ब्रेकिंग न्यूज़
चांदी ₹1,668 गिरकर ₹2.19 लाख किलो पर आई:एक महीने में ₹24 हजार कीमत कम हुई, सोना आज ₹1,180 सस्ता हुआ

सोने-चांदी के दाम में 13 जुलाई को गिरावट रही। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, एक किलो चांदी 1,668 रुपए घटकर 2.19 लाख रुपए पर आ गई है। वहीं, 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 1,180 रुपए घटकर 1.42 लाख रुपए आ गया है। बीते 1 महीने में चांदी की कीमत 24 हजार और सोने की कीमत 6 हजार रुपए कम हो चुकी है। 14 जून को चांदी 2.43 लाख और 1.48 लाख रुपए पर था। चांदी ऑल टाइम हाई से 1.67 लाख रुपए गिरी इस साल सोने-चांदी की कीमत में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। 31 दिसंबर 2025 को सोने के दाम 1.33 लाख रुपए थे, जो 29 जनवरी को बढ़कर 1.76 लाख रुपए के सबसे ऊपरी स्तर पर पहुंच गए थे। तब से अब तक सोना 34 हजार रुपए सस्ता हो चुका है। वहीं, चांदी के कीमत 31 दिसंबर 2025 को 2.30 लाख रुपए थी, जो 29 जनवरी को 3.86 लाख रुपए तक पहुंच गई थी। यह चांदी के अब तक की सबसे ज्यादा दाम थे। तब से अब तक 165 दिन में चांदी 1.67 लाख रुपए सस्ती हो गई है। सोने-चांदी के दाम में गिरावट की वजह सोने-चांदी में एकमुश्त निवेश से बचें कमोडिटी एक्सपर्ट अजय केडिया के मुताबिक सोने-चांदी के दाम अपने हाई से काफी नीचे आ चुके हैं। ऐसे में निवेशक इसमें निवेश कर सकते हैं, हालांकि इनमें एकमुश्त निवेश करने से बचना चाहिए। अजय केडिया के अनुसार साल के आखिर तक सोना एक बार फिर 1.60 लाख और चांदी 2.80 लाख रुपए तक जा सकती है। ज्वेलर्स से सोना खरीदते समय इन 2 बातों का रखें ध्यान असली चांदी की पहचान करने के 4 तरीके

सुप्रीम कोर्ट बोला- नागरिकता का फैसला निष्पक्ष प्रक्रिया से हो:असम में विदेशी घोषित 27 लोगों को राहत; हाईकोर्ट का फैसला रद्द, दोबारा सुनवाई होगी

सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को असम के 27 लोगों को विदेशी घोषित करने से जुड़े मामलों में गुवाहाटी हाईकोर्ट के फैसले रद्द कर दिए। कोर्ट ने कहा कि किसी व्यक्ति की नागरिकता या विदेशी होने का फैसला निष्पक्ष, कानूनी और उचित प्रक्रिया के तहत ही होना चाहिए। जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की बेंच ने मामले की सुनवाई की। कोर्ट ने कहा कि नागरिकता और विदेशी होने का सवाल संविधान और कानून से जुड़ा बेहद महत्वपूर्ण विषय है। सभी मामले दोबारा सुनवाई के लिए फॉरेनर्स ट्रिब्यूनल को भेज दिए गए है। इन लोगों को फॉरेनर्स ट्रिब्यूनल ने विदेशी घोषित किया था। उन्होंने इस फैसले को गुवाहाटी हाईकोर्ट में चुनौती दी, लेकिन हाईकोर्ट ने ट्रिब्यूनल के फैसले को बरकरार रखा। इसके बाद सभी ने सुप्रीम कोर्ट में अपील की। SC बोला- नागरिकता पर अंतिम फैसला ट्रिब्यूनल करेगा हाईकोर्ट में 23 साल बाद चुनौती दी गई थी 27 लोगों को फॉरेनर्स ट्रिब्यूनल ने विदेशी घोषित किया था। उन्होंने इस फैसले को गुवाहाटी हाईकोर्ट में चुनौती दी, लेकिन हाईकोर्ट ने ट्रिब्यूनल के आदेश को बरकरार रखा था। हाईकोर्ट ने कहा था कि ट्रिब्यूनल का फैसला करीब 23 साल बाद चुनौती दी गई। नोटिस मिलने के बावजूद कोई भी याचिकाकर्ता ट्रिब्यूनल के सामने पेश नहीं हुआ और न ही अपनी नागरिकता के समर्थन में कोई दस्तावेज या सबूत दिया। ऐसे में ट्रिब्यूनल के पास उन्हें विदेशी घोषित करने के अलावा कोई विकल्प नहीं था। विदेशी अधिनियम, 1946 की धारा-9 क्या है? अगर किसी व्यक्ति पर सवाल उठता है कि वह भारतीय नागरिक है या विदेशी, तो अपनी नागरिकता साबित करने की जिम्मेदारी उसी व्यक्ति की होती है। सरकार को यह साबित नहीं करना पड़ता कि वह विदेशी है। आमतौर पर किसी मामले में आरोप लगाने वाले पक्ष को आरोप साबित करना होता है। लेकिन विदेशी अधिनियम, 1946 की धारा-9 में नियम अलग है। अगर किसी व्यक्ति को विदेशी होने के संदेह में फॉरेनर्स ट्रिब्यूनल के सामने पेश किया जाता है, तो उसे खुद दस्तावेज और सबूत देकर साबित करना होता है कि वह भारतीय नागरिक है। ——————— ये खबर भी पढ़ें… वकील ने CJI का नाम लेकर अपशब्द कहे: सुप्रीम कोर्ट में जजों को आदेश देने लगा, फाइल फेंकी; सिक्योरिटी ने बाहर निकाला सुप्रीम कोर्ट में शुक्रवार को सुनवाई के दौरान एक वकील ने हंगामा किया। सीजेआई सूर्यकांत को अपशब्द कहे और फाइल भी फेंकी। इस दौरान सीजेआई कोर्ट रूम में मौजूद नहीं थे। यह घटना जस्टिस केवी विश्वनाथन, जस्टिस आलोक अराधे की बेंच के सामने हुई। हंगामे के बाद कोर्ट के आदेश पर सिक्योरिटी ने वकील को तुरंत बाहर निकाल दिया। पूरी खबर पढ़ें…

नागौर में कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी:बार संघ ने काम रोका, पेशियां भी नहीं होंगी; परिसर खाली करवाया

नागौर में सोमवार को कोर्ट और मेड़ता डीजे कोर्ट को ईमेल के जरिए बम ब्लास्ट करने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। सूचना मिलते ही पुलिस ने नागौर कोर्ट परिसर को एहतियातन खाली करवाया और पूरे परिसर में तलाशी अभियान शुरू किया। फिलहाल जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। धमकी भरे ईमेल के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। कोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया, जबकि बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने भी जांच की। पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। बार संघ ने रोका काम बार संघ अध्यक्ष डॉ. पवन श्रीमाली ने बताया कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अधिवक्ताओं ने सामूहिक निर्णय लेकर सोमवार का न्यायिक कार्य स्थगित कर दिया। उन्होंने कहा कि कोर्ट परिसर में भीड़ से बचने के लिए यह फैसला लिया गया है। परिवादियों और पक्षकारों को भी सूचना दे दी गई कि सोमवार को पेशियां नहीं होंगी। अफवाहों से बचने की अपील डॉ. श्रीमाली ने अधिवक्ताओं और आमजन से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और उसे आगे नहीं फैलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई दे तो तुरंत पुलिस प्रशासन को सूचना दें। बार संघ पुलिस और न्यायिक अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रहा है। पुलिस बोली- अभी तक कुछ संदिग्ध नहीं मिला कोतवाली थानाधिकारी वेदपाल शिवरान ने बताया कि कोर्ट परिसर की गहन तलाशी ली जा रही है। अब तक किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। पुलिस ईमेल की तकनीकी जांच कर रही है और धमकी भेजने वाले की पहचान के प्रयास जारी हैं। फिलहाल सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सतर्क रखी गई है।

