ब्रेकिंग न्यूज़
फर्जी सिम उपलब्ध कराने वाले 2 सप्लायर गिरफ्तार:जालूकी थाना पुलिस ने सूरत में दबोचे साइबर ठगों के साथी

डीग पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन एंटीवायरस’ और ‘प्रतिबिंब पोर्टल’ अभियान के तहत कार्रवाई की है। जालूकी थाना पुलिस ने साइबर ठगों को फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध कराने वाले 2 सप्लायरों को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया है। जालूकी थानाधिकारी मनीराम शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की ।
इससे पहले जालूकी थाना, डीएसटी टीम और साइबर सेल डीग ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए रायपुर निवासी शहबाज (28) को गिरफ्तार किया था। उसके पास से 175 फर्जी सिम कार्ड और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ था। जालूकी थाने में मामला दर्ज कर आरोपी से गहन पूछताछ की गई। दोनों आरोपियों को कोर्ट में किया पेश
शहबाज से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम गुजरात के सूरत पहुंची। वहां से सौरभ पुत्र ब्रजकिशोर राजपूत और तरुण उर्फ मोहित पुत्र सुखपाल यादव को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों गिरफ्तार आरोपी एयरटेल कंपनी के रिटेलर हैं। वे सिम जारी करते समय ग्राहकों से एक से अधिक बार बायोमेट्रिक सत्यापन कराते थे। इस तरीके से वे अतिरिक्त फर्जी सिम कार्ड जारी कर लेते थे और उन्हें ऊंचे दामों पर अन्य राज्यों में सक्रिय साइबर ठगों को बेचते थे।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर फर्जी सिम सप्लाई करने वाले पूरे गिरोह और उससे जुड़े अन्य नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। इस मामले में विस्तृत अनुसंधान जारी है।

गनमैन पर हमले को लेकर सांसद रोत ने किया ट्वीट:लिखा- मेरे पीएसओ को चाकू मारने वाले पुलिसकर्मी पर सख्त कार्रवाई करें

बांसवाड़ा-डूंगरपुर से भारत आदिवासी पार्टी के सांसद राजकुमार रोत के गनमैन (पीएसओ) पर चाकू से हमले की घटना को लेकर सांसद रोत ने ट्वीट किया है।
उन्होंने राजस्थान पुलिस और आईजी उदयपुर को चाकूबाजी करने वाले पुलिसकर्मी पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। जवाब में डूंगरपुर पुलिस ने भी री-ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने आरोपी कॉन्स्टेबल को गिरफ्तार कर लेने की जानकारी दी है। घटना सोमवार को पुलिस लाइन क्वार्टर में हुई। बीएपी सांसद राजकुमार रोत के पीएसओ अपने परिवार के साथ पुलिस लाइन क्वार्टर में रहते है। उसी बिल्डिंग के पास वाले क्वार्टर में आरोपी कॉन्स्टेबल कांतिलाल भी रहते हैं। आरोपी कॉन्स्टेबल कांतिलाल पर आए दिन शराब के नशे में धुत होकर कपिल और उसके परिवार के साथ गाली-गलौज और बदतमीजी करने के आरोप लगाए गए। आरोपी ने पीड़ित की पत्नी और साली से गाली गलौज की
कांतिलाल ने रविवार रात भी शराब के नशे में कपिल की पत्नी और साली से गाली गलौज की। पत्नी ने ये जानकारी पति कपिल को दी। कपिल अपने निर्माणाधीन मकान से रात 12 बजे पुलिस लाइन क्वार्टर आया। तभी अचानक कांतिलाल अपने क्वार्टर का दरवाजा खोल कर निकला और चाकू से हमला किया। पुलिस का जवाब- आरोपी कॉन्स्टेबल को किया गिरफ्तार
घटना के बाद लहूलुहान हालत में कॉन्स्टेबल कपिल को तुरंत डूंगरपुर जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। वही घटना को लेकर बीएपी सांसद राजकुमार ने सोशल मीडिया के एक पोस्ट किया है। जिसमें उन्होंने लिखा है। डूंगरपुर में उनके पीएसओ पर किसी पुलिसकर्मी ने चाकू से हमला किया है। राजस्थान पुलिस और आईजी उदयपुर मामले में सख्त कार्रवाई करे। अभी जिनेवा में है सांसद रोत
इस पोस्ट के नीचे ही डूंगरपुर पुलिस के सोशल मीडिया अकाउंट से जवाब दिया गया कि मामले में केस दर्ज लिया गया है और आरोपी कॉन्स्टेबल को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा विभागीय कार्रवाई भी अमल में लाई जा रही है। सांसद राजकुमार अभी जिनेवा में है। वही सोशल मीडिया पर सांसद की पोस्ट पर कई लोगों ने अलग अलग प्रतिक्रियाएं दी है।

