ब्रेकिंग न्यूज़
पुरानी रंजिश में मारपीट-फायरिंग, 1 युवक की मौत:आगरा में इलाज के दौरान तोड़ा दम, 4 आरोपी हिरासत में

धौलपुर जिले के मनियां थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते हुई मारपीट और फायरिंग की घटना में घायल 1 युवक की आगरा में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान मुकेश पुत्र ऐदल सिंह के रूप में हुई है। इस हमले में दूसरा युवक हिम्मत सिंह पुत्र रामभरोसी भी घायल हुआ है, जिसका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार भदियाना निवासी मुकेश और हिम्मत सिंह अपनी बहन के घर चपरौली गांव से लौट रहे थे। कमलापुरा मोड़ रोड पर पहले से घात लगाए बैठे 12 से ज्यादा हमलावरों ने उनकी बाइक रोककर उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने दोनों युवकों पर फायरिंग की, जिससे उनके पैरों में गोली लगी और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
घटना की सूचना मिलते ही मनियां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को धौलपुर जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां आगरा में इलाज के दौरान मुकेश की मौत हो गई। थाना प्रभारी नीरज शर्मा ने युवक की मौत की पुष्टि की और बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। देर रात करीब 12 बजे भारी पुलिस बल की मौजूदगी में मृतक का उसके गांव में अंतिम संस्कार किया गया। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी
एसपी विकास सांगवान के निर्देश पर, एएसपी वैभव शर्मा और सीओ मनियां खलील अहमद के पर्यवेक्षण में, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस ने इस वारदात में शामिल 4 आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि हमले में शामिल कुछ आरोपी नकाबपोश थे, जो वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश को ही घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। इलाज के दौरान बुझ गया घर का चिराग
फायरिंग में गंभीर रूप से घायल मुकेश ने आगरा में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। गांव में पुलिस अलर्ट
युवक की मौत के बाद किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं और फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

जोधपुर के 350 साल पुराने मंदिर से शुरू हुई रथयात्रा:श्रीनाथजी जैसा शृंगार, नाथद्वारा से मंगवाए मुकुट और ड्रेस; फोटोग्राफी करते नजर आए टूरिस्ट

जोधपुर शहर में आज कई इलाकों से भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा निकाली जाएगी। मुख्य रथयात्रा सुनारों की घाटी स्थित जगदीश मंदिर से निकाली जाएगी। मंदिर के पुजारी गौरव गौड़ ने बताया- जगदीश मंदिर में विराजित भगवान जगन्नाथ के शृंगार के लिए नाथद्वारा से मुकुट और पोशाक मंगवाई गई है। जगन्नाथपुरी से चावल-भात का प्रसाद और ध्वजा मंगवाई है। चावल-भात का ये प्रसाद रथयात्रा में भ​क्तों को बांटा जाएगा। ये मंदिर करीब 350 साल पुराना है। हमारे पूर्वज जगन्नाथ पुरी से इसे लेकर आए थे। प्रतिमा चंदन की लकड़ी से बनी है। रथयात्रा के लिए रथ अजमेर से मंगाया है। ये रथ सोने जैसे रंग में रंगा है। साथ ही रथयात्रा में होने वाला शृंगार नाथद्वारा के श्रीनाथजी के स्वरूप जैसा होगा। इसके साथ ही पोशाक और मुकुट समेत अन्य शृंगार भी नाथद्वारा से मंगवाया गया है। इसके अलावा रथ को सजाने के लिए 200 किलो फूल कोलकाता से मंगवाए गए हैं। पहले देखिए रथयात्रा के PHOTOS… ये रहेगा रूट इसके बाद शहर सुनारों की घाटी से घंटाघर और फिर दोबारा मंदिर तक रथयात्रा निकाली जाएगी। सुबह 121 किलो पंच मेवे का भोग भी लगेगा। फिर महाआरती के बाद इसका समापन होगा।

डीग में कलेक्टर के आदेश बेअसर, कचरे के लगे ढेर:नगर परिषद की कार्यशैली पर उठे सवाल, 2 दिन बाद भी नहीं हुई सफाई