घर में लूट के बाद जीएसटी असिस्टेंट कमिश्नर का ट्रांसफर:बोले- पत्नी बीमार, बच्चे डरे हुए, अलवर में रहकर ही 20 लाख की रिकवरी करवा पाऊंगा

अलवर में जीएसटी विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर ओमप्रकाश के घर लूट के बाद उनका जयपुर ट्रांसफर कर दिया गया है। वे अपने ट्रांसफर से खुश नहीं है। उन्होंने कहा- ‘मेरा जयपुर ट्रांसफर होने से मुश्किलें और बढ़ जाएगी। मेरी पत्नी बीमार है, खाने बनाने में उसकी मदद करनी पड़ती है। वहीं मेरे बच्चे स्कूल जाने में भी डरने लगे है। अलवर में रहकर पुलिस से कॉर्डिनेट कर सोने के जेवर की रिकवरी भी जल्दी करवा पाऊंगा। मैं चाहता हूं कि सरकार अभी मेरा ट्रांसफर रोके। ‘ दरअसल, असिस्टेंट कमिश्नर ओमप्रकाश के शहर के शालीमार सोसायटी स्थित घर में 4 जुलाई को लूट की वारदात हुई थी। बदमाशों ने घर में घुसकर उनके परिवार को बंधक बनाकर नगदी और जेवर लूटकर ले गए थे। मामले में चार आरोपियों को डिटेन कर लिया गया है लेकिन जेवरातों की रिकवरी नहीं हुई है, जिसकी कीमत करीब 20 लाख रुपए थी। ‘पत्नी को सर्वाइकल का दर्द, खुद बनाता हूं खाना’ ट्रांसफर से नाखुश असिस्टेंट कमिश्नर ने कहा कि उनके एक बेटा और बेटी है। वारदात के बाद से दोनों स्कूल जाने से भी डरते है। घटना के बाद एक-दो बार ही स्कूल गए है। बदमाश जान से मारने की धमकी देकर भागे थे। बच्चों की कसम खाकर बोले-घर में सिर्फ 35 हजार कैश था असिस्टेंट कमिश्नर ने भावुक होते हुए कहा, मैं अपने बच्चों की कसम खाकर कहता हूं कि मेरे घर में 35 हजार रुपए से ज्यादा कैश नहीं था। लेकिन बदमाश करीब 15 से 20 तोला सोना लूट ले गए। यह मेरा बहुत मोटा नुकसान है। इस घटना के बाद से मेरा पूरा परिवार डरा हुआ है। अगर मैं अलवर में रहूंगा, तो स्थानीय पुलिस से लगातार कॉर्डिनेट करके लूटे गए सोने की रिकवरी जल्दी करा पाऊंगा। सरकार से ट्रांसफर रोकने की मांग असिस्टेंट कमिश्नर ओमप्रकाश का कहना है कि मेरा जयपुर तबादला होने से मुश्किलें और बढ़ गई हैं। मैं चाहता हूं कि सरकार अभी मेरा ट्रांसफर रोके। जयपुर में कमिश्नर के कार्यालय में चक्कर लगा रहे हैं। एक दिन पहले केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव से भी मिले हैं। मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार मामले में पुलिस ने चार बदमाशों को 11 जुलाई की शाम को गिरफ्तार किया था। आरोपी इतने शातिर हैं कि उन्हें पुलिस पहचान नहीं सके, इसलिए बार-बार कपड़े बदले। वारदात के दिन (4 जुलाई को) अफसर के कपड़े अपने साथ लेकर गए थे। जिन कपड़ों को पहनकर वारदात की, उन कपड़ों को रेलवे ट्रैक पर पटककर अफसर के कपड़े पहन लिए थे। आरोपियों ने पूरी प्लानिंग के साथ वारदात को अंजाम दिया। घटना से पहले उन्होंने कई दिनों तक जीएसटी अधिकारी के घर और आसपास के इलाके की रेकी की। घर की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी थी। मौका मिलने पर आरोपियों ने घर में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। — ये खबर भी पढ़िए- जीएसटी असिस्टेंट कमिश्नर के घर लूट:परिवार को डेढ़ घंटे तक बंधक बनाया, बचाने आए बेटे का सिर फोड़ा; बदमाशों ने आम भी खाए अलवर में तीन नकाबपोश बदमाशों ने जीएसटी विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर ओमप्रकाश (50) के परिवार को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। (पढ़िए पूरी खबर)

