ब्रेकिंग न्यूज़
श्रीगंगानगर में मौसम ड्राई, उमस से परेशान लोग:14-15 को बारिश की संभावना, फसल उत्पादन में होगी कमी

राजस्थान में मानसून का दौर धीमा पड़ गया है। जिसके कारण श्रीगंगानगर जिला पूरी तरह ड्राई है। गर्मी और उमस से लोग परेशान है। बारिश नहीं होने से किसान भी चिंतित हैं, क्योंकि फसल बिजाई का समय भी लगभग निकल चुका है। इस वजह से किसानों ने कम बिजाई की और बिजाई हो चुकी फसलों पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। जिससे फसल उत्पादन में कमी भी होगी। मौसम राडार स्टेशन, श्रीगंगानगर पर सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान 28.0 डिग्री रिकार्ड किया गया। रविवार को न्यूनतम तापमान 32.4 डिग्री और अधिकतम तापमान 38 डिग्री रिकार्ड किया गया। वहीं, शनिवार को यहां 29.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री रिकार्ड किया गया। 14-15 जुलाई को हनुमानगढ़ जिले में एक्टिव होने से कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। किसके साथ ही दो-तीन दिन 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज रफ्तार से धूल भरी करवाएंगे। हालांकि कई दिन तक मौसम ड्राई रहेगा। उमस और गर्मी से लोग बेहाल हैं। बार-बार हो रही बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।

सांवलाजी मंदिर भूमि विवाद में सिरोही में महापड़ाव:पाली से पहुंचेंगे कार्यकर्ता, निष्पक्ष जांच की मांग

भगवान सांवलाजी मंदिर की भूमि से जुड़े प्रकरण के विरोध में 13 जुलाई को सिरोही के रामझरोखा मैदान में जनआक्रोश प्रदर्शन और महापड़ाव आयोजित किया जाएगा। इसी को लेकर पाली में श्री राजपूत करणी सेना और श्री राजपूत युवा संगठन की संयुक्त बैठक हुई, जिसमें पाली जिले से बड़ी संख्या में समाजबंधुओं और कार्यकर्ताओं की महापड़ाव में भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। मंदिर भूमि प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग
श्री राजपूत करणी सेना के जिला अध्यक्ष अजयपाल सिंह हेमावास ने कहा कि सांवलाजी मंदिर की भूमि का मुद्दा सनातन धर्म की आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा विषय है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की। युवाओं में भी दिख रहा आक्रोश
श्री राजपूत युवा संगठन के जिला अध्यक्ष महेंद्र सिंह चांदावत ने कहा कि इस विषय को लेकर युवाओं में भी व्यापक आक्रोश है। उन्होंने बताया कि पाली जिले से बड़ी संख्या में युवा और समाजजन सिरोही पहुंचकर महापड़ाव में भाग लेंगे। साथ ही सभी सनातन धर्म प्रेमियों से कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। आंदोलन की तैयारियों पर भी हुई चर्चा
श्री राजपूत करणी सेना के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी वीरेन्द्र सिंह नरूका ने बताया कि बैठक में आंदोलन की तैयारियों और संगठनात्मक व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई। बैठक में गोपाल सिंह शेखावत, जितेंद्र सिंह भाटी, चैन सिंह राठौड़, अर्जुन सिंह भाटी, भूपेंद्र सिंह कुंपावत, उम्मेद सिंह कुंपावत, विक्रम सिंह राजावत, भानु प्रताप सिंह भाटी, लक्ष्मण सिंह, दिलीप सिंह जोधा, प्रवीण सिंह भाटी, उम्मेद सिंह भाटी, पीयूष सिंह उदावत, शक्ति सिंह कुंपावत सहित करणी सेना और श्री राजपूत युवा संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

फुटबॉल वर्ल्डकप- सेमीफाइनल में 35 साल बाद सभी पूर्व चैंपियंस:अर्जेंटीना-इंग्लैंड की 40 साल पुरानी राइवलरी, एम्बाप्पे का फ्रांस यमाल के स्पेन से खेलेगा

फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले तय हो गए हैं। फुटबॉल की चार दिग्गज टीमें- अर्जेंटीना, इंग्लैंड, फ्रांस और स्पेन ने टॉप-4 में प्रवेश किया है। 1990 के बाद यह पहला मौका है, जब वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में सिर्फ पूर्व चैंपियन टीमें पहुंची हैं। एक खास बात और है, ये चारों टीमें फीफा रैंकिंग में टॉप-4 में शामिल हैं। ऐसा पहली बार हुआ है, जब रैंकिंग की टॉप-4 टीमों सेमीफाइनल में पहुंची हैं और खिताब से सिर्फ दो जीत दूर हैं।
मंगलवार को किलियन एम्बाप्पे की फ्रांस और लामिन यमाल के स्पेन आमने-सामने होंगे, जबकि बुधवार को लियोनेल मेसी की अर्जेंटीना और हैरी केन की इंग्लैंड के बीच मैच खेला जाएगा। अर्जेंटीना Vs इंग्लैंड पुरानी दुश्मनी, हैंड ऑफ गॉड, बेकहम रेडकार्ड जैसे विवाद अर्जेंटीना और इंग्लैंड की भिड़ंत सिर्फ फुटबॉल तक सीमित नहीं रही है। 1982 के फॉकलैंड युद्ध से लेकर वर्ल्ड कप के कई विवादित मुकाबलों तक दोनों देशों की राइवलरी काफी पुरानी है। 1986 वर्ल्ड कप में डिएगो माराडोना के चर्चित ‘हैंड ऑफ गॉड’ गोल की बदौलत अर्जेंटीना ने इंग्लैंड को हराया था। 1998 में डेविड बेकहम को रेड कार्ड मिला और अर्जेंटीना ने पेनल्टी शूटआउट में जीत दर्ज की। 2002 में बेकहम ने पेनल्टी गोल कर इंग्लैंड को जीत दिलाई थी। अब मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन अर्जेंटीना लगातार दूसरा खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगा। स्पेन Vs फ्रांस यूरो की हार का बदला लेने उतरेगा फ्रांस दूसरे सेमीफाइनल में फ्रांस और स्पेन की टक्कर होगी। दोनों टीमें 2 साल पहले यूरोपीय चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में भी भिड़ी थीं, जहां स्पेन ने 2-1 से जीत दर्ज की थी। फ्रांस के पास किलियन एमबाप्पे, माइकल ओलिसे और डिजिरे डुए जैसे स्टार खिलाड़ी हैं, जबकि स्पेन की उम्मीदें युवा स्टार लामिन यामाल और मिडफील्डर मिकेल मेरिनो पर टिकी होंगी। मेरिनो ने लगातार दो नॉकआउट मुकाबलों में निर्णायक गोल कर स्पेन को जीत दिलाई है। मेसी के पास इतिहास रचने का मौका 39 साल लियोनेल मेसी अपने करियर का आखिरी वर्ल्ड कप खेल रहे हैं। उनके नाम विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा 21 गोल हैं। अगर मेसी अर्जेंटीना को लगातार दूसरा वर्ल्ड कप दिलाने में सफल रहते हैं, तो वह डिएगो माराडोना के बराबर नहीं, बल्कि उनसे भी आगे निकल जाएंगे। अर्जेंटीना अगर खिताब जीतता है तो वह 1962 के बाद लगातार दो वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बनेगी। इससे पहले ब्राजील और इटली यह कारनामा कर चुके हैं। ————————————————- फुटबॉल वर्ल्ड कप से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… नया स्टार- पेरू में 559 नवजातों के नाम हालेंड के नाम पर, 91 बच्चों का पूरा नाम ही ‘अर्लिंग हालेंड’ फुटबॉल का जुनून पूरी दुनिया के सिर चढ़कर बोल रहा है, लेकिन साउथ अमेरिकी देश पेरू में इसका एक अलग ही रंग देखने को मिल रहा है। नॉर्वे के स्टार स्ट्राइकर अर्लिंग हालेंड 2026 फुटबॉल वर्ल्ड कप में अपने शानदार प्रदर्शन से फैंस के दिलों पर राज कर रहे हैं। उनकी लोकप्रियता ऐसी है कि पेरू में माता-पिता अपने नवजात बच्चों का नाम हालेंड के नाम पर रख रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर

नशा तस्कर के मकानों को बुलडोजर से तोड़ा:सरकारी जमीन पर कब्जा कर करोड़ों की लागत से बनाये जा रहे थे

झालावाड़ में वन विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नशा तस्करों के अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। मानपुरा गुजरान स्थित वन भूमि पर कब्जा कर बनाए गए इन मकानों पर बुलडोजर चलाया गया। इस कार्रवाई में एक तस्कर गिरिराज का लगभग 3 करोड़ रुपए की लागत से बन रहा मकान भी शामिल था। एसपी अमित कुमार ने बताया कि कालूलाल पुत्र चंदालाल तंवर (निवासी महुआखोह) और गिरिराज पुत्र रामचंद्र तंवर (निवासी महुआखोह) ने मानपुरा गुजरान में वन भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर मकानों का निर्माण कराया था। ये दोनों आरोपी लंबे समय से मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त थे। नोटिसों का पालन नहीं होने के बाद की कार्रवाई
उप वन संरक्षक सागर पंवार के निर्देश पर वन विभाग ने इन अवैध मकानों को ध्वस्त किया। कार्रवाई के दौरान एसीएफ मुकेश सहजवानी के नेतृत्व में राजेंद्र मीणा (क्षेत्रीय वन अधिकारी, अकलेरा) सहित अकलेरा, असनावर और गश्ती दल का स्टाफ मौजूद रहा। पुलिस की ओर से अकलेरा डीवाईएसपी मनोज सोनी और सीआई धर्माराम भी पुलिस बल के साथ मौजूद थे। वन विभाग ने अतिक्रमण हटाने की यह कार्रवाई पूर्व में दिए गए नोटिसों का पालन नहीं होने के बाद की। अवैध निर्माण नहीं हटाने पर विभाग ने यह कदम उठाया। कार्रवाई के दौरान सुबह से ही वन विभाग का दस्ता और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। 2 तस्करों के खिलाफ 2-2 मामलें दर्ज
तस्कर कालूलाल के खिलाफ दोनों ही मामले मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े हुए है। कालूलाल लम्बे समय से नशा तस्करी का काम कर रहा है। उसके के खिलाफ वर्ष 2019 में एनडीपीएस एक्ट का पहला मामला दर्ज किया था।
कालूलाल के खिलाफ वर्ष 2025 में मादक पदार्थ तस्करी का दूसरा मामला दर्ज किया था, मामले में 1 करोड़ 20 लाख बाजार मूल्य की नशा सामग्री बरामद हुई थी। वही तस्कर गिरिराज तंवर निवासी महुआखोह के खिलाफ दर्ज 2 मामले मादक पदार्थों की तस्करी से जुडे हुए है। गिरिराज के खिलाफ पहला मामला वर्ष 2017 में मादक पदार्थ तस्करी का दर्ज किया था, इसमें 5 लाख बाजार मूल्य के अवैध नशा सामग्री बरामद की थी। वर्ष 2019 में गिरिराज के खिलाफ दर्ज मामले में गिरिराज से 4 लाख बाजार मूल्य की नशा सामग्री जप्त की थी।

अलवर में मानसून के 11 दिन बीते, अच्छी-बारिश का इंतजार:रूपारेल नदी बही, पर जयसमंद बांध तक नहीं पहुंचा पानी; जानें आगे कैसा रहेगा मौसम

अलवर जिले में पिछले तीन दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। सुबह से ही तेज धूप निकलने और हवा बंद रहने के कारण लोग पसीने से तरबतर हैं। सोमवार को भी तीखी धूप के साथ दिन की शुरुआत हुई। मौसम विभाग के अनुसार, आज अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, 13 से 15 जुलाई तक उमस का यह दौर जारी रहेगा और बीच-बीच में केवल हल्के बादल छाएंगे। हालांकि, 16 से 18 जुलाई के बीच मौसम में बड़ा बदलाव आ सकता है। इस दौरान तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को इस दमघोंटू उमस से राहत मिल सकती है। मानसून की एंट्री हुए 11 दिन बीत चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक उम्मीद के मुताबिक बारिश नहीं हुई है। हालांकि, बीच-बीच में एक-दो दिन अच्छी बारिश जरूर दर्ज की गई, लेकिन जिले के अधिकांश बांध अब भी खाली पड़े हैं। रूपारेल नदी में हाल ही की बारिश से पानी की आवक तो हुई है, लेकिन यह पानी अभी तक ऐतिहासिक जयसमंद बांध तक नहीं पहुंच पाया है। ऐसे में जिले के सूखे बांधों को भरने और उमस भरी गर्मी से राहत पाने के लिए आमजन को अब भी एक अच्छी और झमाझम बारिश का बेसब्री से इंतजार है।

