समेत विपक्षी दल NEET-UG पेपर लीक, अन्य भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी, अयोध्या राम मंदिर दान विवाद, E20 ईंधन और विदेश नीति जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में हैं। सुप्रीम कोर्ट में बढ़ेंगे जज, इनकम टैक्स में होगा बदलाव, 7 बिल के बारे में जानें… 1. FCRA कानून में होंगे बड़े बदलाव 2. वंदे मातरम को मिलेगी कानूनी सुरक्षा 3. हायर एजुकेशन सिस्टम में बड़ा बदलाव 4. इनकम टैक्स कानून में भी संशोधन 5. सुप्रीम कोर्ट में बढ़ेंगे जज 6. जन्म और मृत्यु पंजीकरण के नियम होंगे सख्त 7. MSME के लिए भुगतान व्यवस्था होगी मजबूत ————————————– ये खबर भी पढ़ें… कांग्रेस का पीएम को लेटर, कहा- सर्वदलीय बैठक बुलाएं, मानसून सत्र में चढ़ावा चोरी का मामला उठाएगी कांग्रेस मानसून सत्र में राम मंदिर चढ़ावा चोरी, पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने का मुद्दा उठाएगी। इसके अलावा, सरकार के संशोधन बिलों का विरोध करेगी। कांग्रेस की संसदीय दल की बैठक में यह फैसला लिया गया। मल्लिकार्जुन खड़गे ने 131वें संविधान संशोधन विधेयक यानी परिसीमन से जुड़े बिल को लेकर पीएम मोदी को पत्र लिखा। पूरी खबर पढ़ें…

भाजपा नेता के श्रीगंगानगर-जयपुर के ठिकानों पर ED की छापेमारी:विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी थे, भाई और पत्नी नगर परिषद चेयरमैन रहे

श्रीगंगानगर में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भाजपा नेता और शराब कारोबारी अशोक चांडक के घर, ऑफिस, ट्रस्ट समेत कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे शुरू हुई कार्रवाई में श्रीगंगानगर के साथ जयपुर में रिश्तेदारों के घरों पर भी कारोबार से जुड़े डॉक्यूमेंट्स की भी जांच की जा रही है। चांडक ने साल 2018 में कांग्रेस की टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा था। उनकी पत्नी और भाई भी श्रीगंगानगर नगर परिषद की चेयरमैन रहे हैं। घर, ऑफिस और ट्रस्ट समेत कई ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई सूत्रों के अनुसार, ED की कई टीमों ने एक साथ रेड की है। टीम ने अशोक चांडक के शिवा वाइन, चंद्रकला चैरिटेबल ट्रस्ट के परिसर और अन्य कई ठिकानों पर छापा मारा है। अधिकारियों की टीम घर और ऑफिस में कारोबार से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है। जयपुर के वैशाली नगर में रिश्तेदारों के घर भी खंगाले जा रहे दस्तावेज ED की टीम ने जयपुर के वैशाली नगर में अशोक चांडक के रिश्तेदारों के घरों पर भी छापेमारी की है। वहां भी कारोबार से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि अलग-अलग टीमें एक साथ कई स्थानों पर कार्रवाई में जुटी हुई हैं। अब देखिए- ED की कार्रवाई की 2 PHOTO मनी लॉन्ड्रिंग या आर्थिक अनियमितताओं से जुड़ा मामला होने की चर्चा फिलहाल ED की ओर से इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। छापेमारी अभी जारी है और टीमें विभिन्न स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग या आर्थिक अनियमितताओं से जुड़े मामले में की जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

एयर इंडिया का नया एप लॉन्च:फ्लाइट लेट या कैंसिल होने पर होम स्क्रीन पर फ्री होटल-कैब की डिटेल मिलेगी, पेमेंट भी आसान होगा

