ब्रेकिंग न्यूज़
बीकानेर पुलिस का 4 फरार आरोपियों पर इनाम घोषित:एनडीपीएस एक्ट और जेल से जुड़े मामलों में लंबे समय से फरार हैं आरोपी

बीकानेर पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे चार वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नकद इनाम घोषित किया है। एसपी मृदुल कच्छावा ने शुक्रवार को आदेश जारी कर प्रत्येक आरोपी पर 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। इन आरोपियों की गिरफ्तारी कराने या उनकी सही सूचना देने वाले व्यक्ति को यह इनाम दिया जाएगा। आदेश के अनुसार इनाम उन लोगों को मिलेगा, जो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार करवाने, उनकी गिरफ्तारी में सहयोग करने या उनकी सही एवं पुख्ता सूचना पुलिस को उपलब्ध कराएंगे। इनाम वितरण को लेकर अंतिम निर्णय पुलिस अधीक्षक का होगा। जिन आरोपियों पर इनाम घोषित किया गया है, उनमें खाजूवाला थाने के एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार मखन सिंह, बीछवाल थाने के मामले में वांछित जोरासिंह और जसवीर उर्फ मामी उर्फ बॉस, तथा पूगल थाने के एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार थानसिंह उर्फ खानूसिंह शामिल हैं। चारों आरोपियों पर 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि इन वांछित आरोपियों के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल निकटतम पुलिस थाने या बीकानेर पुलिस को सूचित करें, ताकि उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

ओडिशा में ATM को थार से बांधकर उखाड़ा, VIDEO:घसीटने लगे तो रस्सी टूटी, 3 चोर मिलकर मशीन नहीं उठा पाए; बिना कैश निकाले छोड़कर भागे

ओडिशा के बालासोर जिले के तुड़ीगड़िया बाजार में फिल्मी तरीके से ATM लूटने की घटना सामने आई है। तीन से चार बदमाश शुक्रवार रात करीब 2 बजे काले रंग की महिंद्रा थार SUV से इंडिया1 एटीएम कियोस्क आए। उन्होंने कियोस्क का दरवाजा तोड़ा और ATM को रस्सी से थार में बांधकर उखाड़ लिया। फिर ATM को सड़क पर घसीटते हुए ले जाने लगे, लेकिन रस्सी टूट गई। चोरों ने मशीन को उठाकर गाड़ी में रखने की कोशिश की लेकिन मशीन इतनी भारी थी कि उनसे नहीं उठ पाई। इसके बाद उन्होंने मशीन को फिर गाड़ी से बांधकर आगे घसीटा। सुनसान जगह पर पहुंचकर आरोपियों ने ATM को तोड़कर उसमें रखा कैश निकालने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। पुलिस के मुताबिक, ATM से एक भी रुपये की चोरी नहीं हुई। आखिरकार बदमाश क्षतिग्रस्त ATM को कियोस्क से करीब 300 मीटर दूर सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। पूरी घटना CCTV में कैद हो गई। 7 विजुअल्स के जरिए देखिए पूरी घटना… CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी शनिवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ATM को सड़क से बरामद कर लिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल और ATM की जांच की। पुलिस के मुताबिक, बदमाश ATM से एक रुपए भी निकाल पाए। मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। ————————- यह खबर भी पढ़ें… युवक-युवती को सरेआम लाठियों से पीटा:हमलावरों ने बाइक रोकी, सड़क पर घसीटा; दोस्त को बचाने उसके ऊपर लेट गई लड़की ओडिशा के बेरहामपुर शहर में सड़क पर सरेआम एक युवक और उसकी महिला मित्र पर डंडों से हमला हुआ। पुलिस के मुताबिक युवक और उसकी महिला मित्र बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान बीजीपुर इलाके में कुछ लोगों ने उनकी बाइक रोक ली। इसके बाद युवक को सड़क पर घसीटकर डंडों से पीटा गया। युवती अपने दोस्त को बचाने के लिए उसके ऊपर लेट गई। पूरी खबर पढ़ें…

