ब्रेकिंग न्यूज़
पाली के डिस्ट्रिक्ट क्लब में बॉक्स क्रिकेट एरिना शुरू:रूफ टॉप रेस्टोरेंट का कलेक्टर ने किया शिलान्यास

पाली शहर के डिस्ट्रिक्ट क्लब में सोमवार शाम को विकास कार्यों और नई सुविधाओं की शुरुआत के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिला कलेक्टर एवं क्लब अध्यक्ष डॉ. रविंद्र गोस्वामी ने नवनिर्मित बॉक्स क्रिकेट एरिना का उद्घाटन किया। इस दौरान प्रस्तावित रूफटॉप रेस्टोरेंट का शिलान्यास (भूमि पूजन) और डिस्ट्रिक्ट क्लब के ब्रोशर का विमोचन भी किया गया। समारोह में जिला कलेक्टर गोस्वामी ने कहा कि डिस्ट्रिक्ट क्लब केवल मनोरंजन का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण संस्थान है। उन्होंने कहा कि क्लब में विकसित हो रही आधुनिक सुविधाएं सदस्यों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराएंगी और नई पीढ़ी को खेल एवं सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। क्लब सचिव पुनीत मुथा ने अतिथियों और सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी सदस्यों की जरूरतों के अनुरूप नए विकास कार्य किए जाएंगे। कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलेक्टर बजरंग सिंह चौहान, पूर्व सभापति महेंद्र बोहरा, पूर्व सभापति प्रदीप हिंगड़, एसीबी के एएसपी देरावर सिंह सोढ़ा, क्लब के पूर्व सचिव सुरेंद्र पारख, राजेंद्र सुराणा, क्लब के डायरेक्टर विवेक मेहता, राजेश पाटनेचा, सुमित कवाड़, लवकेश कोठारी, हर्ष लोढ़ा, प्रशांत मुथा, ऋषि बोहरा, विमल मूंदड़ा, अंकित पारख, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष यशपालसिंह कुम्पावत, शेरसिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।

सांवलिया सेठ के भंडार से निकले 10.11 करोड़ रुपए:पहले चरण की गिनती पूरी, अंतिम दिन होगी सोने-चांदी की भेंट की तौल

मेवाड़ के कृष्णधाम श्री सांवलियाजी मंदिर में चतुर्दशी के मौके पर सोमवार को भंडार खोला गया। पहले ही राउंड में दानपात्र से निकली राशि की काउंटिंग 10 करोड़ 11 लाख 83 हजार रुपए तक पहुंच गई। पूरे दिन बैंक कर्मियों और मंदिर मंडल के कर्मचारियों ने मिलकर काउंटिंग की। अब मंगलवार को अमावस्या होने के कारण काउंटिंग नहीं होगी। इसके बाद 15 जुलाई, बुधवार को बाकी राशि की काउंटिंग का काम आगे बढ़ेगा। अभी चेक, ऑनलाइन मिले दान और सोने-चांदी के चढ़ावे का हिसाब भी बाकी है, जिसे आखिरी दिन पूरा किया जाएगा। सुबह आरती के बाद शुरू हुई काउंटिंग श्री सांवलियाजी मंदिर में तय परंपरा के अनुसार चतुर्दशी पर भंडार खोला गया। दिन की शुरुआत मंदिर में पूजा-अर्चना से हुई। बाद में राजभोग आरती की गई। इसके बाद दानपात्र खोले गए और उनमें से निकली राशि की काउंटिंग शुरू की गई। बैंक कर्मियों और मंदिर मंडल के कर्मचारियों ने पूरे दिन मिलकर नोटों और सिक्कों की गिनती की। शाम तक पहले राउंड की काउंटिंग पूरी होने पर कुल 10 करोड़ 11 लाख 83 हजार रुपए सामने आए। पहले ही दिन 10 करोड़ रुपए से ज्यादा की काउंटिंग होने से श्रद्धालुओं में भी चर्चा का विषय बना रहा। मंगलवार को नहीं होगी काउंटिंग मंदिर मंडल के अनुसार मंगलवार को अमावस्या होने की वजह से भंडार की काउंटिंग नहीं की जाएगी। इस दिन मंदिर की धार्मिक परंपराओं के अनुसार अन्य व्यवस्थाएं रहेंगी। इसलिए काउंटिंग का काम एक दिन के लिए रोका जाएगा। अब अगला राउंड 15 जुलाई, बुधवार को होगा। उसी दिन फिर से दानपात्र में निकली बाकी राशि की काउंटिंग शुरू की जाएगी। काउंटिंग पूरी होने के बाद ही इस बार भंडार में कुल कितना दान आया, इसकी अंतिम तस्वीर सामने आएगी। अभी चेक, ऑनलाइन दान और चढ़ावे का हिसाब बाकी पहले राउंड में सिर्फ दानपात्र से निकली नकद राशि की काउंटिंग की गई है। इसके अलावा मंदिर को श्रद्धालुओं की ओर से चेक और ऑनलाइन माध्यम से भी बड़ी संख्या में दान मिलता है। वहीं सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती चढ़ावे भी अलग से जमा होते हैं। इन सभी की काउंटिंग और वजन का काम आखिरी दिन किया जाएगा। इसके बाद मंदिर मंडल भंडार का अंतिम आंकड़ा जारी करेगा। हर महीने होने वाली इस काउंटिंग पर श्रद्धालुओं के साथ-साथ पूरे मेवाड़ की नजर रहती है, क्योंकि सांवलियाजी मंदिर देश के प्रमुख आस्था केंद्रों में शामिल है और यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपनी श्रद्धा के अनुसार दान अर्पित करते हैं।

जयपुर में कल 4 घंटे बिजली रहेगी बंद:सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक रहेगा शटडाउन, गोविंददेवजी मंदिर समेत ये इलाके होंगे प्रभावित