एअर इंडिया ने सफर आसान बनाने के लिए अपने मोबाइल एप को नए फीचर्स के साथ अपडेट किया है। अब इस एप के जरिए न केवल टिकट बुकिंग पहले से कहीं ज्यादा तेजी से होगी, बल्कि फ्लाइट लेट या कैंसिल होने पर यात्रियों को एयरपोर्ट पर परेशान नहीं होना पड़ेगा। ऐसी किसी भी स्थिति में होटल में ठहरने और वहां तक जाने के लिए कैब की पूरी जानकारी सीधे एप की होम स्क्रीन पर ही मिलेगी। इसके साथ ही एप के पेमेंट सिस्टम को भी अपग्रेड किया गया है, जिससे टिकट बुक करना और पेमेंट करना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गया है। इन-हाउस बुकिंग इंजन से तेजी से बुक होंगे टिकट हर दिन 1 लाख से ज्यादा लोग करते हैं एप का इस्तेमाल एअर इंडिया के मुताबिक, एप अब तक करीब 1.7 करोड़ बार डाउनलोड किया जा चुका है। इसके साथ ही, रोजाना 1 लाख से ज्यादा यात्री अपनी यात्रा से जुड़े कामों के लिए इसका इस्तेमाल कर रहे हैं। कंपनी का मानना है कि नया अपग्रेड ग्राहकों की जरूरतों पर तुरंत रिस्पॉन्स देने में मदद करेगा। टाटा ने अब तक 140 से ज्यादा डिजिटल सिस्टम बदले घाटे में चल रही एअर इंडिया को जनवरी 2022 में टाटा ग्रुप ने खरीदा था। इसके बाद से ही एयरलाइन के कायाकल्प के लिए एक बड़ा ट्रांसफॉर्मेशन प्लान चलाया जा रहा है। टाटा ग्रुप के टेकओवर करने के बाद से अब तक कंपनी के 140 से अधिक डिजिटल सिस्टम्स को पूरी तरह से आधुनिक और अपग्रेड किया जा चुका है। एप का यह नया अपडेट भी इसी डिजिटल सुधार प्रक्रिया का एक अहम हिस्सा है। ————————- ये खबर भी पढ़ें… एअर इंडिया दुनिया की चौथी ऑन-टाइम एयरलाइन बनी: जून में 86.85% फ्लाइट्स टाइम पर पहुंचीं; सिंगापुर एयरलाइंस और एमिरेट्स को पीछे छोड़ा टाटा ग्रुप की एअर इंडिया दुनिया की चौथी सबसे पंक्चुअल (समय की पाबंद) एयरलाइंस बन गई है। एविएशन एनालिटिक्स फर्म सिरियम की जून 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, एअर इंडिया की लगभग 86.85% फ्लाइट्स यानी 100 में से 87 उड़ानें बिल्कुल तय समय पर पहुंची हैं। टाटा ग्रुप की स्वामित्व वाली एयरलाइन ने जून महीने में अपनी कुल 15,135 उड़ानें ऑपरेट कीं। एअर इंडिया ने सिंगापुर एयरलाइंस और एमिरेट्स को पीछे छोड़ा है। एविएशन के नियमों के मुताबिक, कोई फ्लाइट अपने तय समय से 15 मिनिट में उड़ान भर लेती है, तो उसे राइट टाइम माना जाता है। पूरी खबर पढ़ें…

मां-बेटी का ब्लड ग्रुप नहीं मिला, पूरा खून बदलकर बचाया:जन्म के कुछ घंटे बाद बढ़ा पीलिया, 9 दिन बाद स्वस्थ होकर घर लौटी

नागौर के जेएलएन अस्पताल के डॉक्टरों ने जन्म के कुछ घंटे बाद गंभीर हुई एक नवजात बच्ची की जान बचाकर बड़ी सफलता हासिल की है। मां और बच्ची के ब्लड ग्रुप में असंगति (आरएच इनकम्पैटिबिलिटी) के कारण बच्ची का पूरा खून बदलना पड़ा। जटिल इलाज के बाद नौ दिन तक निगरानी में रखने के बाद बच्ची पूरी तरह स्वस्थ होकर घर लौट गई। जन्म के कुछ घंटे बाद बिगड़ी तबीयत कुचेरा निवासी शबाना की बेटी का जन्म नागौर के एसएनसीयू (स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट) विंग में हुआ था। जन्म के कुछ घंटे बाद ही बच्ची के शरीर में बिलीरुबिन का स्तर तेजी से बढ़ने लगा और उसकी हालत गंभीर हो गई। जांच में पता चला कि मां और बच्ची के ब्लड ग्रुप में असंगति (आरएच इनकम्पैटिबिलिटी) के कारण तेजी से पीलिया बढ़ रहा है। डॉक्टरों ने समय रहते बदला पूरा खून स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने तुरंत एक्सचेंज ब्लड ट्रांसफ्यूजन करने का फैसला लिया। इस जटिल प्रक्रिया में नवजात का पूरा खून बदलकर नया रक्त चढ़ाया गया। समय पर किए गए इस उपचार से बच्ची की जान बच गई। नागौर में चौथी बार सफल हुआ यह जटिल इलाज अस्पताल प्रशासन के अनुसार, नागौर में एक्सचेंज ब्लड ट्रांसफ्यूजन का यह चौथा सफल मामला है। इससे पहले भी तीन नवजातों का इसी प्रक्रिया से सफल इलाज किया जा चुका है। वहीं जिला अस्पताल के एसएनसीयू में भर्ती मरीज के लिए इसे पहली बड़ी सफलता माना जा रहा है। 9 दिन तक डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने रखी निगरानी उपचार के बाद बच्ची को लगातार नौ दिन तक एसएनसीयू में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की निगरानी में रखा गया। नियमित जांच और इलाज से उसकी हालत लगातार सुधरती गई। पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद बच्ची को मां की गोद में सौंपते हुए अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

3 साल पहले किडनैप युवती को इंदौर में किया दस्तयाब:5 हजार का इनाम था घोषित, 3 राज्यों में तलाश रही थी पुलिस

धौलपुर जिले की सैंपऊ थाना पुलिस ने साल 2023 में दर्ज किडनैप के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने करीब 3 साल से लापता चल रही 5 हजार रुपए की इनामी अपहृता को मध्यप्रदेश के इंदौर के पास से दस्तयाब किया है।
सैंपऊ थाने में दर्ज 3 साल पुराने मामले में लापता युवती की तलाश के लिए थाना प्रभारी प्रमेन्द्र रावत के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। इस टीम ने अपहृता की तलाश में राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार प्रयास किए। आखिरकार 16 जुलाई को इंदौर के पास से अपहृता को दस्तयाब कर लिया गया। अपहृता पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक शिवाजी शर्मा और साइबर सेल के कॉन्स्टेबल हरवेंद्र की विशेष भूमिका रही।

अलवर में पिछले साल की तुलना में 58% कम बारिश:पिछले साल 544.30 MM, इस बार सिर्फ 159.15 MM बरसात; उमस बढ़ी

अलवर जिले में शुक्रवार सुबह से ही गर्मी और उमस का असर बना हुआ है। पिछले दो दिनों से बारिश नहीं होने के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सुबह तेज धूप और आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन उमस के कारण लोगों को राहत नहीं मिली। शहरवासी अब अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। इस बार मानसून का प्रदर्शन पिछले साल की तुलना में काफी कमजोर रहा है। जून-जुलाई के दौरान पिछले साल जिले में 544.30 मिमी बारिश दर्ज हुई थी, जबकि इस साल अब तक केवल 159.15 मिमी वर्षा हुई है। वहीं सामान्य मानसूनी औसत 330.56 मिमी के मुकाबले अब तक केवल 135.62 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। यानी जिले में अब तक करीब 58 प्रतिशत कम बरसात दर्ज हुई है। हालांकि मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होने पर यह अंतर कुछ हद तक कम हो सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार- 17 से 19 जुलाई तक जिले में आसमान सामान्यतः बादलों से ढका रहेगा और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। 20 से 22 जुलाई के बीच मौसम में बदलाव के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है। इस अवधि के लिए आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। मौसम विभाग लगातार बदलते मौसम के अनुसार अपने पूर्वानुमान में भी संशोधन कर रहा है। गुरुवार तक केवल बादल छाए रहने का अनुमान था, जबकि शुक्रवार के अपडेट में हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना भी जोड़ दी गई है। ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें तथा मौसम विभाग के ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें।

सिकराय में कपड़े की दुकान जलकर खाक:10 लाख से ज्यादा का नुकसान; लोगों ने फायर ब्रिगेड की मांग की

दौसा जिले के सिकराय कस्बे में गुरुवार देर रात एक कपड़े की दुकान में आग लगने से करीब 10 से 15 लाख रुपए का सामान जलकर नष्ट हो गया। देर रात दुकान से धुआं उठता देख स्थानीय लोगों ने दुकानदार, पुलिस और फायर ब्रिगेड विभाग को सूचना दी। शटर खुलते ही आग तेजी से फैल गई। काफी देर बाद पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। सिकराय उपखंड मुख्यालय और नगर पालिका होने के बावजूद यहां फायर ब्रिगेड की व्यवस्था नहीं है। लोगों ने फायर ब्रिगेड स्वीकृत कराने की मांग की है। धुआं उठता देख लोगों ने दी सूचना जानकारी के अनुसार देर रात स्थानीय लोगों ने दुकान से धुआं निकलता देखा। इसके बाद उन्होंने दुकानदार को सूचना दी और पुलिस तथा फायर ब्रिगेड विभाग को भी मौके पर बुलाया। शटर खुलते ही भड़क उठी आग जैसे ही दुकान का शटर खोला गया, आग ने विकराल रूप ले लिया। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू काफी देर बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और लंबे प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान में रखा अधिकांश कपड़ा और अन्य सामान जलकर नष्ट हो चुका था। 10 से 15 लाख रुपये नुकसान का अनुमान घटना में करीब 10 से 15 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। आग से दुकान में रखा अधिकांश कपड़ा जलकर राख हो गया। दुकानदार का रो-रोकर हुआ बुरा हाल घटना के बाद पीड़ित दुकानदार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने उसे संभाला और ढांढस बंधाया। शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है। मानपुर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। उपखंड मुख्यालय पर फायर ब्रिगेड की मांग उठी सिकराय उपखंड मुख्यालय और नगर पालिका होने के बावजूद यहां फायर ब्रिगेड की व्यवस्था नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी कई अग्निकांड में बड़े स्तर पर नुकसान हो चुका है। लोगों ने विधायक विक्रम बंशीवाल से क्षेत्र के लिए फायर ब्रिगेड स्वीकृत कराने की मांग की है।

मंदिर से लौट रही महिला से 3-लाख की चेन लूटी:घर के बाहर बाइक सवार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम

बांसवाड़ा शहर के पॉश इलाके खांदू कॉलोनी में गुरुवार देर शाम बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने एक महिला से घर के बाहर करीब 3 लाख रुपए कीमत की 2 तोले वजनी सोने की चेन झपट ली। वारदात उस समय हुई, जब महिला मंदिर से दर्शन कर घर लौट रही थी। घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही राजतालाब थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हुलिए के आधार पर नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। मंदिर से लौटते समय बनाया निशाना जानकारी के अनुसार खांदू कॉलोनी निवासी कांता पवार पत्नी रमेश पवार गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे पास स्थित शीतला माता मंदिर से दर्शन कर घर लौट रही थीं। जैसे ही वह घर के बाहर पहुंचीं, मुंह पर रुमाल बांधे बाइक सवार दो बदमाश वहां पहुंचे। पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर महिला के गले से करीब 2 तोले की सोने की चेन तोड़ ली और दोनों बाइक से फरार हो गए। अचानक हुई वारदात से घबराई महिला ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।

फॉर्च्यूनर ने भैंसों के झुंड को मारी टक्कर:4 पशुओं की मौत, पति-पत्नी और पशुपालक गंभीर घायल

डीग जिले के पहाड़ी रोड पर बेलखेड़ा गांव के पास गुरुवार रात एक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर गाड़ी ने सड़क से गुजर रहे भैंसों के झुंड को टक्कर मार दी। हादसे में 4 भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गाड़ी सवार पति-पत्नी और मवेशियों का मालिक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फॉर्च्यूनर गाड़ी पहाड़ी की तरफ तेज रफ्तार में जा रही थी। अचानक मवेशी सड़क पर आ गए, जिससे ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा और जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि 4 भैंसों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
टक्कर के बाद फॉर्च्यूनर गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पति-पत्नी अंदर फंस गए। ग्रामीणों ने उनकी चीख-पुकार सुनकर कांच तोड़कर उन्हें गाड़ी से बाहर निकाला। दोनों घायलों को तुरंत पहाड़ी अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद लगा जाम
इस भीषण टक्कर की चपेट में आने से भैंसों का मालिक भी दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे भी आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। मवेशियों के खोने और मालिक के घायल होने से परिवार में चिंता का माहौल है। हादसे के बाद बेलखेड़ा के पास पहाड़ी रोड पर जाम लग गया, जिससे सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन बाधित हो गया। सूचना मिलने पर पहाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाकर आगे की जांच शुरू की।