बिजनेस शहरों में कॉफी क्रेज; 1200+ कैफे बेंगलुरु में:कॉफी स्टार्टअप्स की नई रेस; सेलेब्स कर रहे निवेश, विदेशी ब्रांड भी भारतीय मार्केट में उतरे

भारत में अब लोग सिर्फ कॉफी नहीं, बेहतर कॉफी की तलाश कर रहे हैं। स्पेशलिटी कॉफी यानी चुनिंदा बीन्स से बनी प्रीमियम कॉफी, जिसकी पहचान उसके स्वाद, गुणवत्ता और बनाने के तरीके से होती है। इसी बदलती पसंद की वजह से पिछले 10 वर्षों में यह बाजार करीब ₹11,000 करोड़ तक पहुंच गया है। 2016 के बाद 100 से ज्यादा नए स्पेशलिटी कॉफी ब्रांड शुरू हुए हैं। स्पेशलिटी कॉफी की सबसे बड़ी ताकत मिलेनियल और जेन-जी हैं। यही वर्ग नई चीजें आजमाने, प्रीमियम उत्पादों पर खर्च करने और कैफे को सोशल स्पेस की तरह इस्तेमाल करने में सबसे आगे है। इसी वजह से अब कई सेलेब्रिटीज भी इस बिजनेस में उतर रहे हैं। विराट से दीपिका तक ये सेलेब्रिटी कॉफी स्टार्टअप्स पर लगा रहे दांव – विराट कोहली रेज कॉफी में निवेशक और ब्रांड एंबेसडर हैं। ब्रांड को तेजी से बढ़ाने में मदद कर रहे हैं। – दीपिका पादुकोण ब्लू टोकई कॉफी रोस्टर्स में निवेश किया है। स्पेशलिटी कॉफी ब्रांड में बड़ा नाम है। – निखिल कामत ‘सबको’और ‘थर्ड वेव कॉफी’ जैसे भारतीय स्टार्टअप्स में निवेश। – राणा दग्गुबाती हैदराबाद के कॉफी स्टार्टअप कथा कॉफी के शुरुआती निवेशकों में शामिल हैं। – रकुल प्रीत सिंह कनाडा की प्रसिद्ध कैफे ब्रांड ब्लेंज कॉफी के भारत विस्तार में साझेदारी की है। दक्षिण भारत से उत्तर की ओर बढ़ रहा बाजार बेंगलुरु – 1200 से अधिक कैफे, देश में सबसे ज्यादा
यह देश का कॉफी हब है। यहां 1200 से ज्यादा कैफे मौजूद हैं, यानी हर 11 हजार लोगों पर एक कैफे, जो भारत में सबसे अधिक है। चेन्नई – प्रति व्यक्ति कॉफी की खपत में सबसे आगे
यहां प्रति व्यक्ति सालाना करीब 2.4 किलोग्राम कॉफी की खपत होती है, जो देश में सबसे अधिक है। यह देश की ‘फिल्टर कॉफी कैपिटल’ भी है। दिल्ली – भविष्य का सबसे तेज बढ़ता कॉफी बाजार बन रहा यहां कॉफी बाजार 22% सालाना की दर से बढ़ रहा है, जो बड़े शहरों में सबसे अधिक है। यह भविष्य का सबसे तेज बढ़ता बाजार है। बड़ी कॉफी कंपनियों की नजर अब भारत पर -2000 के दशक में कैफे कॉफी डे, स्टारबक्स व कॉस्टा कॉफी ने भारतीयों को कैफे जाने की आदत डाली। अब नई पीढ़ी के ब्रांड्स ने स्पेशलिटी कॉफी को लोकप्रिय बनाया है। – पिछले 10 वर्षों में कम से कम 6 बड़े विदेशी कॉफी ब्रांड भारत आए हैं। कनाडा का टिम हॉर्टन्स (2022) और ग्रीस का कॉफी आइलैंड (2025) इनमें प्रमुख ब्रांड हैं। (सोर्स: ब्लू टोकाई, सेकेंडरी रिसर्च, Inc42)

पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 30 अफसरों के तबादले:17 थानों में बदले अधिकारी, 3 थानों की कमान महिला SHO को

जिले में पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया है। पुलिस अधीक्षक की ओर से जारी ताजा आदेशों के अनुसार जिले के कुल 30 पुलिस अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है।
इस फेरबदल में 20 पुलिस निरीक्षक (CI) और 10 उप निरीक्षक (SI) स्तर के अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। इस सूची में जिले के 17 थानों पर नए थानाधिकारियों (SHO) की तैनाती की गई है। बॉर्डर के थानों में नए अधिकारियों को कमान अलका विश्नोई को पिलानी थाने का थानाधिकारी नियुक्त किया गया है।
​ चन्द्रभान को सूरजगढ़ थाने की जिम्मेदारी दी गई है।
​ रामनोहरलाल अब बुहाना थाने के नए थानाधिकारी होंगे।
लक्ष्मीनारायण को पचेरी कलां थाने की कमान सौंपी गई है।
​ बुद्धिप्रसाद को खेतड़ी थाने की जिम्मेदारी दी गई है।
​विनोद सामरिया अब चिड़ावा थाने के थानाधिकारी होंगे।
​महिला अधिकारियों की भूमिका इस तबादला सूची में महिला अधिकारियों का भी महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व है। कंचन कुमारी (धनूरी), अलका विश्नोई (पिलानी), बिमला कुमारी (संचित निरीक्षक, पुलिस लाइन) और संतोष कुमारी (थाना गुढ़ा) को प्रमुख जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कोटपूतली-बहरोड़ जिले में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल:बजरंग जाखड़ पावटा तहसीलदार नियुक्त, संजय कुमार को विराटनगर का पदभार

राज्य सरकार ने कोटपूतली-बहरोड़ जिले के प्रशासनिक ढांचे में बड़ा फेरबदल किया है। शुक्रवार को जारी तबादला आदेशों में तहसीलदार, नायब तहसीलदार, प्रशासनिक अधिकारी और अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारियों को बदला गया है। इन नियुक्तियों से कोटपूतली, विराटनगर और पावटा उपखंडों में नई प्रशासनिक टीमें कार्यभार संभालेंगी। बजरंग जाखड़ पावटा तहसीलदार नियुक्त आदेशों के मुताबिक, पावटा के तहसीलदार लोकेंद्र मीणा का तबादला कोटपूतली में उप पंजीयन अधिकारी के पद पर किया गया है। उनके स्थान पर बजरंग जाखड़ को पावटा का नया तहसीलदार नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त, पावटा के नायब तहसीलदार संजय कुमार को विराटनगर का तहसीलदार बनाया गया है। विराटनगर और पावटा उपखंडों में प्रशासनिक एवं अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारियों के पदों पर भी बदलाव किए गए हैं।

'राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की जिम्मेदारी कौन लेगा':उदयपुर में कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता बोलीं- प्रधानमंत्री की देखरेख में ट्रस्ट बना, पीएम जवाब दें

