ब्रेकिंग न्यूज़
दौसा में लग्जरी स्लीपर बसों के चालान काटे:जांच टीम ने फीते से नापी बसों की लंबाई, चौड़ाई और ऊंचाई; नियमों के उल्लंघन पर की कार्रवाई

दौसा में लग्जरी और स्लीपर बसों के खिलाफ चलाया जा रहा विशेष अभियान लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर संयुक्त निरीक्षण दल ने शुक्रवार को जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे स्थित भाण्डारेज इंटरचेंज के पास नियमों का उल्लंघन करने वाली बसों पर सख्त कार्रवाई की। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव संतोष अग्रवाल ने बताया कि अभियान के दौरान एआईएस, मोटर वाहन अधिनियम एवं राज्य सरकार की एसओपी-2024 के तहत बसों की गहन जांच की गई। निरीक्षण दल ने स्लीपर बसों की लंबाई, चौड़ाई और ऊंचाई फीते से नापकर निर्धारित मानकों की जांच की। जांच में कई बसों में अनाधिकृत संरचनात्मक परिवर्तन, निर्धारित मापदंडों का उल्लंघन, अग्निशमन यंत्रों की कमी, पर्याप्त आपातकालीन निकास द्वार नहीं होना तथा अन्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई। इस पर संबंधित बसों को जब्त कर चालान बनाए गए। आरटीओ जगदीश अमरावत ने बताया कि अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करना, यात्रियों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा नियमों के विपरीत संचालित लक्जरी एवं स्लीपर बसों पर अंकुश लगाना है। निरीक्षण दल में यातायात प्रभारी गोपाल शर्मा, सार्वजनिक निर्माण विभाग के एक्सईएन फूल सिंह मीणा सहित परिवहन एवं यातायात विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

पांचना पुल से नदी में कूदा युवक, मौत:घर से नदी में नहाने की कहकर निकला था, करौली में रहकर पढ़ाई कर रहा था

करौली-हिंडौन मार्ग स्थित पांचना पुल से नदी में कूदने से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक को नदी से निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। करौली अस्पताल पुलिस चौकी प्रभारी इंदर सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान अतर सिंह (19) पुत्र ओमीलाल जाटव के रूप में हुई है। वह मंडाखेड़ा का निवासी था और वर्तमान में पांडे का कुआं, करौली में रह रहा था। अतर सिंह पढ़ाई कर रहा था। मृतक के पिता ओमीलाल जाटव ने मर्ग रिपोर्ट में बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे अतर सिंह पांचना नदी पर नहाने के लिए घर से निकला था। दोपहर में उन्हें उसके नदी में डूबने से मौत होने की सूचना मिली। परिजनों ने जिला अस्पताल पहुंचकर शव की शिनाख्त की। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से युवक को नदी से बाहर निकाला गया और जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। आवश्यक पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने इस संबंध में मर्ग दर्ज कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक के परिवार में एक बड़ा भाई भी है, जो राजस्थान से बाहर नौकरी करता है।

SMS समेत 3 क्रिकेट स्टेडियमों में खेल गतिविधियों पर रोक:पर्यावरणीय नियमों की अनदेखी पर NGT की सख्ती; 17 अगस्त को अगली सुनवाई

नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम समेत देश के 3 प्रमुख क्रिकेट स्टेडियमों को लेकर बड़ा आदेश जारी किया है। NGT ने पर्यावरणीय नियमों के पालन में कथित लापरवाही को गंभीर मानते हुए इन स्टेडियमों में सभी खेल गतिविधियों पर अंतरिम रोक लगा दी है। जिन 3 क्रिकेट स्टेडियमों में सभी खेल गतिविधियों पर अंतरिम रोक लगाई गई है, उनमें SMS स्टेडियम के अलावा रायपुर (छत्तीसगढ़) के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम और मुंबई के डॉ. डी.वाई. पाटिल स्टेडियम भी शामिल है। एनजीटी ने स्पष्ट किया है कि अगली सुनवाई (17 अगस्त) तक या फिर ट्रिब्यूनल से विशेष अनुमति मिलने तक इन तीनों स्टेडियमों में किसी भी प्रकार का क्रिकेट मैच या अन्य खेल आयोजन नहीं किया जाएगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू माना जाएगा। ट्रिब्यूनल ने अपने आदेश में कहा- संबंधित स्टेडियमों को पूर्व में भी कई बार नोटिस जारी किए गए थे। इन नोटिसों के जरिए पहले दिए गए पर्यावरणीय निर्देशों के अनुपालन की जानकारी और जवाब मांगा गया था, लेकिन बार-बार अवसर दिए जाने के बावजूद संतोषजनक जवाब नहीं किया गया। पर्यावरण संरक्षण से जुड़े आदेशों की पालना जरूरी
दरअसल, एनजीटी ने पहले इन स्टेडियमों को भूजल का इस्तेमाल कम करने, मैदानों के रख-रखाव और सिंचाई के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) से निकलने वाले ट्रीटेड पानी का इस्तेमाल करने और वर्षा जल संरक्षण (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) की प्रभावी व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए थे। ट्रिब्यूनल बड़े खेल परिसरों में जल संरक्षण को बढ़ावा देना और भूजल पर निर्भरता कम करना चाहता था। एनजीटी ने माना कि पर्यावरण संरक्षण से जुड़े उसके आदेशों का पालन सुनिश्चित करना सभी संस्थाओं की जिम्मेदारी है। ऐसे में अगर किसी संस्था की ओर से निर्देशों का पालन नहीं किया जाता या अनुपालन रिपोर्ट समय पर दाखिल नहीं की जाती है तो ट्रिब्यूनल आवश्यक अंतरिम आदेश पारित कर सकता है। मामले में अगली सुनवाई 17 अगस्त को
अब इस मामले की अगली सुनवाई 17 अगस्त को निर्धारित की गई है। इस दौरान संबंधित स्टेडियम प्रबंधन को ट्रिब्यूनल के सामने अपने पक्ष के साथ यह भी बताना होगा कि पर्यावरण संरक्षण से जुड़े निर्देशों का पालन किस स्तर तक किया गया है। इसके बाद ही आगे खेल गतिविधियों पर लगी रोक को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

गडकरी बोले-E20 पेट्रोल से गाड़ी खराब, तो पुर्जे मुफ्त बदलें:कंपनियों को सरकार का आदेश; माना- इससे माइलेज घटा

