ब्रेकिंग न्यूज़
सुनसान मकानों की रेकी कर चोरी की, आरोपी गिरफ्तार:नशे की लत के लिए करता था वारदातें; खंडहर में छिपाकर रखे मोबाइल-इलेक्ट्रॉनिक सामान जब्त

बिंदायका थाना पुलिस ने 24 घंटे में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी सुनसान और बंद मकानों की रेकी कर चोरी करता था। वारदात के बाद सुनसान स्थानों पर बने खंडहरों में छिपकर पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखता था। पुलिस ने आरोपी मनोज जसमेरा उर्फ राहुल (23) निवासी सिरसी को पकड़ा। आरोपी मनोज की निशानदेही पर सुनसान खंडहर में छिपाकर रखे चोरी के दो महंगे मोबाइल फोन, ब्लूटूथ ईयरफोन, ईयरबड्स और पावर बैंक बरामद किए। डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया- परिवादी हंसराज वर्मा ने बिंदायका थाने में 6 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह जयपुर में ब्लिंकिट कंपनी में डिलीवरी पार्टनर के रूप में कार्य करते हैं और सिरसी क्षेत्र में किराए के कमरे में रहते हैं। 4 जुलाई को ड्यूटी से लौटने पर कमरे का दरवाजा खुला मिला और अंदर रखा सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर दो मोबाइल फोन, ब्लूटूथ ईयरफोन, ईयरबड्स, 35 वॉट का पावर बैंक और 3,500 रुपए चोरी होना पाया गया। परिवादी ने बताया- दोनों मोबाइल फोन उसकी आजीविका का मुख्य साधन थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। सीसीटीवी-मुखबिर की सूचना से आरोपी तक पहुंची पुलिस पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी मनोज को सुनसान स्थान पर बने एक खंडहर से गिरफ्तार कर लिया। नशे की लत के लिए करता था चोरी पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नशे की लत पूरी करने के लिए बंद मकानों की रेकी कर मौका मिलने पर चोरी करता था। चोरी का सामान सस्ते दामों में बेचकर नशा करता था। आरोपी ने बताया- चोरी के 3,500 रुपए उसने खाने-पीने और नशे में खर्च कर दिए। वारदात के बाद वह हुलिया बदल लेता और घटनास्थल के आसपास रहकर पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखता था। शक होने पर वह सुनसान खंडहरों में छिप जाता और बाद में नई वारदात की रेकी शुरू कर देता था।

आर्टिस्ट ने कैनवास पर अपने चेहरे के 24 भाव बनाए:नवीन स्वामी ने दो साल में बनाए आर्टवर्क; प्रदर्शनी में दिखे ज्यामितीय आकृतियों में अलग अंदाज