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अमी याग्निक उदयपुर आईं। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर भाजपा और केंद्र सरकार के सामने कई सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पर सवाल उठाने से पहले भाजपा जो चार-पांच अंगुली उनकी तरफ हैं, उनका जवाब दे। अमी ने आज उदयपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा पर निशाना साधा। कहा कि भाजपा पहले खुद के घोटालों की लिस्ट निकाले। उन्होंने कहा कि भाजपा सबसे पहले नीट परीक्षा के बारे में बताए। ये बच्चों के करियर के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। परीक्षा को लेकर उनके मंत्री जवाब क्यों नहीं देते, इस्तीफा क्यों नहीं देते। इसके बाद भाजपा दूसरी पार्टी के सामने अंगुली उठाए। पहले से चार-पांच अंगुली उनकी तरफ हैं, उसका जवाब दें। घोटाले की जिम्मेदारी कौन लेगा डॉ. अमी याग्निक ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की पहली मांग है कि ट्रस्ट का गठन प्रधानमंत्री की देखरेख में हुआ तो इस घोटाले की जिम्मेदारी कौन लेगा। घोटाले की बात आई तो उनकी जवाबदेही बनती है, वे जवाब दें। साफ है घोटाला हुआ है उन्होंने कहा कि अगर सब कुछ ठीक है तो चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे क्यों स्वीकार कर लिए, आपको कहना था कि कुछ नहीं हुआ, नहीं लेंगे इस्तीफा, लेकिन इस्तीफे स्वीकार हुए तो साफ है कि घोटाला है। ये पूरे देश की आस्था का विषय उन्होंने तीसरी मांग रखते हुए कहा कि कुछ गलत नहीं हुआ और इतनी बड़ी बात है, तो सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र जांच कराते। ये पूरे देश की आस्था का विषय है, आस्था को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि राम के नाम चंदा लेते, बातें करते आए हैं और उसके जरिए सत्ता में भी पहुंचे तो जवाब तो देना होगा। अमी की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उदयपुर के पूर्व सांसद और देहात कांग्रेस अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा और कांग्रेस नेता पंकज कुमार शर्मा भी मौजूद रहे।

250 छात्राओं ने सीखे आत्मरक्षा के गुर:झालावाड़ में झाला रानी शाखा ने किया आयोजन, मोबाइल स्क्रीन टाइम पर भी चर्चा

झालावाड़ में भारत विकास परिषद की झालारानी शाखा द्वारा आयोजित सात दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को सम्मान समारोह के साथ समापन हुआ। 6 से 11 जुलाई तक चले इस शिविर में 250 छात्राओं ने भाग लिया, जहां उन्हें आत्मरक्षा के व्यावहारिक कौशल, आपात परिस्थितियों में खुद को सुरक्षित रखने के तरीके, आत्मविश्वास, योग और डिजिटल अनुशासन का प्रशिक्षण दिया गया। 250 छात्राओं ने लिया प्रशिक्षण कोटा रोड स्थित एक निजी स्कूल में आयोजित इस शिविर में 250 छात्राओं ने भाग लिया। प्रशिक्षक सुश्री कृष्णा ने छात्राओं को खतरे की पहचान, आत्मविश्वास विकसित करने और आत्मरक्षा के प्रभावी तरीके सिखाए। उन्होंने अपहरण जैसी परिस्थितियों में बचाव के उपाय और अपने से अधिक लंबे या ताकतवर व्यक्ति का सामना करने की तकनीकों का भी प्रशिक्षण दिया। मनोचिकित्सक डॉ. रश्मि गुप्ता और कृष्णा वर्मा ने आत्मरक्षा के विभिन्न कौशलों का प्रदर्शन करते हुए छात्राओं को नियमित अभ्यास करने की सलाह दी। सकारात्मक सोच और मोबाइल के संतुलित उपयोग का संदेश कार्यक्रम में झालारानी शाखा की अध्यक्षा अर्चना मालपानी ने छात्राओं को सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने मोबाइल का सीमित उपयोग करने, स्क्रीन टाइम निर्धारित रखने और केवल ज्ञानवर्धक सामग्री देखने की सलाह दी। वहीं, निर्मला सोमानी ने स्वस्थ जीवन के लिए योग को आवश्यक बताया। परिचित से भी खतरा हो तो करें आत्मरक्षा स्कूल की प्रिंसिपल कृतिका ने सफल आयोजन के लिए भारत विकास परिषद की झालारानी शाखा का आभार व्यक्त किया और शाखा का सम्मान किया। छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्होंने गीता के उपदेश का उल्लेख किया और कहा कि यदि कोई परिचित व्यक्ति भी गलत इरादे से हमला करे, तो आत्मरक्षा के लिए कदम उठाने में बिल्कुल संकोच नहीं करना चाहिए। ये रहे मौजूद समापन समारोह में शाखा की अध्यक्षा अर्चना मालपानी, सचिव चेतना अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सुमन खंडेलवाल, निलेश जैन, अनीता शर्मा, स्नेहा खंडेलवाल, नम्रता गॉड, सूची कोठारी, रीना अग्रवाल, निर्मला सोमानी, रानी माहेश्वरी, ममता गुप्ता, मधु खरीददार अग्रवाल, नेहा मोदी, डॉ. रश्मि गुप्ता, रेनू गुप्ता, स्कूल की प्रिंसिपल, अध्यापिकाएं तथा अन्य मौजूद रहे।