सस्ते धागे का झांसा देकर युवक को बनाया शिकार:विज्ञापन के जरिए की 4500 रुपए की साइबर ठगी, राशि को करवाया होल्ड

चूरू में वार्ड 6 निवासी एक युवक साइबर ठगी का शिकार हो गया। सोशल मीडिया पर सस्ते धागे का विज्ञापन देखकर ऑनलाइन ऑर्डर करने पर उसने 4500 रुपए गंवा दिए।
मामले की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना की साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी गई राशि को बैंक से संपर्क कर होल्ड करवा दिया। साइबर सेल प्रभारी सुनील धायल ने बताया कि युवक ने सोशल मीडिया पर धागा बेचने का एक विज्ञापन देखा था। उसने संबंधित नंबर पर संपर्क किया और बातचीत के दौरान आरोपी ने उससे 4500 रुपए का ऑनलाइन भुगतान करवा लिया। राशि जमा होने के बाद न तो युवक को सामान भेजा गया और न ही उसके पैसे लौटाए गए। ठगी की राशि को करवाया होल्ड
खुद के साथ ठगी होने का एहसास होने पर युवक ने तुरंत पुलिस से शिकायत की। साइबर सेल ने बिना देरी किए बैंक से समन्वय स्थापित किया और त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी गई राशि को होल्ड करवा दिया, जिससे युवक के पैसे सुरक्षित हो सके। साइबर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर दिखने वाले आकर्षक और सस्ते विज्ञापनों के झांसे में न आएं। किसी भी अनजान व्यक्ति या वेबसाइट पर भुगतान करने से पहले उसकी सत्यता की पूरी जांच कर लें। ठगी की आशंका होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या संबंधित पोर्टल पर रिपोर्ट करें, ताकि समय रहते राशि को सुरक्षित किया जा सके।

निर्माणाधीन कॉलेज की छत से गिरा मजदूर:गंभीर हालत में झालावाड़ रेफर, चेचट में हुआ हादसा

झालावाड़ के चेचट कस्बे में निर्माणाधीन सरकारी कॉलेज में सोमवार सुबह एक हादसा हो गया। कॉलेज की छत पर सो रहा एक मजदूर कन्हैयालाल (40) संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया। उसे गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद उसे झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल रेफर किया गया है। रावतभाटा निवासी कन्हैयालाल पुत्र कालू भील कॉलेज निर्माण कार्य में लगा हुआ था। वो रात में निर्माणाधीन भवन की छत पर सो रहा था। सुबह नींद के दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे जा गिरा। हादसे में कन्हैयालाल के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से घायल कन्हैयालाल को चेचट अस्पताल पहुंचाया गया। चेचट अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक इलाज दिया। चोटों की गंभीरता को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में उसका इलाज जारी है और डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रख रहे हैं।

धोनी CSK के मेंटर बन सकते हैं:संजू सैमसन कप्तानी की रेस में सबसे आगे; कोच फ्लेमिंग ने टीम छोड़ी