20% एथेनॉल मिक्स पेट्रोल से गाड़ी खराब होने पर कंपनियां फ्री में पार्ट्स बदलेंगी। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि सरकार ने कंपनियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे E20 फ्यूल से प्रभावित पुरानी गाड़ियों (2023 से पहले की) के पार्ट्स को बिना किसी एक्स्ट्रा चार्ज के बदलें। उन्होंने द इंडियन एक्सप्रेस से कहा कि E20 फ्यूल से सोशल मीडिया पर गाड़ियों के खराब होने या नुकसान की खबरें गलत हैं और यह एक झूठा नैरेटिव है। हालांकि, उन्होंने पुरानी गाड़ियों का माइलेज कम होने की बात मानी है। सर्विसिंग के दौरान मुफ्त बदले जाएंगे रबर वॉशर्स गडकरी ने कहा कि सर्विसिंग के लिए जाने वाली पुरानी कारों में पहले वॉशर्स मेटल (धातु) के बने होते थे, जबकि अब ये रबर के बनाए जा रहे हैं। हमने कंपनियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि सर्विसिंग के दौरान ग्राहकों से बिना कोई एक्स्ट्रा चार्ज लिए इन वॉशर्स को बदला जाए। सोशल मीडिया पर चल रही खबरें मनगढ़ंत और झूठी गडकरी ने एथेनॉल से गाड़ियां खराब होने के दावों को सिरे से नकार दिया। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा, “मुझे एक भी ऐसी कार दिखाएं जो E20 फ्यूल की वजह से खराब हुई हो या जिसे कोई नुकसान पहुंचा हो। सोशल मीडिया पर जो कुछ भी चलाया जा रहा है, वह एक सोची-समझी रणनीति के तहत तैयार किया गया झूठा नैरेटिव है। अब तक ऐसी कोई भी कार नहीं मिली है, जो इस E20 पेट्रोल के कारण बंद पड़ी हो।” गडकरी ने बयान की 5 खास बातें भारत में क्यों हो रहा है E20 पेट्रोल का विरोध? भारत में 20% एथेनॉल और 80% पेट्रोल के इस मिश्रण (E20) का विरोध हो रहा है। खासकर 2023 से पहले बनी पेट्रोल गाड़ियों के मालिक परेशान हैं। उनका दावा है कि इस फ्यूल से गाड़ियों का माइलेज कम हो रहा है, मेंटेनेंस का खर्च बढ़ गया है और इंजन के पार्ट्स जल्दी खराब हो रहे हैं। ये खबर भी पढ़ें… E-20 पेट्रोल नीति पर केजरीवाल ने केंद्र सरकार को घेरा: बोले-30 करोड़ वाहनों को कबाड़ बनाने की जिद, दबाव में मारुति-टोयोटा ने बोला झूठ आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार की ‘E-20 पेट्रोल’ नीति को लेकर भाजपा सरकार पर आरोप लगाया है। केजरीवाल ने साफ लफ्जों में कहा कि सरकार पूरे देश पर जबरदस्ती E-20 पेट्रोल थोप रही है। जनता के भारी विरोध के बावजूद सरकार अपनी जिद पर अड़ी है और लगातार झूठ के पुलंदे बांध रही है। पूरी खबर पढ़ें… —————- सरकार का दावा- E-20 पेट्रोल से गाड़ियों को नुकसान नहीं: बेचने से पहले टेस्टिंग कराई; सुप्रीम कोर्ट में कहा था- अभी एक्सपेरिमेंट, रिजल्ट अगले साल पता चलेगा पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने को लेकर हो रहे विरोध के बीच शनिवार को सरकार ने कहा कि एथेनॉल ब्लेंडिंग का काम रातों-रात नहीं हुआ। यह एक जांची-परखी, साइंटिफिक और स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस और इससे गाड़ियों को कई नुकसान नहीं है। इसे पेट्रोल में मिलाने की ग्लोबल प्रैक्टिस अपनाई है और टॉप एजेंसियां भी इसकी टेस्ट कर चुकीं हैं। एथेनॉल ब्लेंडिंग पर दिल्ली में हुई इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स की प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरकार की ओर से शामिल एक्सपर्ट वर्तिका शुक्ला ने यह बात कही। वर्तिका शुक्ला ने बताया कि देश में साल 2013 और 2014 के दौरान पेट्रोल में सिर्फ 1.5% एथेनॉल मिलाया जा रहा था। पूरी खबर पढ़ें…

गर्लफ्रेंड के पति पर 3 बार चढ़ाई थी कार:बेवफा पत्नी ने कराया था लाखों का इंश्योरेंस; जज ने प्रेमी को सुनाई उम्रकैद