स्विगी इंस्टामार्ट से सड़े अंडे, खराब दूध मिलने का आरोप:शिकायत करने वाले को रिफंड करके मामला दबाया, FSSAI ने 9 नोटिस जारी किए

फूड रेगुलेटर FSSAI ने क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म स्विगी इंस्टामार्ट को 9 नोटिस जारी किए हैं। FSSAI को शिकायत मिली थी कि प्लेटफॉर्म ने उन्हें सड़े अंडे, खराब दूध और एक्सपायरी डेट वाले पैक्ड फूड डिलीवर किया। FSSAI ने स्विगी इंस्टामार्ट से इस पूरे मामले पर स्पष्टीकरण और कम्पलायंस रिपोर्ट मांगी है। यदि कंपनी तय समय में सही जवाब नहीं देती है, तो उसके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। बच्चे का खराब खाना वापस लेकर दोबारा भेजा FSSAI ने ग्राहकों से मिली शिकायतों की डिटेल साझा करते हुए बताया कि एक बेहद गंभीर मामले में बच्चों के खाने का प्रोडक्ट बेहद खराब और असुरक्षित हालत में डिलीवर किया गया था। इस प्रोडक्ट में खराबी थी और इसे गलत तरीके से स्टोरेज करने की बात सामने आई थी । इतना ही नहीं ग्राहक द्वारा इसे वापस करने के बाद भी कथित तौर पर इसी खराब प्रोडक्ट को दोबारा सप्लाई कर दिया गया। इसके अलावा, ग्राहकों ने स्विगी इंस्टामार्ट के जरिए खराब अंडे, खराब दूध और डैमेज पैकेज्ड फूड आइटम्स की डिलीवरी मिलने की भी शिकायतें की हैं। बिना वैलिड लाइसेंस के बिक रहा था सामान जांच के दौरान FSSAI ने पाया कि प्लेटफॉर्म पर वेंडर्स के ऑनबोर्डिंग और वेरिफिकेशन सिस्टम में बड़ी कमियां हैं। स्विगी इंस्टामार्ट पर कुछ ऐसे फूड बिजनेस लिस्टेड पाए गए जिनका FSSAI लाइसेंस नंबर या तो गलत था, इनवैलिड था या फिर था ही नहीं। इतना ही नहीं, कई फूड बिजनेस पार्टनर्स को उन नामों के तहत लिस्ट किया गया था जो उनके आधिकारिक FSSAI रजिस्ट्रेशन नाम से बिल्कुल अलग थे। इससे फूड प्रोडक्ट्स की ट्रेसिबिलिटी यानी वो सामान कहा आया है ये पता लगाना और उनकी क्वालिटी मॉनिटरिंग पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शिकायत पर गंभीर नहीं था प्लेटफॉर्म FSSAI के मुताबिक, ग्राहकों ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत दर्ज कराने या मामले को आगे बढ़ाने के बाद भी स्विगी इंस्टामार्ट की तरफ से कोई संतोषजनक रिस्पॉन्स या सुधारात्मक कदम नहीं उठाया गया। एक शिकायतकर्ता ने बताया कि फूड सेफ्टी से जुड़ी इतनी गंभीर चिंता पर ध्यान देने के बजाय प्लेटफॉर्म ने केवल पैसे रिफंड करके अपना पल्ला झाड़ लिया। FSSAI ने साफ किया है कि यह नोटिस सेलर ऑनबोर्डिंग, शिकायत निवारण सिस्टम और फूड सेफ्टी कम्प्लायंस सिस्टम की कमियों को उजागर करता है। FSSAI बोली- कई और कंपनियों पर भी एक्शन फूड रेगुलेटर पिछले कुछ समय से नियमों का उल्लंघन करने वाले फूड बिजनेस ऑपरेटर्स (FBOs) के खिलाफ काफी सख्त है। FSSAI ने स्विगी इंस्टामार्ट को दिए गए इन 9 नोटिस की जानकारी खुद अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट करके दी है। रेगुलेटर ने बताया कि ये नोटिस ग्राहकों की शिकायतों के साथ-साथ खुद संज्ञान लेकर जारी किए गए हैं। हाल ही में FSSAI ने देश की कई बड़ी एनर्जी ड्रिंक्स निर्माताओं, शराब कंपनियों, फूड ब्रांड्स और अन्य क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स को भी नियमों की अनदेखी के लिए नोटिस भेजे हैं। अगर आपको खराब खाना मिले तो क्या करें? ग्राहक FSSAI के ‘Food Safety Connect’ ऐप या नेशनल कंज्यूमर हेल्पलाइन पर सीधे शिकायत दर्ज करा सकते हैं। केवल रिफंड लेना समाधान नहीं है, एक्सपायर्ड खाना सेहत के लिए जानलेवा हो सकता है। भारत में तेजी से बढ़ रहा क्विक-कॉमर्स मार्केट भारत में क्विक-कॉमर्स मार्केट (स्विगी इंस्टामार्ट, ब्लिंकिट, जैप्टो) बहुत तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन ‘फास्ट डिलीवरी’ के चक्कर में डार्क स्टोर्स पर क्वालिटी चेक और प्रॉपर कोल्ड स्टोरेज की कमी एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है। ——————————————————– ये खबर भी पढें… पाकिस्तान में पेट्रोल 13.18 और डीजल 13.80 रुपया महंगा:पेट्रोल 310.71 और हाई-स्पीड डीजल 323.30 रुपया लीटर मिल रहा, नई कीमतें 11 जुलाई से लागू पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोल के दाम में 13.18 रुपया (पाकिस्तानी रुपया) प्रति लीटर और हाई-स्पीड डीजल में 13.80 रुपया प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। इस बढ़ोतरी के बाद पाकिस्तान में एक लीटर पेट्रोल की कीमत 310.71 रुपया और हाई-स्पीड डीजल की कीमत 323.30 रुपया लीटर हो गई है। नई कीमतें 11 जुलाई से लागू हो गई हैं। पूरी खबर पढ़ें…