युवक को फ्लैट पर बुलाकर पैर तोड़ा, 2 युवतियां लापता:डोडा पोस्त के साथ तस्कर गिरफ्तार, पढ़ें शहर की 10 बड़ी खबरें

कमिश्नरेट पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चौतरफा शिकंजा कसते हुए पिछले 24 घंटों में कड़ी कार्रवाइयां की हैं। करवड़ और झंवर पुलिस ने जहां अवैध मादक पदार्थों (एमडी और डोडा पोस्त) के साथ तस्करों को दबोचा, वहीं जमीनों की धोखाधड़ी के मामले भी सामने आए हैं। पेश है महानगर की सभी बड़ी और खास खबरों का स्पेशल बुलेटिन: पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी परमेश्वरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंडलनाथ चौराहा दईजर के पास नाकेबंदी के दौरान सिविल एयरपोर्ट रोड निवासी राकेश नायक (39) को दबोचा। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 40 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी (मेफेड्रोन) बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। कार में अवैध डोडा पोस्त तस्करी झंवर थाना पुलिस ने गश्त के दौरान दड़ी की ढाणी जोलियाली निवासी फुलाराम विश्नोई (44) को अवैध डोडा पोस्त के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी बिना किसी परमिट और लाइसेंस के अपने कब्जे में अवैध डोडा पोस्त रखकर उसका परिवहन कर रहा था। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच विवेक विहार थानाधिकारी बलवताराम को सौंपी है। फ्लैट पर बुलाकर पैर तोड़ा राजीव गांधी नगर थाना क्षेत्र के अरिहंत अग्रिमा फ्लैट्स में रहने वाली महिला ने दर्ज मामले में बताया कि आरोपी अजय निवासी भावी उसके पति को पैसे देने का झांसा देकर फ्लैट से नीचे बुलाकर ले गया। आरोपी अपने साथ मोटरसाइकिल पर बैठाकर पति को मुख्य गेट के बाहर ले गया, जहां उसने जानलेवा हमला कर पत्थर से प्रार्थी के पति का पैर तोड़ दिया और सिर पर गंभीर चोटें पहुंचाईं। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। जाली दस्तावेज से जमीन हड़पने का आरोप उदयमंदिर थाना क्षेत्र की सिलावटों की ईदगाह के पीछे रहने वाली बसंती मेघवाल (49) ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करवाया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी मोहम्मद इमरान, मोहम्मद आसिफ और जमील अहमद ने उसकी जमीन के फर्जी और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जमीन हड़प ली और बड़ी धोखाधड़ी को अंजाम दिया। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है। मारपीट का मामला दर्ज डांगियावास के खैडी सालवां निवासी श्यामलाल विश्नोई और रमेश विश्नोई ने थाने में परस्पर विरोधी मामले दर्ज करवाए हैं। दोनों पक्षों का आरोप है कि आरोपियों ने उनका रास्ता रोककर उनके व उनके परिवार के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने दोनों तरफ से क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रंजिश के चलते किया हमला लूणी के शुभदण्ड गांव में रहने वाले पीड़ित ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज करवाई है कि नामजद आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते प्रार्थी और उसके परिवार पर हमला कर दिया। आरोपियों ने बीच-बचाव करने आई प्रार्थी की पत्नी और बेटी के साथ भी मारपीट कर उनकी लज्जाभंग करने की कोशिश की। पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। भाई को प्रताड़ित करने का आरोप महामंदिर। मदेरणा कॉलोनी निवासी सिकन्दर छिपा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी नाजमीन, खलील और आसिफ ने उसके भाई को लगातार प्रताड़ित किया और सरेआम जान से मारने की धमकियां दीं। इस मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर परिवादी के भाई ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कमरे में फंदा लगाकर युवक ने दी जान: बनाड निवासी पुखराज मेघवाल ने पुलिस को सूचना दी कि उनके 23 वर्षीय पुत्र सुखदेव ने रात को अपने कमरे में फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। फांसी के फंदे पर झूला युवक: लूणी पुलिस थाना क्षेत्र के रोहिचा खुर्द गांव में नागौर निवासी ओमप्रकाश जाट (32) ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। पुलिस ने मर्ग दर्ज किया है। जोधपुर में गुमशुदगी के तीन मामले बस से मंडोर गई युवती लापता: बनाड निवासी एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दी कि उनकी 18 वर्षीय पुत्री थबुकड़ा गांव से मंडोर के लिए बस में निकली थी, जो वापस घर नहीं लौटी। बिना बताए घर से निकली युवती गायब: महामंदिर आकाशवाणी के पीछे से सोयला निवासी एक व्यक्ति की 21 वर्षीय पुत्री बिना बताए कहीं चली गई। पुलिस ने मामला दर्ज किया है। नाबालिग पुत्र लापता: प्रतापनगर थाना क्षेत्र के गुरुओं का तालाब इलाके से महिला का नाबालिग पुत्र बिना बताए कहीं चला गया, जिसका सुराग नहीं लगा है।