जयपुर के जवाहर कला केंद्र की सुरेख आर्ट गैलरी में शुक्रवार से चित्रकार नवीन स्वामी की एकल चित्र प्रदर्शनी ‘भाव’ की शुरुआत हुई। 13 जुलाई तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में कलाकार ने अमूर्त (Abstract) चित्रों के माध्यम से मानवीय भावनाओं, मनोस्थितियों और भारतीय सांस्कृतिक प्रतीकों को बेहद सरल रंगों और ज्यामितीय आकृतियों में अभिव्यक्त किया है। प्रदर्शनी का उद्घाटन वरिष्ठ चित्रकार विद्यासागर उपाध्याय, नाथूलाल वर्मा, जगमोहन माथोडिया, मीनू श्रीवास्तव, मनीष शर्मा ने किया। इस मौके पर चित्रकार विनय शर्मा, पवन शर्मा, सोहन जाखड़, डॉ रजनीश हर्ष, संगीता सिंह, चन्द्रशेखर सेन सहित कई कलाकार मौजूद रहे। प्रदर्शनी के लिए 2 साल से जुटे बीकानेर के रहने वाले चित्रकार नवीन स्वामी करीब दो दशक से कला साधना में जुटे हैं। उन्होंने बताया- इस प्रदर्शनी की तैयारी में उन्हें लगभग दो साल का समय लगा। प्रदर्शनी में प्रदर्शित सभी चित्र उनके व्यक्तिगत अनुभवों, मनोभावों और जीवन के अलग-अलग मूड्स का कलात्मक रूप हैं। उन्होंने कहा- यह उनके भीतर के भावों की यात्रा है, जिन्हें उन्होंने रंग, आकृतियों और प्रतीकों के माध्यम से कैनवास पर उतारा है। शृंखला में सादगीपूर्ण अभिव्यक्ति को प्रमुखता नवीन स्वामी ने बताया- मैंने पूरी शृंखला में सरल रंगों और सादगीपूर्ण अभिव्यक्ति को प्रमुखता दी। चित्रों में किसी भी रंग की मिक्सिंग नहीं की गई है, बल्कि प्रत्येक रंग को उसकी मूल अवस्था में इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने बताया- हर रंग किसी विशेष भाव का प्रतिनिधित्व करता है और उसी भाव के अनुरूप चित्रों की आकृतियां तथा संरचना तैयार की गई है। उन्होंने बताया- प्रदर्शनी के कई चित्रों में उन्होंने शब्दों और छोटे-छोटे टेक्स्ट का प्रयोग किया है। वहीं कुछ चित्रों में पशु-पक्षियों के प्रतीकों को शामिल किया गया है। कुछ कैनवास पूरी तरह सादे रखे गए हैं, ताकि दर्शक स्वयं अपने भावों के अनुसार उन्हें महसूस कर सकें। उनका मानना है कि कला केवल देखने की नहीं बल्कि महसूस करने की प्रक्रिया है। सभी भावों का किया उपयोग प्रदर्शनी की विशेषता यह भी है कि इसमें प्रयुक्त ज्यामितीय आकृतियां भारतीय पारंपरिक संस्कृति और लोक स्थापत्य से प्रेरित हैं। कलाकार ने इन आकृतियों के माध्यम से आधुनिक अमूर्त कला और भारतीय सांस्कृतिक विरासत के बीच एक सुंदर संवाद स्थापित करने का प्रयास किया है। प्रदर्शनी में दर्शकों को प्रेम, करुणा, हास्य, क्रोध, भय, आशावाद, आत्मविश्वास, दृढ़ संकल्प, भ्रम, संवेदनशीलता, आक्रामकता, आध्यात्मिक ज्ञान और अन्य मानवीय भावनाओं को अमूर्त रूप में देखने का अवसर मिल रहा है। इन भावों को सरल रंगों, रेखाओं और प्रतीकात्मक संरचनाओं के जरिए प्रस्तुत किया गया है, जिससे प्रत्येक चित्र दर्शकों को अपने भीतर झांकने के लिए प्रेरित करता है।

राह चलती महिला से हैंडबैग छीनने वाला बदमाश गिरफ्तार:आईफोन और वनप्लस बरामद, नाबालिग साथी भी डिटेन; पूछताछ में बड़े खुलासे की उम्मीद

उदयपुर शहर की भूपालपुरा थाना पुलिस ने राह चलती महिला से मोबाइल और नकदी से भरा हैंडबैग छीनने वाले एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटे गए 2 महंगे मोबाइल बरामद किए हैं। भूपालपुरा थानाधिकारी सुनील चारण ने बताया कि आरोपी हसमुख (20) पुत्र हीरालाल वडेरा, निवासी पारेवी नालघाटी को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से लूटा गया एक एप्पल (Apple) कंपनी का आईफोन और दूसरा वनप्लस (OnePlus) फोन बरामद किया गया है। इस वारदात में शामिल उसके एक सहयोगी नाबालिग को भी पुलिस ने डिटेन (निरुद्ध) किया है, जबकि तीसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। होटल से खाना खाकर लौट रही थी महिला
थानाधिकारी ने बताया कि 16 मई 2026 को पीड़िता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने बताया था कि वह भूपालपुरा स्थित रामबाग होटल से खाना खाकर अपने निवास की तरफ जा रही थी। जैसे ही वह शास्त्री सर्किल के पास पहुंची, पीछे से एक बाइक पर सवार होकर तीन युवक आए। उन्होंने महिला के कंधे पर लटका हैंडबैग झपट्टा मारकर छीन लिया और तेजी से फरार हो गए। बैग में थे दो मोबाइल और नकदी
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि छीने गए हैंडबैग में उसके दो कीमती मोबाइल, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड और करीब 2500 रुपए नकद थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को दबोच लिया।

उदयपुर के तैराकों का राजस्थान में जलवा:9 खिलाड़ियों ने 16 पदक जीते; 4 पदकों के साथ सबसे सफल तैराक बनीं संध्या

