ब्रेकिंग न्यूज़
हॉस्पिटल में गोवंश का शव खुले में छोड़ा,कुत्तों ने नोचा:सड़क पर मिला सिर का पार्ट, लोगों ने अस्पताल के गेट पर लगाया ताला

जैसलमेर में पशु हॉस्पिटल में खुले में पड़े मृत गोवंश के शव को कुत्तों ने नोच दिया। सिर का पार्ट सड़क पर पड़ा मिला। आक्रोशित लोगों ने हॉस्पिटल स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए गेट पर ताला लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस की समझाइश के बाद लोग शांत हुए। अस्पताल परिसर में खुला छोड़ा गया था शव
स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार सुबह एयरफोर्स चौराहे के पास गोवंश का कटा सिर मिला। सूचना पर स्थानीय लोग और गोसेवा से जुड़े लोग मौके पर एकत्र हो गए। प्रारंभिक आशंका के बाद लोगों ने अपने स्तर पर जानकारी जुटाई तो पता चला कि गुरुवार रात एक पशुपालक बीमार गोवंश को इलाज के लिए स्थानीय पशु अस्पताल लेकर आया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। मृत गोवंश के शव को अस्पताल परिसर में खुले में छोड़ दिया गया था। रात में आवारा कुत्तों ने शव को नोच दिया और उसका सिर घसीटते हुए चौराहे तक ले आए। नाराजगी जताते हुए लगाया ताला
घटना की जानकारी मिलने पर कुछ लोगों ने अस्पताल प्रबंधन के प्रति नाराजगी जताते हुए मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया और स्टाफ के पहुंचने पर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। समझाइश के बाद सामान्य हुई स्थिति
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। अस्पताल प्रशासन ने शव का पोस्टमॉर्टम कर नियमानुसार निस्तारण करने और मामले की जांच का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने ताला खोल दिया। स्थानीय लोगों ने भविष्य में मृत पशुओं के निस्तारण की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

अजमेर विकास प्रधिकरण ने खातेदारी जमीन पर किया कब्जा:सीमा पत्थर हटाने का आरोप, ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर आंदोलन की दी चेतावनी

अजमेर विकास प्राधिकरण (ADA) पर खातेदारी और चरागाह भूमि पर अतिक्रमण करने, सवाईपुरा-​​सूरजकुंड की सीमा तय करने वाले पुराने सीमा पत्थर को (मठानों) हटाने का आरोप लगाया है। एडीए की कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और कलेक्ट्रेट पर जमकर प्रदर्शन किया। पीसांगन के पूर्व प्रधान अशोक सिंह रावत और भगवानपुरा सरपंच मानसिंह के नेतृत्व में सवाईपुरा, सूरजकुंड और मोतीसर के ग्रामीण व महिलाओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने जिला कलेक्टर और संभागीय आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य तत्काल रुकवाने, दोबारा पैमाइश कराने और सीमा पत्थर यथा स्थान स्थापित कराने की मांग की। सरकारी जमीन पर फार्म हाउस प्रदर्शन के दौरान पूर्व प्रधान अशोक सिंह रावत ने आरोप लगाया कि 2013-14 से ग्रामीणों की शिकायतों के बावजूद प्रशासन कार्रवाई नहीं कर रहा है। उनका कहना है कि पिछले दो सालों से पुष्कर क्षेत्र के आसपास एडीए मनमाने तरीके से खातेदारी भूमि, कुओं और चरागाह क्षेत्र में दखल दे रहा है। साथ ही सरकारी भूमि पर फार्म हाउस और रिसॉर्ट विकसित किए जा रहे हैं। 8 से 10 पुराने मठानों को जेसीबी से हटाया उन्होंने आरोप लगाया कि सूरजकुंड और सवाईपुरा के बीच सीमा तय करने वाले 8 से 10 पुराने मठानों को जेसीबी से हटाकर दबा दिया गया, जिससे राजस्व सीमा पर विवाद की स्थिति बन गई है।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि ग्राम सूरजकुंड में होटल और आवासीय योजना के नाम पर राजस्व रिकॉर्ड की अनदेखी करते हुए सवाईपुरा की सीमा में करीब 100 मीटर तक रास्ता निर्माण, मिट्टी उत्खनन और अन्य कार्य किए जा रहे हैं। दोबारा सीमांकन की मांग उन्होंने मांग की कि जिला प्रशासन, राजस्व विभाग और एडीए की संयुक्त टीम खातेदारों की मौजूदगी में दोबारा सीमांकन कराए, हटाए गए सीमा पत्थर पुनः स्थापित करे और जांच पूरी होने तक सभी निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से बंद कराए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन तेज किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

