ब्रेकिंग न्यूज़
RGHS में OPD जांच के लिए कल से नए नियम:2 हजार रुपए तक की जांच के लिए मंजूरी जरूरी नहीं; जानें- और क्या बदलाव हुए

सरकारी कर्मचारियों के लिए राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (RGHS) को लेकर सरकार ने बड़ा फैसला किया है। RGHS के तहत OPD में रूटीन जांच को लेकर राजस्थान स्टेट हेल्थ एश्योरेंस एजेंसी (RSHAA) ने नई गाइडलाइन जारी की है, जो 13 जुलाई यानी सोमवार से लागू हो जाएगी। नई व्यवस्था के तहत अब मरीज OPD में डॉक्टर की लिखी गई 2 हजार रुपए तक की रूटीन जांचों को सीधे करा सकेगा। इसके लिए अस्पताल या डायग्नोस्टिक सेंटर को RGHS पोर्टल से पहले अनुमति लेने की जरूरत नहीं होगी। 2 हजार रुपए से ज्यादा की जांचों के लिए अस्पताल या डॉक्टर को पहले RGHS पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। अनुमति मिलने के बाद ही जांच हो सकेगी। नई व्यवस्था में मंजूरी के लिए समय सीमा भी तय कर दी गई है। एजेंसी TPA (थर्ड पार्टी एडमिनिस्ट्रेटर) को तत्काल जांच के लिए आवेदन के एक घंटे में अप्रूवल देना पड़ेगा, जबकि सामान्य जांच के लिए 3 घंटे में अप्रूवल देना पड़ेगा। अगर इस अवधि अप्रूवल नहीं आया तो आवेदन अपने आप स्वीकृत माना जाएगा। इमरजेंसी मरीजों को मिलेगी राहत
सरकार ने इमरजेंसी मरीजों को इस प्रक्रिया से राहत दी है। नई गाइडलाइन में स्पष्ट किया गया है कि इमरजेंसी की स्थिति में प्री-अथॉराइजेशन यानी पूर्व अनुमति की जरूरत नहीं होगी। ऐसे मामलों में मरीज की स्थिति देखते हुए डॉक्टर तुरंत आवश्यक जांच करा सकेंगे। हालांकि बाद में अस्पताल या डॉक्टर को मरीज से जुड़े सभी जरूरी क्लिनिकल दस्तावेज, मेडिकल रिकॉर्ड और जांच कराने का कारण RGHS पोर्टल पर अपलोड करना होगा। नई गाइडलाइन के अनुसार, OPD जांचों की मंजूरी प्रक्रिया को ज्यादा पारदर्शी और तेज बनाने के उद्देश्य से यह बदलाव किया गया है। इन संस्थानों को करना होगा पालन
सरकार ने निर्देश दिए हैं कि सभी लिस्टेड सरकारी और प्राइवेट हॉस्पिटल, डायग्नोस्टिक सेंटर, थर्ड पार्टी एडमिनिस्ट्रेटर (TPA) और अन्य संबंधित संस्थाएं इन निर्देशों का सख्ती से पालन करें। RGHS योजना क्या है
राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (RGHS) राज्य सरकार की कैशलेस स्वास्थ्य योजना है। इस योजना के तहत पात्र सरकारी कर्मचारियों, पेंशनर्स और उनके आश्रितों को लिस्टेड सरकारी और प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज की सुविधा मिलती है। योजना के तहत OPD और IPD इलाज, विभिन्न जांच, दवाइयां, सर्जरी और कई अन्य स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ निर्धारित नियमों के अनुसार दिया जाता है। इलाज और जांच की पूरी प्रक्रिया RGHS पोर्टल से संचालित होती है। इससे मंजूरी, भुगतान और रिकॉर्ड का डिजिटल प्रबंधन किया जाता है।

जालोर स्टेशन पर हाईटेक मशीनों से होगी सफाई:7 तरह की नई मशीनों को चलाएंगे हेल्पर, 16 कर्मचारियों को ट्रेनिंग दी जा रही