शादीशुदा महिला ने प्रेमी के हाथों अपने पति का मर्डर कराया। पति की मौत का फायदा उठाने के लिए उसने कई बीमा कंपनियों से उसका 50 लाख का बीमा कराया था। वारदात दिसंबर 2024 में बांसवाड़ा में हुई। शुक्रवार को जिला एवं सत्र न्यायालय ने आरोपी प्रेमी को आजीवन कारावास और 1 लाख रुपए जुर्माने की सजा सुनाई है। एडवोकेट योगेश सोमपुरा ने बताया- प्रेमी ने अपनी गर्लफ्रेंड के पति को पहले शराब पिलाई थी। इसके बाद वो बेसुध हुआ तो सड़क पर लिटाकर कार चढ़ा दी थी। उसकी पहचान मिटाने के लिए सिर के ऊपर से 3 बार टायर गुजारा। युवक के हाथ पर कालू नाम के टैटू से उसकी शिनाख्त हुई। सोमपुरा ने बताया- इस केस में ​सदर पुलिस थानाधिकारी और जांच अधिकारी बुद्धाराम विश्नोई ने अहम सबूत जुटाए। कोर्ट में ठोस चार्जशीट पेश की। कोर्ट में प्रभावी पैरवी हुई। 23 गवाह और 98 दस्तावेज पेश किए गए। अपराध के क्रूर तरीके को देखते हुए जज ने दोषी को उम्रकैद की सजा सुनाई है। अब अपराध की पूरी दास्तान बांसवाड़ा जिले के सदर थाना इलाके के पलोडरा गांव के रहने वाले दिनेश मईडा (38) का अफेयर इसी गांव की शादीशुदा महिला कांता (35) से चल रहा था। कांता की बहन कमला (42) को भी इस रिलेशन की जानकारी थी। तीनों ने मिलकर कांता के पति कालू (37) को रास्ते से हटाने का प्लान बनाना शुरू कर दिया। लेकिन दिनेश को सिर्फ प्यार नहीं चाहिए था, बल्कि पैसा भी चाहिए था। ऐसे में तीनों ने मिलकर अप्रैल 2024 और नवंबर 2024 में कालू का 5 बीमा कंपनियों से 50 लाख का बीमा करा दिया। इसके बाद उसकी हत्या की प्लानिंग करने लगे। वे चाहते थे कि हत्या एक्सीडेंट लगे। ताकि इंश्योरेंस का पैसा आसानी मिले। दिनेश ने हत्या के लिए अपने साथी विनोद और श्रवण निवासी लांबा वड़ाला को तैयार किया। 25 दिसंबर 2024 की शाम को कालू को पलोदरा से अपनी कार में बैठाकर बांसवाड़ा लाया। कार में विनोद और श्रवण भी थे। शहर से शराब खरीदी। इसके बाद शराब में नशे की दवा मिलाकर कालू को पिला दी। तीनों ने बेहोशी की हालत में कालू को आगे वाली सीट पर बैठाया। हाईवे पर ले जाकर सिर पर डंडे से वार किए। लाश को सड़क हादसे का रूप देने के लिए हाईवे पर फेंक कर उस पर 3 बार कार चढ़ा दी। पुलिस ने खुलासा कर तीनों को गिरफ्तार किया कार से कालू का सिर बुरी तरह कुचल दिया गया था। लेकिन उसके दाहिने हाथ पर अंग्रेजी में गोदे टैटू (नाम KALU) से उसके भाई कैलाश ने उसकी पहचान कर ली। हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने दिनेश मईडा, कांता और कमला को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के मुताबिक पुलिस को वारदात के बाद से ही कालू की पत्नी पर शक था। पूछताछ में पता चला था कि कांता का गांव के ही युवक दिनेश से अफेयर चल रहा है। इसके बाद एक टीम कांता की निगरानी करने लगी। पूछताछ के लिए पुलिस दिनेश तक पहुंची तो वह पुलिस को देख भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे अरेस्ट कर लिया और उसके कबूलनामे के बाद दोनों बहनों को भी पकड़ लिया।

राजस्थान दिनभर, 10 बड़ी खबरें:रिटायरमेंट से 21 दिन पहले रिश्वत लेते गिरफ्तार; महिला-युवक एक फंदे से लटके मिले; मौत के 8 दिन बाद ट्रांसफर

