ब्रेकिंग न्यूज़
खैरथल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का युवा खेल संगम:27 टीमों ने 5 खेलों में भाग लिया, अनुशासन का दिया संदेश

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) खैरथल नगर द्वारा रविवार को उच्च माध्यमिक स्कूल में ‘विशाल युवा खेल संगम’ हुआ। इसमें 5 खेलों में 27 टीमों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में खैरथल और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला सह कार्यवाह यशवंत सिंह मांढैया ने खिलाड़ियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा- खेल न केवल शारीरिक क्षमता बढ़ाते हैं, बल्कि अनुशासन, सामाजिकता, आपसी समन्वय, सहयोग, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभक्ति जैसे मूल्यों को भी विकसित करते हैं। मांढैया ने युवाओं से ‘राष्ट्र प्रथम’ का भाव रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमें यह सोचना चाहिए कि हम देश के लिए क्या कर सकते हैं, न कि देश ने हमें क्या दिया। उन्होंने युवाओं को नियमित रूप से खेल गतिविधियों से जुड़कर राष्ट्रभाव जागृत करने के लिए प्रेरित किया। 5 खेलों में 27 टीमों ने हिस्सा लिया
इस खेल संगम में खैरथल और आसपास के क्षेत्रों से कुल 27 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं में कबड्डी, रिंग गोल, पिट्ठू, खो-खो और गेंदमार सहित पाँच खेल शामिल थे। सभी प्रतियोगिताएं उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ संपन्न हुईं। समापन समारोह में प्रत्येक खेल की विजेता टीमों को पुरस्कार और सम्मान प्रदान किए गए। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को सांत्वना पुरस्कार देकर उनकी खेल भावना को सराहा गया। कार्यक्रम का समापन ‘आइए, खेलें – बढ़ें – राष्ट्र बनाएं’ के संदेश के साथ हुआ। आयोजकों ने सभी खिलाड़ियों, अतिथियों, सहयोगकर्ताओं और उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे खेल आयोजनों को जारी रखने का संकल्प लिया।

ट्रैक्टर की चपेट में आने से बच्चे की मौत:खेत में जुताई करते समय हुआ हादसा, पुलिस जांच में जुटी

डूंगरपुर के सदर थाना क्षेत्र के छैला खेरवाड़ा गांव में खेत की जुताई करते समय एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सदर थाने के एएसआई गजराज सिंह ने बताया कि छैला खेरवाड़ा निवासी कपिल हडात (12) गांव के ही एक खेत में खड़ा था। इसी दौरान एक ट्रैक्टर ड्राइवर तेज गति और लापरवाही से खेत में जुताई कर रहा था। अचानक बेकाबू ट्रैक्टर ने खेत में खड़े बच्चे को कुचल दिया, जिससे कपिल गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोग उसे तुरंत सामान्य अस्पताल, डूंगरपुर ले गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद कपिल को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

दो साल से फरार डोडा पोस्त तस्कर गिरफ्तार:67 किलो मादक पदार्थ पकड़ा था, मतौड़ा थाना पुलिस की कार्रवाई

फलोदी की मतौड़ा थाना पुलिस ने दो साल से फरार डोडा पोस्त तस्करी के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अशोक कुमार जोधपुर जिले के सालवां कला (डागियावास) का रहने वाला है। उसके खिलाफ पहले भी चोरी, नकबजनी और मादक पदार्थ तस्करी के तीन मामले दर्ज हैं। एसपी सतनाम सिंह ने बताया- यह गिरफ्तारी 26 जुलाई 2024 को दर्ज एक मामले में की गई है। 26 जुलाई को मतौड़ा थाना पुलिस ने एक वाहन से 67.240 किलो अवैध डोडा पोस्त बरामद किया था। डोडा पोस्त के साथ दो लोगों को पकड़ा था मौके से भजनलाल विश्नोई और नैनाराम विश्नोई को गिरफ्तार किया गया था। मुख्य आरोपी अशोक कुमार उस समय से फरार था। उसके खिलाफ मतौड़ा थाने में मामला दर्ज किया गया था। मादक पदार्थ तस्करों को पकड़ने के लिए एक टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने आरोपी अशोक कुमार की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी। आखिरकार, उसे उसके गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब आरोपी से अवैध डोडा पोस्त तस्करी के संबंध में पूछताछ कर रही है। इस मामले में शामिल अन्य संभावित आरोपियों और पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