कैंपर सवार बदमाशों ने स्कॉर्पियो में की तोड़फोड़:तीन किलोमीटर तक किया पीछा, युवक जान बचाने के लिए घर में छुपा

बाड़मेर के नागाणा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर रविवार रात कैंपर सवार तीन लोगों ने स्कॉर्पियो सवार युवक का लाठी-डंडों के साथ पीछा किया। युवक करीब 3 किलोमीटर तक गाड़ी दौड़ाते हुए जान बचाकर एक घर में जा छिपा, जिसके बाद आरोपियों ने उसकी स्कॉर्पियो में जमकर तोड़फोड़ कर दी। स्थानीय लोग फायरिंग की बात कह रहे हैं, लेकिन पुलिस ने मौके से ऐसे कोई साक्ष्य मिलने से इनकार किया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मंदिर के पास हुई शुरुआत
जानकारी के अनुसार, जोगेंद्र उर्फ जोगाराम पुत्र भारूराम पुनिया रात करीब 10 बजे हनुमानजी मंदिर के पास मातासर की किराना दुकान पर सामान ले रहा था। तभी कैंपर में सवार प्रेम पुत्र गणेशराम निवासी मातासर, जोगाराम पुत्र भैराराम निवासी चवा और जेठाराम वहां पहुंचे। आरोप है कि तीनों पिस्तौल और डंडे लेकर जोगेंद्र की ओर बढ़े। इस दौरान जोगेंद्र स्कॉर्पियो स्टार्ट कर वहां से निकल गया। टायर फटने पर घर में छिपा युवक
जोगेंद्र स्कॉर्पियो भगाते हुए करीब 3 किलोमीटर दूर भूरटिया गांव पहुंचा। रास्ते में गाड़ी का एक टायर फट गया। इसके बाद उसने स्कॉर्पियो गिरधारीराम के घर के आगे खड़ी की और खुद अंदर जाकर छुप गया। आरोपियों ने उसे गाड़ी में नहीं पाया तो स्कॉर्पियो के आगे, पीछे और साइड के शीशे तोड़ दिए। फायरिंग की चर्चा, पुलिस ने नकारा
स्थानीय लोगों का कहना है कि टायर पर फायरिंग की गई थी। हालांकि, सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस को न तो घटनास्थल पर और न ही गाड़ी में फायरिंग के कोई सबूत मिले। पुलिस ने नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल इस संबंध में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

चित्तौड़गढ़ में 36 ASI और हेड कॉन्स्टेबल के ट्रांसफर:15 पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन भेजा, कई थानों में बदली जिम्मेदारियां