डीग में जिला कलेक्टर मयंक मनीष के सख्त निर्देशों के बावजूद शहर की सफाई व्यवस्था बदहाल है। कलेक्टर ने मंगलवार को शहर का निरीक्षण कर गंदगी पर नाराजगी जताई थी और तत्काल सफाई के आदेश दिए थे, लेकिन 2 दिन बाद भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। कलेक्टर मयंक मनीष ने मुख्य मार्गों, सार्वजनिक स्थानों और बाजार क्षेत्रों का सघन दौरा किया था। उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों को तत्काल सफाई अभियान चलाने और शहर को स्वच्छ बनाने के निर्देश दिए थे। कलेक्टर ने कहा था- लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
उन्होंने नगर परिषद आयुक्त कुलदीप सिंह को विशेष रूप से कचरे के ढेर हटाने, नियमित सफाई सुनिश्चित करने और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रभावी ढंग से करने के निर्देश दिए थे। कलेक्टर ने चेतावनी दी थी कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हालांकि कलेक्टर के निर्देशों के 2 दिन बाद भी शहर के कई मुख्य मार्गों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरे के ढेर अब भी मौजूद हैं। गंदगी के कारण राहगीरों और स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर की सफाई व्यवस्था लंबे समय से खराब है। कचरा समय पर नहीं उठाए जाने से बदबू फैल रही है, जिससे बरसात के मौसम में संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है। नागरिकों ने नगर परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों पर कलेक्टर के निर्देशों को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाया है।

12 साल पहले घूस में मांगा था कैश और मुर्गा:थाने में रिश्वत लेते पकड़ा गया था एएसआई, 4 साल की कैद और जुर्माना लगाया

एसीबी कोर्ट ने 12 साल पुराने रिश्वत के मामले में फैसला सुनाते हुए जहाजपुर थाने के तत्कालीन एएसआई कालू राम कहार पुत्र नाहरा कहार निवासी कलिंजरी गेट शाहपुरा को 4 साल के कठोर कारावास और 15 हजार जुर्माने की सजा सुनाई। आरोपी ने जमीन विवाद के मामले में कार्रवाई और चालान पेश करने के बदले 500 रुपए कैश लेने के साथ शेष राशि के अलावा एक मुर्गा देने की भी मांग की थी। यह था मामला विशिष्ट लोक अभियोजक कृष्ण कांत शर्मा ने बताया कि परिवादी रमेश चंद मीणा और उनके भाई फोरू लाल मीणा ने 10 बीघा जमीन पर पड़ोसी द्वारा जबरन कब्जा करने की रिपोर्ट जहाजपुर थाने में दर्ज कराई थी। मामले की जांच एएसआई कालू राम कर रहे थे। आरोपी एएसआई ने मामले में कार्रवाई करने और चालान जल्द पेश करने के बदले रिश्वत की मांग की। रिश्वत में मांगा कैश और मुर्गा आरोपी ने 3,000 रुपए की मांग की, 1000 रुपए वह पहले ही घर आकर ले चुका था।एसीबी ने सत्यापन के दौरान, आरोपी ने 500 रुपए कैश लिए और बाकी रकम के साथ एक मुर्गा देने की भी मांग रखी थी। 25 जुलाई 2014 को एसीबी ने एएसआई कालू राम को परिवादी से 1000 रुपए रिश्वत लेते जहाजपुर थाने में रंगे हाथों गिरफ्तार किया। एसीबी कोर्ट ने चार साल की सजा सुनाई एसीबी कोर्ट के विशिष्ट न्यायाधीश पवन कुमार सिंघल ने फैसला सुनाते हुए एएसआई को चार साल के कठोर कारावास और 15 हजार जुर्माने की सजा सुनाई।

सेंसेक्स में 350 अंक की बढ़त:77,600 पर कारोबार कर रहा, निफ्टी भी 100 अंक चढ़ा; मीडिया और IT शेयर्स में ज्यादा खरीदारी

शेयर बाजार में आज यानी 16 जुलाई को बढ़त है। सेंसेक्स करीब 350 अंक की बढ़त के साथ 77,350 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी में भी 100 अंक से ज्यादा की बढ़त है। 24,200 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। मीडिया, कंज्यूमर ड्यूरेबल और IT शेयर्स में आज ज्यादा खरीदारी है। एशियाई बाजारों में आज मिला-जुला कारोबार 15 जुलाई को अमेरिकी बाजार में बढ़त रही थी बीते 7 दिनों में घरेलू निवेशकों ने 9,177 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे नोट: FIIs और DIIs की नेट खरीदारी/बिकवाली के आंकड़े करोड़ रुपए में हैं। कल बाजार में रही थी तेजी इससे पहले कल यानी 16 जुलाई को शेयर बाजार में बढ़त रही थी। सेंसेक्स 130 अंक चढ़कर 77,185 पर बंद हुआ था। निफ्टी में भी 26 अंक की तेजी रही, ये 24,079 पर बंद हुआ था।