राजस्थान जूनियर एक्वाटिक चैम्पियनशिप-2026 में उदयपुर के बालाजी तरणताल (बीटीएस स्विमिंग क्लब) के नौ तैराकों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 16 पदक जीते। इनमें 4 रजत और 12 कांस्य पदक शामिल हैं। इसमें सबसे बेहतर प्रदर्शन संध्या ने किया। उन्होंने अकेले 4 पदक जीतकर क्लब की सबसे सफल तैराक बनने का गौरव हासिल किया। यह प्रतियोगिता उदयपुर के महाराणा प्रताप खेलगांव में आयोजित हुई। इसमें व्यक्तिगत और रिले स्पर्धाओं में उदयपुर के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया और कई पदक अपने नाम किए। संध्या ने 200 मीटर बटरफ्लाई में रजत पदक जीता। इसके अलावा 100 मीटर बटरफ्लाई, 400 मीटर इंडिविजुअल मेडले (आईएम) और 4×100 मीटर फ्रीस्टाइल रिले में कांस्य पदक हासिल किए। ऐसे जीते पदक इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) दीपक गौड़, जिला खेल अधिकारी महेश पालीवाल और तैराकी प्रशिक्षक पियूष सुखवाल, संदीप सोनी और परेश पटेल ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी।

जोधपुर सिटी में कल 4 घंटे बिजली नहीं आएगी:लाइनों के मेंटेनेंस के कारण शटडाउन रहेगा; शहर के कई इलाके होंगे प्रभावित

जोधपुर शहर में बिजली लाइनों के रखरखाव के चलते कई कॉलोनी में बिजली बंद रहेगी। कई इलाकों में दो से चार घंटे तक बिजली नहीं आएगी। इसके बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। सुबह 9 बजे से लेकर दोपहर 1 बजे तक यहां रहेगी बिजली बंद उम्मेद हैरिटेज फीडर नं. 1, 2, 3, 4 से संबंधित सम्पूर्ण क्षेत्र और केवी उम्मेद हैरिटेज कॉलानी के आसपास का क्षेत्र और 33/11 केवी उम्मेद हैरिटेज सब-स्टेान से सम्बन्धित सम्पूर्ण क्षेत्र। सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर 12 बजे तक यहां रहेगा पावरकट आकाशवाणी 11 केवी फीडर से संबंधित हनवंत ए, हनवंत बी, पावटा सी रोड़, दुर्गादास कॉलोनी,आईसीआईसीआई बैंक के आस-पास का क्षेत्र, लक्ष्मी नगर पार्क नंबर 1 के पास और बी रोड़ का कुछ क्षेत्र।

नागौर में कल कई इलाकों में 2 घंटे बिजली कटौती:मेंटेनेंस कार्य के चलते सुबह 8 से 10 बजे तक प्रभावित रहेगी सप्लाई

नागौर में अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (अविविनिल) की ओर से आवश्यक रखरखाव कार्य के चलते शनिवार को शहर के कई क्षेत्रों में 2 घंटे बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। निगम ने उपभोक्ताओं से असुविधा से बचने के लिए पहले से आवश्यक तैयारियां करने की अपील की है। सहायक अभियंता कैलाश चंद जैन ने बताया- 33/11 केवी जीएसएस बंसीवाला से संचालित 11 केवी बंसीवाला फीडर पर रखरखाव कार्य किया जाएगा। इसके चलते सुबह 8 बजे से 10 बजे तक संबंधित क्षेत्रों में बिजली सप्लाई बाधित रहेगी। इन क्षेत्रों में रहेगी बिजली बंद रखरखाव कार्य के दौरान लोहरा का चौक, लोहियों का चौक, बंसीवाला मंदिर क्षेत्र, माही दरवाजा, भारत टॉकीज के पास, गांधी चौक, हीरावाड़ी सहित आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। बिजली निगम ने बताया कि निर्धारित समय में रखरखाव कार्य पूरा होने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। हालांकि कार्य की प्रगति के अनुसार समय में परिवर्तन भी संभव है। उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की गई है।

घर से निकले नाबालिग का शव नदी में मिला:दोस्त बोले- नहाते समय डूब गया था; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