चित्तौड़गढ़ जिला पुलिस में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव ने जिले के अलग-अलग थानों, चौकियों और शाखाओं में तैनात 36 एएसआई और हेड कॉन्स्टेबल के तबादला आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में सबसे ज्यादा चर्चा उन 15 पुलिसकर्मियों की है, जिन्हें सीधे पुलिस लाइन भेजा गया है। पुलिस महकमे में इसे नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया माना जा रहा है, लेकिन विभागीय सूत्रों के अनुसार जिन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है, उनके कामकाज और व्यवहार को लेकर एसपी तक शिकायतें पहुंची थीं। हालांकि पुलिस विभाग की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया गया है। कई थानों और चौकियों में बदली जिम्मेदारियां जारी आदेशों के अनुसार बिंदु सिंह को कस्बा चौकी बेगूं से ट्रैफिक शाखा निंबाहेड़ा, अर्जुन लाल शर्मा को कोतवाली निंबाहेड़ा से ट्रैफिक शाखा निंबाहेड़ा, विनोद कुमार को सदर चित्तौड़गढ़ से निंबाहेड़ा, दशरथ सिंह को ट्रैफिक शाखा निंबाहेड़ा से कोतवाली निंबाहेड़ा, अर्जुन लाल गुर्जर को कोतवाली निंबाहेड़ा से कस्बा चौकी निंबाहेड़ा, प्रदीप कुमार को बिनोता चौकी से केली चौकी, भूपेंद्र सिंह को सदर निंबाहेड़ा से बिनोता चौकी, विश्वजीत सिंह को केली चौकी से कोतवाली निंबाहेड़ा, प्रहलाद राय को शंभूपुरा से कोतवाली निंबाहेड़ा, देवेंद्र सिंह को आदर्श कॉलोनी चौकी से कोतवाली निंबाहेड़ा, राजेंद्र कुमार को बस्सी से एससी-एसटी सेल, महावीर कुमार को भदेसर से कोतवाली निंबाहेड़ा, जमुना कुमारी को आकोला से कपासन, देवीलाल को बड़ी सादड़ी से भदेसर, तंवर सिंह को मंगलवाड़ से चंदेरिया, सुरेश गिरी को कपासन से बस्सी, बालमुकुंद को कनेरा से गंगरार, हेड कांस्टेबल नंदकिशोर को चौकी धांगणमऊ से कनेरा, हेड कांस्टेबल राजेंद्र सिंह को विजयपुर से चंदेरिया और हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार को पारसोली से कनेरा लगाया गया है। इन पुलिसकर्मियों को किया गया पुलिस लाइन एसपी के आदेश में 15 पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन भेजा गया है। इनमें सोहनलाल (कस्बा चौकी निंबाहेड़ा), प्रकाश चंद्र (कनेरा), संतोष तिवारी (निंबाहेड़ा), मेघराज मीणा (कोतवाली निंबाहेड़ा), राजेंद्र सिंह (ट्रैफिक शाखा निंबाहेड़ा), शंकरलाल सालवी (कपासन), नंदलाल (राशमी), भागीरथ राज (निकुंभ), एजाज मोहम्मद (बस्सी), रईस मोहम्मद (शंभूपुरा), प्रेम गिरी (अभयपुर चौकी), नत्थूराम (चंदेरिया), हीरालाल (सदर चित्तौड़गढ़), धर्मेंद्र कुमार (शंभूपुरा) और एक अन्य पुलिसकर्मी को पुलिस लाइन भेजा गया है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि इन पुलिसकर्मियों के खिलाफ अलग-अलग तरह की शिकायतें एसपी कार्यालय तक पहुंची थीं। माना जा रहा है कि इन्हीं शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। हालांकि पुलिस विभाग ने तबादला आदेश में किसी भी तरह का कारण दर्ज नहीं किया है। व्यवस्था मजबूत करने की कवायद पुलिस विभाग में समय-समय पर इस तरह के तबादले प्रशासनिक जरूरत के हिसाब से किए जाते हैं। इस बार भी कई थानों और चौकियों में नई तैनाती देकर जिम्मेदारियों का नया बंटवारा किया गया है। अधिकारियों का मानना है कि इससे पुलिस व्यवस्था को और बेहतर बनाने के साथ-साथ कार्यप्रणाली में सुधार लाने में मदद मिलेगी। वहीं पुलिस लाइन भेजे गए पुलिसकर्मियों की चर्चा पूरे जिले में बनी हुई है और महकमे में इस कार्रवाई को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं।

हाईकोर्ट को फिर बम से उड़ाने की धमकी:कोर्ट परिसर में डेढ़ घंटे चला सर्च ऑपरेशन, नहीं मिली कोई संदिग्ध वस्तु

राजस्थान हाईकोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सोमवार सुबह हाईकोर्ट प्रशासन को एक धमकी भरा ईमेल मिला, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस बल, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता (BDS) तुरंत मौके पर पहुंचे। सुरक्षा एजेंसियों ने करीब एक से डेढ़ घंटे तक पूरे कोर्ट परिसर में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन जांच में वहां कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद प्रशासन और पुलिस ने राहत की सांस ली। पुलिस ईमेल भेजने वाले का पता लगाने के लिए साइबर सेल की भी मदद ले रही है।
पहले भी मिल चुकी हैं ऐसी धमकियां यह पहली बार नहीं है जब हाईकोर्ट को इस तरह का धमकी भरा मेल मिला हो। इससे पहले इसी साल फरवरी महीने में भी दो बार धमकी भरे मेल आ चुके हैं। हालांकि, हर बार की तरह इस बार भी धमकी भरा मेल मिलने के तुरंत बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाई और सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन गनीमत रही कि जांच में कुछ नहीं मिला। पुलिस अब साइबर सेल की मदद से मेल भेजने वाले आईपी एड्रेस (IP Address) को ट्रेस करने में जुटी है।