सीकर में 6 साल बाद मानसून की रफ्तार कमजोर:हवा चल रही, लेकिन राहत नहीं; एक सप्ताह बाद बारिश की संभावना

सीकर जिले में मानसून पूरी तरह कमजोर पड़ गया है। बीती रात सीकर के रघुनाथगढ़, खोरी ब्राह्मणान ग्रामीण इलाकों और फतेहपुर एरिया में कुछ जगहों पर बारिश हुई। सुबह से हल्की हवा चल रही है, हालांकि धूप निकलने की वजह से उमस बनी हुई है। सीकर में 6 साल बाद जुलाई के पहले सप्ताह में मानसून की रफ्तार काफी कमजोर रही। मानसून की स्पीड कम होने की वजह से सीकर में तेज गर्मी का उमस का मौसम है। सीकर जिले के लोग अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं तो वहीं, मौसम विभाग ने 18 जुलाई के बाद ही अच्छी बारिश का अनुमान बताया है। सीकर में बीती रात हुई बारिश के बाद आज सुबह के तापमान में गिरावट आई है। सीकर जिले के फतेहपुर में स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र के मौसम विज्ञान केंद्र पर आज सुबह का न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले बृहस्पतिवार को दिन का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री दर्ज किया गया था। आज सुबह हल्की हवाओं के बाद दिन में धूप बढ़ गई है। सीकर में मानसून को लेकर जयपुर मौसम केंद्र के डायरेक्टर राधेश्याम शर्मा ने बताया- सीकर समेत आसपास के इलाके में हाई विंड प्रेशर(उच्च वायुदाब) बना हुआ है। इस वजह से सीकर में मानसून की बारिश भी कम हो रही है। 16 जुलाई के बाद एक नया वेदर सिस्टम बनने का अनुमान है, जिसके बाद सीकर में बारिश होने की संभावना है। पिछले 24 घंटे में सीकर की बारिश के आंकड़े

मानसून की एंट्री के बाद से बारिश पर ब्रेक:जोधपुर में सामान्य से 5% कम हुई बारिश; तापमान में गिरावट; जानें-कैसा रहेगा मौसम

जोधपुर में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। जिले में अब तक सामान्य से करीब 5 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि बादलों की आवाजाही और हल्की ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम के मिजाज में बदलाव की संभावना बनी हुई है। जोधपुर में मानसून की एंट्री के चार दिन बाद बारिश पर ब्रेक लग चुका है। हालांकि, मौसम विभाग ने आंधी-बारिश का येलो अलर्ट भी जारी किया था, लेकिन इसका असर शहर में देखने को नहीं मिला। वहीं मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 9 जुलाई तक जोधपुर में 59.5 एमएम बारिश होती है, जो इस बार 56.5 एमएम ही हुई। ऐसे में अब तक सामान्य से 5 प्रतिशत कम बारिश हुई है। बारिश नहीं हुई लेकिन मौसम में उतार-चढ़ाव जारी जोधपुर शहर में सोमवार को तेज बारिश का दौर चला था। इसके बाद बारिश नहीं हुई। हालांकि, इसके बाद मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला। पिछले 2-3 दिन से लगातार आसमान में बादल छाए हुए हैं। वहीं शाम को ठंडी हवा का भी दौर चल रहा है। लेकिन, दिनभर हो रही उमस से काफी परेशानी हो रही है। ऐसे में पिछले चार दिनों में अधिकतम तापमान में भी 3 से 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को भी अधिकतम तापमान 36 डिग्री दर्ज किया गया। जब​कि अधिकतम तापमान 29 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। आगे क्या- अगले 6 दिन कोई अलर्ट नहीं जुलाई का दूसरा और तीसरा सप्ताह भी सूखा ​बीतने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने 15 जुलाई तक किसी तरह का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। इस दौरान मौसम साफ रहेगा और तापमान में भी बढ़ोतरी देखी जा सकती है। हालांकि, जुलाई के अंतिम सप्ताह तक बारिश होने की उम्मीद जताई जा रही है।

दो महिलाओं समेत तीन लोगों को सांप ने काटा:रात को सोते युवक के होठ पर काटा, झाड़ू लगा रही महिला के पैर पर डसा