जयपुर में बिजली उपभोक्ताओं को कल (मंगलवार) चार घंटे की बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा। विद्युत रखरखाव और तकनीकी कार्यों के चलते सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित शटडाउन किया जाएगा। इस दौरान गोविंददेवजी मंदिर क्षेत्र सहित शहर के 30 से अधिक इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से आवश्यक कार्य पहले ही निपटाने की अपील की है। ये इलाके होंगे प्रभावित… चौक, चांदनी चौक, सिटी पैलेस, जंतर-मंतर, आतिश मार्केट, शार्दुल सिंह की नाल, चीनी की बुर्ज, गोविन्द देवजी मंदिर, प्रकाश बैंड, जनता मार्केट, सब्जी मंडी ग्लोब ट्रांसपोर्ट, रामप्रकाश सिनेमा, खवास जी का रास्ता, बक्सी हेमराज की गली, कामा हाउस, बादल महल, बड़ी चौपड़, माणक चौक, फूटा खुर्रा, फूलो का खंदा, जगन्नाथ शाह का रास्ता, रामगंज बाजार, द पैलेस स्कूल, सिटी पैलेस, लाडली जी, धाभाई जी का खुर्रा, गांधी पथ, गुरु जम्भेश्वर नगर ए और आसपास का प्रभावित क्षेत्र ।

कार में नाबालिग के साथ रेप:मासूम को बेहोशी की हालत में फेंक कर फरार हुआ; आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

बाड़मेर में एक नाबालिग लड़की को कार में सुनसान जगह ले जाकर दरिंदगी करने का मामला सामने आया है। वारदात के बाद आरोपी पीड़िता को बेहोशी की हालत में वहीं छोड़कर फरार हो गया। इस दौरान गिरने से पीड़िता के सिर पर गंभीर चोट भी आई है। पुलिस ने पॉक्सो और रेप का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश में शुरू कर दी है। घटना 11 जुलाई की शाम की है। ASP नितेश आर्य के अनुसार, 16 साल की नाबालिग पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह अपने घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान पड़ोसी गांव का एक युवक ईको कार लेकर वहां पहुंचा और उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ बिठा लिया। रेप के बाद पीड़िता को फेंककर फरार हुआ
आरोपी नाबालिग को एक सुनसान इलाके में ले गया, जहां उसके साथ रेप किया। वारदात के बाद जब पीड़िता बेहोश हो गई, तो आरोपी उसे वहीं फेंक कर मौके से फरार हो गया। इस दौरान नाबालिग के सिर में गंभीर चोट आई। कुछ घंटों बाद जब उसे होश आया, तो उसने किसी तरह अपने परिजनों से संपर्क किया और आपबीती सुनाई। परिजनों ने लहूलुहान और घायल स्थिति में उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर रेप और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। महिला अपराध अनुसंधान सेल के एएसपी मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता के शुरुआती बयान दर्ज कर लिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार को पीड़िता का मेडिकल मुआयना करवाया जाएगा और इसके साथ ही अदालत में भी बयान दर्ज कराए जाएंगे। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

सरकार तय करेगी हवाई किराया, रेगुलेट करने के नियम तैयार:सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र से 2 हफ्ते में रिपोर्ट मांगी; त्योहारों पर मनमाना किराया लेती हैं एयरलाइंस

सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को 2 हफ्तों में हवाई किराया तय करने के नियम सौंपने को कहा है। त्योहारों के समय एयरलाइंस कंपनियों की ओर से मनमाने तरीके से किराया बढ़ाने को लेकर सोमवार को कोर्ट में सुनवाई हुई। जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की बेंच इस मामले से जुड़ी एक जनहित याचिका पर सुनवाई कर रही थी। इस दौरान जब केंद्र ने बताया कि हवाई किराया कंट्रोल करने के नियम तैयार हैं और इन्हें 30 दिन में संसद में पेश किया जाएगा। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि, नियम संसद में पेश हों या न हो, लेकिन सरकार को अगले दो हफ्तों के भीतर इसकी एक कॉपी ‘सीलबंद लिफाफे’ में कोर्ट में जमा करनी होगी। मामले की अगली सुनवाई अब 3 अगस्त को होगी। दो एयरलाइन का किराया अलग-अलग क्यों इससे पहले सोशल एक्टिविस्ट एस लक्ष्मीनारायणन ने एयरलाइंस कंपनियों की ओर से टिकटों के दामों में उतार-चढ़ाव और यात्रियों से मनमाना किराया वसूलने के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका लगाई थी, जिसकी सुनवाई 15 मई को हुई थी। उनकी मांग थी कि, देश में मजबूत और स्वतंत्र रेगुलेटर बनाया जाए, जो एयरलाइनों के किराए और एक्स्ट्रा चार्जेस पर निगरानी रखे। सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता ने बेंच से कहा- हवाई किराया 300% तक बढ़ जाता है। इस पर बेंच ने मजाक में कहा- वकीलों की फीस भी कई बार 400% तक बढ़ जाती है, अब क्या किया जाए।
30 अप्रैल की सुनवाई में सरकार को फटकार लगाई थी इससे पहले 30 अप्रैल को सुप्रीम कोर्ट ने एक पिटीशन पर एफिडेविट फाइल न करने के लिए केंद्र की खिंचाई की थी, जिसमें भारत में प्राइवेट एयरलाइन्स के हवाई किराए और सहायक चार्ज में अप्रत्याशित उतार-चढ़ाव को कंट्रोल करने के लिए रेगुलेटरी गाइडलाइंस की मांग की गई थी। कोर्ट ने केंद्र से एक एफिडेविट के साथ एक एप्लिकेशन फाइल करने को कहा था, जिसमें यह बताने के निर्देश दिए गए थे कि एफिडेविट फाइल क्यों नहीं किया गया है। इसके लिए और समय क्यों मांगा गया है। हवाई किराए पर पहले भी फटकार लगा चुका सुप्रीम कोर्ट 23 फरवरी 2026: त्योहारों में हवाई किराया बढ़ाने पर जवाब मांगा था- सुप्रीम कोर्ट ने फरवरी में त्योहारों और इमरजेंसी हालातों में प्राइवेट एयरलाइंस के हवाई किराए बढ़ाने को लेकर चिंता जताई थी। कोर्ट ने कहा था कि यह एक बहुत गंभीर चिंता का विषय है। वरना, हम 32 पिटीशन पर विचार नहीं करते। केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि सिविल एविएशन मिनिस्ट्री इस मुद्दे पर विचार कर रही है। पढ़ें पूरी खबर… 17 नवंबर 2025: सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र, DGCA और AERA से हवाई किराए की मनमानी पर जवाब मांगा- सुप्रीम कोर्ट ने देश में हवाई जहाज के किराए और एक्स्ट्रा टैक्स में होने वाले अचानक उतार-चढ़ाव पर नियंत्रण की मांग वाली याचिका पर सुनवाई की। सामाजिक कार्यकर्ता एस. लक्ष्मीनारायणन की जनहित याचिका पर कोर्ट ने केंद्र सरकार, DGCA और एयरपोर्ट इकोनॉमिक रेगुलेटरी अथॉरिटी (AERA) को नोटिस जारी कर चार हफ्ते में जवाब मांगा। पढ़ें पूरी खबर… एयरलाइंस के लिए सबसे बड़ा खर्च है जेट फ्यूल जेट फ्यूल की कीमतें बढ़ने के चलते दुनियाभर की एयरलाइंस ने न सिर्फ टिकट के दाम बढ़ा दिए हैं, बल्कि अपने भविष्य के वित्तीय अनुमानों यानी फाइनेंशियल आउटलुक को भी वापस लिया है। एयरलाइंस के लिए जेट फ्यूल सबसे बड़ा खर्च होता है। कुल ऑपरेटिंग खर्च में इसकी हिस्सेदारी 30% से 40% होती है। ……………………………… ये खबर भी पढ़ें… एयर टिकट बुकिंग 48 घंटे में कैंसिल की तो फुल-रिफंड: फ्लाइट से 7 दिन पहले बुकिंग जरूरी, DGCA के नए नियम; जानें बदलाव नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने गुरुवार को हवाई यात्रा के टिकट रिफंड और कैंसिल करने से जुड़े नियमों में बदलाव किया है। नए नियमों के मुताबिक, अब टिकट बुक करने के 48 घंटे के भीतर कैंसिल या बदलाव करने पर एक्स्ट्रा चार्ज नहीं लगेगा, यानी टिकट का पूरा अमाउंट रिफंड किया जाएगा। यह फैसला यात्रियों की बढ़ती शिकायतों और हाल ही में इंडिगो की उड़ानों में हुई दिक्कतों के बाद लिया गया है। पूरी खबर पढ़ें…