भीलवाड़ा में 3 लाख कैश और जेवर ले गए चोर:परिवार हॉस्पिटल गया था, सूने मकान के ताले तोड़कर घुसे बदमाश

भीलवाड़ा में परिवार के अस्पताल के बाद सूने मकान का ताला तोड़कर चोर अंदर घुस गए। बदमाश घर से करीब 3 लाख रुपए नकद और 40 से 45 लाख रुपए के सोने के जेवर चोरी कर ले गए। परिवार पोते के जन्म के बाद अस्पताल में भर्ती जच्चा-बच्चा के लिए खाना लेकर गया था। वारदात सोमवार दोपहर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित शास्त्रीनगर मेन सेक्टर में हुई। मेन गेट का ताला तोड़कर घर में घुसे चोर कोतवाली थाना प्रभारी हनुमान चौधरी ने बताया कि मामला शास्त्रीनगर मेन सेक्टर का है। यहां रहने वाले घड़ी व्यवसायी हरीश मूलचंदानी के परिवार में शनिवार को एक निजी अस्पताल में पोते का जन्म हुआ था। सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे परिवार के सभी सदस्य अस्पताल में भर्ती जच्चा-बच्चा के लिए भोजन लेकर गए थे। इसी दौरान मकान सूना होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़ा और घर में घुस गए। अलमारियां तोड़ीं, कमरे अस्त-व्यस्त किए घर में घुसने के बाद चोरों ने दो अलमारियों को खंगाला और उनमें रखे सोने के जेवर तथा करीब 3 लाख रुपए नकद चोरी कर लिए। चोरों ने कमरों का सामान बिखेर दिया और पूरी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोरी गए जेवर और नकदी की कुल कीमत 40 से 45 लाख रुपए के बीच आंकी जा रही है। पुलिस के अनुसार पूरी वारदात करीब साढ़े तीन घंटे के अंदर हुई। शाम को लौटे तो टूटा मिला ताला शाम करीब 5 बजे के बाद जब परिवार अस्पताल से वापस घर पहुंचा तो मेन गेट का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर जाकर देखा तो कमरे अस्त-व्यस्त थे और अलमारियों का सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। मेरे और बेटी के जेवर रखे थे, सब चोरी हो गए पीड़िता रेनू मूलचंदानी ने बताया कि पोते के जन्म के कारण वह सुबह 11 बजे से अस्पताल में थीं। उनकी बेटी भी घर पर ताला लगाकर अस्पताल आ गई थी। शाम को जब वे घर लौटे तो ताले टूटे मिले। उन्होंने बताया कि घर में उनके और उनकी बेटी के सोने के जेवर रखे हुए थे, जो सभी चोरी हो गए। किसी को भुगतान करना था, नकदी भी ले गए रेनू मूलचंदानी ने बताया कि किसी को भुगतान करने के लिए घर में 3 से 4 लाख रुपए नकद रखे हुए थे, जिन्हें भी चोर ले गए। उनकी बेटी ससुराल से आई हुई थी और उसके जेवर भी घर में रखे थे। चोरी में कुल 40 से 45 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जैसलमेर में अगले चार दिन नहीं होगी बारिश:इंतजार ने किसानों की चिंता बढ़ाई, उमस से लोग बेहाल