अलवर जिले में पिछले 24 घंटों में रामगढ, राजगढ़ व चिकानी में तीन जनों को सांप ने काट लिया। तीनों अलवर जिला अस्पताल में भर्ती हैं। एक महिला को झाड़ू लगाते समय हाथ पर काट लिया। वहींरात को सोते समय एक युवक के होठ पर काट लिया। तीनों को गंभीर हालत में अलवर जिला अस्पताल के ऑब्जर्वेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। केस 1: सो रहे युवक के होंठ पर काटा रामगढ़ थाना क्षेत्र के मिलकपुर गांव निवासी गुरदीप सिंह रात को अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान एक जहरीले सांप ने सीधे उनके होंठ पर डस लिया। गुरदीप की चीख सुनकर जागे परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज चल रहा है। केस 2: झाड़ू लगा रही महिला पर कोबरा का हमला दूसरी घटना राजगढ़ इलाके की है। यहां रहने वाली जगन देवी (पत्नी मुकेश मीणा) सुबह अपने घर में झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान अचानक निकले एक काले कोबरा ने पैर पर काट लिया। महिला भी जिला अस्पताल में भर्ती है। केस 3: चिकानी में महिला बनी शिकार तीसरी घटना सदर थाना क्षेत्र के चिकानी गांव की है। यहां रीना देवी नाम की महिला को एक जहरीले सांप ने काट लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज जारी है।

उदयपुर में सुबह से बादल छाए,लेकिन बारिश का अलर्ट नहीं:उमस वाली गर्मी बनी रहेगी, एक्सपर्ट बोले- कुछ दिन बाद तेज बरसात होगी

मेवाड़ में मानसून एंट्री के बाद कमजोर रहा है। शुक्रवार सुबह से उदयपुर में बादलों ने डेरा डाल रखा है। हवा चल रही है। दूसरी तरफ मौसम एक्सपर्ट ने कहा- हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन अब तेज बारिश कुछ दिनों बाद होगी। इधर, मौसम विभाग का आज उदयपुर में बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। मौसम एक्सपर्ट डॉ.आर.एस. देवड़ा बताते हैं कि उदयपुर में अब मानसून कमजोर होने से एक-दो दिन हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके बाद मानसून में गेप रहेगा और कुछ दिनों बाद बारिश होगी। तापमान में हल्की वृद्धि होगी। नमी के कारण उमस वाली गर्मी बनी रहेगी मौसम केंद्र डबोक के अनुसार गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले बुधवार को अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। तापमान में गिरावट के बावजूद बारिश नहीं होने से दिनभर मौसम शुष्क बना रहा। सबसे पहले- उदयपुर में बारिश की स्थिति पिछले सात दिनों का उदयपुर का तापमान (डिग्री से. में)

बाइक-स्कूटी की भिड़ंत में युवक की मौके पर मौत:छुट्टी पर आया सैनिक घायल, ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल

चूरू-सरदारशहर रोड पर रामपुराबास के पास शुक्रवार को बाइक और स्कूटी की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में स्कूटी सवार 35 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सेना से छुट्टी पर घर आए बाइक सवार 53 वर्षीय सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को निजी वाहन से डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। घायल ढाणी डेगा, सरदारशहर निवासी मंगलचंद (53) ने बताया कि वह भारतीय सेना में कार्यरत हैं और फिलहाल छुट्टी पर घर आए हुए हैं। वह बाइक से गांव से चूरू किसी काम से जा रहे थे, तभी रामपुराबास के पास सामने से आ रही स्कूटी से उनकी टक्कर हो गई। लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे में रामपुराबास निवासी 35 वर्षीय दयानंद जांगिड़ की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद गांव के श्रवण कुमार, मेजर खान, प्रहलाद और कालू ने दोनों घायलों को अपनी गाड़ी से डीबी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने दयानंद जांगिड़ को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलने के बाद गांव के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। इमरजेंसी वार्ड के स्टाफ ने अस्पताल चौकी को भी घटना की जानकारी दे दी है। मृतक के परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

X पर 3 साल बाद लौटे मार्क जुकरबर्ग:मेटा ने लॉन्च किया 'म्यूज स्पार्क 1.1' AI मॉडल, OpenAI और एंथ्रोपिक से मुकाबला