वैश्विक रेस में पिछड़ा उदयपुर, जयपुर टॉप-10 में शामिल:दो साल पहले जो शहर एशिया में नंबर-1 था, अब दुनिया में 12वें और एशिया में 8वें स्थान पर खिसका

ग्लोबल टूरिज्म के मंच पर राजस्थान के दो सबसे खूबसूरत शहरों उदयपुर और जयपुर को रैंक मिली है। अमेरिकी ट्रैवल मैगजीन ‘ट्रैवल + लीजर’ के प्रतिष्ठित वर्ल्ड्स बेस्ट अवॉर्ड्स-2026 की ताजा रैंकिंग में लेकसिटी उदयपुर को बड़ा झटका लगा है। पिंकसिटी जयपुर ने एशिया के टॉप शहरों में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराते हुए 10वां स्थान हासिल किया है। उदयपुर 2024 में दुनिया का दूसरा सबसे खूबसूरत और एशिया का सर्वश्रेष्ठ शहर बना था, वह इस बार बड़ी गिरावट के साथ दुनिया में 12वें स्थान पर फिसल गया है। वहीं, एशिया के बेस्ट शहरों की लिस्ट में उदयपुर अब खिसककर 8वें पायदान पर आ गया है। इस वैश्विक सर्वे में दुनिया भर के 6 लाख 61 हजार से अधिक पाठकों ने ऑनलाइन वोटिंग और रिव्यू के जरिए भाग लिया। यह चयन मुख्य रूप से शहरों की कला-संस्कृति, ऐतिहासिक बनावट, स्थानीय लोगों का पर्यटकों के प्रति दोस्ताना व्यवहार, वर्ल्ड क्लास होटल, खान-पान और बेहतरीन शॉपिंग के अनुभवों के आधार पर किया जाता है। उदयपुर का स्कोर इस बार 89.91 रहा। ‘ओवर टूरिज्म’ के कारण घटी लेकसिटी की रैंकिंग होटल एक्सपर्ट्स के अनुसार, लेकसिटी की रैंकिंग घटने की सबसे बड़ी वजह शहर पर बढ़ता ‘ओवर टूरिज्म’ का दबाव रहा। पर्यटन सीजन में क्षमता से ज्यादा सैलानियों के आने से ट्रैफिक, जाम और पार्किंग की बड़ी समस्याएं खड़ी हुईं। साथ ही झीलों के आसपास बढ़ते अतिक्रमण, साफ-सफाई की कमी और बुनियादी पर्यटक सुविधाओं के विस्तार की धीमी रफ्तार ने उदयपुर की रैंकिंग को नीचे धकेल दिया। जयपुर को यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट का भी दर्जा दूसरी तरफ, पिंक सिटी जयपुर ने सैलानियों को अपनी बेहतरीन व्यवस्थाओं से खासा प्रभावित किया है। जयपुर के टॉप-10 में बने रहने की सबसे बड़ी वजह इसकी शानदार और व्यवस्थित टाउन प्लानिंग रही, जिसके कारण इसे यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट का दर्जा भी मिला हुआ है। पर्यटकों को जयपुर की सड़कों और शाही माहौल ने किया आकर्षित दिल्ली और मुंबई की व्यस्त भूलभुलैया के मुकाबले पर्यटकों को जयपुर की सड़कें और यहां का शाही माहौल ज्यादा आरामदायक लगा। इसके अलावा जयपुर का हस्तशिल्प, रत्न-आभूषणों का बाजार और कपड़ा उद्योग पूरी दुनिया के खरीदारों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। जयपुर के शाही होटलों ने पूरी लिस्ट पर जमाया कब्जा होटल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर की बात करें तो राजस्थान के इन दोनों शहरों ने भारत की लाज बचाए रखी है। भारत के सर्वश्रेष्ठ रिसॉर्ट्स की लिस्ट में उदयपुर के ‘द लीला पैलेस’ ने 97.91 अंकों के साथ देश में दूसरा स्थान और वैश्विक स्तर पर 88वीं रैंक हासिल की। वहीं जयपुर के शाही होटलों ने तो पूरी लिस्ट पर कब्जा जमा लिया। ‘रामबाग पैलेस’ देश का तीसरा सबसे बेहतरीन रिसॉर्ट महाराजाओं के पूर्व महल ‘रामबाग पैलेस जयपुर’ को देश का तीसरा सबसे बेहतरीन रिसॉर्ट चुना गया। अरावली की वादियों के बीच स्थित ‘द ओबेरॉय राजविलास’ चौथे और आलीशान ‘द लीला पैलेस जयपुर’ पांचवें पायदान पर रहे। इनके अलावा ऐतिहासिक ‘द राज पैलेस’ और 18 एकड़ में फैले ‘जय महल पैलेस’ ने भी जयपुर की मेहमाननवाजी को दुनिया में सर्वश्रेष्ठ बनाया है। दुनिया के टॉप-10 शहरों में ‘सैन मिगुएल डी अलेंदे’ का पहला स्थान दुनिया के टॉप-10 शहरों में इस बार मेक्सिको के ‘सैन मिगुएल डी अलेंदे’ ने दुनिया में पहला स्थान हासिल किया है। इसके बाद जापान का क्योटो दूसरे, थाईलैंड का चियांग माई तीसरे, वियतनाम का होई अन चौथे और मेक्सिको का ओक्साका पांचवें स्थान पर रहा। दुनिया के बाकी टॉप शहरों में थाईलैंड का बैंकॉक छठे, इजराइल का जेरूसलम सातवें, कंबोडिया का सिएम रीप आठवें, मेक्सिको सिटी नौवें और जापान का टोक्यो दसवें स्थान पर काबिज रहे।