बांसवाड़ा में घर से गुरुवार की सुबह निकले 16 साल के छात्र का शव एक दिन बाद शुक्रवार को नदी में मिला। परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका जताई है। हालांकि परिजनों ने इसे डूबने से मौत होना बताया है। कोतवाली थानाधिकारी बुद्धाराम बिशनोई ने बताया कि तिरुपति नगर, समिति कॉलोनी निवासी अमरदीप सिंह राठौड़ का बेटा देवराज राठौड़(16) गुरुवार सुबह घर से निकला था। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर कोतवाली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इसके बाद पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की। जांच के दौरान तकनीकी और स्थानीय इनपुट के आधार पर पता चला कि देवराज अपने दो साथियों के साथ पीपलखूंट क्षेत्र की ओर गया था। पुलिस ने दोनों दोस्तों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि तीनों नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान तेज बहाव और गहरे पानी में देवराज डूब गया। रेस्क्यू अभियान चलाकर निकाला शव
सूचना मिलते ही पुलिस ने SDRF टीम को मौके पर बुलाकर रेस्क्यू अभियान शुरू कराया। कड़ी मशक्कत के बाद शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे देवराज का शव नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। थानाधिकारी ने बताया कि परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। इसे देखते हुए मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराया गया है। फिलहाल प्रथम दृष्टया मामला नदी में डूबने का लग रहा है, लेकिन परिजनों की ओर से हत्या की आशंका जताई गई है। ऐसे में मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। छात्र के साथ गए दोनों दोस्तों से भी पूछताछ की गई है। मामले की जांच जारी है।

आईलैंड जैसी डवलप होगा कोटा का चंबल गार्डन:नदी किनारे 400 लोग कर सकेंगे एक साथ योग; ओपन एयर थियेटर-लेजर शो बनेंगे आकर्षण

कोटा सहित हाड़ौती के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक चंबल गार्डन जल्द ही निखरे हुए स्वरूप में नजर आएगा। नगर निगम ने चंबल गार्डन के पुनर्विकास के लिए 80 करोड़ से अधिक की कार्ययोजना तैयार की है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शनिवार को कामों का शिलान्यास करेंगे। इस दौरान स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा और कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा भी मौजूद रहेंगे। निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने बताया- लोकसभा अध्यक्ष के निर्देश पर कोटा शहर के सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं की कई योजनाओं पर निगम काम कर रहा है। चंबल गार्डन का होगा पुनर्विकास चंबल गार्डन के पुनर्विकास काम शुरू किए जा रहे हैं। कोटा और हाड़ौती की पहचान और हर परिवार की पहली पसंद रहा ऐतिहासिक चंबल गार्डन अब एक बार फिर अपनी खोई हुई रौनक वापस पाएगा। 1980 के दशक से लेकर नई सदी के शुरुआती सालों तक यह गार्डन बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों और सैलानियों की सबसे पसंदीदा सैरगाह हुआ करता था। समय के साथ पर्याप्त रखरखाव और आधुनिक सुविधाओं के अभाव में चंबल गार्डन की चमक फीकी पड़ गई और यहां आने वाले लोगों की संख्या लगातार कम होती चली गई। प्रकृति और पर्यटन का नया आकर्षण चंबल गार्डन को आधुनिक सुविधाओं से युक्त प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां प्रकृति और संस्कृति का सुंदर समन्वय देखने को मिलेगा। नदी से सटे क्षेत्र का भी नवीनीकरण किया जाएगा। प्रसिद्ध लक्ष्मण झूले को आधुनिक डिजाइन के साथ नए स्वरूप में तैयार किया जाएगा। बच्चों के लिए सुरक्षित खेल क्षेत्र, टॉय ट्रेन और आकर्षक कलात्मक मूर्तियां गार्डन की नई पहचान बनेंगी। भव्य प्रवेश द्वार, राष्ट्रीय ध्वज स्तंभ और आकर्षक लैंडस्केपिंग से इसकी सुंदरता और बढ़ेगी। मनोरंजन के साथ सेहत भी

भारतमाला हाईवे पर पकड़ी स्विफ्ट कार, 425 ग्राम MD बरामद:तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार, गाड़ी जब्त