नकली सोना बेचने आए ठग को व्यापारियों ने पकड़ा:सोने के टुकड़े और आरोपी को पुलिस को सौंपा, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है बदमाश

चूरू जिले के रतनगढ़ में व्यापारियों ने एक ठग को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। यह ठग व्यापारियों को नकली सोना बेचने के बहाने आया था। रतनगढ़ में एसबीआई बैंक के पास जयप्रकाश महर्षि रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाते हैं। तीन दिन पहले दो पुरुष और एक महिला उनकी दुकान पर कपड़े खरीदने आए थे। उन्होंने 350 रुपए के कपड़े खरीदे। जब जयप्रकाश उन्हें कपड़े देने के लिए अपनी दूसरी दुकान पर गए, तो एक व्यक्ति ने उन्हें बताया कि उसके पास ढाई किलो सोना है, जिसे वह बाजार भाव से कम कीमत पर बेच सकता है। उसने एक थैले में रखा सोना भी दिखाया। ठग ने जयप्रकाश का विश्वास जीतने के लिए सोने का एक छोटा टुकड़ा उन्हें जांच के लिए दिया और कहा कि यह खरा सोना है। जयप्रकाश ने जब उस टुकड़े की जांच करवाई, तो वह शुद्ध सोना निकला। जयप्रकाश ने यह बात अपने बड़े भाई मनीष महर्षि और छोटे भाई लोकेश महर्षि को बताई। तीनों भाइयों ने जब अपने पिता राजकुमार महर्षि से इस बारे में चर्चा की, तो उन्होंने बेटों को ऐसे किसी भी सौदे से स्पष्ट रूप से मना कर दिया। इसके बाद महर्षि परिवार उन ठगों के वापस आने का इंतजार करने लगा। शुक्रवार देर शाम को एक ठग फिर से सोने का सौदा करने के लिए जयप्रकाश की दुकान पर आया। व्यापारियों ने उसे बैठा लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। थानाधिकारी गौरव खिड़िया ने पुलिस टीम को मौके पर भेजा। व्यापारियों ने ठग और उसके द्वारा दिए गए सोने के टुकड़े को पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में ठग ने अपना नाम अशोक कुमार मारवाड़ी, निवासी चित्रकूट, उत्तर प्रदेश बताया। एएसआई रामकुमार ने जानकारी दी कि आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है। थानाधिकारी खिड़िया ने आम जनता से अपील की है कि वे ऐसे ठगों के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि धोखाधड़ी से बचा जा सके।