लोहावट से परीक्षा केंद्र फलोदी ट्रांसफर करने का विरोध:स्टूडेंट्स ने किया प्रदर्शन, बोले-35 किलोमीटर आने-जाने में होगी परेशानी

जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय द्वारा लोहावट के एक निजी महाविद्यालय का परीक्षा केंद्र फलोदी ट्रांसफर करने के विरोध में सोमवार को बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन किया। छात्रों ने उपखंड मुख्यालय पर तहसीलदार के माध्यम से कुलगुरु को ज्ञापन सौंपकर परीक्षा केंद्र को पुनः लोहावट में बहाल करने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। लोहावट से हटाकर फलोदी किया परीक्षा केंद्र ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कुछ दिन पहले यूनिवर्सिटी की उड़नदस्ता टीम परीक्षा निरीक्षण के लिए कॉलेज पहुंची थी। कॉलेज प्रबंधन का दावा है कि निरीक्षण के दौरान कोई नकल सामग्री या परीक्षा संबंधी अनियमितता नहीं पाई गई। हालांकि, टीम के सदस्य प्रोफेसर गौरव जैन पर कथित रूप से सामूहिक नकल का प्रकरण बनाकर यूनिवर्सिटी को भेजने का आरोप है, जिसके आधार पर परीक्षा केंद्र लोहावट से हटाकर फलोदी कर दिया गया। 35 किलोमीटर दूर होने से स्टूडेंट्स को परेशानी छात्र-छात्राओं का कहना है कि परीक्षा केंद्र 35 किलोमीटर दूर स्थानांतरित होने से उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। प्रदर्शन में शामिल छात्रा कोमल ने बताया कि कई परीक्षार्थी पहले से ही दूरदराज के क्षेत्रों से लोहावट परीक्षा देने आते थे। अब उन्हें और अधिक दूरी तय करनी पड़ेगी, जिससे समय और आर्थिक बोझ दोनों बढ़ेंगे। कॉलेज प्रबंधन ने कुलगुरु प्रो. पी.के. शर्मा को दिए ज्ञापन में प्रोफेसर गौरव जैन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रबंधन का कहना है कि भूगोल की प्रायोगिक परीक्षा के दौरान प्रोफेसर जैन ने कथित रूप से विद्यार्थियों से परीक्षा में उत्तीर्ण कराने के नाम पर धनराशि की मांग की थी। महाविद्यालय के अनुसार, छात्रों को पैसे न देने की सलाह देने के बाद प्रोफेसर ने महाविद्यालय के प्रति द्वेषपूर्ण रवैया अपनाया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। निष्पक्ष जांच की मांग स्टूडेंट्स का कहना है कि कॉलेज प्रबंधन ने यह भी बताया कि उसने पूरे परीक्षा केंद्र के सीसीटीवी फुटेज विश्वविद्यालय को उपलब्ध कराए हैं, जिनमें किसी प्रकार की अनियमितता दिखाई नहीं देती। प्रबंधन ने कुलगुरु से मामले की निष्पक्ष जांच करने और दोषी पाए जाने पर संबंधित प्रोफेसर के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने एक बार फिर परीक्षा केंद्र को पुनः लोहावट में बहाल करने की मांग दोहराई है।

राजस्थान में सितंबर-नवंबर के बीच हो सकते हैं पंचायत-निकाय चुनाव:हाईकोर्ट ने 31 जुलाई तक कराने को कहा था; सरकार ने मांगा समय