स्पोर्ट्स अपडेट-सिंधु जापान ओपन के क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं:मेजर लीग में पूरन का 31 गेंद में शतक; विंडीज की महिला टीम ने क्लीन स्वीप किया

दो बार की ओलिंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु ने जापान ओपन सुपर-750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने दूसरे दौर में दुनिया की नंबर-5 खिलाड़ी चीन की हान यू को 35 मिनट में 21-16, 21-14 से हराया। इस जीत के साथ सिंधु ने हान यू के खिलाफ अपना हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 8-1 कर लिया। अब क्वार्टर फाइनल में उनका सामना जापान की पूर्व वर्ल्ड चैंपियन नोजोमी ओकुहारा से होगा, जिन्हें दूसरे दौर में वॉकओवर मिला। स्पोर्ट्स की अन्य खबरें भी पढ़िए… मेजर लीग में पूरन का 31 गेंद में शतक
वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन ने मेजर क्रिकेट लीग में 31 गेंद में शतक लगा दिया है। उन्होंने गुरुवार को MI न्यूयॉर्क की ओर से वॉशिंगटन फ्रीडम के खिलाफ 5 चौके और 13 छक्कों से सजी पारी खेली। उनकी पारी के दम पर न्यूयॉर्क ने वॉशिंगटन को 266 रन का टारगेट दिया है। जवाब में फ्रीडम ने 7 ओवर में दो विकेट पर 78 रन बना डाले हैं। लीग के एक अन्य मुकाबले में लॉस एंजिलिस नाइट राइडर्स ने सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स को 7 रन से हराकर पहली बार मेजर लीग क्रिकेट (MLC) के फाइनल में प्रवेश किया है। फाइनल मैच 19 जुलाई को ऑकलैंड में खेला जाएगा।
नाइट राइडर्स ने टॉस हारकर बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट पर 187 रन बनाए। जवाब में सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स 20 ओवर में 4 विकेट पर 180 रन ही बना सकी। नाइट राइडर्स की ओर से
कॉलिन मुनरो (44 गेंदों पर 51) और आंद्रे रसेल (50 गेंदों पर नाबाद 62) ने पारी संभाली। रोवमैन पॉवेल ने आखिरी तीन ओवर्स में 15 गेंदों पर नाबाद 50 रन ठोक दिए। स्टेफानी टेलर का लगातार दूसरा शतक, आयरलैंड को 64 रन से हराया ब्रेडी (आयरलैंड)। स्टेफानी टेलर के लगातार दूसरे शतक से वेस्टइंडीज की महिला टीम ने आयरलैंड के खिलाफ तीसरा वनडे 64 रन से जीत लिया है। इसी के साथ उसने तीन मैचों की सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। यह जनवरी 2025 के बाद वेस्टइंडीज की पहली वनडे सीरीज जीत है। ब्रेडी में वेस्टइंडीज की शुरुआत खराब रही। टीम ने 82 रन तक पांच विकेट गंवा दिए। यहां से स्टेफानी टेलर ने 105 रन की पारी खेली, जिसमें 10 चौके शामिल रहे। उन्होंने लोअर ऑर्डर के बैटर्स के साथ अहम साझेदारियां की और स्कोर 257 रन तक पहुंचाया। 258 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की टीम 193 रन पर सिमट गई और वेस्टइंडीज ने 64 रन से जीत दर्ज कर सीरीज में क्लीन स्वीप पूरा किया।वेस्टइंडीज की स्पिन जोड़ी करिश्मा रामहरैक और अफी फ्लेचर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट झटके। टेलर ने इस पारी के दौरान अपने वनडे करियर का 10वां शतक लगाया। वह लगातार दो मैचों में शतक जड़ने वाली वेस्टइंडीज की दूसरी बल्लेबाज बनीं। साथ ही उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10,000 रन पूरे करने की उपलब्धि भी हासिल की।

उदयपुर में जगन्नाथ रथयात्रा आज,कई रूट्स पर रहेगी नो एंट्री:चांदपोल से भटियानी चौहट्टा तक रास्ते बंद रहेंगे, जाने नो व्हीकल और नो पार्किंग जोन