राजस्थान दिनभर, 10 बड़ी खबरें:व्यापारी के हत्यारों का सिर मुंडवाया, परेड निकाली; बारिश के लिए किसानों ने किया हवन; युवक के सिर में धंसी कुल्हाड़ी

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर डूंगरपुर से है। यहां बड़ी गांव में तालाब में नहाने पहुंचे 4 भाई-बहनों की मौत हो गई, जबकि 2 बच्चों को बचा लिया गया। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें
1. तालाब में नहाते समय 6 डूबे, 4 भाई-बहनों की मौत
डूंगरपुर के बड़ी गांव में वात्रक तालाब में नहाने पहुंचे 4 भाई-बहनों की डूबने से मौत हो गई। इनमें 3 सगे और एक उनकी फुफेरी बहन है। 2 बच्चों को उनमें से एक के पिता ने बचा लिया। बड़ी गांव निवासी 2 बहनों और भाई की मौत के बाद परिवार में अब केवल माता-पिता बचे हैं। पूरी खबर पढ़ें 2. प्रश्नपत्र की गाड़ी के पीछे-पीछे एग्जाम सेंटर में घुसे अभ्यर्थी
RPSC की सीनियर टीचर भर्ती परीक्षा रविवार को प्रदेश के 27 जिलों में 1221 सेंटर पर शुरू हुई। पाली के बांगड़ स्कूल में सुबह 9 बजे पहुंचे अभ्यर्थियों को एंट्री नहीं दी गई। इस दौरान प्रश्नपत्र लेकर पहुंची गाड़ी के लिए गेट खोला तो उसके पीछे-पीछे कुछ अभ्यर्थी भी घुस गए। पूरी खबर पढ़ें 3. बुजुर्ग के हत्यारों को सिर मुंडवाकर घुमाया
अलवर शहर में बुजुर्ग व्यापारी की हत्या के आरोपी 2 युवकों की पुलिस ने परेड निकाली। दोनों हत्यारे फटे कपड़ों में लंगड़ाते हुए चल रहे थे और सिर मुंडा हुआ था। पुलिस रविवार सुबह दोनों आरोपियों को घटनास्थल पर लेकर गई और वारदात का सीन रीक्रिएट कराया। पूरी खबर पढ़ें 4. बारिश के लिए किसानों ने किया हवन
राजस्थान में मानसून कमजोर पड़ गया है। अच्छी बारिश के लिए बाड़मेर जिले के भुरटिया गांव में किसानों ने हवन किया। सैटेलाइट इमेज में राजस्थान के ऊपर से मानसून वाले बादल गायब नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग ने 15 जुलाई तक किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया है। पूरी खबर पढ़ें 5. घर में सो रहे युवक को कुल्हाड़ी मारी, सिर में धंसी
बारां जिले के भंवरगढ़ थाना इलाके में घर में सो रहे युवक पर बदमाशों ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमला इतना जोरदार था कि कुल्हाड़ी के आगे का हिस्सा युवक के सिर में ही धंस गया। बारां जिला अस्पताल में डॉक्टर कुल्हाड़ी निकाल नहीं सके तो कोटा रेफर कर दिया। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. एयरफोर्स जवान का हाथ तोड़ा, कुल्हाड़ी से सिर फोड़ा
जोधपुर के विवेक विहार थाना इलाके में जमीन पर अवैध कब्जे और तारबंदी हटाने को लेकर सगे भतीजों ने एयरफोर्स जवान और उनके छोटे भाई पर हमला बोल दिया। दोनों भाइयों को कुल्हाड़ी, सरियों और लाठियों से पीट-पीट कर अधमरा कर दिया। पूरी खबर पढ़ें 7. रोहित गोदारा गैंग ने प्रॉपर्टी कारोबारी से मांगे 2 करोड़
सीकर जिले में प्रॉपर्टी कारोबारी को विदेश में बैठे गैंगस्टर रोहित गोदारा की गैंग ने धमकी दी है और 2 करोड़ की फिरौती मांगी है। गैंगस्टर वीरेंद्र चारण ने विदेशी नंबरों से वॉट्सएप कॉल कर धमकाया कि फिरौती नहीं दी तो तुम्हें और तुम्हारे परिवार को जान से खत्म कर देंगे। पूरी खबर पढ़ें 8. ट्रेलर में भिड़ंत के बाद आग लगी, ड्राइवर जिंदा जला
सिरोही जिले के अनादरा थाना इलाके में NH-168 पर दो ट्रेलर की आमने-सामने भिड़ंत के बाद आग लग गई। हदासे में एक ट्रेलर का ड्राइवर जिंदा जल गया, जबकि दूसरे ट्रेलर के ड्राइवर समेत तीन लोगों ने कूदकर जान बचाई। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है
9. रिटायर्ड प्रोफेसर की कविता ने बनाया रिकॉर्ड
जयपुर के रिटायर्ड प्रोफेसर डॉ. हरि मोहन सक्सेना ने ऐसी हिंदी कविता रची है, जिसके सभी 116 शब्द और 24 पंक्तियां हिंदी वर्णमाला के ‘क’ अक्षर से शुरू होती हैं। इसे इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने मान्यता प्रदान की है। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास
10. ‘रन अगेंस्ट पेपर लीक’ थीम पर 5KM की मैराथन
देशभर में भर्ती परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक के खिलाफ सोमवार को जयपुर में छात्र सड़क पर उतरेंगे। NSUI राजस्थान की ओर से ‘रन अगेंस्ट पेपर लीक’ थीम पर 5 किलोमीटर की मैराथन होगी। इसके विजेताओं को नकद पुरस्कार भी दिए जाएंगे। पूरी खबर पढ़ें