राजस्थान में पंचायत और निकाय चुनाव सितंबर से नवंबर के बीच होंगे। इसके संकेत हाईकोर्ट में सरकार की ओर से लगाए गए चुनाव टालने के प्रार्थना पत्र में मिलते हैं। सरकार ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र लगाकर 31 जुलाई तक चुनाव कराने की समय सीमा को बढ़ाने की मांग की है। सरकार ने प्रार्थना पत्र में ओबीसी आयोग और राज्य निर्वाचन आयोग के साथ हुए पत्राचार की डिटेल देते हुए कोर्ट से चुनाव टालने की मांग की है। सरकार ने कहा कि अभी तक ओबीसी आयोग से राजनीतिक आरक्षण की रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। प्रदेश में ओबीसी की जनसंख्या 50 प्रतिशत है। ऐसे में उनके राजनीतिक आरक्षण का निर्धारण किए बिना चुनाव कराना उचित नहीं होगा। इसलिए चुनाव कराने के लिए पर्याप्त समय दिया जाए। चुनाव प्रक्रिया में 90 दिन का समय लगेगा सरकार ने निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायतीराज विभाग को लिखे पत्र का हवाला देते हुए कहा- राज्य निर्वाचन आयोग का कहना है कि सरकार से आरक्षण अनुसार जानकारी मिलने के बाद निर्वाचन आयोग को चुनाव प्रक्रिया पूरी करने में करीब 90 दिन का समय लगेगा। आयोग ने नगरीय निकायों के चुनाव दो चरणों में कराने के लिए 40 दिन और पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव चार चरणों में कराने के लिए 50 दिन का समय मांगा है। सरकार के इस जवाब से पता चलता है कि अगर सरकार 31 अगस्त तक आरक्षणवार विवरण राज्य निर्वाचन आयोग को सौंप देती है तो आयोग सितंबर से नवंबर तक पंचायत-निकाय चुनाव करा लेगा। कोर्ट ने दिए थे 31 जुलाई तक चुनाव कराने के आदेश राजस्थान हाईकोर्ट ने पहले आयोग और सरकार को 15 अप्रेल तक प्रदेश में निकाय-पंचायत चुनाव कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद सरकार और आयोग ने अदालत में प्रार्थना पत्र लगाकर चुनाव टालने की अपील की थी। प्रार्थना पत्र पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने समय देते हुए 31 जुलाई तक हर हाल में चुनाव कराने के लिए कहा था। वहीं, ओबीसी आयोग को भी 20 जून तक अपनी रिपोर्ट देने के लिए बोला था। 14 जुलाई को अवमानना याचिका पर सुनवाई सरकार और राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा कोर्ट की तय समय सीमा में चुनाव नहीं कराने पर याचिकाकर्ता पूर्व विधायक संयम लोढ़ा और गिर्राज सिंह देवंदा ने दोनों के खिलाफ अवमानना याचिका दायर की है। इस पर मंगलवार को जस्टिस इंद्रजीत सिंह की खंडपीठ सुनवाई करेगी। … ये खबर भी पढ़िए… राजस्थान में 31 जुलाई तक नहीं होंगे निकाय-पंचायत चुनाव:आयोग ने कहा- 90 दिन का समय लगेगा, जानें- ओबीसी आयोग कब सौंपेगा रिपोर्ट

​हाईकोर्ट ने कहा- भारत-पाक बॉर्डर पर हर-प्रॉपर्टी की होगी जांच:सीमा से सटे धार्मिक स्थल-निर्माणों पर सुनाया फैसला; जिला स्तर पर बनेगी कमेटी

राजस्थान हाईकोर्ट ने भारत-पाक सीमा से सटे 0 से 50 किलोमीटर क्षेत्र स्थित धार्मिक स्थल और अन्य निर्माणों से जुड़े मामलों में फैसला सुनाते हुए कहा- राष्ट्रीय सुरक्षा सर्वोच्च है। हाईकोर्ट ने याचिकाएं खारिज करते हुए निर्दे​श ​दिए कि प्रत्येक संपत्ति की अलग-अलग जांच की जाएगी। नेशनल सिक्योरिटी से जुड़ा मामला होने के कारण इस मामले की सुनवाई सोमवार को बंद कमरे में हुई। हाईकोर्ट ने हर प्रॉपर्टी की जांच के निर्देश देते हुए इसके लिए कमेटी गठित करने के भी आदेश दिए। कमेटी में कलेक्टर, एसपी समेत सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के प्रतिनिधि शामिल रहेंगे। समिति राष्ट्रीय सुरक्षा, भूमि के स्वामित्व, वैध अनुमतियों और अन्य सहायक तथ्यों की जांच कर रिपोर्ट देगी। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। जस्टिस समीर जैन की एकलपीठ ने आदेश में कहा- सीमा क्षेत्र में स्थित प्रत्येक संपत्ति की परिस्थितियां अलग-अलग हैं, इसलिए सभी मामलों का एक जैसा निर्णय नहीं किया जा सकता। हाईकोर्ट ने माना- पक्ष रखने का भी अवसर दिया कोर्ट ने कहा- जिन मामलों में भूमि के स्वामित्व, कब्जे, निर्माण की वैधता और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े प्रश्न हैं, उनकी जांच सक्षम प्राधिकारी द्वारा करना आवश्यक है। हाईकोर्ट ने माना- संबंधित पक्षों को कारण बताओ नोटिस जारी किए थे। अपना पक्ष रखने का अवसर भी दिया गया था। ऐसे में सीधे रिट याचिका दायर करने के बजाय उन्हें वैधानिक प्रक्रिया अपनानी चाहिए थी। कोर्ट ने कहा- राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में प्राकृतिक न्याय के सिद्धांत लागू रहते हैं, लेकिन परिस्थितियों के अनुसार उनमें आवश्यक लचीलापन रखा जा सकता है। कोर्ट ने कहा- सक्षम प्राधिकारी कानून के अनुरूप अंतिम निर्णय लेगा। सीमा क्षेत्र में सार्वजनिक हित और राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा सर्वोपरि है, इसलिए ऐसे मामलों में संतुलित और तथ्य आधारित निर्णय आवश्यक है। क्या है पूरा मामला? केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर सुरक्षा एजेंसियों ने सीमावर्ती इलाकों का सर्वे किया था। इसमें सामने आया कि भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे 0 से 50 किलोमीटर के संवेदनशील सुरक्षा दायरे में पिछले कुछ वर्षों में जिला कलेक्टर की बिना अनुमति के कई मदरसे, मस्जिदें, दरगाह और अन्य निर्माण खड़े कर लिए गए। गोचर (चरागाह), ओरण और सरकारी जमीनों पर हुए इस अवैध कब्जे को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा माना गया। इसके बाद प्रशासन ने इन अवैध ढांचों को हटाने के लिए नोटिस जारी किए, जिसे स्थानीय समितियों ने हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। अब हाईकोर्ट ने राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए इन याचिकाओं को खारिज कर दिया है। यह था ‘ऑपरेशन क्लीन’ सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमण को पूरी तरह साफ करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय और राजस्थान स्थानीय प्रशासन ने संयुक्त अभियान शुरू किया, जिसे ‘ऑपरेशन क्लीन’ (या ऑपरेशन क्लीन स्वीप) नाम दिया गया। इसका मुख्य उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास 50 किलोमीटर के दायरे (BSF के बढ़े हुए अधिकार क्षेत्र) में मौजूद सभी अवैध, संदिग्ध और बिना अनुमति वाले ढांचों को हटाकर देश की सीमा को सुरक्षित करना है। कहां-कहां और क्या-क्या हुई कार्रवाई?