महेंद्र सिंह धोनी चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के मेंटर बन सकते हैं। हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग के 18 साल बाद टीम छोड़ने के बाद फ्रेंचाइजी बड़े बदलाव की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक CSK मैनेजमेंट धोनी को मेंटर की जिम्मेदारी सौंपने पर विचार कर रहा है। हालांकि, इस पर अंतिम फैसला उनकी सहमति के बाद ही लिया जाएगा। अगर धोनी खिलाड़ी के तौर पर टीम से जुड़े रहना चाहते हैं, तो फ्रेंचाइजी उनके फैसले का सम्मान करेगी। पिछले सीजन घुटने की चोट के कारण वह एक भी मैच नहीं खेल पाए थे। साथ ही, टीम नए कप्तान की भी तलाश में है और संजू सैमसन इस रेस में सबसे आगे माने जा रहे हैं। आखिरी सीजन में ऋतुराज गायकवाड ने चेन्नई की कप्तानी की थी। IPL में 100 मैच जीतने वाले इकलौते कप्तान 45 साल के धोनी IPL में 100 मैच जीतने वाले एकमात्र कप्तान हैं। उन्होंने IPL में सबसे ज्यादा 226 मैचों में कप्तानी की है। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर रोहित शर्मा हैं। उन्होंने 158 मैचों में कप्तानी की है। धोनी ने अपनी कप्तानी में CSK को 2023 में आखिरी बार चैंपियन बनाया था। उसी फाइनल में उन्होंने आखिरी बार कप्तानी भी की थी। धोनी अपनी कप्तानी में टीम को 133 मैचों में जीत दिला चुके हैं, जबकि 91 में टीम को हार मिली। धोनी की कप्तानी में भारत का प्रदर्शन… IPL में सबसे ज्यादा मैच धोनी के नाम IPL में सबसे ज्यादा मैच खेलने वालों में महेंद्र सिंह धोनी पहले पायदान पर हैं। वह अब तक 278 मैच खेल चुके हैं। धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स को पांच बार खिताब जिताया है। उन्होंने 38.30 की औसत से 5439 रन बनाए है। इस दौरान धोनी ने 24 अर्धशतक भी लगाया। उन्होंने विकेटकीपिंग में 47 स्टंपिंग और 158 कैच भी लपके हैं। कप्तान भी बदल सकता है CSK मैनेजमेंट टीम की कप्तानी में भी बदलाव पर विचार कर रहा है। सूत्रों के अनुसार संजू सैमसन इस भूमिका के सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। संजू पहले भी राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी करते हुए टीम को प्लेऑफ तक पहुंचा चुके हैं। खराब प्रदर्शन के बाद बदलाव का फैसला CSK का आखिरी IPL खिताब 2023 में आया था। इसके बाद टीम का प्रदर्शन लगातार गिरता गया। 2024 में टीम पांचवें स्थान पर रही, 2025 में आखिरी स्थान पर फिसल गई, जबकि 2026 सीजन में आठवें स्थान पर रहकर प्लेऑफ में भी जगह नहीं बना सकी। 18 साल बाद फ्लेमिंग का साथ खत्म सोमवार को CSK ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए स्टीफन फ्लेमिंग के साथ अलग होने की पुष्टि की। फ्लेमिंग 2009 से टीम के हेड कोच थे और उनकी कोचिंग में चेन्नई ने 5 IPL खिताब जीते। फ्रेंचाइजी ने कहा कि यह फैसला आपसी सहमति से लिया गया है। बदानी का नाम नए कोच में शामिल टीम मैनेजमेंट की बैठक में अगले 3-4 महीनों में होने वाले घरेलू टूर्नामेंट्स पर भी नजर रखने का फैसला किया गया है। चयनकर्ता इन टूर्नामेंट्स में खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन करेंगे। इसके बाद ही नए हेड कोच, कप्तान और टीम के अन्य बदलावों पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली कैपिटल्स के कोच हेमंग बदानी का नाम भी CSK के नए हेड कोच की रेस में शामिल है। ————————————————— लीग क्रिकेट से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए…
महाराज ट्रॉफी फाइनल में द्रविड़ के बेटे का दोहरा प्रदर्शन, फिर भी टीम हारी राहुल द्रविड़ के बेटे समित द्रविड़ ने महाराजा ट्रॉफी के फाइनल मैच में दोहरा प्रदर्शन किया है। उन्होंने बेंगलुरु ब्लास्टर्स की ओर से 37 रन बनाए। साथ ही 4 विकेट भी झटके। हालांकि, ऑलराउंड प्रदर्शन के बावजूद वे अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। पढ़ें पूरी खबर