ब्लड की कमी पर 29 ग्रामीणों ने किया रक्तदान:खूनखुना गांव ने पेश की मानवता की मिसाल

डीडवाना के बांगड़ जिला अस्पताल के ब्लड सेंटर में रक्त की कमी की सूचना मिलते ही खूनखुना गांव के 29 ग्रामीण मदद के लिए आगे आए। रविवार को सभी रक्तदाता जिला अस्पताल पहुंचे और स्वैच्छिक रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराया। ग्रामीणों की इस पहल को अस्पताल प्रशासन ने प्रेरणादायक बताया। रक्तदान को बताया जीवन बचाने का माध्यम रक्तदाताओं में शामिल शाहरुख देशवाली नेताजी और असलम खींची ने कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए। उनके अनुसार, एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद की जान बचा सकता है। उन्होंने लोगों से भी स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। बिना आग्रह के अस्पताल पहुंचे ग्रामीण ब्लड सेंटर के असगर अली ने बताया कि अस्पताल में रक्त की कमी की जानकारी गांव तक पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण बिना किसी विशेष आग्रह के स्वयं अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सामाजिक जिम्मेदारी और मानवता की मिसाल है। इन लोगों ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका इस रक्तदान अभियान को सफल बनाने में हुसैन रज़ा खूनखुना, याकूब शेरानी, अब्दुल रहीम, सेठी खां खींची, कैलाश सीमार, सदिक खां फौजी, साबिर फौजी, अनिल शर्मा, उस्मान हरेउ, असलम खींची, हमीद सोनी, सुरेश भार्गव, रजाक मरगोजी, इमरान खींची, आसिफ, सलीम बादशाह, समीर (सामो), जबार खां, मुकारब गरदेजी, बबलू भानु, घनश्याम चौधरी, खलील, सलीम, बिलाल मेडिकल, सलीम केजीएन इलेक्ट्रिक, बजरंग भाऊ और अनिल बूड़ोथ सहित कई अन्य लोगों ने सहयोग दिया। ब्लड बैंक टीम ने जताया आभार रक्त संग्रहण का कार्य बांगड़ ब्लड बैंक के अमरीश माथुर, महेश कुमार शर्मा, संगीता स्वामी, अनिल सैनी और प्रवेन्द्र सिंह ने किया। ब्लड सेंटर की टीम ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए आमजन से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता करने की अपील की।