जैसलमेर में मंगलवार सुबह से आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही, लेकिन बारिश नहीं होने से लोगों को उमस का सामना करना पड़ा। सुबह ठंडी हवाएं चलने से गर्मी से कुछ राहत मिली, लेकिन बादलों के बिना बरसे आगे निकल जाने से उमस लगातार बढ़ती गई। मानसून की सुस्ती के बीच मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक जिले में बारिश की संभावना नहीं जताई है। ऐसे में खरीफ की फसल बो चुके किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। चार दिन तक मौसम रहेगा साफ, हल्के बादल आते-जाते रहेंगे मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक जैसलमेर और आसपास के इलाकों में मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा। हालांकि इस दौरान आसमान में हल्के बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। दिन का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। नमी अधिक होने से लोगों को उमस परेशान करेगी। ठंडी हवाएं थमीं तो बढ़ गई उमस सुबह मौसम सुहावना रहा और ठंडी हवाएं चलने से तापमान में हल्की गिरावट महसूस हुई। लेकिन दिन चढ़ने के साथ हवाओं की रफ्तार धीमी पड़ गई। इसके बाद वातावरण में मौजूद नमी और बादलों के कारण उमस तेजी से बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार दोपहर में तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे लोगों को भारी उमस और बेचैनी का सामना करना पड़ सकता है। बारिश नहीं होने से किसानों की बढ़ी चिंता जैसलमेर और सीमावर्ती क्षेत्रों में खेती मुख्य रूप से मानसूनी बारिश पर निर्भर है। जुलाई का आधा महीना बीतने के बाद भी अच्छी बारिश नहीं होने से खरीफ की बुआई कर चुके किसानों की चिंता बढ़ गई है। यदि अगले कुछ दिनों में अच्छी बारिश नहीं हुई तो खेतों में खड़ी फसलें सूखने की कगार पर पहुंच सकती हैं। आसमान में बादल तो लगातार दिखाई दे रहे हैं, लेकिन उनके बिना बरसे निकल जाने से किसान मायूस होकर बारिश का इंतजार कर रहे हैं। अगले चार दिन उमस से राहत मिलने की उम्मीद नहीं मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। हल्के बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, लेकिन बारिश के आसार नहीं हैं। अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने से उमस का असर लगातार बना रहेगा।

चलती ट्रेन से हुई 3करोड़ की गोल्ड चोरी का खुलासा:नवलगढ़ से 3 आरोपी गिरफ्तार, जमीन में दबाया हुआ 2 करोड़ का सोना बरामद;कंपनी का पूर्व कर्मचारी ही निकला आरोपी

नवलगढ़ पुलिस और हरियाणा पुलिस ने हरियाणा में चलती ट्रेन से करीब तीन करोड़ रुपए के सोने के जेवरात चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा कर दिया है। सोने की चोरी लॉजिस्टिक कंपनी का सोना ले जा रहे कर्मचारी से की गई थी। जांच में सामने आया कि गिरोह का मास्टरमाइंड लॉजिस्टिक कंपनी का ही पूर्व कर्मचारी था, जिसने करीब दो महीने तक रेकी कर वारदात को अंजाम दिया था। हरियाणा जीआरपी की एसआईटी और नवलगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब दो करोड़ रुपए के सोने के गहने बरामद किए गए हैं। पहले ग्राफिक्स से समझे पूरा घटनाक्रम