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के जालोर रेलवे स्टेशन पर अब सफाई व्यवस्था हाईटेक होने जा रही है। 10 जुलाई से नया हाउसकीपिंग कॉन्ट्रैक्ट लागू होने के साथ ही स्टेशन पर 16 हाउसकीपिंग कर्मियों की तैनाती कर दी गई है। इसके अलावा सफाई कार्य के लिए सात आधुनिक मशीनें भी स्टेशन पहुंच चुकी हैं। इससे यात्रियों को साफ-सुथरा और बेहतर स्टेशन परिसर का लाभ मिलेगा। नए सिस्टम से होगी सफाई जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि अब तक जालोर स्टेशन पर सफाई व्यवस्था इंप्रैस्ट सिस्टम के तहत संचालित की जा रही थी। सीमित संख्या में सफाई कर्मी होने के कारण पूरे स्टेशन परिसर की नियमित और प्रभावी सफाई में कठिनाई आती थी। अब पुनर्विकास के तहत स्टेशन पर नए कॉन्ट्रैक्ट के बाद प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय,टिकट बुकिंग कार्यालय,फुट ओवर ब्रिज, शौचालय, सर्कुलेटिंग एरिया और स्टेशन परिसर की व्यवस्थित एवं नियमित सफाई की जाएगी। हाईटेक मशीनें लगेंगी स्टेशन पर राइड-ऑन स्वीपर,राइड-ऑन स्क्रबर,हाई प्रेशर जेट मशीन,रोड स्वीपर मशीन,सिंगल डिस्क स्क्रबर और हैंड स्क्रबर सहित कुल सात आधुनिक मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। इन मशीनों के संचालन के लिए तैनात 16 हाउसकीपिंग कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मशीनों के नियमित उपयोग से स्टेशन परिसर की सफाई पहले की तुलना में अधिक तेज,प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण होगी।

बेनीवाल के काफिले में घुसी कार में तोड़फोड़ करने-वाला गिरफ्तार:बाड़मेर पुलिस ने 10 दिन बाद पकड़ा, लात मारकर तोड़ दिए थे गाड़ी के शीशे

नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के काफिले में घुसी कार में समर्थकों ने सरिये, डंडों और लातों से जमकर तोड़फोड़ करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार में तोड़फोड़ का एक वीडियो भी सामने आया था। दरअसल, घटना 3 जुलाई को जिले के दांता गांव के पास हुई थी, जब सांसद हनुमान बेनीवाल बाड़मेर दौरे पर आए थे। देरासर जाने के दौरान बीच रास्ते में उनके समर्थकों ने तोड़फोड़ की थी। फिलहाल पुलिस आरोपी युवक से पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, कोटड़ा हाथीसिंह का गांव निवासी श्रवण सिंह ने 3 जुलाई को रिपोर्ट दी थी। इसमें बताया- इनोवा कार बसरा गांव से देरासर बाड़मेर रोड़ पर दांता मोहन गौशाला के पास पहुंचा। जैसे ही सामने से नागौर के सांसद का काफिला को आते देखा तो मैंने मेरी गाडी को रोड के एक तरफ साइड में खड़ी कर दी। इतने में सोहनलाल समेत अन्य लोगों ने मेरे साथ मारपीट कर मेरे वाहन में तोड़फोड़ शुरू कर दी। पुलिस ने रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एसपी चूनाराम जाट ने बताया- क्राइम को रोकने और वांटेड आरोपियों को पकड़ने के लिए एएसपी नितेश आर्य, डीएसपी रमेश कुमा शर्मा के सुपरविजन ग्रामीण थानाधिकारी जसवंतसिह के नेतृत्व में टीम बनाई गई। टीम ने वीडियो में दिखने वाले, तकनीकी और सूचना के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू की। जांच में आरोपी जेठाराम (43) पुत्र जसवंतराम निवासी बुडीयों का तला लीलसर पुलिस थाना चौहटन को गिरफ्तार किया गया। पुलिस टीम फिलहाल आरोपी से अन्य साथियों को लेकर पूछताछ कर रही है। कार्रवाई में एएसआई लाधुराम, कांस्टेबल बाबुराम, रतनसिह और प्रेम कुमार शामिल रहें। ——- ये खबर भी पढ़ें… हनुमान बेनीवाल के काफिले में घुसी कार,समर्थकों ने तोड़फोड़ की:सरिये-डंडों से शीशे तोड़े; सांसद बोले- जिनके पेट में दर्द है, दवाई ले लें