महिलाओं को संदेश: 'डरें नहीं, शिकायत करें':डीग पुलिस ने अधिकार और मदद के रास्ते बताए

डीग शहर कोतवाली परिसर में सामुदायिक संपर्क समूह (सीएलजी) की बैठक आयोजित की गई। इसमें बड़ी संख्या में महिला सखियों और आम महिलाओं ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, अधिकारों तथा महिला उत्पीड़न से संबंधित कानूनों के प्रति जागरूक करना था। बैठक को संबोधित करते हुए सीओ सीताराम बैरवा, शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हीरालाल मीणा और उप निरीक्षक मंगतूराम ने महिला सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने महिला हेल्प डेस्क, महिला हेल्पलाइन 1090 तथा आपातकालीन नंबर 100 और 112 के बारे में विस्तार से बताया। अधिकारियों ने महिलाओं से छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न या अन्य अपराध की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है। इस दौरान महिला सखियों को महिला सुरक्षा व्यवस्था, कानूनी अधिकारों और पुलिस की कार्यप्रणाली के बारे में भी जागरूक किया गया। महिलाओं और छोटी बच्चियों को गुड टच एवं बैड टच की जानकारी सरल भाषा में दी गई। अधिकारियों ने जोर दिया कि बच्चों को बचपन से ही अच्छे और बुरे स्पर्श की पहचान कराना आवश्यक है, ताकि वे किसी भी अनुचित व्यवहार की जानकारी बिना डर के अपने माता-पिता, शिक्षकों या पुलिस को दे सकें। पुलिस अधिकारियों ने अभिभावकों से बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या छेड़छाड़ की घटना की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला एवं बालिका सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। समाज में जागरूकता बढ़ाकर ही ऐसे अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।

150 साल पुराने संदूक पर उभरी रंगों की दुनिया:रंग मल्हार में 100 से ज्यादा कलाकारों ने कैनवास नहीं, संदूक और पेटियों पर चित्रकारी कर दिया संदेश

राजस्थान ललित कला अकादमी में रविवार को आयोजित 17वें रंग मल्हार में इस बार कैनवास की जगह संदूक कलाकारों की कल्पनाओं का माध्यम बना। जयपुर और आसपास के क्षेत्रों से आए 100 से ज्यादा चित्रकारों ने लगभग 150 वर्ष पुराने पारंपरिक संदूकों से लेकर आधुनिक डिजाइन के संदूकों पर अपनी रचनात्मकता के रंग बिखेरे। कलाकारों ने इन संदूकों पर संस्कृति, विरासत, स्मृतियां, प्रकृति, पर्यावरण और सामाजिक सरोकारों को अपनी विशिष्ट शैली में उकेरा। रंग मल्हार में इस बार संदूक केवल एक वस्तु नहीं, बल्कि परंपरा, स्मृतियों, संस्कृति, समृद्धि और सामाजिक संदेशों का जीवंत प्रतीक बन गया। कलाकारों ने अपनी कल्पनाओं के माध्यम से यह संदेश दिया कि विरासत को सहेजना और प्रकृति के प्रति संवेदनशील रहना आज भी उतना ही आवश्यक है, जितना कभी हुआ करता था। 17 साल से चित्रकार करते हैं कला अनुष्ठान रंग मल्हार के संयोजक एवं वरिष्ठ चित्रकार विद्यासागर उपाध्याय ने बताया कि यह आयोजन वर्ष 2010 से लगातार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य केवल कला सृजन नहीं, बल्कि राजस्थान में अच्छी बारिश, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करना भी है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष कलाकारों को कैनवास की जगह किसी अलग वस्तु पर चित्रांकन कराया जाता है, जिससे कला का दायरा भी बढ़ता है और उस वस्तु के प्रति लोगों में नई संवेदना भी जागृत होती है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष ‘संदूक’ को इसलिए चुना गया, क्योंकि यह धीरे-धीरे घरों से गायब होती जा रही एक ऐसी धरोहर है, जो कभी हर परिवार की पहचान हुआ करती थी। रंग मल्हार किसी एक संस्था या कलाकार समूह का आयोजन नहीं है, इसलिए हर कलाकार इससे आत्मीयता के साथ जुड़ता है। इस बार कलाकारों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक विरासत जैसे विषयों पर भी प्रभावी संदेश दिए। यहां देखिए इवेंट के फोटोज पुराने संदूक समृद्धि और प्रतिष्ठा के प्रतीक वरिष्ठ चित्रकार विनय शर्मा ने बताया कि प्रदर्शनी में करीब डेढ़ सौ वर्ष पुराने संदूकों से लेकर वर्तमान समय के आधुनिक संदूक तक प्रदर्शित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पुराने समय में संदूक किसी भी परिवार की समृद्धि और प्रतिष्ठा का प्रतीक हुआ करते थे। जिस घर में जितनी अधिक संदूकें होती थीं, उसे उतना ही संपन्न परिवार माना जाता था। अधिकांश कलाकार लकड़ी और लोहे के पारंपरिक संदूकों पर अपनी कला उकेर रहे हैं। उन्होंने स्वयं अपने कार्य में पुराने समय के संदूक और घड़ी के संरक्षण की परंपरा को चित्रित किया है। उनके अनुसार जिस तरह लोग अपनी घड़ियों और बहुमूल्य वस्तुओं को सहेजकर रखते थे, उसी स्मृति को उन्होंने अपने संदूक के माध्यम से जीवंत किया है। लकड़ी के छोटे-छोटे टुकड़ों से बनाया बॉक्स युवा चित्रकार देवेंद्र कुमार ने पूरी तरह लकड़ी के छोटे-छोटे टुकड़ों से एक अनूठा ज्वेलरी बॉक्स तैयार किया। उन्होंने बताया कि उनकी कला की पहचान ही लकड़ी के टुकड़ों से कलाकृतियां बनाना है। रंग मल्हार के प्रत्येक आयोजन में वे इसी माध्यम से अपनी रचनाएं प्रस्तुत करते आए हैं और इस बार भी उन्होंने लकड़ी के टुकड़ों को जोड़कर संदूक को नया कलात्मक रूप दिया। ट्रक चालकों के जीवन को लिखा भगवान भरोसे युवा चित्रकार सौरभ यादव ने ट्रक चालकों के जीवन को अपनी कलाकृति का विषय बनाया। उन्होंने एक पुराने संदूक को सफेद स्प्रे पेंट और एक्रेलिक रंगों से नया स्वरूप दिया तथा कार्डबोर्ड की सहायता से उसे ट्रक जैसी आकृति प्रदान की। संदूक पर बने ट्रक और ‘भगवान भरोसे’ लिखे संदेश के पीछे उन्होंने बताया कि लंबी दूरी तय करने वाले ट्रक चालक अक्सर जोखिम भरी परिस्थितियों में सफर करते हैं। वे अपने साथ एक छोटी पेटी या संदूक रखते हैं, जिसमें उनका पूरा घर समाया होता है। उनकी यह कलाकृति उन मेहनतकश लोगों के संघर्ष और विश्वास को समर्पित है। संदूक पर श्रीनाथजी और पिछवाई शैली वरिष्ठ चित्रकार श्वेत गोयल ने संदूक को पारिवारिक विरासत और स्मृतियों का प्रतीक मानते हुए उस पर श्रीनाथजी और राजस्थान की प्रसिद्ध पिछवाई शैली को अपने विशेष अंदाज में प्रस्तुत किया। उन्होंने लकड़ी के ब्लॉक और कट-आउट का प्रयोग करते हुए पारंपरिक पिछवाई कला को आधुनिक शैली में उकेरा। उनका कहना है कि संदूक हमें अपने माता-पिता और पूर्वजों से मिली अमूल्य धरोहरों की याद दिलाता है, इसलिए उन्होंने अपनी कलाकृति को उसी भाव से तैयार किया।

फलोदी में 'मनुष्य भव की सार्थकता' पर प्रवचन:आचार्य सुरेश्वर बोले-वर्तमान पर ध्यान केंद्रित करें

फलोदी में रविवार को बड़ी धर्मशाला में आचार्य तत्वदर्शन सुरेश्वर महाराज ने ‘मनुष्य भव की सार्थकता’ विषय पर प्रवचन दिया। उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन अत्यंत दुर्लभ है और यह केवल सांसारिक सुखों के उपभोग के लिए नहीं, बल्कि आत्मकल्याण तथा आध्यात्मिक उन्नति के लिए प्राप्त हुआ है। वर्तमान पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी आचार्यश्री ने बताया कि वर्तमान में अधिकांश लोग ‘व्हाट नेक्स्ट’ की चिंता और तनाव में जी रहे हैं। वे परलोक को लेकर भी अनेक शंकाओं से घिरे रहते हैं। उन्होंने भविष्य की चिंता करने के बजाय वर्तमान में क्या करना है, इस पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। तप का महत्व बताया उन्होंने जोर दिया कि मनुष्य भव एक श्रेष्ठ गति है, जिसमें साधना के बल पर शीघ्र आध्यात्मिक उन्नति की जा सकती है। हालांकि, जरा सी लापरवाही पतन का कारण भी बन सकती है। आचार्यश्री ने तप का महत्व समझाते हुए कहा कि तप का अर्थ स्वयं को तपाकर शुद्ध करना है, जबकि साधना के माध्यम से संचित कर्मों का क्षय करना ही वास्तविक आध्यात्मिक प्रगति है। आचार्यश्री ने एक उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार नमक के बिना भोजन स्वादहीन रहता है, उसी प्रकार भाव के बिना धर्म, पूजा और ध्यान भी निष्फल हो जाते हैं। प्रवचन के अंत में उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं से प्रतिदिन साधना करने का संकल्प करवाया। ये रहे मौजूद इस अवसर पर जैन सकल श्रीसंघ की ओर से हंसरत्न सुरेश्वर, विजय तत्वदर्शन सूरिश्वर एवं धर्मध्यानरत्न महाराज को कामली ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में संघ अध्यक्ष घीसूलाल गोलछा, सचिव महिपाल कोठारी, देवेंद्र गोलछा, सुभाष कानूगा, अशोक कोचर, मुकेश कोठारी, हर्ष कोठारी, जितेंद्र बछावत, कुंदन लुणावत, रोहित गोलछा, मिलापचंद लूकड़ और रमेश गोलछा सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। संघ अध्यक्ष घीसूलाल गोलछा ने आभार व्यक्त किया।

डूंगरपुर में फंदे पर लटककर युवक ने की आत्महत्या:पारिवारिक विवाद के कारण तनाव में था, अस्पताल में मृत घोषित

डूंगरपुर के साबला थाना क्षेत्र के धाणी कटारा गांव में रविवार को एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिजन उसे फंदे से उतारकर आसपुर अस्पताल ले गए, जहां से उसे डूंगरपुर रेफर कर दिया गया। डूंगरपुर अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान कीर्ति (29) पुत्र दलीप्रसाद कटारा के रूप में हुई है। वह अपने घर के पास ही फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और उसे तुरंत फंदे से नीचे उतारा। आसपुर अस्पताल में डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे डूंगरपुर रेफर कर दिया। पुलिस जीप से उसे तत्काल डूंगरपुर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर आसपुर डीएसपी प्रभुलाल भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक ने पारिवारिक विवाद के चलते तनाव में आकर यह कदम उठाया है। घटना के बाद मृतक की मां और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

दुबई में बिजनेसमैन का किडनैप, भीलवाड़ा में 40-लाख फिरौती ली:10 दिन तक बंधक बनाकर रखा; घर जाकर पत्नी से चेक लिया, इसके बाद छोड़ा