जालोर में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और स्थानीय पुलिस ने भारतमाला हाईवे पर हरियाली गांव की सरहद में एक स्विफ्ट कार से 425 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) बरामद किया। कार में सवार 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कार को पुलिस ने जब्त कर लिया। पुलिस के अनुसार- एएनटीएफ टीम को सूचना मिली थी कि दो-तीन व्यक्ति स्विफ्ट कार में डावल गांव की ओर से हरियाली क्षेत्र में किसी व्यक्ति को अवैध मादक पदार्थ की सप्लाई देने आने वाले हैं। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने दो अलग-अलग दल बनाकर जोधपुर और सांचौर की ओर से निगरानी शुरू की। कार्रवाई के दौरान भारतमाला हाईवे के पास हरियाली की सरहद में संदिग्ध स्विफ्ट कार दिखाई दी। कार में सवार तीनों युवक नीचे उतरकर किसी का इंतजार कर रहे थे। पुलिस टीम के पहुंचते ही तीनों भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। इसके बाद स्थानीय पुलिस को मौके पर बुलाकर कार की तलाशी ली गई, जिसमें 425 ग्राम एमडी बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ स्विफ्ट कार को जब्त कर तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। गिरफ्तार आरोपियों में डावल निवासी सुरेश कुमार उर्फ लाखाराम, हिन्डवाड़ा निवासी श्रवण (21) और डावल निवासी अशोक (24) शामिल हैं। पुलिस आरोपियों से मादक पदार्थ के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।

GST की एक-धारा से बढ़ सकती हैं कैब-ऑटो की मुश्किलें:रिपोर्ट में दावा- ड्राइवरों की कमाई घटने और यात्रियों का किराया बढ़ने की संभावना