सुंदरपुर गांव में एक ही रात में 2घरों में चोरी:लाखों के गहने और नकदी पार, सुबह जागने पर टूटे मिले अलमारियों के ताले

धौलपुर जिले के दिहौली थाना क्षेत्र के सुंदरपुर गांव में रविवार रात चोरों ने 2 घरों को निशाना बनाया। चोर लाखों रुपए के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। वारदात के समय दोनों परिवार घर में सो रहे थे, उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी। सुबह जागने पर कमरों का सामान बिखरा मिला और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे। जानकारी के अनुसार चोरों ने सबसे पहले करण सिंह पुत्र धनीराम के घर में सेंध लगाई। यहां से लगभग 35 हजार रुपए नकद, एक चांदी की करधनी, एक जोड़ी चांदी के दस्ते, दो जोड़ी चांदी की बिछिया, दो चांदी की लड़ियां और एक बाजूबंद चोरी कर लिया गया।
इसके बाद चोरों ने वासुदेव शर्मा पुत्र रामेश्वर के घर को अपना निशाना बनाया। उनके घर से 1 लाख 60 हजार रुपए नकद, पांच सोने की अंगूठियां, दो सोने के मंगलसूत्र, चार जोड़ी चांदी की बिछिया और दो जोड़ी चांदी की तोड़ियां चुरा ली गईं। बढ़ती चोरियों को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश
सूचना मिलते ही दिहौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घरों का निरीक्षण किया और पीड़ितों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संदिग्धों की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। इधर गांव में लगातार हो रही चोरी की वारदातों से सुंदरपुर के ग्रामीणों में दहशत और नाराजगी है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की है।

पाली डिस्ट्रिक्ट क्लब में आज खुलेगा बॉक्स क्रिकेट एरीना:रूफटॉप रेस्टोरेंट का होगा भूमिपूजन, शाम 5 बजे होगा समारोह

पाली शहर के डिस्ट्रिक्ट क्लब परिसर में सदस्यों के लिए विकसित नई सुविधाओं के लोकार्पण और विभिन्न विकास कार्यों के शुभारंभ का समारोह सोमवार शाम करीब 5 बजे आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में नव-निर्मित बॉक्स क्रिकेट एरीना का उद्घाटन किया जाएगा, वहीं आधुनिक सुविधाओं से युक्त रूफटॉप रेस्टोरेंट का भूमिपूजन भी होगा। विकास ब्रोशर का भी होगा विमोचन
डिस्ट्रिक्ट क्लब के सचिव पुनीत मुथा ने बताया कि समारोह के दौरान क्लब के भावी विकास कार्यों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देने वाले क्लब विकास ब्रोशर का भी विमोचन किया जाएगा। इसमें क्लब की वर्तमान और प्रस्तावित सुविधाओं के साथ विभिन्न गतिविधियों का विस्तृत विवरण शामिल होगा। जिला कलेक्टर होंगे मुख्य अतिथि
समारोह के मुख्य अतिथि क्लब के अध्यक्ष एवं जिला कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी होंगे। उनके सान्निध्य में नई सुविधाओं का लोकार्पण और विकास कार्यों की शुरुआत की जाएगी। तैयारियों को दिया जा रहा अंतिम रूप
आयोजन को सफल बनाने के लिए क्लब निदेशक विवेक मेहता, राजेश पाटनेचा, प्रदीप सांड, ऋषि बोहरा, ऋषभ तलसेरा, सुमित कवाड़, लवकेश कोठारी, नितिन चोपड़ा, प्रशांत मुथा, हर्ष लोढ़ा, विमल मूंदड़ा, शेर सिंह, राजेश पाटनेचा और अंकित पारख सहित अन्य पदाधिकारी सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हैं।