पूर्व कर्मचारी था मास्टरमाइंड, दो महीने की रेकी सीआई अजय सिंह ने बताया – आरोपियों ने करीब दो महीने तक लॉजिस्टिक कंपनी की गतिविधियों और गहनों की सप्लाई पर नजर रखी। गिरोह का सदस्य ऋषभ पहले उसी लॉजिस्टिक कंपनी में काम कर चुका था। उसे गहनों की सप्लाई, पैकिंग और ट्रांसपोर्ट का पूरा सिस्टम पता था, जिसका फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया गया। पानी लेने उतरा कर्मचारी, चोर बैग लेकर फरार 10 जून को कंपनी का कर्मचारी नरेंद्र सिंह दिल्ली से बठिंडा तक करीब तीन करोड़ रुपए के सोने के आभूषण लेकर ट्रेन से जा रहा था। हरियाणा के जाखल रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रुकने पर वह पानी लेने नीचे उतरा। इसी दौरान बदमाश उसकी सीट पर रखा गहनों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के नवलगढ़ आने की जानकारी मिली। तीनों आरोपी नवलगढ़ के रहने वाले हैं। आरोपी ऋषभ व गोविंद डेरा वाली ढाणी नवलगढ़ के और तीसरा आरोपी बबलू नवलड़ी का रहने वाला है। 7 और 10 जुलाई को एसआईटी ने नवलगढ़ पुलिस के साथ डेरावाली ढाणी में दबिश देकर ऋषभ और गोविंद को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इस मामले में बबलू नामक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। मंदिर के पास जमीन में दबाकर छिपाए थे गहने आरोपियों की निशानदेही पर कल्याणपुरा के जोहड़ के पास मंदिर के निकट जमीन में दबाकर छिपाए गए करीब दो करोड़ रुपए के सोने के गहने बरामद किए गए। आरोपियों ने नवलगढ़ पहुंचकर गहनों का आपस में बंटवारा कर अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिए थे। फरार आरोपियों और बाकी गहनों की तलाश जारी पुलिस अब फरार आरोपियों और चोरी हुए शेष करीब एक करोड़ रुपए के गहनों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

पानी से भरे गड्ढे में डूबे 2बच्चे, 1 की मौत:भंडारिया गांव में तालाब के पास खेलते समय हुआ हादसा

डूंगरपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के भंडारिया पानी दरा गांव में सोमवार को पानी से भरे गड्ढे में 2 मासूम डूब गए। इनमे से एक की मौत हो गई।
घर के पास तालाब के निकट पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि दूसरा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार भंडारिया गांव के तालाब के पास 10 वर्षीय नरेंद्र और 12 वर्षीय संगीत खेल रहे थे। खेलते समय वे तालाब के निकट बने पानी से भरे एक गड्ढे में गिर गए।
बच्चों को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें गड्ढे से बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद नरेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं संगीत की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पीआईसीयू (बाल चिकित्सा गहन चिकित्सा इकाई) में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया है। मृतक नरेंद्र के शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आज कांग्रेस का प्रदर्शन:भजन-कीर्तन कर भाजपा को 'सद्बुद्धि' की करेगी प्रार्थना, दान राशि पर श्वेत पत्र की मांग

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश में अपना आंदोलन तेज कर दिया है। इसी कड़ी में आज (मंगलवार को) जिला मुख्यालयों में कांग्रेस प्रदर्शन करेगी। पार्टी कार्यकर्ता प्रभु श्रीराम के मंदिरों में पहुंचकर भजन-कीर्तन करेंगे और भाजपा को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना करेंगे। साथ ही लोगों को कथित चढ़ावा चोरी के मामले से अवगत कराया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने सभी जिला कांग्रेस अध्यक्षों को निर्देश जारी कर जिला मुख्यालयों में स्थित प्रभु श्रीराम मंदिरों के प्रांगण में भजन-कीर्तन आयोजित करने को कहा है। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को कथित चढ़ावा चोरी और उससे जुड़े आरोपों की जानकारी दी जाएगी। विनय कुमार ने कहा कि संघ और भाजपा ने 130 हिंदुओं की धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाई है, जिसे कांग्रेस सहन नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को तब तक उठाती रहेगी, जब तक कथित मामले के वास्तविक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती और दानपात्र का पैसा वापस नहीं किया जाता। दान राशि और खर्च को लेकर श्वेत पत्र जारी किया जाए: विनय उन्होंने राम मंदिर निर्माण के लिए अब तक प्राप्त दान और उसके खर्च का श्वेत पत्र जारी करने की भी मांग की। उनका कहना है कि इस कथित महाघोटाले के बाद भाजपा में खलबली मची हुई है और उसके नेता बयानबाजी कर अपनी सफाई देने में लगे हैं। हिमराल बोले- भाजपा को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना करेंगे जिला कांग्रेस कमेटी शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल ने बताया कि शिमला में कांग्रेस मुख्यालय से राम मंदिर तक विरोध रैली निकाली जाएगी। इसके बाद मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन कर भाजपा को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की जाएगी और लोगों को पूरे मामले से अवगत कराया जाएगा। इसी मामले में सीएम सुक्खू अपनी कैबिनेट समेत बीते बुधवार को शिमला के राम मंदिर में पूजा कर चुके हैं। राज्य में कांग्रेस चढ़ावा चोरी मामले में खूब भुना रही है।