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर श्रीगंगानगर से है। यहां नेशनल हाईवे-62 पर ट्रक और कार की आमने-सामने की भिड़ंत में 3 युवकों की मौत हो गई। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें
1. रीको के सीनियर DGM समेत 2 अफसर रिश्वत लेते गिरफ्तार
एसीबी ने अजमेर में रीको के सीनियर डिप्टी जनरल मैनेजर को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। सीनियर डीजीएम 31 जुलाई को रिटायर होने वाले थे। इसके अलावा ब्यावर में रीको के जूनियर असिस्टेंट को भी पकड़ा है। दोनों अधिकारियों ने लीज डीड के एवज में रिश्वत मांगी थी। पूरी खबर पढ़ें 2. ट्रक-कार की भिड़ंत में 3 युवकों की मौत
श्रीगंगानगर के नेतेवाला गांव में नेशनल हाईवे-62 पर ट्रक और कार की आमने-सामने की भिड़ंत में 3 युवकों की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और शव बुरी तरह से फंस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने कड़ी मशक्कत कर शव बाहर निकाले। पूरी खबर पढ़ें 3. बर्थडे के दिन ही नेवी के जवान का अंतिम संस्कार
झुंझुनूं के घरडू गांव के रहने वाले नेवी के जवान की मुंबई में हादसे में मौत हो गई। शुक्रवार को पैतृक गांव में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इससे पहले उनका शव घर पहुंचा तो मां, पत्नी और भाई फूट-फूट कर रोने लगे। नेवी के जवान का आज जन्मदिन था। पूरी खबर पढ़ें 4. बदमाश ने SHO को गोली मारी, बुलेटप्रूफ जैकेट से बची जान
भरतपुर पुलिस पर उत्तरप्रदेश के बुलंदशहर में बदमाशों ने पिस्टल छीनकर फायरिंग कर दी। एक गोली SHO के मारी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहनने के कारण जान बच गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे का भागते समय गिरने से पैर टूट गया। पूरी खबर पढ़ें 5. कंटेनर में घुसी कार, AEN समेत 2 दोस्तों की मौत
अजमेर के किशनगढ़ में नेशनल हाईवे-48 पर तेज रफ्तार कार आगे चल रहे कंटेनर में घुस गई। हादसे में कार सवार PHED विभाग के AEN समेत 2 दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। पीछे की सीट पर बैठा दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. पड़ोसी युवक ही निकले व्यापारी के हत्यारे
अलवर में व्यापारी की हत्या और नकदी लूट के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। व्यापारी के पड़ोस में रहने वाले 2 युवक ही हत्यारे निकले। आरोपी चोरी की नीयत से घर में घुसे थे। बुजुर्ग के जागने पर उनके हाथ-पैर बांध दिए और मुंह पर कपड़ा बांध दिया। दम घुटने से उनकी मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ें 7. महिला-युवक के शव एक ही फंदे से लटके मिले
बीकानेर के लिखमीसर दिखनादा गांव में एक महिला और युवक के शव खेजड़ी के पेड़ पर एक ही फंदे से लटके मिले। घटनास्थल पर बोलेरो गाड़ी खड़ी थी, जिसमें मोबाइल, करीब 20 लीटर डीजल से भरा जरीकेन और शराब की खाली बोतल भी मिली है। पूरी खबर पढ़ें 8. मौत के 8 दिन बाद ASI का ट्रांसफर
जोधपुर रेंज आईजी ने 9 जुलाई को 39 ASI का ट्रांसफर आदेश जारी किया। इस लिस्ट में एक ऐसे ASI का नाम भी है, जिनकी 1 जुलाई को मौत हो चुकी है। बाड़मेर के बाटाडू चौकी इंचार्ज रहे ASI अनोपाराम का ट्रांसफर बालोतरा जिले में किया गया है। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है
9. 50 LPG सिलेंडर लेकर ड्राइवर फरार
सीकर में एक गैस एजेंसी का ड्राइवर ग्राहकों के 50 LPG गैस सिलेंडर लेकर फरार हो गया। वह गोदाम से डिलीवरी देने निकला था, लेकिन लौटा नहीं। उसकी गाड़ी राधाकिशनपुरा अंडरपास के पास एक गली में खड़ी मिली और सिलेंडर गायब थे। उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ आ रहा है। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास
10. सीनियर साइंटिस्ट भर्ती के आवेदन की लास्ट डेट
राज्य विधि विज्ञान प्रयोगशाला में सीनियर साइंटिस्ट अधिकारी के कुल 3 पदों पर भर्ती के लिए 11 जुलाई को ऑनलाइन आवेदन की लास्ट डेट है।