एक क्लिक पर लोकेशन पहुंचेगी, कालिका टीम तुरंत मदद करेगी:झुंझुनूं में महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षा ऐप और पैनिक बटन की जानकारी

झुंझुनूं में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए पुलिस की कालिका टीम स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर पहुंच रही है। टीम महिलाओं को RAJCOP Citizen App, महिला गरिमा हेल्पलाइन और पैनिक बटन के इस्तेमाल की जानकारी दे रही है। पुलिस का कहना है कि आपात स्थिति में एक क्लिक या कॉल के साथ कंट्रोल रूम को लोकेशन मिल जाएगी और कालिका टीम व 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर मदद करेगी। घर-घर और संस्थानों में पहुंच रही टीम महिला पुलिसकर्मी घर-घर जाकर और स्कूल, कॉलेज तथा अन्य संस्थानों में छात्राओं और महिलाओं से बातचीत कर रही हैं। इस दौरान उन्हें कानूनी अधिकारों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही यह भी बताया जा रहा है कि किसी घटना या परेशानी की स्थिति में पुलिस से तुरंत मदद कैसे ली जा सकती है। डिजिटल सुरक्षा की भी दी जा रही जानकारी कालिका टीम महिलाओं को डिजिटल सुरक्षा के बारे में भी जानकारी दे रही है। पुलिस की ओर से RAJCOP Citizen App के इस्तेमाल की जानकारी दी जा रही है। पुलिस के अनुसार यह ऐप आपात स्थिति में मदद पहुंचाने में उपयोगी है। इसके अलावा महिला गरिमा हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी आसान भाषा में समझाई जा रही है। महिला उप निरीक्षक संतरा ने बताया कि हेल्पलाइन नंबर पर कॉल आते ही कंट्रोल रूम को महिला की लोकेशन मिल जाती है। इसके बाद कालिका टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर सहायता उपलब्ध कराती है। सार्वजनिक वाहनों में पैनिक बटन की जानकारी पुलिस की ओर से सार्वजनिक और कॉमर्शियल वाहनों में लगाए गए पैनिक बटन के बारे में भी जानकारी दी जा रही है। छात्राओं और महिलाओं को बताया जा रहा है कि सफर के दौरान किसी तरह की परेशानी होने पर पैनिक बटन को तीन सेकंड तक दबाना है। पुलिस के अनुसार पैनिक बटन दबाते ही कंट्रोल रूम को सूचना पहुंच जाती है। इसके साथ ही संबंधित व्यक्ति की लोकेशन भी मिल जाती है और 112 टीम तथा कालिका टीम मौके के लिए रवाना हो जाती है। महिलाओं में भरोसा बढ़ाना उद्देश्य महिला उप निरीक्षक संतरा ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा और विश्वास की भावना बढ़ाना है। पुलिस चाहती है कि महिलाएं किसी भी घटना या परेशानी की स्थिति में बिना डर और झिझक के पुलिस से संपर्क करें। पुलिस की ओर से सार्वजनिक वाहनों में पैनिक बटन की जांच भी की जा रही है। साथ ही अलग-अलग स्थानों पर जागरुकता कार्यक्रम चलाकर महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षा से जुड़ी जानकारी दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस अभियान के जरिए महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ाने और जिले को महिलाओं के लिए और सुरक्षित बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

सीकर में अगले दो दिन बारिश की संभावना:आज सुबह से छाए बादल, उमस बढ़ी; अभी तक मानसून की औसत बरसात भी नहीं