14 जुलाई का राशिफल:वृष और कन्या राशि वालों की आर्थिक स्थिति बेहतर होगी, तुला राशि की नौकरीपेशा महिलाओं को उपलब्धि मिल सकती है

14 जुलाई, मंगलवार को वृष राशि वालों की आर्थिक स्थिति बेहतर होगी। कन्या राशि वाले बिजनेस बढ़ाने की योजनाओं पर काम शुरू कर सकते हैं और आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। तुला राशि की नौकरीपेशा महिलाओं को काम में महत्वपूर्ण उपलब्धि मिलने के योग हैं। मीन राशि वालों का उधार दिया पैसा वापस आ सकता है। कर्क राशि वालों की बिजनेस यात्रा फायदेमंद रहेगी। मिथुन और कुंभ राशि वालों को वाहन चलाते समय सावधानी रखनी होगी। एस्ट्रोलॉजर डॉ. अजय भाम्बी के मुताबिक 12 राशियों के लिए कुछ ऐसा रहेगा दिन मेष – पॉजिटिव- ज्यादा व्यस्तता और तनाव से राहत पाने के लिए कुछ समय पसंदीदा कामों में बिताएं। इससे आप खुश और ऊर्जावान महसूस करेंगे। कोई विवाद चल रहा है तो फैसला आपके पक्ष में आ सकता है। घर की सुख-सुविधा से जुड़ी चीजों की ऑनलाइन खरीदारी भी कर सकते हैं।
नेगेटिव- युवाओं को इस समय बहुत समझदारी से काम करना होगा। किसी योजना पर अच्छी तरह सोचने के बाद ही काम शुरू करें। सार्वजनिक जगह पर विवाद की स्थिति बन सकती है। गुस्से और अहंकार पर काबू रखें, वरना बनी हुई बात बिगड़ सकती है। बिजनेस- बिजनेस के लिए उपलब्धियों वाला समय है। तकनीक से जुड़े कामों में आपका दिमाग तेजी से चलेगा। स्टाफ और कर्मचारियों का सहयोग मिलेगा। ऑफिस में अधिकारियों के साथ कोई प्रोजेक्ट पूरा करने में आपका खास योगदान रहेगा।
लव- वैवाहिक जीवन सुखद रहेगा। प्रेम संबंधों में तालमेल की कमी से गलतफहमी हो सकती है। एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें।
स्वास्थ्य- सोच सकारात्मक रखें। पुरानी नकारात्मक बातों को बार-बार याद करने से तनाव और उदासी बढ़ सकती है।
भाग्यशाली रंग- बादामी, भाग्यशाली अंक- 2 वृष – पॉजिटिव- पूरे दिन सक्रियता बनी रहेगी। किसी काम में सफलता मिलने से उत्साह बढ़ेगा और दिनभर की थकान भी महसूस नहीं होगी। युवाओं और विद्यार्थियों को प्रतियोगिता में जीत मिलने के अच्छे योग हैं।
नेगेटिव- पैतृक संपत्ति से जुड़े विवाद में थोड़े तनाव के बाद समाधान मिल सकता है। कुछ लोग आपके काम में रुकावट डालने की कोशिश करेंगे। किसी के बहकावे में न आएं। अचानक खर्च सामने आ सकता है, इसलिए बजट बनाकर चलें। बिजनेस- काम में गंभीरता और एकाग्रता जरूरी है। लाभदायक ऑर्डर मिलने की संभावना है और आर्थिक स्थिति भी बेहतर होगी। इनकम टैक्स और सेल्स टैक्स से जुड़े काम समय पर पूरे रखें। सरकारी नौकरी करने वालों को ज्यादा काम से कुछ राहत मिलेगी।
लव- पारिवारिक माहौल सुखद रहेगा। मेहमानों के आने और मौज-मस्ती में समय बीतेगा। किसी खास मित्र से मुलाकात पुरानी यादें ताजा करेगी।
स्वास्थ्य- खांसी, जुकाम या एलर्जी जैसी मौसमी परेशानी हो सकती है। इलाज के साथ खानपान और दिनचर्या का भी ध्यान रखें।
भाग्यशाली रंग- पीला, भाग्यशाली अंक- 3 मिथुन – पॉजिटिव- समय और भाग्य आपके लिए अच्छे मौके बना रहे हैं, लेकिन मेहनत से ही सही नतीजे मिलेंगे। अपने समय और ऊर्जा का पूरा इस्तेमाल करें। प्रॉपर्टी से जुड़ी योजना पूरी होने का समय आ गया है।
नेगेटिव- विपरीत स्थिति में गुस्सा न करें और शांति से समाधान निकालें। खर्च ज्यादा हो सकते हैं, लेकिन जल्दी ही स्थिति संभल जाएगी। युवाओं को मन मुताबिक सफलता न मिलने पर धैर्य रखना होगा। बिजनेस- बिजनेस में ज्यादा समय देना जरूरी है। थोड़ी सी लापरवाही से नुकसान हो सकता है। पार्टनरशिप के काम सफल रहेंगे। कोई भी फैसला भावनाओं में आकर नहीं, सोच-समझकर लें। सरकारी नौकरी में काम बढ़ सकता है।
लव- वैवाहिक जीवन सुखद रहेगा। प्रेम संबंधों में नजदीकियां बढ़ेंगी और आपसी भरोसा मजबूत होगा।
स्वास्थ्य- चोट या दुर्घटना की आशंका है। जोखिम वाले कामों से दूर रहें और वाहन चलाते समय सावधानी रखें।
भाग्यशाली रंग- सफेद, भाग्यशाली अंक- 9 कर्क – पॉजिटिव- समय सुखद रहेगा। आप किसी परेशानी को आसानी से दूर करने में सफल होंगे। जगह बदलने की योजना पर चर्चा हो सकती है। पैतृक संपत्ति से जुड़ा मामला भी सुलझने के योग हैं। किसी करीबी मित्र की सलाह आपको सही रास्ता दिखाएगी।