प्रसूताओं की मौत की जांच करने जयपुर से पहुंची टीम:मेडिकल रिकॉर्ड कब्जे में लेकर जांच कर रहे, डॉक्टरों से जानकारी ली

जिले के ​एमजी अस्पताल में बीते दिनों 7 से 10 जुलाई के बीच हुई चार प्रसूताओं की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। रविवार को जयपुर से आई वरिष्ठ चिकित्सकों और विशेषज्ञों की एक विशेष टीम ने सीधे अस्पताल पहुंचकर गायनिक वार्ड का निरीक्षण किया। ​वार्ड की व्यवस्थाओं से लेकर रिकॉर्ड तक की जांच ​जयपुर की इस टीम नेप्रसूताओं के इलाज की प्रक्रिया, केस फाइलों और संबंधित मेडिकल रिकॉर्ड को भी अपने कब्जे में लेकर बारीकी से जांचा। निरीक्षण के बाद विशेषज्ञों की टीम ने पीएमओ (प्रमुख चिकित्सा अधिकारी) के कक्ष में एक उच्च स्तरीय बैठक की, जिसमें अस्पताल के गायनिक डॉक्टरों और अन्य अधिकारियों से घटना को लेकर विस्तृत जानकारी और तथ्य जुटाए गए। जांच रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी ​जांच दल के मुख्य सदस्य और वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अभिनव अग्रवाल ने इस पूरे मामले को लेकर स्पष्ट शब्दों में कहा की इस पूरे मामले की जांच प्रमुख शासन सचिव स्वास्थ्य के निर्देशों के तहत जा रही है। टीम बहुत ही बारीकी से हर एक पहलू का परीक्षण कर रही हैं। जल्द ही इस संबंध में पूरी रिपोर्ट तैयार कर संबंधित अनुभाग को भेज दी जाएगी। ​जब डॉ. अग्रवाल से प्रसूताओं की मौत के प्राथमिक या विशेष कारणों के बारे में पूछा, तो उन्होंने कहा कि पूरी जांच प्रक्रिया और सभी डॉक्टरों से पूछताछ पूरी होने के बाद ही मौतों की वास्तविक वजह को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी दी जा सकेगी। ​गायनिक डॉक्टरों से पूछताछ ​फिलहाल अस्पताल के गायनिक वार्ड में कार्यरत सभी डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ से भी पूछताछ कर आवश्यक तथ्य जुटाए जा रहे हैं। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की नजरें अब जयपुर की इस विशेषज्ञ टीम की अंतिम रिपोर्ट पर टिकी हैं। इसी रिपोर्ट के आधार पर मामले में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों पर आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रसूताओं की मौत के मामले में ये खबर भी पढ़ें… मां दुनिया में नहीं, बकरी का दूध पी रहा नवजात:परिजन बोले- वह दर्द से तड़प रही थी, नॉर्मल डिलीवरी करवाना चाहते थे डॉक्टर बांसवाड़ा में 4 प्रसूताओं की मौत के बाद राज्य सरकार से आई टीम अस्पताल में जांच में जुटी है। 3 प्रसूताओं के परिजन उन्हें ले गए। पूरी खबर पढ़ें…

सीएम बोले- कर्मचारी गुड गवर्नेंस और डवलप राजस्थान के सारथी:कहा- प्रमोशन प्रक्रिया को सरकार ने सरल बनाया; संघ ने जताया आभार

जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा- राजस्थान का प्रत्येक कर्मचारी गुड गवर्नेंस की धुरी और विकसित राजस्थान-2047 के महत्वपूर्ण सारथी है। ऐसे में हमारी सरकार कर्मचारी हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही हैं। इसके लिए हमने पदोन्नति (प्रमोशन) प्रक्रिया को सरल बनाया है। कर्मचारियों को पदोन्नति के पर्याप्त अवसर उपलब्ध करवाने के लिए लगातार तीन साल में निर्धारित अनुभव में 2 साल छूट दी गई है। इसमें प्रावधान किया गया है कि जिन कर्मचारियों ने पिछले तीन साल में इस छूट का लाभ नहीं लिया है, उन्हें इसका लाभ मिलेगा। इसके लिए विभिन्न सेवा नियमों में संशोधन किए जाएंगे। इस निर्णय से हजारों कर्मचारियों को समय पर प्रमोशन का अवसर प्राप्त होगा। सीएम ने कहा- प्रदेश में भी केंद्र सरकार के अनुरूप ग्रेच्युटी की सीमा 20 लाख रुपए से बढ़ाकर 25 लाख रुपए कर दी गई है। मुख्यमंत्री का रविवार को राजस्थान सचिवालय सेवा अधिकारी व सचिवालय कर्मचारी संघ ने पदोन्नति के लिए अनुभव में 2 साल की छूट और नए पदों के सृजन को लेकर अभिनंदन किया। पहले देखें सीएम की PHOTOS कमेटी 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों पर करेगी विचार मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने कहा- हमने 30 जून को रिटायर्ड राज्य कर्मचारियों को नोशनल वेतन वृद्धि के साथ पेंशन का प्रावधान किया है। वहीं, पेंशनर के 70 साल की आयु पूरी करने पर 5 प्रतिशत अतिरिक्त पेंशन भत्ता और कर्मचारी की मृत्यु होने पर 10 वर्ष तक बढ़ी हुई पारिवारिक पेंशन देने का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा आरजीएचएस के तहत महिला और पुरुष कर्मचारियों को अपने माता-पिता या सास-ससुर में से किसी एक को चुनने का विकल्प भी दिया गया है। उन्होंने कहा- वेतनमान से जुड़े विषयों के अध्ययन के लिए उच्चस्तरीय समिति के गठन का निर्णय लिया गया है, जो 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों पर भी विचार करेगी। उन्होंने कहा- सरकार के अन्य महत्वपूर्ण फैसलों में एक साल में कर्मचारी द्वारा पद त्यागने की स्थिति में उस पद को प्रतीक्षा सूची से भरा जाना और सेवा अवधि में स्थायी अक्षमता होने पर कार्मिक के आश्रित को भी अनुकंपा नियुक्ति दिया जाना शामिल हैं। महिला कर्मचारियों के लिए विशेष प्रावधान मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने कहा- महिला सशक्तीकरण की दिशा में सरकार ने अहम कदम उठाए हैं। इसके तहत अनुकंपा नियुक्ति के दायरे में पुत्रवधू को भी शामिल किया गया है। साथ ही एकल महिला कर्मचारियों के लिए चाइल्ड केयर लीव 3 के स्थान पर 6 चरणों में स्वीकृत करना और कार्यस्थल पर बेहतर और तनावमुक्त वातावरण देने के लिए ‘मुख्यमंत्री शिशु-वात्सल्य सदन’ स्थापित करना भी महत्वपूर्ण कदम है। नए पदों से सचिवालय हुआ और मजबूत सीएम भजन लाल शर्मा ने कहा- शासन सचिवालय की कार्यकुशलता को अधिक मजबूत बनाने के लिए 15 सहायक शासन सचिव, 67 सहायक अनुभाग अधिकारी तथा 67 लिपिक ग्रेड प्रथम सहित कुल 149 नए पदों के सृजन को स्वीकृति दी गई है। इससे प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और विभागीय पदोन्नति के मार्ग भी अधिक सुगम बनेंगे।

जसोल में तीन दिवसीय योग-ध्यान शिविर संपन्न:आर्ट ऑफ लिविंग के स्वामी परमानंद ने दिया व्यक्तित्व निर्माण का संदेश

जसोल में पीएम श्रीमती सुआ देवी भंसाली राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल और राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में तीन दिवसीय योग एवं ध्यान शिविर लगा। ये शिविर श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान, जसोल के सौजन्य से आर्ट ऑफ लिविंग के वरिष्ठ प्रशिक्षक स्वामी परमानंद के सानिध्य में संपन्न हुआ। इसमें छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्कूल परिवार ने योग, प्राणायाम, ध्यान, सुदर्शन क्रिया तथा भारतीय जीवन मूल्यों पर आधारित प्रेरणादायी सत्रों में भाग लिया। इस अवसर पर श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान, जसोल के प्रवक्ता एवं समिति सदस्य हरिशचंद्र सिंह जसोल भी उपस्थित रहे। उन्होंने छात्रों एवं टीचर्स का उत्साहवर्धन करते हुए योग एवं ध्यान की महत्ता पर अपने विचार व्यक्त किए। अपने संबोधन में स्वामी परमानंद ने कहा कि योग एवं ध्यान स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार हैं। उन्होंने बताया कि नियमित अभ्यास से आत्मविश्वास, एकाग्रता, स्मरणशक्ति, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से योग एवं ध्यान को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया। हरिशचंद्र सिंह जसोल ने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति ने विश्व को योग एवं ध्यान जैसी अमूल्य धरोहर प्रदान की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, नैतिक मूल्यों के संवर्धन, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं राष्ट्रभावना के विकास के लिए ऐसे शिविर अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि योग, प्राणायाम एवं ध्यान का नियमित अभ्यास छात्रों को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है और उन्हें जागरूक, संस्कारित एवं उत्तरदायी नागरिक बनने की प्रेरणा देता है। उन्होंने आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक परम पूज्य गुरुदेव रविशंकर द्वारा विश्वभर में शांति, मानवीय मूल्यों एवं तनावमुक्त जीवन के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए पूज्य स्वामी परमानंद के प्रति आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि आर्ट ऑफ लिविंग की स्थापना वर्ष 1981 में परम पूज्य गुरुदेव रविशंकर द्वारा की गई थी। संस्था योग, सुदर्शन क्रिया, ध्यान एवं मानवीय मूल्यों पर आधारित कार्यक्रमों के माध्यम से विश्वभर में तनावमुक्त एवं हिंसा-मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में कार्य कर रही है। स्कूलों में आयोजित शिविर से पूर्व पूज्य स्वामी परमानंद ने श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान, जसोल के आमंत्रण पर संस्थान में प्रवास किया। इस दौरान संस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए हैप्पीनेस प्रोग्राम एवं सहज समाधि ध्यान कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रशिक्षण में सुदर्शन क्रिया, प्राणायाम, ध्यान तथा तनाव प्रबंधन की प्रभावी विधियों का अभ्यास कराया गया, जिससे कर्मचारियों को मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा एवं कार्यकुशलता विकसित करने का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान, जसोल के सहयोग से आयोजित इस त्रिदिवसीय योग एवं ध्यान शिविर का उद्देश्य छात्रों, शिक्षकों एवं संस्थान के कर्मचारियों में स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक संतुलन, नैतिक मूल्यों एवं आध्यात्मिक चेतना का विकास करना रहा। कार्यक्रम के समापन पर छात्रों, शिक्षकगण एवं कर्मचारियों ने नियमित रूप से योग एवं ध्यान का अभ्यास करने तथा स्वस्थ, अनुशासित एवं संस्कारित जीवन अपनाने का संकल्प व्यक्त किया।

सीकर में MD सप्लाई से पहले पकड़े गए दो तस्कर:कार की तलाशी में मिला मादक पदार्थ, हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ 10 केस दर्ज

सीकर की उद्योगनगर थाना पुलिस ने मादक पदार्थ की सप्लाई करने आए जोधपुर के हिस्ट्रीशीटर सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने संदेह के आधार पर कार की तलाशी ली, जिसमें 22 ग्राम एमडी (मादक पदार्थ) बरामद हुआ। पुलिस ने स्विफ्ट कार को भी जब्त कर लिया है। आरोपी सीकर में मादक पदार्थ की सप्लाई करने के लिए आए थे, लेकिन सप्लाई करने से पहले ही पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की कार्रवाई करते हुए बदमाशों को दबोच लिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुट गई है। गाड़ी की तलाशी में 22 ग्राम एमडी बरामद उद्योग नगर थाना SHO राजेश कुमार बुडानिया ने बताया कि डीएसटी टीम के साथ मिलकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। ह्यूमन इंटेलिजेंस के जरिए सूचना मिली थी कि जयपुर रोड एरिया में कोई लड़के एमडी लेकर आ रहे हैं। इस दौरान जयपुर रोड पर संदिग्ध स्विफ्ट गाड़ी की तलाशी ली गई। आरोपियों के पास से गाड़ी में 22 ग्राम एमडी मिली। ऐसे में आरोपी नरसिंह (27) पुत्र पुखराज निवासी डांगावास और रामरतन वैष्णव(36) पुत्र सोहनलाल वैष्णव निवासी अजमेर रोड जोधपुर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी रामरतन जोधपुर का हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर पूर्व में आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में 10 मुकदमे दर्ज हैं। अब तक की इन्वेस्टिगेशन में सामने आया है कि दोनों आरोपी सीकर में एमडी की सप्लाई करने के लिए आए थे। अब पुलिस इनके गिरोह के मास्टरमाइंड और मुख्य सप्लायर की तलाश कर रही है। मामले की जांच कोतवाली पुलिस थाने के सब इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार शर्मा करेंगे।

केंद्रीय मंत्री बोले- कांग्रेस अब रामजी को पॉलिटिकल-अपॉर्च्युनिटी मान रही:शेखावत ने कहा- पहले भगवान के अस्तित्व को नकारा, अब रामभक्त दिखाने की कोशिश कर रहे

जोधपुर में केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा- कांग्रेस अब भगवान राम को पॉलिटिकल अपॉर्च्युनिटी मानकर रामभक्त दिखाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा- पहले जिन लोगों ने भगवान राम के अस्तित्व को नकारा था। वे जनेऊ पहनकर अपने आप को रामभक्त दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। जोधपुर में रविवार को गजेंद्र सिंह शेखावत ने सर्किट हाउस में मीडिया से बात करते हुए यह कहा। राममंदिर चढ़ावा चोरी पर कांग्रेस की तरफ से प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के सवाल का जवाब देते हुए मंत्री शेखावत ने कहा- कांग्रेस का चाल, चरित्र और चेहरा जनता के सामने स्पष्ट हो चुका है। कांग्रेस के लोग उस कुनबे से आते हैं, जिन्होंने राम के अस्तित्व को नकारा था। केवल शब्दों में नहीं सुप्रीम कोर्ट में एफिडेविट फाइल करके कहा था कि राम कपोल कल्पना हैं। जनता ने जब उन्हें नकार दिया, तब उल्टी जनेऊ पहनकर कई बार शिवजी के मंदिर में जल चढ़ाते हुए वे दिखे थे। मंत्री शेखावत ने बताया- क्रीड़ा भारती जोधपुर प्रांत 26 जुलाई को ‘करगिल विजय दिवस’ के रूप में मनाएगा। बता दें कि शेखावत को आयोजन समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान शेखावत ने कहा- ‘करगिल विजय दिवस’ केवल एक तिथि नहीं, बल्कि सैनिकों के साहस, संकल्प, राष्ट्र के प्रति समर्पण और राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च बलिदान को नमन करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि भारत की आजादी लाखों बलिदानों से मिली है। उसकी रक्षा के लिए आज भी देश के सैनिक सीमाओं पर कठिनतम परिस्थितियों में डटे हुए हैं। शेखावत ने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह कथन पूरी तरह सत्य है कि “जो देश अपने वीरों का सम्मान नहीं करता, वह कभी महान नहीं बन सकता।” उन्होंने कहा- सैनिकों का सम्मान और राष्ट्र नायकों पर गर्व ही किसी राष्ट्र को महान बनाता है। केंद्रीय मंत्री ने बताया- क्रीड़ा भारती लगातार दूसरी बार जोधपुर में भव्य करगिल विजय दिवस समारोह आयोजित करेगी। उन्होंने खुद को सौभाग्यशाली बताते हुए कहा- मुझे इस आयोजन समिति का अध्यक्ष बनने का अवसर मिला है। सैनिकों, शहीदों के परिजनों का होगा सम्मान मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा- इस बार आयोजन में जोधपुर की पर्वत शृंखलाओं पर करगिल युद्ध की प्रमुख चोटियों जैसे टोलोलिंग, टाइगर हिल, प्वाइंट 5140 सहित अन्य मोर्चों पर भारतीय सेना के शौर्य का सजीव प्रदर्शन किया जाएगा। इससे नई पीढ़ी सैनिकों के संघर्ष, साहस और बलिदान को प्रत्यक्ष रूप से महसूस कर सकेगी। शेखावत ने कहा- कार्यक्रम के दौरान करगिल युद्ध के वीर सैनिकों, शहीदों के परिजनों का सम्मान भी किया जाएगा। उन्होंने कहा- राष्ट्रभक्ति केवल सीमाओं की रक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश में आंतरिक सुरक्षा मजबूत होने तथा नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण का भी उल्लेख किया। सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त होगा समारोह गजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया- इस वर्ष के करगिल विजय दिवस आयोजन को “प्लास्टिक मुक्त भारत” अभियान से भी जोड़ा गया है। उन्होंने कहा- भारत में प्रति व्यक्ति प्लास्टिक की खपत विकसित देशों की तुलना में काफी कम है, लेकिन प्लास्टिक के उचित निस्तारण के प्रति जागरूकता की कमी के कारण यह बड़ी चुनौती बन गई है। उन्होंने कहा कि समारोह पूरी तरह सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त होगा। लोगों को प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाने और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया जाएगा। उनका मानना है कि राष्ट्रभक्ति की भावना से प्रेरित होकर यदि प्रत्येक नागरिक पर्यावरण संरक्षण का भी संकल्प लें तो देश को स्वच्छ और सुरक्षित बनाने की दिशा में बड़ा परिवर्तन संभव है। इस अवसर पर क्रीड़ा भारती जोधपुर के प्रांत सचिव ओमप्रकाश पुरोहित, जोधपुर महानगर अध्यक्ष वरुण धनाडिया, कार्यक्रम संयोजक नवीन मोहनोत और भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

RPSC वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा:पहले दिन 21 केंद्रों पर 64 प्रतिशत अभ्यर्थी मौजूद रहे, 36% अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा

राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा आयोजित वरिष्ठ अध्यापक सीधी भर्ती परीक्षा-2025 रविवार को डीडवाना जिले में शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुई। जिला मुख्यालय पर बनाए गए 21 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोनों पारियों की परीक्षा बिना किसी बाधा के संपन्न हुई। लगभग 64%अभ्यर्थी उपस्थित रहे। परीक्षा की पहली पारी में 7,704 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 4,953 उपस्थित हुए, जबकि 2,751 अनुपस्थित रहे। दूसरी पारी में कुल 7,704 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 4,897 ने परीक्षा दी और 2,807 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर व्यापक इंतजाम किए गए थे। परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए गए। निर्धारित समय से पहले पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को गहन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। देर से आने वाले किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं मिली। जिला प्रशासन ने परीक्षा के दौरान सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखी। यह भर्ती परीक्षा 17 जुलाई तक चलेगी और आगामी दिनों में भी जिला मुख्यालय के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर इसी तरह के कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच आयोजित की जाएगी।

बेटे ने बुजुर्ग मां को लाठी से पीट-पीटकर मार डाला:पत्नी को जगाकर बोला-मां मर गई, भाई को देखते ही घर से भागा

बीकानेर में बेटे ने बुजुर्ग मां की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। रात को अपनी पत्नी को जगाकर कहा- मां मर चुकी है। पत्नी ने चिल्लाकर अन्य परिजनों को उठाया। सभी लोग घर के बाहर सो रही 70 साल की बुजुर्ग मां के पास दौड़कर पहुंचे। भाई को देखते ही आरोपी घर से फरार हो गया। मामला श्रीडूंगरगढ़ थाना इलाके के बाना गांव का रविवार सुबह 4 बजे का है। पुलिस ने आरोपी बेटे रामनिवास को डिटेन कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। देर रात घर में टहल रहा था; सुबह लाठी से हत्या की श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी कश्यप सिंह राघव ने बताया- बाना गांव में गीता देवी (70) की हत्या के आरोप में बेटे रामनिवास को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। रामनिवास के भाई ओमप्रकाश ने पुलिस को बताया- देर रात 2 बजे रामनिवास घर में ही इधर-उधर टहल रहा था। उस समय उसकी पत्नी भी जाग रही थी। इसके बाद 4 बजे उसने अपनी पत्नी को उठाया और उससे कहा- मां मर चुकी है। ये सुनकर उसकी पत्नी चिल्लाई और परिजन भी उठ गए। भाई बोला- मुझे देख घर से भागा ओमप्रकाश ने बताया- घर के सभी लोग जागे और बाहर सो रही मां की ओर दौड़े। रामनिवास मां के पलंग को सरका रहा था। सामने मुझे देखकर वह भाग गया। उसने नींद से उठाकर मां की हत्या की है। पुलिस ने बताया कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ है। हालांकि उसे हिरासत में लेकर मामले की पूछताछ की जा रही है।