30 हजार फीट पर प्लेन की खिड़की टूटी:पैसेंजर का सिर-कंधा बाहर निकले, पत्नी ने बचाया, दोनों पैर पकड़े रही; ग्रीस के एयरस्पेस की घटना

ग्रीस के आकाश में एक फ्लाइट की खिड़की टूट जाने से बड़ा हादसा टल गया। इससे कैबिन में अचानक दबाव कम हो गया। उस खिड़की के नजदीक बैठे 61 साल के पैसेंजर का सिर और कंधे खिड़की से बाहर निकल गए। उस समय प्लेन 30 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। एक महिला पैसेंजर ने बताया कि बुजुर्ग को पास बैठी पत्नी ने बचाया। जैसे ही वह विंडो से बाहर निकलने लगे, उनकी पत्नी ने जोर से दोनों पैर पकड़ लिए। इसके बाद दूसरे पैसेंजर ने मदद की और उन्हें अंदर खींचा। अच्छी बात यह रही कि पीड़ित शख्स बेल्ट बांधे था, इससे वह बाहर नहीं फिंका। पूरी घटना का AI सीन रीक्रिएशन देखने के लिए वीडियो पर क्लिक करें… पहले विंडो के निकलने की फोटो देखिए पैसेंजर को जलने जैसी चोटें आईं यह घटना मैसिडोनिया के ऊपर हुई। फ्लाइट ग्रीस के थेसालोनिकी से जर्मनी के मेमिंगेन जा रही थी। विमान कंपनी रायनएयर ने बताया कि पैसेंजर को जलने जैसी चोटें आई हैं। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत ठीक है। घायल यात्री सर्बिया का टूरिस्ट है। प्लेन ने सुबह 5.55 मिनट पर (ग्रीस के समय के अनुसार) थेसालोनिकी से उड़ान भरी थी। महिला ने बताया- टायर फटने जैसी आवाज आई इंजन के टुकड़े से खिड़की टूटने का अंदेशा ग्रीक मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, विमान के इंजन से अलग हुए किसी पुर्जे के टुकड़े की वजह से खिड़की टूट गई। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। रायनएयर ने बयान जारी कर कहा कि विमान को वापस थेसालोनिकी लौटना पड़ा। विमान ने सामान्य तरीके से लैंडिंग की। सभी यात्रियों को सुरक्षित टर्मिनल पहुंचाया गया। एयरलाइन ने बताया कि बाकी यात्रियों को मेमिंगेन पहुंचाने के लिए एक दूसरा विमान भेजा गया। घटना की जांच जारी है। ————————————— ये खबर भी पढ़ें: एअर इंडिया फ्लाइट का इंजन बंद, पायलट का इमरजेंसी कॉल:मुंबई से बेंगलुरु जा रही थी, 20 मिनट में लौटी; टेकऑफ के दौरान चिंगारी भी दिखी मुंबई
मुंबई से बेंगलुरु जा रही एअर इंडिया की एअरबस A320 Neo फ्लाइट AI2812 बुधवार-गुरुवार की देर रात उड़ान भरने के करीब 20 मिनट बाद मुंबई एयरपोर्ट लौट आई। अधिकारियों ने बताया कि हवा में एक इंजन बंद होने पर पायलट ने रेडियो पर ‘PAN PAN’ कॉल दी, जिसके बाद फ्लाइट को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित लैंड कराया गया। पढ़ें पूरी खबर…