स्पोर्ट्स अपडेट:मानव-मानुष वर्ल्ड नंबर-2 बने,सीनियर वर्ल्ड रैंकिंग में किसी भी भारतीय खिलाड़ी या जोड़ी की यह अब तक की सर्वोच्च रैंकिंग

भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ियों मानव ठक्कर और मानुष शाह की जोड़ी ITTF की ताजा पुरुष डबल्स रैंकिंग में वर्ल्ड नंबर-2 पर पहुंच गई है। सीनियर वर्ल्ड रैंकिंग में किसी भी भारतीय खिलाड़ी या जोड़ी की यह अब तक की सर्वोच्च रैंकिंग है। इस जोड़ी ने पिछले सप्ताह की नंबर-3 रैंकिंग में एक स्थान का सुधार किया और 2022 में महिला डबल्स में वर्ल्ड नंबर-4 तक पहुंचीं मणिका बत्रा-अर्चना कामथ का भारतीय रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। मानव-मानुष के 3,390 अंक हैं, जबकि चीन की लिन शीडोंग-हुआंग यूझेंग की जोड़ी 5,160 अंकों के साथ नंबर-1 पर है। फ्रांस की लेब्रून ब्रदर्स (एलेक्सिस और फेलिक्स) नंबर-2 से खिसककर पांचवें स्थान पर पहुंच गई। शरत कमल की मेंटरशिप में मानव-मानुष ने पिछले एक साल में लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 2026 WTT कंटेंडर लागोस का खिताब जीता, सिंगापुर स्मैश 2026 के सेमीफाइनल में पहुंचे और 2025 WTT स्टार कंटेंडर फॉज डो इग्वाकु में रनर-अप रहे। आईची-नागोया एशियन गेम्स 2026 से पहले भारतीय टीम के लिए यह बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। हांगझोऊ एशियन गेम्स 2023 में यह जोड़ी क्वार्टर फाइनल तक पहुंची थी और इस बार पदक की प्रबल दावेदार होगी। स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… शाहीन LPL में केंडी रॉयल्स से डेब्यू करेंगे पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी पहली बार लंका प्रीमियर लीग (LPL) खेलेंगे। PCB ने उन्हें केंडी रॉयल्स के लिए एनओसी दे दिया है। हाल ही में वह वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए टीम में नहीं चुने गए थे।
खराब टेस्ट फॉर्म के बाद शाहीन का फोकस अब वनडे और टी-20 पर है। उन्होंने टी-20 इंटरनेशनल में पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा 136 विकेट लिए हैं। LPL 17 जुलाई से शुरू होगी। केंडी रॉयल्स अपना पहला मुकाबला 18 जुलाई को दांबुला सिक्सर्स के खिलाफ खेलेगी। पहली बार आईसीसी टूर्नामेंट्स में खेल सकेगी अफगान महिला रिफ्यूजी टीम ICC ने पहली बार अफगान महिला रिफ्यूजी क्रिकेट टीम के लिए ICC टूर्नामेंट्स में पहुंचने का रास्ता तय किया है। इसके तहत टीम 2030 तक ICC इवेंट्स में जगह बनाने की दौड़ में शामिल हो सकती है। हालांकि, ACB (अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड)की मान्यता नहीं होने के कारण टीम अफगानिस्तान के नाम से नहीं खेलेगी। BCCI समेत तीन बोर्ड करेंगे मदद ICC की स्पेशल टास्कफोर्स में BCCI, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और ECB शामिल हैं। यह खिलाड़ियों के लिए ट्रेनिंग और मैचों की योजना तैयार करेगी।
2021 में तालिबान के सत्ता में आने के बाद महिला क्रिकेट पर रोक लग गई थी। इसके बाद अधिकांश खिलाड़ी देश छोड़कर ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और ब्रिटेन चली गईं। जनवरी 2025 में टीम ने मेलबर्न में पहला मैच खेला।