उदयपुर में आज भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के मद्देनजर उदयपुर पुलिस ने शहर में व्यापक यातायात एवं ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था लागू की है। इसके तहत उदयपुर में रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा। दोपहर 11 बजे से रात तक का शेड्यूल है और इसमें नो व्हीकल और नो पार्किंग जोन भी निर्धारित किए गए है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) उमेश ओझा ने बताया कि 16 जुलाई को दोपहर 3 बजे जगदीश मंदिर से भगवान श्री जगन्नाथजी की रथ यात्रा रवाना होगी, जो घंटाघर, बड़ा बाजार, मोचीवाड़ा, भड़भूजा घाटी, संतोषी माता मंदिर, तीज का चौक, धानमंडी, मार्शल चौराहा, अस्थल मंदिर, आरएमवी रोड, कैलाश कॉलोनी, कालाजी-गोराजी, रंग निवास और भटियानी चौहट्टा होते हुए देर रात करीब 12 बजे पुनः जगदीश मंदिर पहुंचेगी। रथ यात्रा के दौरान दोपहर 11 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक शोभायात्रा में शामिल वाहनों को छोड़कर अन्य सभी वाहनों का रथ यात्रा मार्ग पर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने आमजन और व्यापारियों से अपील की है कि वे यात्रा मार्ग पर वाहन पार्क नहीं करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। नो व्हीकल और नो पार्किंग जोन

पीएम मोदी कल करेंगे दौसा रेलवे स्टेशन का उद्घाटन:15 करोड़ की लागत से हुआ रिनोवेशन, यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

रेलवे की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 15 करोड़ रुपए की लागत से दौसा रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को पंजाब के जालंधर से आयोजित कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से इसका उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही राजस्थान के सात अन्य रेलवे स्टेशनों का भी लोकार्पण किया जाएगा। राजस्थान के 8 रेलवे स्टेशनों का होगा उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के 75 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे। इनमें राजस्थान के दौसा, बाड़मेर, डीग, गंगापुर सिटी, गोटन, जैसलमेर, खैरथल और सोमेसर रेलवे स्टेशन शामिल हैं। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि इन स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास किया गया है। स्टेशन भवनों को आधुनिक स्वरूप देने के साथ यात्री सुविधाओं का विस्तार किया गया है। दौसा स्टेशन पर प्रतिदिन 15 हजार यात्री करते हैं सफर दिल्ली-अहमदाबाद रेल मार्ग पर स्थित दौसा रेलवे स्टेशन महत्वपूर्ण स्टेशनों में शामिल है। स्टेशन पर वर्तमान में 74 ट्रेनों का ठहराव है और यहां से प्रतिदिन औसतन 15 हजार यात्री यात्रा करते हैं। बढ़ते यात्री भार को देखते हुए स्टेशन का करीब 15 करोड़ रुपए की लागत से पुनर्विकास किया गया है। स्टेशन भवन को दिया गया आधुनिक स्वरूप पुनर्विकास कार्य के तहत स्टेशन भवन को पूरी तरह नवीनीकृत किया गया है। सर्कुलेटिंग एरिया को सुविधा क्षेत्र के रूप में विकसित किया गया है तथा अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार बनाए गए हैं। स्टेशन भवन में पोर्च का निर्माण भी किया गया है। स्टेशन के वेटिंग हॉल और भवन के अंदर भारतीय कला, विरासत और संस्कृति को दर्शाने वाले चित्र भी बनाए गए हैं। 4.10 करोड़ रुपए की लागत से बना फुट ओवरब्रिज यात्रियों की सुविधा के लिए 4.10 करोड़ रुपए की लागत से नया फुट ओवरब्रिज बनाया गया है। इसमें रैंप और कवरिंग शेड की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था विकसित की गई है। दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष सुविधाएं स्टेशन पर शौचालय ब्लॉकों का आधुनिकीकरण किया गया है। दिव्यांग यात्रियों के लिए हेल्प बूथ, शौचालय, वाटर बूथ, रैंप, अलग पार्किंग, साइन बोर्ड और बैठने की विशेष व्यवस्था की गई है। साथ ही 1.08 करोड़ रुपए की लागत से दो लिफ्ट भी स्थापित की गई हैं। सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर स्टेशन पर ट्रेन इन्फॉर्मेशन बोर्ड और कोच इंडिकेशन बोर्ड लगाए गए हैं। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा जल संरक्षण के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग और वाटर रिसाइक्लिंग प्लांट स्थापित किए गए हैं। ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए सोलर पावर से जुड़े कार्य भी किए गए हैं।

बाइक की टक्कर से 5 साल की मासूम की मौत:सड़क पार करते समय भाई-बहन को मारी टक्कर, 6 साल का बच्चा गंभीर घायल