सुरक्षा के लिए तैनात होमगार्ड ही चुरा ले गया स्कूटी:CCTV में महिला प्रोफेसर की गाड़ी ले जाते दिखा, बोला-मेरा चोरी का इरादा नहीं था

उदयपुर के आरएनटी मेडिकल कॉलेज सुरक्षा के लिए तैनात होमगार्ड ही एक महिला प्रोफेसर की स्कूटी चुरा ले गया। कॉलेज परिसर के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगालने पर मामले का खुलासा हुआ। CCTV में आरोपी पहले अपनी पूरी वर्दी (ड्रेस) पहने नजर आ रहा है और उसके हाथ में एक शर्ट दिखाई दे रही है। बाद में, उसी शर्ट को पहनकर (शर्ट बदलकर) आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। मामला सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. राहुल जैन ने आरोपी होमगार्ड को ड्यूटी से हटा दिया है। साथ ही लिखित सूचना होमगार्ड कमांडेंट को भेज दी गई है। प्रिंसिपल डॉ. राहुल जैन ने बताया- महिला प्रोफेसर की स्कूटी होमगार्ड दिलीप खराड़ी ने ही चुराई थी और स्कूटी उसी के कब्जे से बरामद हुई है। महिला प्रोफेसर पिछले 4-5 दिनों से अपनी स्कूटी इधर-उधर ढूंढ रही थीं। मामले की शिकायत हाथीपोल थाने को भेज दी गई है, जिसके बाद अब पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी। घटनाक्रम के 2 PHOTOS… 30 जून को चोरी हुई स्कूटी, 6 दिन बाद मिली 30 जून 2026 की सुबह महिला प्रोफेसर ने अपनी स्कूटी को कॉलेज कैंपस में पार्क किया था। सुबह करीब 9:30 बजे जब उन्होंने देखा, तो कैंपस से उनका वाहन गायब था। करीब 6 दिनों तक वे आसपास अपनी स्कूटी तलाशती रहीं, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार 7 जुलाई को जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, तो कॉलेज का ही एक होमगार्ड उनकी स्कूटी ले जाते हुए नजर आया। CCTV फुटेज के आधार पर कॉलेज प्रिंसिपल ने संबंधित होमगार्ड को बुलाकर पूछताछ की। पूछताछ में होमगार्ड ने बताया- मेरी बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया था। बाहर खड़ी महिला प्रोफेसर की स्कूटी में चाबी लगी हुई थी, इसलिए मैं उसे स्टार्ट कर बाल चिकित्सालय की पार्किंग तक ले गया था। मेरा इरादा चोरी का नहीं था। पीड़िता शिकायत देंगी तो कार्रवाई करूंगी थानाधिकारी हाथीपोल राजू देवी ने बताया- पीड़िता (महिला प्रोफेसर) ने अभी तक पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी है। अगर उनकी तरफ से शिकायत आती है, तो जरूर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कॉलेज प्रिंसिपल ने शिकायत वॉट्सएप पर भेजी है, लेकिन कानूनी प्रक्रिया में यह मान्य नहीं है। हालांकि, हमने होमगार्ड को थाने बुलाकर पूछताछ की है, होमगार्ड ने पुलिस को बताया- मुझे वह स्कूटी संदिग्ध लगी थी, इसलिए मैं उसे सुरक्षित करने के लिए दूसरी पार्किंग में लेकर गया था। सुरक्षा के लिए ही अस्पतालों में तैनात किए गए थे होमगार्ड मेडिकल कॉलेज और उससे जुड़े अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से करीब 28 होमगार्ड तैनात किए गए थे। इनमें पन्नाधाय महिला चिकित्सालय में 6, महाराणा भूपाल चिकित्सालय में 15 और मेडिकल कॉलेज में 7 होमगार्ड लगाए गए थे, लेकिन अब सुरक्षाकर्मी ही चोरी के संदेह के घेरे में हैं।