हैल्थ इंस्पेक्टर मनोज बने 'स्टार ऑफिसर':नयागांव में लगी रोड लाइट, बोरखेड़ा में साफ हुई नालियां; मगरमच्छ और बंद वॉटर कूलर जैसी समस्या अब भी लंबित

कोटा में ‘भास्कर समाधान’ से पब्लिक को अपनी लंबित समस्याओं के समाधान भी मिल रहे हैं। आज दो अच्छी खबरें सामने आई हैं। पहली, नयागांव में अंधेरे की समस्या पोस्ट होने के बाद रोड लाइट्स लगा दी गईं और दूसरी, बोरखेड़ा में कई महीनों से कचरे से बंद पड़ी नालियों की सफाई होने से लोगों ने राहत की सांस ली है। ‘भास्कर समाधान’ पर पोस्ट की गईं ऐसी ही अन्य समस्याओं के समाधान भी प्रक्रिया में हैं। हालांकि, कुछ शिकायतें अब तक लंबित हैं। सरकारी मेडिकल कॉलेज में तीन महीने से वॉटर कूलर बंद होने से छात्रों को गर्म पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं, रेलवे कॉलोनी में नाला चोक होने से मच्छर जनित रोगों के फैलने का डर बना हुआ है। पहले एक नजर डालते हैं उन समाधानों पर जिससे लोगों की समस्याएं हल हुईं… हैल्थ इंस्पेक्टर मनोज बने ‘स्टार ऑफिसर’ पार्श्वनाथ नगर, सहारा एनक्लेव, बोरखेड़ा से अल्फेज खान ने अपने एरिया की समस्या पोस्ट की थी। उन्होंने लिखा था कि भगत वाली गली, शक्ति विहार में होली फैमिली हॉस्पिटल के पास की गली में नालियां कचरे से अटी पड़ी हैं। पानी निकलने की जगह ही नहीं है। इस समस्या के पोस्ट होने के बाद वार्ड के हैल्थ इंस्पेक्टर मनोज कुमार पचेरवाल ने सफाई करवाकर स्थानीय लोगों को राहत दिलाई है। पोस्ट के बाद कॉलोनी में लगीं रोड लाइट कोटा के रोझड़ी, नयागांव से प्रेम मेहता ने रोड लाइट से जुड़ी समस्या पोस्ट की थी। उन्होंने लिखा था कि दबूकड़ा देव महाराज, गोविंदजी की ट्यूबवैल वाली गली में लंबे समय से रोड लाइट न होने की शिकायत लंबित है। अंधेरे का लाभ उठाकर चोर और असामाजिक तत्व सक्रिय हैं। इस पर एक्शन लेते हुए संबंधित विभाग ने समाधान करवा दिया है। एप से लोगों को मिल रहा समाधान अपने क्षेत्र की समस्याएं पोस्ट कर यूजर विभागों और जिम्मेदारों को जमीनी हकीकत बता रहे हैं और अधिकारी अपनी टीम से उसका समाधान भी करवा रहे हैं। आप भी अपने क्षेत्र, वार्ड, सेक्टर, गांव या गली की समस्या हमें पोस्ट कर सकते हैं। भास्कर एप पर अपनी समस्या पोस्ट करने लिए यहां क्लिक कीजिए… अब उन समस्याओं पर एक नजर जिनके समाधान होना अभी बाकी हैं… बिजली के तारों पर गिरा टूटा पेड़ बालाकुंड की बसंत विहार कॉलोनी से अंजनी तापड़िया ने बिजली विभाग से जुड़ी समस्या पोस्ट की है। उन्होंने लिखा कि घर के सामने बिजली के खम्भे पर एक टूटा पेड़ गिरा हुआ है। साथ ही बेलों के कारण तारों पर वजन इतना बढ़ गया है कि यह कभी भी टूटकर गिर सकता है। बारिश के दिनों में करंट फैलने से हादसे का अंदेशा बना हुआ है। नाले का पानी–मगरमच्छों का डर कोटा के आदर्श नगर, बोरखेड़ा से धीरज कुमार ने नाले की समस्या पोस्ट की है। उन्होंने बताया कि श्रीजी नगर कॉलोनी में बारिश के दौरान नाले का पानी घरों में घुस जाता है। दोपहिया वाहन भी नहीं चल पाते। पानी के साथ ही 15 से 20 बड़े मगरमच्छ भी आ जाते हैं जिनसे बच्चों और मवेशियों को हमेशा खतरा बना रहता है। इसका समाधान करवाएं। 