नीति और प्रौद्योगिकी शोध संस्थान Esya सेंटर ने अपनी नई रिपोर्ट “Balancing Efficiency and Equity: Evidence from India’s Technology-Intermediated Transport Services under the GST Regime” जारी करते हुए चेतावनी दी कि यदि जीएसटी कानून की धारा 9(5) के तहत सब्सक्रिप्शन आधारित राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म पर जीएसटी लागू किया गया तो इससे ड्राइवरों की आय घट सकती है। यात्रियों का किराया बढ़ सकता है और ऑफ-प्लेटफॉर्म (बिना बिल) टैक्सी सेवाओं को बढ़ावा मिलने के साथ सुरक्षा व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है। रिपोर्ट के अनुसार- प्रस्तावित टैक्स व्यवस्था कानूनी रूप से जटिल होने के साथ-साथ व्यवहारिक रूप से लागू करना भी कठिन होगा, क्योंकि सब्सक्रिप्शन आधारित प्लेटफॉर्म केवल ड्राइवर और यात्री को जोड़ने का माध्यम होते हैं। किराया तय करने और भुगतान लेने की जिम्मेदारी स्वयं ड्राइवर की होती है। 13 शहरों में 2,100 से अधिक लोगों पर हुआ अध्ययन Esya सेंटर की यह स्टडी देश के 13 शहरों में 1,044 ड्राइवरों और 1,059 यात्रियों यानी कुल 2,103 प्रतिभागियों से बातचीत पर आधारित है। अध्ययन में तेजी से लोकप्रिय हो रहे Software-as-a-Service (SaaS) आधारित राइड-हेलिंग मॉडल का विश्लेषण किया गया। रिपोर्ट के अनुसार- इस मॉडल में ड्राइवर प्लेटफॉर्म को निश्चित सब्सक्रिप्शन शुल्क देते हैं, लेकिन किराया स्वयं तय करते हैं। सीधे यात्री से भुगतान प्राप्त करते हैं और पूरी कमाई अपने पास रखते हैं। प्लेटफॉर्म न तो किराया निर्धारित करता है और न ही भुगतान का संचालन करता है। GST लागू करना व्यवहारिक रूप से मुश्किल: रिपोर्ट रिपोर्ट में कहा गया है कि ऐसे प्लेटफॉर्म पर धारा 9(5) के तहत जीएसटी लागू करना व्यावहारिक रूप से चुनौतीपूर्ण होगा, क्योंकि अधिकांश ड्राइवर जीएसटी पंजीकरण की निर्धारित सीमा से कम आय अर्जित करते हैं। अध्ययन में यह भी कहा गया कि विभिन्न राज्यों की Advance Ruling Authorities द्वारा समान कारोबारी मॉडल पर अलग-अलग फैसले दिए जाने से भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है, जिससे टैक्स व्यवस्था की निष्पक्षता प्रभावित हो रही है और डिजिटल मोबिलिटी क्षेत्र में समान प्रतिस्पर्धा नहीं रह गई है। ड्राइवर क्यों पसंद कर रहे हैं सब्सक्रिप्शन मॉडल? सर्वे के अनुसार, 86 प्रतिशत ड्राइवर बुकिंग प्राप्त करने के लिए सब्सक्रिप्शन आधारित प्लेटफॉर्म का उपयोग करते हैं, जबकि 56 प्रतिशत ड्राइवरों का मानना है कि इस मॉडल में प्लेटफॉर्म का खर्च कम होने से उनकी कुल आय बेहतर रहती है। GST लागू होने पर ड्राइवरों को ये हैं बड़ी चिंताएं रिपोर्ट के मुताबिक यदि धारा 9(5) के तहत किराए पर जीएसटी लगाया गया तो… यात्रियों पर भी पड़ेगा सीधा असर रिपोर्ट के अनुसार किराया बढ़ने का सीधा असर यात्रियों के बजट पर पड़ेगा। विशेष रूप से महिलाओं, कम आय वर्ग के लोगों तथा रात में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए ऐप आधारित सेवाएं महंगी हो सकती हैं। सर्वे में शामिल यात्रियों में 68 प्रतिशत ने कहा कि यदि किराया केवल 5 प्रतिशत भी बढ़ा तो वे ऐप से कैब या ऑटो बुक करना कम कर देंगे। लगभग आधे यात्रियों ने कहा कि वे फिर से पारंपरिक टैक्सी या ऑटो सेवाओं का उपयोग शुरू कर सकते हैं। लगभग 90 प्रतिशत यात्रियों ने ऐप आधारित सेवाओं में उपलब्ध सुरक्षा फीचर्स को बेहद महत्वपूर्ण बताया। Esya सेंटर की डायरेक्टर बोलीं- टैक्स ढांचे को तकनीक के साथ बदलना होगा Esya सेंटर की डायरेक्टर मेघना बाल ने कहा- भारत का मोबिलिटी सेक्टर तेजी से बदल रहा है और नए प्लेटफॉर्म मॉडल ड्राइवरों और यात्रियों दोनों को अधिक विकल्प और पारदर्शिता दे रहे हैं। उन्होंने कहा- रिसर्च से स्पष्ट है कि सब्सक्रिप्शन मॉडल ड्राइवरों को आय का बेहतर अनुमान और यात्रियों को किफायती यात्रा उपलब्ध कराता है। इसलिए जरूरी है कि टैक्स और कानूनी ढांचा भी नई तकनीक के अनुरूप विकसित किया जाए। टैक्स नियमों में बदलाव की जरूरत: विशेषज्ञ ईवाई (EY) की टैक्स पार्टनर जयश्री पार्थसारथी ने कहा- डिजिटल मोबिलिटी प्लेटफॉर्म के विकास के साथ अप्रत्यक्ष कर व्यवस्था में भी बदलाव आवश्यक है। उनके अनुसार जैसे-जैसे प्लेटफॉर्म सब्सक्रिप्शन मॉडल की ओर बढ़ रहे हैं। वैसे-वैसे जीएसटी नियमों को भी नई व्यावसायिक संरचना के अनुरूप बनाया जाना चाहिए। सरकार से क्या मांग की गई? Esya सेंटर ने अपनी रिपोर्ट में सरकार से सिफारिश की है कि जीएसटी अधिनियम की धारा 9(5) केवल उन्हीं प्लेटफॉर्म पर लागू की जाए, जहां प्लेटफॉर्म स्वयं किराया तय करता हो या यात्रियों से भुगतान वसूलने पर उसका सीधा नियंत्रण हो। रिपोर्ट में यह भी सुझाव दिया गया है कि यात्रियों की सुरक्षा, ड्राइवर सत्यापन और यात्रा निगरानी जैसे कानूनी दायित्व निभाने को किसी प्लेटफॉर्म के व्यवसाय या भुगतान पर नियंत्रण का प्रमाण नहीं माना जाना चाहिए। सुरक्षा संबंधी उपायों को टैक्स लगाने का आधार बनाने से बचने की आवश्यकता है। ‘भारत टैक्सी’ जैसे ड्राइवर-केंद्रित मॉडल का भी उल्लेख रिपोर्ट में कहा गया है कि सरकार और उद्योग ऐसे समय में ड्राइवरों की आय बढ़ाने तथा यात्रियों को किफायती और सुरक्षित सेवाएं उपलब्ध कराने के नए मॉडल तलाश रहे हैं। ‘भारत टैक्सी’ जैसे ड्राइवर-केंद्रित प्लेटफॉर्म इसी दिशा में एक उदाहरण हैं, जिनका उद्देश्य ड्राइवरों की आय में पारदर्शिता और आर्थिक सशक्तिकरण सुनिश्चित करना है।