भरतपुर में 2 पटवारी रिश्वत लेते गिरफ्तार:बाजार में 30 हजार लेते पकड़े गए; जमीन की माप और निशानदेही की एवज में मांगी थी घूस

भरतपुर एसीबी ने 30 हजार की रिश्वत लेते दो पटवारियों को गिरफ्तार किया है। दोनों पटवारी भू-प्रबंधन विभाग में तैनात थे। पटवारियों ने परिवादी से जमीन की माप और निशानदेही के एवज में 50 हजार रुपए की रिश्वत की डिमांड की थी। सत्यापन के दौरान 30 हजार रुपए में सौदा तय हुआ था। दोनों पटवारियों ने बाजार में परिवादी को रिश्वत देने के लिए बुलाया था। 30 हजार रुपए में हुआ था सौदा भरतपुर ACB चौकी के एडिशनल एसपी अमित सिंह ने बताया कि 7 जुलाई को एक परिवादी की शिकायत मिली थी कि भू-प्रबंधन के दो पटवारी उसके खेत की माप और निशानदेही के लिए उससे 50 हजार रुपए की डिमांड कर रहे हैं। उसी दिन शिकायत का सत्यापन करवाया गया। सत्यापन में 30 हजार रुपए में सौदा होना तय हुआ। बाजार में पैसे लेने के लिए परिवादी को बुलाया था आज दोनों पटवारी प्रदीप सिंह और दिगंबर सिंह ने परिवादी को रिश्वत देने के लिए शहर के चौबुर्जा चौराहे पर बुलाया। वहां पर दोनों पटवारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। वहां से दोनों पटवारियों को ACB कार्यालय लाया गया, जहां दोनों से पूछताछ की जा रही है।

हाइटेंशन-लाइन के टावर पर चढ़ा युवक, तारों पर झूलने लगा:पुलिस बोली- नशे की हालत में था, बिजली बंद होने से बची जान

शहर के जोधपुर रोड स्थित थीम पार्क के पास शराब के नशे में एक मजदूर हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया और ऊपर बिजली की लाइनों के बीच पहुंच गया। लोगों की सूचना पर विद्युत विभाग ने तत्काल बिजली सप्लाई बंद करवाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। करीब एक घंटे की समझाइश के बाद पुलिस ने मजदूर को सुरक्षित नीचे उतार लिया। पहले देखिए- 2 तस्वीरें कोतवाली थानाधिकारी सुरजाराम जाखड़ ने बताया- मध्यप्रदेश के दमोह जिले के कुंडनपुर पटेल निवासी कमलेश(45) पुत्र मनु वर्मन नशे की हालत में हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी समझाइश के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया। इसके बाद उसे थाने लाकर संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कमलेश को टावर पर चढ़ता देख राहगीरों ने तुरंत विद्युत विभाग को सूचना दी। विभाग ने एहतियात के तौर पर संबंधित लाइन की बिजली सप्लाई बंद कर दी, जिससे करंट लगने का खतरा टल गया। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ठेकेदार के मुनीम से विवाद की बात आई सामने
पुलिस के अनुसार, कमलेश जैसलमेर में गुलशन कंपनी के लिए प्लास्टर का काम करता है। बताया जा रहा है कि उसका ठेकेदार के मुनीम से विवाद चल रहा था और वह मानसिक व आर्थिक प्रताड़ना से परेशान था। इसी तनाव में उसने शराब पीकर टावर पर चढ़ गया। हालांकि, इस दावे की जांच की जा रही है। पुलिस की समझाइश से नीचे उतरा
करीब एक घंटे तक चले घटनाक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लगातार कमलेश से बातचीत की और उसे सुरक्षित नीचे आने के लिए समझाया। काफी मशक्कत के बाद वह नीचे उतरने को तैयार हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसे प्राथमिक उपचार के लिए भेजा और थाने लाकर कानूनी कार्रवाई शुरू की।