3 महीने से बंद पड़े हैं वॉटर कूलर गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज (GMC) से सभी स्टूडेंट्स ने सामूहिक रूप से यह समस्या ‘भास्कर समाधान’ पर पोस्ट की है। उन्होंने लिखा कि सरकारी मेडिकल कॉलेज की सेंट्रल लाइब्रेरी में अंदर औा बाहर लगे दोनों वॉटर कूलर बीते तीन महीने से बंद पड़े हैं। वॉटर प्यूरीफायर भी खराब हैं। इससे 500 से ज्यादा स्टूडेंट्स गर्मी में पानी के लिए परेशान हैं। कॉलेज प्रशासन को इस संबंध में जानकारी देने के बाद भी समाधान नहीं हुआ है। नाला चोक होने से लोग परेशान एस.डी. शर्मा ने कोटा जंक्शन, सोगारिया में रेलवे कॉलोनी के पास बना नाला जाम होने की समस्या पोस्ट की है। उन्होंने अपनी पोस्ट में बताया कि काफी समय से यह नाला जाम पड़ा है। लेकिन कोटा डवलपमेंट अथॉरिटी और कलेक्टर को समस्या से अवगत कराने के बाद भी इसका समाधान नहीं हुआ है। गंदगी और मच्छरों से कॉलोनीवासी परेशान हैं। पब्लिक की आवाज बना ‘भास्कर समाधान’ ‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट देशभर में इकलौता ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी सीधे अपने इलाके से जुड़े सिविक इश्यू खुद पोस्ट कर सकते हैं। ये सेगमेंट जनता को अपने गली-मोहल्ले की परेशानियां सीधे विभाग के उच्चाधिकारियों के सामने रखने की सुविधा देता है। लोगों से मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स के बाद अब इसे और अधिक प्रभावी, सरल और यूजर-फ्रेंडली बनाया गया है। अब सीधे अधिकारियों तक पहुंच रहीं समस्याएं दैनिक भास्कर के इस सेगमेंट में अधिकारी भी अपने एक्शन के बारे में बता सकेंगे। शिकायत जिस विभाग से संबंधित है, वह अब सीधे उन्हीं अधिकारियों तक पहुंचेगी। इसके बाद अधिकारी उस लोकेशन को मैप पर देख सकेंगे। यदि उन्होंने समाधान कर दिया है तो शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी एप के जरिए ही दे सकेंगे या बता सकेंगे कि अभी काम जारी है। अधिकारी चाहें तो जिस यूजर ने शिकायत की है, उसे कॉल भी कर सकते हैं। ‘भास्कर समाधान’ की ये खबरें भी पढ़िए… 1.‘भास्कर समाधान’: पोस्ट होते ही मिल रहा हल:सफाई, पानी और सड़क हैं पब्लिक की सबसे बड़ी समस्या, खुले नाले से संक्रमण का डर 2.‘भास्कर समाधान’: समस्या पोस्ट होते ही मिल रहा हल:कॉलोनी में जल भराव से आना-जाना मुश्किल, पार्क में हरे पेड़ों को सीमेंट से कवर किया 3.जयपुर में ‘भास्कर समाधान’ से चमकी स्ट्रीट लाइटें:जनता की आवाज का असर; नगर निगम उपायुक्त मनीषा यादव बनीं ‘स्टार ऑफिसर’ 4.जयपुर में पहली बारिश ने खोली प्रशासन की पोल:खाली प्लॉटों में आवारा पशुओं का डेरा; XEN रूपाराम बने आज ‘स्टार ऑफिसर’