'पुलिस हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकती':अजमेर में पूर्व सरपंच से मारपीट के आरोपी दे रहे धमकी; ग्रामीणों ने एसपी दफ्तर पर किया प्रदर्शन

अजमेर जिले की ग्राम पंचायत काला नाडा के पूर्व सरपंच (प्रशासक) देवकरण के साथ मारपीट और लूट के मामले में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीण और परिजन जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने एसपी को ज्ञापन सौंपा और एफआईआर में नामजद सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने की मांग की। परिजनों का कहना है कि मारपीट की पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है, जिसमें 2 से 3 बदमाश उनके साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। यह मामला 30 जून का है। पुलिस ने अब तक इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, पीड़ित परिवार का आरोप है कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकी दी जा रही है। आरोपी खुलेआम कह रहे हैं, “पुलिस हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकती, क्योंकि हमारी पहुंच बहुत बड़े अधिकारियों तक है।”
अपहरण कर बेरहमी से पीटा, सोने के जेवर और 2.50 लाख रुपये लूटे पीड़ित देवकरण के भाई रामलाल (पुत्र रतनाराम) ने बताया- मेरा भाई वर्तमान में काला नाडा ग्राम पंचायत में प्रशासक के पद पर कार्यरत है। बीती 30 जून 2026 को गांव के ही कुछ रसूखदार बदमाशों ने देवकरण का अपहरण कर लिया और उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। बदमाश देवकरण से सोने की एक चेन, सोने की 2 अंगूठियां, मोबाइल फोन और ₹2,50,000 (ढाई लाख रुपए) नकद लूटकर फरार हो गए। इस संबंध में अरांई थाने में नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया था। सीसीटीवी में कैद हुई दरिंदगी, फिर भी पुलिस सुस्त परिजनों का आरोप है कि बदमाशों द्वारा देवकरण के साथ मारपीट करने और उन्हें घर में घसीटने की पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में साफ तौर पर रिकॉर्ड हुई है। इस पुख्ता सबूत के बावजूद अरांई थाना पुलिस ने अब तक केवल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य नामजद आरोपी अब भी खुलेआम घूम रहे हैं। मुकदमा वापस लेने का दबाव, रसूख की दे रहे धमकियां
ज्ञापन में परिजनों ने बताया- फरार आरोपी लगातार पीड़ित परिवार का पीछा कर रहे हैं और उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। आरोपी पीड़ित परिवार पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। वे सरेआम यह दावा कर रहे हैं कि पुलिस हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकती, क्योंकि हमारी पहुंच बहुत बड़े अधिकारियों तक है।” इस रसूख और धमकियों के कारण पीड़ित परिवार गहरे खौफ में जीने को मजबूर है। ग्रामीणों ने एसपी से मांग की है कि सभी नामजद आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए। पूरे परिवार को खत्म करने की धमकियां दी जा रही आरोप है कि मुकदमा वापस नहीं लेने पर जान से मारने और पूरे परिवार को खत्म करने की धमकियां दी जा रही हैं। ज्ञापन में बताया गया कि देवकरण का भीलवाड़ा के अस्पताल में उपचार चल रहा है। परिजनों ने सभी नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, लूटे गए सोने के आभूषण और 2.50 लाख रुपए नकद बरामद कर वापस दिलाने तथा परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।