डूंगरपुर जिले के रामसागड़ा थाना क्षेत्र के गलंदर गांव में एक सड़क हादसे में 5 साल की बच्ची की मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक ने सड़क पार कर रहे भाई-बहन को टक्कर मार दी, जिसमें 6 साल का भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि मृतका के शव को मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। रामसागड़ा थाने के एएसआई विद्याशंकर ने बताया कि गलंदर निवासी 6 वर्षीय हिमांशु अपनी 5 वर्षीय बहन संतोष के साथ घर से दुकान पर सामान लेने पैदल जा रहे थे। सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार बाइक ने दोनों बच्चों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में पांच वर्षीय संतोष कटारा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई हिमांशु गंभीर रूप से घायल हो गया। फरार बाइक सवार की तलाश जारी
हादसे के बाद बाइक सवार सहित मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही रामसागड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल हिमांशु को तुरंत इलाज के लिए डूंगरपुर के जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने मृतका संतोष के शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार बाइक सवार की तलाश शुरू कर दी गई है।

जयपुर से UK रवाना हुई पहली ज्वेलरी खेप:शून्य सीमा शुल्क का मिलेगा फायदा, 3 साल में 2.5 बिलियन का लक्ष्य

जयपुर ने बुधवार को भारत–यूके व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते (CETA) के तहत एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए यूनाइटेड किंगडम (यूके) के लिए पहली आभूषण निर्यात खेप रवाना की। सांगानेर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे स्थित एयर कार्गो कॉम्प्लेक्स से रवाना की गई यह खेप देशव्यापी पहल का हिस्सा है, जिसके तहत दिल्ली, मुंबई, सूरत, चेन्नई और कोलकाता सहित प्रमुख निर्यात केंद्रों से भी पहली खेप यूके भेजी जा रही है। करीब 10 मिलियन अमेरिकी डॉलर मूल्य की इस खेप में स्वर्ण, हीरा जड़ित, रजत और प्लेटिनम आभूषण शामिल हैं। जयपुर के प्रमुख निर्यातकों द्वारा जेम्स लिमिटेड, गैलेंट ज्वेलरी, विनायक ज्वेल्स इंडिया प्रा. लि. और वैभव ग्लोबल लिमिटेड इस ऐतिहासिक निर्यात का हिस्सा बने। इस अवसर पर आयोजित समारोह में अतिरिक्त आयुक्त (सीमा शुल्क) नीरज दुबे, अतिरिक्त आयुक्त सुनीता वर्मा, उप आयुक्त (सीमा शुल्क) जितेंद्र मीणा तथा जीजेईपीसी राजस्थान के क्षेत्रीय अध्यक्ष योगेन्द्र गर्ग मौजूद रहे। यूके बाजार में मिलेगा शून्य शुल्क का लाभ भारत–यूके CETA लागू होने के साथ ही भारतीय रत्न एवं आभूषण निर्यातकों को यूके बाजार में जीरो ड्यूटी (Zero Duty) का लाभ मिलेगा। इससे पहले यूके में भारतीय आभूषणों पर 4 प्रतिशत तक आयात शुल्क लगता था, जो अब समाप्त हो जाएगा। इससे भारतीय निर्यातकों को करीब 4 बिलियन अमेरिकी डॉलर के यूके आभूषण बाजार में प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त मिलने की उम्मीद है। सीमा शुल्क विभाग ने जताया भरोसा सीमा शुल्क आयुक्त आर.के. चंदन ने कहा कि भारत–यूके CETA के तहत पहली निर्यात खेप भारत की निर्यात यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है। सीमा शुल्क विभाग तेज एवं सुगम क्लीयरेंस के माध्यम से व्यापार को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। GJEPC ने बताया ऐतिहासिक दिन जेम एंड ज्वेलरी एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (GJEPC) के अध्यक्ष किरीट भंसाली ने कहा कि यह केवल आभूषणों की पहली खेप नहीं, बल्कि भारत के वैश्विक व्यापार के नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने विश्वास जताया कि शून्य शुल्क सुविधा मिलने से भारत का रत्न एवं आभूषण निर्यात अगले तीन सालों में 754 मिलियन अमेरिकी डॉलर से बढ़कर 2.5 बिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंच सकता है। जयपुर को मिलेगा सबसे बड़ा लाभ जीजेईपीसी राजस्थान के क्षेत्रीय अध्यक्ष योगेन्द्र गर्ग ने कहा कि रंगीन रत्नों और हस्तनिर्मित आभूषणों के वैश्विक केंद्र के रूप में जयपुर इस समझौते का सबसे बड़ा लाभार्थी बनेगा। इससे राजस्थान के रत्न एवं आभूषण उद्योग, एमएसएमई, कारीगरों और डिजाइनरों के लिए नए अवसर पैदा होंगे तथा रोजगार और निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा।