ब्रेकिंग न्यूज़
​6 बसों के चालान काटे, 3 लग्जरी मॉडिफाइड बसें सीज:जज के निर्देश पर परिवहन विभाग की कार्रवाई; 6 बसों पर 1.10 लाख का जुर्माना

उदयपुर में परिवहन विभाग ने राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में शहर के रेती स्टैंड और प्रताप नगर चौराहे पर कार्रवाई की। विभाग ने गुरुवार को 3 लग्जरी स्लीपर बसें सीज कीं। 6 बसों पर 1 लाख 10 हजार रुपए जुर्माना लगाया गया। आगे भी अवैध रूप से संचालित और मॉडिफॉइड स्लीपर-लग्जरी बसों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। ये कार्रवाई जिला और सेशन न्यायाधीश ज्ञानप्रकाश गुप्ता के निर्देशन में हुई। मोटर वाहन अधिनियम-1988 और AIS-119 के नियमों का उल्लंघन करने पर अवैध रूप से संचालित बसों के खिलाफ ये कदम उठाया गया। 15 बसों की जांच, 6 के खिलाफ चालान काटे निरीक्षण के दौरान कुल 15 बसों की जांच की गई। इनमें अवैध रूप से संचालित 6 बसों के चालान काटे गए। ज्यादातर बस संचालकों ने बसों को अपने हिसाब से मॉडिफाइड कराया हुआ था, जिन्हें सीज किया गया। कार्रवाई के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव राहुल चौधरी, जिला परिवहन अधिकारी मुकेश डाड, परिवहन निरीक्षक राजेंद्र, अजय पुरोहित, सुनील चौधरी मौजूद थे। अनधिकृत बदलाव से खतरा जिला परिवहन अधिकारी मुकेश डाड ने बताया- लग्जरी और स्लीपर बसों में अनधिकृत रूप से किए जाने वाले बदलाव सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं। इससे कई बार भीषण हादसे होते हैं। नियमों का उल्लंघन करने वाले बस संचालकों को बख्शा नहीं जाएगा। यह अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा, ताकि आम जनता का सफर सुरक्षित बनाया जा सके।

जोधपुर में फार्मा गोदाम में बुलेट चोरी का आरोपी गिरफ्तार:पुलिस ने 250 CCTV खंगालकर जुटाया सुराग; रूट मैप से आया पकड़ में

जोधपुर की शास्त्री नगर थाना पुलिस ने बुलेट चोरी की वारदात का 24 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने फार्मा गोदाम का ताला तोड़कर अंदर खड़ी रॉयल एनफील्ड बुलेट चुराने वाले शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से चोरी की बुलेट भी बरामद कर ली गई। पुलिस के अनुसार- पटेल बस्ती खेमे का कुआ पाल रोड के रहने वाले लक्ष्मीनारायण ने 15 जुलाई को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनकी सनरल फार्मा प्राइवेट लिमिटेड नाम से फार्मा कंपनी का गोदाम है। 14 जुलाई की रात को वे गोदाम का ताला लगाकर घर गए थे। अगले दिन सुबह जब वे वापस आए तो गोदाम का ताला टूटा हुआ मिला और अंदर परिसर में खड़ी बुलेट गायब थी। रूट मैप ट्रैक किया वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम बनाई। टीम ने गोदाम के आसपास और आरोपी के भागने वाले रास्तों के करीब 250 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की पहचान की। पुलिस ने आरोपी अणदाराम (29) पुत्र दौलाराम निवासी जाखड़ों की ढाणी नारवा सूरसागर को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर बुलेट जब्त कर ली। मामले के खुलासे में शास्त्री नगर थानाधिकारी दिनेश लखावत, एसआई शैतान चौधरी, एएसआई ओमप्रकाश के साथ-साथ एएसआई थानाराम और कॉन्स्टेबल फरसाराम शामिल रहे। कॉन्स्टेबल फरसाराम की मामले के खुलासे में विशेष भूमिका रही।

मेधावी स्टूडेंट्स को मिले 'एक्सीलेंस अवॉर्ड':राइज ओलंपियाड के तहत छात्रों को मिलेगी ₹2 लाख तक की स्कॉलरशिप

जयपुर के माहेश्वरी पब्लिक स्कूल (एमपीएस), जवाहर नगर ने अपने 49वें स्थापना दिवस के अवसर पर 2 दिवसीय भव्य समारोह का आयोजन किया। इस गरिमामयी आयोजन के साथ ही विद्यालय के ‘स्वर्ण जयंती वर्ष’ का शानदार शुभारंभ हुआ। शिक्षा, संस्कार, संस्कृति और उत्कृष्टता की गौरवशाली परंपरा को समर्पित इस समारोह में विद्यार्थियों की बहुमुखी प्रतिभा, विद्यालय की उपलब्धियों और भविष्य के रोडमैप की अद्भुत झलक देखने को मिली। पहले दिन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
समारोह के प्रथम दिन के मुख्य अतिथि प्रख्यात उद्योगपति एवं समाजसेवी अशोक बागला और किशोर कुमार मालपानी रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति, राष्ट्रभक्ति और सृजनात्मकता से ओत-प्रोत नृत्य-नाटिकाओं, सुमधुर संगीत और रंगमंचीय प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, विद्यालय के कैडेट्स के अनुशासित मार्च पास्ट और प्रदर्शन ने सभी की खूब तालियां बटोरीं। दूसरे दिन पहुंचे IPS अधिकारी, हुआ भव्य स्वागत
समारोह के दूसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. रामेश्वर सिंह (IPS), पुलिस महानिरीक्षक, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB), जयपुर तथा आनंद शर्मा (IPS), पुलिस महानिरीक्षक, जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) उपस्थित रहे। सरस्वती वंदना और दीप प्रज्वलन के बाद अतिथियों का पारंपरिक साफा, शॉल, पुष्पमाला, हरित स्वर्ण पौधे और स्मृति चिह्न भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। ‘राइज ओलंपियाड’ की घोषणा: मेधावियों को मिलेगी ₹2 लाख तक की छात्रवृत्ति
इस ऐतिहासिक अवसर पर एजुकेशन कमेटी ऑफ माहेश्वरी समाज (ECMS) ने विद्यार्थियों के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण और नई पहल **’राइज ओलंपियाड’** की घोषणा की। इस योजना के तहत प्रतिभावान विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए नया मंच प्रदान किया जाएगा और उन्हें **दो लाख रुपये तक की छात्रवृत्ति (स्कॉलरशिप)** दी जाएगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्टूडेंट्स को मिला ‘एक्सीलेंस अवॉर्ड’
समारोह के दौरान शिक्षा, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों और सह-शैक्षणिक क्षेत्रों में सालभर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले होनहार विद्यार्थियों को ‘एक्सीलेंस अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। अपने बच्चों को सम्मानित होते देख उपस्थित अभिभावकों और शिक्षकों के चेहरे गर्व से खिल उठे। संस्था के पदाधिकारियों ने साझा किया राष्ट्र निर्माण का संकल्प
इससे पहले, ईसीएमएस (ECMS) के अध्यक्ष उमेश सोनी ने स्वागत भाषण दिया। उपाध्यक्ष निर्मल डागर ने विद्यार्थियों को अनुशासन, कड़े परिश्रम और नैतिक मूल्यों के साथ जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया। वहीं, महासचिव (शिक्षा) कमल सोमानी, कोषाध्यक्ष अरुण मालू, भवन मंत्री प्रवीण लड्ढा तथा विद्यालय के मानद सचिव सीए संजय बांगड़ ने संस्था की भावी विकास योजनाओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के संकल्प को साझा किया।

एमबीएम विवि के कुलपति को अंतरिम राहत:राज्यपाल सचिवालय को नोटिस जारी; यौन उत्पीड़न संबंधी टिप्पणी पर हाईकोर्ट ने लगाई रोक

राजस्थान हाईकोर्ट ने एमबीएम विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अजय कुमार शर्मा को अंतरिम राहत देते हुए राज्यपाल सचिवालय के 3 जुलाई 2026 के आदेश में की उस टिप्पणी के प्रभाव पर रोक लगा दी है। इसमें कहा गया था कि उनके खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप जांच रिपोर्ट में सही पाए गए हैं। जस्टिस डॉ. नूपुर भाटी की एकलपीठ ने मामले में राज्यपाल सचिवालय को नोटिस जारी करते हुए जवाब तलब किया है। साथ ही स्थगन आवेदन पर भी नोटिस जारी किए हैं। याचिकाकर्ता की ओर से एडवोकेट रमित मेहता और तरुण दूदिया ने कोर्ट को बताया कि कुलपति ने कर्मचारी की पुनर्बहाली संबंधी आदेश को चुनौती नहीं दी है। उनकी आपत्ति केवल उन टिप्पणियों पर है, जिनमें कहा गया कि उन्होंने अध्यादेश 327 (5) का दुरुपयोग किया, उनके खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप जांच में सही पाए गए। दिल्ली हाईकोर्ट के निर्णय का दिया हवाला कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत जांच रिपोर्ट में उल्लेख किया गया कि जांच समिति ने केवल मानसिक प्रताड़ना के आरोपों को सही माना था। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि विश्वविद्यालय की आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) ने दिल्ली हाईकोर्ट के एक निर्णय का हवाला देते हुए कुलपति के विरुद्ध यौन उत्पीड़न की शिकायत की जांच नहीं की, क्योंकि नियोक्ता के खिलाफ ऐसी जांच उसके अधिकार क्षेत्र में नहीं थी। प्रथमदृष्टया दलीलों पर विचार करते हुए हाईकोर्ट ने अगली सुनवाई तक टिप्पणी के संचालन पर अंतरिम रोक लगा दी है।

राजस्थान पुलिस के पूर्व डीजी अरुण दुगड़ का निधन:डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने जताया शोक, कहा-हमेशा याद रहेगा उनका योगदान

राजस्थान पुलिस के सेवानिवृत्त महानिदेशक (जेल) अरुण दुगड़ के निधन पर पुलिस महकमे में शोक की लहर है। पुलिस महानिदेशक (DGP) श्री राजीव कुमार शर्मा ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा- अरुण दुगड़ एक बेहद कुशल, ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी थे। उन्होंने अपने लंबे सेवाकाल के दौरान राजस्थान पुलिस को सशक्त बनाने और जनसेवा की भावना के साथ उत्कृष्ट कार्य किया। पुलिस विभाग और समाज के लिए उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। पुलिस परिवार ने दी भावभीनी श्रद्धांजल डीजीपी ने स्वर्गीय दुगड़ को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और इस कठिन समय में शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। इसके साथ ही, संपूर्ण राजस्थान पुलिस परिवार ने भी पूर्व डीजी अरुण दुगड़ के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।

भक्तों ने हाथों से खींचा भगवान जगन्नाथ का रथ:मौसी के घर से ननिहाल गोपीनाथ मंदिर के लिए हुई रवाना

ओडिशा के पुरी की तर्ज पर पाली शहर में गुरुवार शाम भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा गाजे-बाजे के साथ निकाली गई। अग्रवाल पंचायत की ओर से धानमंडी से भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की प्रतिमाओं को सजे-धजे रथ में विराजमान कर यात्रा रवाना की गई। पूरे रास्ते श्रद्धालु अपने हाथों से रथ खींचते हुए चले। बैंड पर भगवान जगन्नाथ के भजनों की धुन गूंजती रही और ‘जय जगन्नाथ’ के जयकारों से पूरा शहर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। रास्तेभर दर्शन-पूजन, मौसी के घर पहुंचा रथ रथयात्रा धानमंडी से निकलकर घी का झंडा और बाईसी बाजार होते हुए सर्राफा बाजार स्थित भगवान की मौसी के घर पहुंची। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन किए, प्रसाद चढ़ाया और परिवार की खुशहाली की कामना की। रथ के सर्राफा बाजार पहुंचने पर भगवान की महाआरती की गई। यहां रात्रि विश्राम के बाद शुक्रवार शाम 7 बजे रथ ननिहाल गोपीनाथ मंदिर के लिए रवाना होगा और वहां से वापस धानमंडी लाया जाएगा। आबूरोड से पहुंचे विग्रह, श्रद्धालुओं ने किया स्वागत इस्कॉन पाली की ओर से 18 जुलाई को आयोजित होने वाली विशेष जगन्नाथ रथयात्रा के लिए गुरुवार को आबूरोड से भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के विग्रह पाली पहुंचे। दोपहर करीब 4 बजे उनके आगमन पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। मृदंग और करताल की मधुर धुन पर ‘हरे कृष्ण… हरे राम’ संकीर्तन और ‘जय जगन्नाथ’ के जयघोष से माहौल भक्तिमय हो गया। 18 जुलाई को निकलेगी इस्कॉन की विशेष रथयात्रा इस्कॉन पाली की ओर से 18 जुलाई 2026 को शाम 4 बजे श्री अग्रसेन भवन से विशेष भगवान जगन्नाथ रथयात्रा निकाली जाएगी। यात्रा पानी दरवाजा, सर्राफा बाजार, धानमंडी, सोमनाथ मंदिर, सूरजपोल, नहर चौराहा और शिवाजी सर्कल से होते हुए बांगड़ कॉलेज मैदान पहुंचेगी, जहां धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

​हाईकोर्ट ने नारी निकेतनों की बदहाली पर अफसरों को फटकारा:कहा-वास्तविक जानकारी देने के बजाय कॉपी-पेस्ट रिपोर्ट थमा दी

हाईकोर्ट ने प्रदेश के नारी निकेतन, बालिका गृह, बाल गृह और फोस्टर होम की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को फटकार लगाई है। कोर्ट ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा- हमारे समक्ष पेश किए गए हलफनामे वास्तविक जानकारी देने के बजाय एक जैसे तैयार किए गए (कॉपी-पेस्ट) दस्तावेज हैं, जिन पर अधिकारियों ने केवल हस्ताक्षर कर दिए हैं। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा और न्यायाधीश संजीत पुरोहित की खंडपीठ ने जयपुर और जोधपुर से जुड़े मामलों की सुनवाई के दौरान यह टिप्पणी की। बता दें कि यह मामला अलवर बालिका गृह में रह रही बालिकाओं की शिकायत के आधार पर शुरू हुआ था, जिसमें संस्था को अनुदान नहीं मिलने और अन्य बुनियादी समस्याओं का उल्लेख किया गया था। 20 जुलाई को होगी अगली सुनवाई सुनवाई के दौरान विभिन्न जिलों के नारी निकेतन, बालिका गृह, ऑब्जर्वेशन होम और जिला बाल संरक्षण इकाइयों के अधिकारी कोर्ट में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित हुए। कोर्ट ने कहा- पूर्व आदेश के अनुसार सभी संस्थानों की वास्तविक जरूरतों, उपलब्ध सुविधाओं, कर्मचारियों की स्थिति और कमियों का अलग-अलग विवरण प्रस्तुत किया जाना था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। खंडपीठ ने सख्त निर्देश दिए कि प्रत्येक जिले के अधिकारी अपने-अपने संस्थान की वर्तमान स्थिति का विस्तृत हलफनामा दाखिल करें। इसके साथ ही भवन, आवासीय व्यवस्था और अन्य सुविधाओं की नवीनतम तस्वीरें (फोटोग्राफ्स) भी रिकॉर्ड पर पेश करें। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि अब केवल औपचारिक रिपोर्टों से संतोष नहीं किया जाएगा। मामले की अगली सुनवाई अब 20 जुलाई को होगी।

करवड़ में जेडीए ने अवैध अतिक्रमण हटाए:शहरी सेवा शिविर से निगम को पौने 6 करोड़ से ज्यादा की हुई आय; पढ़ें जोधपुर शहर की प्रमुख खबरें

जोधपुर विकास प्राधिकरण की ओर से लगातार अवैध अतिक्रमण को लेकर कार्रवाई की जा रही है। गुरुवार को भी करवड़ गांव में एक्शन लिया गया। केंद्रीय पर्यटन एवं सस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत कल जोधपुर आएंगे। इसके बाद वे यहां से जैसलमेर के लिए रवाना होंगे। इधर, शहर में गुरुवार को टीम की ओर से सीएनजी पंपों का निरीक्षण किया गया। शहर की खबरों के लिए पढ़ें लाइव ब्लॉग…

जोधपुर में शोरूम, कोचिंग और लाइब्रेरी सीज:फायर एनओसी और इमरजेंसी एग्जिट नहीं मिले; पहले भी दिए गए थे नोटिस

जोधपुर में कई कमर्शियल बिल्डिंगें बिना फायर एनओसी (NOC) के संचालित हो रही हैं। गुरुवार को नगर निगम की टीम ने होटल, कोचिंग, लाइब्रेरी और शोरूम को सीज किया है। बताया जा रहा है कि ये सभी बिना फायर एनओसी के ही चल रही थीं। इसके साथ ही जांच के दौरान यहाँ कई अन्य अनियमितताएं भी मिलीं। नगर निगम आयुक्त राहुल जैन ने बताया- फायर सेफ्टी को लेकर लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। गुरुवार को चीफ फायर ऑफिसर जलज घासिया के नेतृत्व में टीम ने चार कमर्शियल बिल्डिंगों को सीज किया। टीम को बासनी स्थित कोहिनूर आर्ट एंड क्राफ्ट, रेजिडेंसी रोड स्थित बाटा शोरूम, सरदारपुरा चौथी बी रोड स्थित सेलिब्रेशन तथा शास्त्री नगर ई-सेक्टर स्थित एक्सल कॉमर्स एकेडमी में फायर सेफ्टी को लेकर कोई इंतजाम नहीं मिले। इसके बाद इन सभी को सीज करने की कार्रवाई की गई। अब देखिए, कार्रवाई से जुड़ी PHOTOS…

शहर में लगातार चल रहा है अभियान, पहले भी दिए जा चुके हैं नोटिस आयुक्त ने बताया कि नगर निगम की ओर से पिछले कई महीनों से होटल, शोरूम, कोचिंग संस्थान और लाइब्रेरी सहित विभिन्न कमर्शियल बिल्डिंगों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान कई संस्थानों में फायर एनओसी (NOC), अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकास (Emergency Exit) सहित आवश्यक अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं में गंभीर कमियां सामने आई थीं। संबंधित संस्थानों को निर्धारित समय में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बाद भी हालात नहीं सुधरे। उन्होंने बताया कि दोनों सीएफओ (CFO) की ओर से इन सभी को पहले नोटिस भी जारी किए जा चुके थे, लेकिन इसके बावजूद फायर सेफ्टी को लेकर कोई इंतजाम नहीं किए गए। आखिरकार लापरवाही बरतने पर इन्हें सीज करने की कार्रवाई की गई। इसके अलावा, आयुक्त ने शहर में उन सभी संवेदनशील स्थानों पर मॉक ड्रिल करवाने के भी निर्देश दिए हैं, जहां आग लगने की आशंका सबसे अधिक रहती है।

पांच राज्यों में एटीएम कार्ड बदलकर आरोपी करते ठगी:500 वारदातें कबूलीं; पुलिस ने 250 किलोमीटर तक बाइक से पीछा कर दो ठगों को दबोचा

जयपुर में एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के बैंक खातों से रकम उड़ाने वाले अंतरराज्यीय महाठग गिरोह के मास्टरमाइंड को पुलिस ने पकड़ा। झोटवाड़ा थाना पुलिस ने कुख्यात आरोपी सचिन कुमार उर्फ आच्चू (27) पुत्र मंपा सांसी निवासी बड़सी जिला भिवानी (हरियाणा) और सुरेंद्र सांसी (42) पुत्र गज्जे सिंह निवासी थुराना जिला हांसी (हरियाणा) को बुधवार को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने करीब 250 किलोमीटर तक मोटरसाइकिल से पीछा कर आरोपियों को दबोचा। दोनों आरोपी साल 2019 से राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में एटीएम ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने करीब 500 वारदातें करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों से विभिन्न बैंकों के एक दर्जन से अधिक एटीएम-डेबिट कार्ड, वारदात में शामिल मोटरसाइकिल और नकद राशि बरामद की है। एटीएम कार्ड बदलकर उड़ाए जाते थे रुपए डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया- 8 जून को परिवादी मदन सिंह मीणा बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम (दादी का फाटक अंडरपास बैनाड़ रोड) से रुपए निकालने गए थे। इसी दौरान दो युवक एटीएम बूथ में आए और बातचीत में उलझाकर उनका एक्सिस बैंक का एटीएम कार्ड बदल लिया। बाद में उसी कार्ड से खाते से रुपए निकाल लिए गए। इस संबंध में झोटवाड़ा थाने में मुकदमा दर्ज कर विशेष जांच शुरू की गई। 900 सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद मिली सफलता मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम बनाई। टीम ने घटनास्थल और आरोपियों के संभावित रूट पर लगे करीब 900 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। पुराने एटीएम ठगों का डेटा खंगाला गया। तकनीकी विश्लेषण किया गया और मुखबिर तंत्र की मदद ली गई। लगातार निगरानी के बाद 15 जुलाई को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में मुख्य आरोपी सचिन कुमार ने बताया- गैंग का संचालन मैं करता था। गैंग का नाम “SS सांसी हांसी हिसार” रखा था। इसमें “S” से सचिन और “S” से सुरेंद्र का नाम शामिल है। आरोपी पहले तय करते थे कि किसी शहर में जाकर कम से कम चार से पांच वारदातें करनी हैं। वे एटीएम बूथों के आसपास रेकी करते और आसान शिकार की तलाश करते थे। वारदात के बाद ऐसे बचते थे पुलिस से आरोपी वारदात के बाद मुख्य सड़कों से बचते हुए गलियों के रास्ते निकलते थे। मोटरसाइकिल को बस स्टैंड या सिटी कैंप की पार्किंग में खड़ा कर सरकारी बस से अपने गांव लौट जाते थे। इससे पुलिस उनकी पहचान नहीं कर सके। पांच राज्यों में फैला था नेटवर्क पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने जयपुर शहर, जयपुर ग्रामीण, सीकर, झुंझुनूं, चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ के अलावा हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में करीब 500 एटीएम ठगी की वारदातें की हैं। कई राज्यों की पुलिस लंबे समय से इस गैंग की तलाश कर रही थी।