नेगेटिव- परिवार के किसी सदस्य की आर्थिक मदद करनी पड़ सकती है। अपनी जरूरी चीजें संभालकर रखें, लापरवाही से नुकसान हो सकता है। किसी अनजान व्यक्ति को अपनी निजी योजनाएं न बताएं, वरना वह फायदा उठा सकता है। बिजनेस- बिजनेस के सिलसिले में यात्रा का कार्यक्रम बन सकता है और इससे मनचाहा फायदा मिलेगा। प्रॉपर्टी से जुड़े कामों में सावधानी आपको बड़ी परेशानी से बचाएगी। बिजनेस शुरू करने या काम जमाने की कोशिश कर रहे युवाओं को मन मुताबिक सफलता मिल सकती है।
लव- पति-पत्नी मिलकर घर की व्यवस्था बेहतर बनाएंगे। युवाओं को ऐसे प्रेम संबंधों से दूर रहना चाहिए, जिनमें केवल समय बर्बाद हो रहा हो।
स्वास्थ्य- ब्लड प्रेशर और डायबिटीज के मरीज दिनचर्या व्यवस्थित रखें। दवा, खानपान और आराम में लापरवाही न करें।
भाग्यशाली रंग- गुलाबी, भाग्यशाली अंक- 4 सिंह – पॉजिटिव- दिन बहुत व्यस्त रहेगा, लेकिन मजबूत मनोबल से सभी काम व्यवस्थित कर लेंगे। किसी खास व्यक्ति के साथ रहने से आपकी सोच में सकारात्मक बदलाव आएगा। घर की देखभाल और व्यवस्था में भी आपका योगदान रहेगा।
नेगेटिव- बजट से ज्यादा खर्च चिंता बढ़ा सकता है। दूसरों की सलाह पर शक करने से पहले उसे समझने की कोशिश करें। बेवजह शक करने से संबंध बिगड़ सकते हैं। यात्रा के दौरान सेहत और सामान का ध्यान रखें। बिजनेस- बिजनेस में चुनौतियां बनी रहेंगी, लेकिन मेहनत और योग्यता से उनका समाधान निकाल लेंगे। आयात-निर्यात के काम में अच्छे हालात बनेंगे और सही ऑर्डर मिल सकते हैं। मार्केटिंग से जुड़े लेनदेन में सावधानी रखें।
लव- पारिवारिक मामलों में बाहरी लोगों को दखल न देने दें। परिवार के सदस्यों का आपसी तालमेल घर की व्यवस्था सुखद रखेगा।
स्वास्थ्य- तनाव और थकान से बचें। इसका असर आपकी सेहत और काम करने की क्षमता पर पड़ सकता है।
भाग्यशाली रंग- हरा, भाग्यशाली अंक- 5 कन्या – पॉजिटिव- लंबे समय से चल रही स्वास्थ्य समस्या से राहत मिलने पर मानसिक शांति और ऊर्जा महसूस होगी। किसी अनुभवी व्यक्ति का मार्गदर्शन मिलेगा। सफलता का नया रास्ता खुल सकता है और आपकी कोई बड़ी चिंता दूर होगी।
नेगेटिव- विरोधी सक्रिय हो सकते हैं, इसलिए उनकी गतिविधियों को नजरअंदाज न करें। आर्थिक उलझनें सामने आएंगी, लेकिन आप हिम्मत से उनका सामना करेंगे और समाधान भी निकाल लेंगे। बिजनेस- काम बढ़ाने की योजनाओं पर अमल करने के लिए अच्छा समय है। आर्थिक पक्ष भी मजबूत रहेगा। बिजनेस से जुड़े फैसले खुद लें और जरूरत से ज्यादा दखल न होने दें। इससे कामकाज बेहतर होगा।
लव- आपकी व्यस्तता के बावजूद जीवनसाथी परिवार की देखभाल में पूरा सहयोग देगा। प्रेम संबंधों में मर्यादा और आपसी सम्मान बना रहेगा।
स्वास्थ्य- बदलते मौसम और नकारात्मक माहौल से बचाव रखें। रोगों से लड़ने की क्षमता मजबूत रखने के लिए सही खानपान, नींद और व्यायाम पर ध्यान दें।
भाग्यशाली रंग- लाल, भाग्यशाली अंक- 2 तुला – पॉजिटिव- पिछले कुछ समय से चल रही चिंता से राहत मिलेगी। सामाजिक संबंध मजबूत होंगे। परिवार के किसी वरिष्ठ सदस्य से कीमती उपहार मिल सकता है। घर के किसी सदस्य के विवाह के लिए अच्छा रिश्ता आने की संभावना है।
नेगेटिव- सरकारी काम लापरवाही से अधूरा न छोड़ें, वरना परेशानी हो सकती है। प्रॉपर्टी से जुड़ा मामला अभी और उलझ सकता है। तनाव लेने के बजाय सही सलाह लेकर समाधान निकालें। बिजनेस- किसी अनुभवी व्यक्ति की मदद से खास प्रोजेक्ट पूरा हो सकता है। विरोधियों की गतिविधियों को लेकर लापरवाह न रहें। महिलाओं से जुड़े बिजनेस सफल रहेंगे। नौकरीपेशा महिलाओं को महत्वपूर्ण उपलब्धि मिल सकती है।
लव- घर में खुशहाली रहेगी। परिवार के साथ मनोरंजन का कार्यक्रम बनेगा। प्रेम संबंधों में भी मधुरता बनी रहेगी।
स्वास्थ्य- किसी भी तरह के नशे से दूर रहें। व्यस्तता के बावजूद दिनचर्या और खानपान पर ध्यान देना जरूरी है।
भाग्यशाली रंग- नीला, भाग्यशाली अंक- 1 वृश्चिक – पॉजिटिव- परिवार से जुड़ी योजना पर काम शुरू करने का अच्छा समय है। अपनी समझदारी और अच्छे व्यवहार से लक्ष्य हासिल कर लेंगे। आज किसी फोन कॉल को नजरअंदाज न करें, उससे जरूरी जानकारी मिल सकती है।
नेगेटिव- छोटी सी बात पर घर में विवाद हो सकता है। शांति से समस्या सुलझाएं। बच्चों पर जरूरत से ज्यादा अनुशासन न रखें, वरना उनकी काम करने और सीखने की क्षमता प्रभावित हो सकती है। बिजनेस- बिजनेस की गतिविधियों को गंभीरता से लें। कंसल्टेंसी से जुड़े काम फायदेमंद रहेंगे। कोई नया प्रयोग करने जा रहे हैं तो पूरी सावधानी रखें। ऑफिस में प्रोजेक्ट पूरा करने के लिए साथ काम करने वालों का पूरा सहयोग मिलेगा।