सीकर में अगले 2 दिन कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है। आज सुबह से भी बादल छाए हुए है। पिछले साल के मुकाबले इस साल 13 जुलाई तक आधी से कम बारिश हुई है। सीकर समेत शेखावाटी इलाके में अभी तक मानसून की औसत से भी कम बारिश हुई है। आज सुबह से सीकर में बादल छाए हैं, इस वजह से उमस बढ़ गई है। देखें सीकर का मौसम सीकर में अगले 2 दिन में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार- मानसून के सीकर में एंट्री करने से पहले प्रेशर कम हो गया था। आज सीकर के ऊपर एक कमजोर वेदर सिस्टम एक्टिव होगा, जिसके बाद बारिश होने का अनुमान है। गौरतलब है कि बंगाल की खाड़ी से उठा मानसून इस बार राजस्थान में एंट्री करने से पहले कमजाेर हो गया, 3-4 जिले को छोड़ दें तो राजस्थान में अभी कहीं भी ज्यादा अच्छी बारिश नहीं हुई है। बात करें, सीकर के तापमान की तो सीकर जिले के फतेहपुर में स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र के मौसम विज्ञान केंद्र पर आज सुबह का न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28.0 डिग्री दर्ज किया गया था। सीकर में बादलों की वजह से धूप की तल्खी नहीं है और उमस बढ़ी हुई है। इस कारण तापमान में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है।

मनीष सोनी को पोकरण का नया थानाधिकारी बनाया:देवकिशन संभालेंगे रामदेवरा थाने की कमान; 55 एएसआई और 40 हेड कांस्टेबल के तबादले

जैसलमेर जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने आदेश जारी कर पुलिस इंस्पेक्टर (सीआई), सब इंस्पेक्टर (एसआई), असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (एएसआई), हेड कांस्टेबल, कांस्टेबल और ड्राइवरों के तबादले किए हैं। आदेश जारी होने के बाद जिले के कई थानों, चौकियों और शाखाओं में नई तैनातियां की गई हैं। सभी कर्मचारियों को तुरंत नए पदस्थापन स्थल पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं। कई थानों के बदले थानाधिकारी एसपी की ओर से जारी आदेश के अनुसार साइबर थाने में तैनात मनीष सोनी को पोकरण का नया थानाधिकारी बनाया गया है। खुहड़ी के थानाधिकारी नरेंद्र पंवार को शाहगढ़ थाने की जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस लाइन से सुमेरदान को नाचना थानाधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि महेंद्र कुमार को सदर थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा चुन्नीलाल को सम थाना, देवकिशन को रामदेवरा थाना और खेताराम को महिला थाने का नया प्रभारी बनाया गया है। सब इंस्पेक्टर स्तर पर बगडूराम को लाठी थाना और सज्जनसिंह को म्याजलार थाने का प्रभारी नियुक्त किया गया है। 55 एएसआई के भी हुए तबादले जिले में 55 एएसआई के भी तबादले किए गए हैं। जुगतदान को पुलिस लाइन से गांधी कॉलोनी चौकी भेजा गया है। श्रीमती सरोज को महिला थाने और विमला को कस्बा चौकी में लगाया गया है। वहीं वीरमसिंह को कोतवाली और देदाराम को म्याजलार थाने की जिम्मेदारी दी गई है। 40 हेड कांस्टेबल और 189 कांस्टेबल-ड्राइवर बदले तबादला सूची में 40 हेड कांस्टेबल और करीब 189 कांस्टेबल व ड्राइवरों के नाम भी शामिल हैं। हेड कांस्टेबल मूलचंद को हाईवे मोबाइल, मांगीलाल को म्याजलार थाना और बीरमाराम को फलसूण्ड थाने में लगाया गया है। वहीं कांस्टेबल भींयाराम को रामदेवरा थाना और जितेंद्र को रामदेवरा यातायात शाखा में भेजा गया है। तुरंत कार्यभार संभालने के निर्देश एसपी अभिषेक शिवहरे ने आदेश में कहा है कि सभी तबादले राजहित और सरकारी कामकाज को बेहतर बनाने के लिए किए गए हैं। सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बिना छुट्टी या अतिरिक्त जॉइनिंग समय लिए तुरंत अपने नए तैनाती स्थल पर पहुंचकर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस विभाग के अनुसार इस फेरबदल का उद्देश्य जिले में अपराध नियंत्रण को मजबूत करना और थानों की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना है। आदेश की प्रतियां जोधपुर रेंज के महानिरीक्षक सहित जिले के सभी संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई हैं।