भीलवाड़ा के बिजनेसमैन को दुबई(UAE) में बंधक बनाकर पत्नी से 40 लाख रुपए की फिरौती वसूलने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पीड़ित के ससुर को दुबई से फोन किया और 40 लाख रुपए की डिमांड की। इसके बाद दो बदमाश, बिजनेसमैन के भीलवाड़ा स्थित घर पहुंचे और वहां उनकी पत्नी से 40 लाख रुपए का चेक लिया, जिसकी सूचना मिलते ही दुबई में पीड़ित को छोड़ दिया गया। शुक्रवार देर रात बिजनेसमैन मुकेश टेलर भीलवाड़ा पहुंचे। शनिवार को अपनी पत्नी के साथ सुभाष नगर थाने पहुंचकर पूर्व पार्षद और वांटेड आरोपी फजले रउफ शेख उर्फ लुत्फी, फाइनेंसर योगेश मूंदड़ा और उसके साथी राजू पठान के खिलाफ रिपोर्ट दी। पुलिस ने रविवार को योगेश मूंदड़ा को गिरफ्तार कर लिया। जबकि मास्टरमाइंड फजले रउफ शेख को पकड़ने के लिए लुकआउट नोटिस जारी किया है, जिससे दुबई पुलिस आरोपी को पकड़ सके। वहीं राजू पठान को पकड़ने के लिए जिलेभर में दबिश दी जा रही है। 3 पॉइंट्स में समझिए पूरा घटनाक्रम 1. दुबई में बंधक बनाकर पीटा एसपी सागर राणा ने बताया- भीलवाड़ा निवासी बिजनेसमैन मुकेश टेलर जून में बिजनेस ट्रिप पर दुबई गए थे। 1 जुलाई को दुबई में भीलवाड़ा के पूर्व पार्षद एवं वांटेड आरोपी फजले रऊफ शेख उर्फ लुत्फी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनका अपहरण कर लिया। आरोपियों ने उन्हें एक फ्लैट में 10 दिन तक बंधक बनाकर रखा और इस दौरान उनके साथ मारपीट भी की। आरोपियों ने मुकेश से UAE की करेंसी दिरहम में फिरौती देने की मांग की। इस पर मुकेश ने कहा कि उनके पास फिलहाल 40 लाख रुपए नहीं हैं और इस कारण वे दिरहम में भुगतान भी नहीं कर सकते। 2. ससुर को फोन करके 40 लाख रुपए फिरौती मांगी बिजनेसमैन मुकेश के भीलवाड़ा में रहने वाले ससुर गोपाललाल को आरोपियों ने गुरुवार को फोन कर कहा कि उनके दामाद का अपहरण कर लिया गया है और उन्हें छुड़ाने के लिए 40 लाख रुपए देने होंगे। इसके बाद गोपाललाल अपनी बेटी के घर पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी दी। शुक्रवार को आरोपी योगेश मूंदड़ा और उसका साथी राजू पठान बिजनेसमैन के घर पहुंचे और 40 लाख रुपए का चेक लेकर लौट गए। 3. चेक कंफर्मेशन मिलते ही छोड़ा भीलवाड़ा से चेक की कंफर्मेशन मिलते ही बदमाशों ने दुबई में बंधक बनाए गए मुकेश को छोड़ दिया। इसके बाद बिजनेसमैन मुकेश फ्लाइट से शुक्रवार रात भीलवाड़ा पहुंचे। शनिवार देर रात पति-पत्नी सुभाष नगर थाने पहुंचे और पूर्व पार्षद फजले रऊफ शेख उर्फ लुत्फी, उसके साथी फाइनेंसर योगेश मूंदड़ा और राजू पठान के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। मामले में योगेश मूंदड़ा को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। जबकि साथी राजू पठान के लिए अलग- अलग जगहों पर दबिश दी जा रही है। वहीं मास्टरमाइंड आरोपी फजले रऊफ शेख उर्फ लुत्फी को पकड़ने के लिए लुकआउट नोटिस जारी किया जा रहा है, जिससे दुबई पुलिस उसे गिरफ्तार कर सके।