लव- घर-परिवार के प्रति सहयोग और जिम्मेदारी निभाएं। प्रेम संबंधों में ईमानदारी रखना जरूरी है।
स्वास्थ्य- तनाव, उदासी और मौसमी बीमारियों से बचने के लिए सकारात्मक रहें। व्यायाम और ध्यान के लिए समय निकालें।
भाग्यशाली रंग- जामुनी, भाग्यशाली अंक- 8 धनु – पॉजिटिव- दिनचर्या में नयापन लाने के लिए रचनात्मक कामों में रुचि बढ़ेगी। व्यक्तित्व बेहतर बनाने की कोशिश करेंगे। प्रभावशाली लोगों से मुलाकात होगी और नई जानकारियां मिलेंगी। सही प्रयासों से आय के साधन मजबूत होंगे। अविवाहित सदस्य के लिए अच्छा रिश्ता आ सकता है।
नेगेटिव- सोच सकारात्मक रखें और सभी काम योजना बनाकर करें। एक साथ कई कामों में उलझने से बचें। सही दिशा में लगातार प्रयास करने पर ही मन मुताबिक सफलता मिलेगी। बिजनेस- बिजनेस में मेहनत ज्यादा और नतीजे कम मिलने जैसी स्थिति रहेगी। मौजूदा हालात में धैर्य रखना जरूरी है। नौकरी में भी छोटी-मोटी परेशानियां बनी रहेंगी। अधिकारियों से अच्छे संबंध बनाए रखें।
लव- परिवार के सदस्यों के बीच प्रेम और तालमेल बना रहेगा। इससे घर की व्यवस्था सुखद रहेगी।
स्वास्थ्य- नसों में खिंचाव और दर्द परेशान कर सकता है। नियमित व्यायाम और योग से राहत मिलेगी।
भाग्यशाली रंग- गुलाबी, भाग्यशाली अंक- 9 मकर – पॉजिटिव- दिन ऊर्जा से भरपूर रहेगा। हर काम पूरे उत्साह से करेंगे और अच्छे नतीजे मिलेंगे। रचनात्मक कामों में समय बीतेगा। कुछ निजी समस्याएं रहेंगी, लेकिन आप समझदारी से उनका समाधान निकाल लेंगे।
नेगेटिव- प्रॉपर्टी से जुड़े कामों के लिए भागदौड़ करनी पड़ सकती है। पुरानी बात को लेकर किसी मित्र से मनमुटाव हो सकता है। बोलते समय नकारात्मक शब्दों से बचें। खर्चों पर काबू नहीं रखा तो बजट बिगड़ सकता है। बिजनेस- अपनी मेहनत और समझदारी से विरोधियों की चाल नाकाम कर देंगे। स्टाफ और कर्मचारियों के सहयोग से काम नहीं रुकेंगे। लक्ष्य हासिल करने की कोशिश कर रहे युवाओं को ज्यादा मेहनत करनी होगी।
लव- पति-पत्नी आपसी तालमेल से घर की व्यवस्था सुखद और अनुशासित रखेंगे। दोस्तों से मिलने का कार्यक्रम भी बन सकता है।
स्वास्थ्य- ज्यादा मेहनत से कमजोरी और तनाव महसूस हो सकता है। व्यस्तता के बीच आराम के लिए भी समय निकालें।
भाग्यशाली रंग- लाल, भाग्यशाली अंक- 5 कुंभ – पॉजिटिव- संतान को लेकर बनी कोई योजना पूरी हो सकती है। लाभ के नए रास्ते खुलेंगे। लंबे समय से चल रही चिंता दूर होगी और मानसिक शांति मिलेगी। आर्थिक मामलों में लिए गए ठोस फैसले सफल रहेंगे।
नेगेटिव- दूसरों के मामलों में दखल न दें। किसी बाहरी व्यक्ति के कारण परिवार में छोटी बात पर गलतफहमी हो सकती है। विद्यार्थी गलत संगत और नकारात्मक सोच वाले दोस्तों से दूरी रखें। बिजनेस- मनचाहा नतीजा न मिलने से चिंता रहेगी। आपकी कोई ऐसी बात सामने आ सकती है, जिसे आप गोपनीय रखना चाहते थे। नौकरीपेशा लोगों को अचानक ऐसी ऑफिस यात्रा करनी पड़ सकती है, जिसे वे टालना चाहते थे।
लव- दांपत्य जीवन के मनमुटाव को बैठकर और सहज तरीके से सुलझाएं। इससे संबंध फिर बेहतर होंगे। प्रेम संबंधों में मधुरता बनी रहेगी।
स्वास्थ्य- वाहन चलाते समय लापरवाही न करें। नशे और तनाव से दूर रहें।
भाग्यशाली रंग- नारंगी, भाग्यशाली अंक- 2 मीन – पॉजिटिव- दिन की शुरुआत सुखद रहेगी। प्रोफेशनल पढ़ाई की कोशिश कर रहे युवाओं को अच्छी खबर मिल सकती है। उधार दिया पैसा वापस मिलने से आर्थिक परेशानी दूर होगी। परिवार के साथ खरीदारी में अच्छा समय बीतेगा।
नेगेटिव- नकारात्मक लोगों से दूरी रखें, उनकी गलत सलाह लक्ष्य से भटका सकती है। घर के बुजुर्गों की सलाह को नजरअंदाज न करें। बच्चों के साथ भी कुछ समय जरूर बिताएं। बिजनेस- नया काम शुरू करने के लिए समय अनुकूल नहीं है, इसलिए मौजूदा कामों पर ध्यान दें। बिजनेस से जुड़े किसी सरकारी मामले की जांच चल रही है तो फैसला आपके पक्ष में आ सकता है। ऑफिस की फाइलें संभालकर रखें।
लव- बाहरी लोगों को वैवाहिक जीवन में दखल न देने दें। समझदारी से काम लेकर संबंधों को बिगड़ने से बचा सकते हैं।
स्वास्थ्य- ज्यादा भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें। प्रदूषण और मौसम के कारण एलर्जी हो सकती है।
भाग्यशाली रंग- केसरिया, भाग्यशाली अंक- 3