मेटा के CEO मार्क जुकरबर्ग ने तीन साल से अधिक समय के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वापसी की है। उन्होंने कंपनी का सबसे नया और एडवांस AI मॉडल ‘म्यूज स्पार्क 1.1’ लॉन्च करने की घोषणा की है। जुकरबर्ग का यह कदम एआई मार्केट में OpenAI और एंथ्रोपिक जैसी दिग्गज कंपनियों को टक्कर देने की मेटा की सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है। कम कीमत में कोडिंग और एजेंटिक परफॉर्मेंस मार्क जुकरबर्ग ने अपनी पोस्ट में लिखा, “आज हम म्यूज स्पार्क 1.1 रिलीज कर रहे हैं। यह बहुत ही कम कीमत पर एक मजबूत एजेंटिक और कोडिंग मॉडल है। यह हमारे नए मेटा मॉडल API और मेटा AI में उपलब्ध है।” उन्होंने कहा कि यह मॉडल टूल यूज, कंप्यूटर यूज और एजेंटिक परफॉर्मेंस में सबसे मजबूत है। यह 10 लाख टोकन कॉन्टेक्स्ट विंडो के साथ लंबे समय तक चलने वाले टास्क को आसानी से पूरा कर सकता है। यह समानांतर चलने वाले सब-एजेंट्स को काम सौंपने में सक्षम है और इसे डेस्कटॉप, मोबाइल या ब्राउज़र पर कंप्यूटर इंटरफेस का उपयोग करने के लिए ट्रेन किया गया है। म्यूज स्पार्क से डेवेलपर्स बना सकेंगे एप्लिकेशन्स जुकरबर्ग ने बताया कि डेवेलपर्स म्यूज स्पार्क का उपयोग करके नए एप्लिकेशन्स बना सकेंगे। कंपनी का पूरा फोकस बहुत कम लागत पर मजबूत एजेंटिक और मल्टीमॉडल मॉडल देने पर है। अमेरिका में डेवेलपर्स अब मेटा मॉडल API के पब्लिक प्रीव्यू के जरिए म्यूज स्पार्क 1.1 का एक्सेस पा सकते हैं। कम इंसानी दखल के पूरे होंगे जटिल काम मेटा ने इस अपग्रेडेड मॉडल को कोडिंग, एजेंटिक वर्कफ़्लो और सॉफ़्टवेयर ऑटोमेशन के लिए अपना अब तक का सबसे सक्षम एआई सिस्टम बताया है। यह मॉडल न केवल कोड लिख और डिबग कर सकता है, बल्कि सॉफ़्टवेयर टूल्स के साथ इंटरैक्ट भी कर सकता है। यह टेक्स्ट, इमेज और वीडियो को समझकर बिना किसी इंसानी हस्तक्षेप के बेहद जटिल और मल्टी-स्टेप टास्क को पूरा करने की क्षमता रखता है। सुपरइंटेलिजेंस लैब्स ने किया तैयार इस मॉडल को मेटा की ‘सुपरइंटेलिजेंस लैब्स’ ने डेवलप किया है। इससे पहले कंपनी ने अप्रैल में अपना ओरिजिनल म्यूज स्पार्क मॉडल पेश किया था, जिसका मकसद एआई के क्षेत्र में प्रतिद्वंद्वियों के साथ अंतर को कम करना था। इस नए लॉन्च के साथ मेटा ने पेड एआई मॉडल API मार्केट में औपचारिक रूप से एंट्री कर ली है। 20 डॉलर का फ्री क्रेडिट और प्राइसिंग का गणित मेटा मॉडल API के लिए साइन अप करने वाले डेवेलपर्स को 20 डॉलर का फ्री क्रेडिट मिलेगा, जिसके बाद वे ‘पे-एज-यू-गो’ (जितना इस्तेमाल, उतना भुगतान) प्राइसिंग मॉडल पर शिफ्ट हो जाएंगे। मेटा ने इस सर्विस की कीमत 1.25 डॉलर प्रति मिलियन इनपुट टोकन और 4.25 डॉलर प्रति मिलियन आउटपुट टोकन तय की है। यह कीमत OpenAI के एंट्री-लेवल ‘GPT-5 mini’ और एंथ्रोपिक के ‘क्लॉड हायकू 4.5’ से अधिक है, लेकिन एंथ्रोपिक के प्रीमियम ‘क्लॉड सॉनेट 4.6’ मॉडल से कम है। वॉट्सऐप और इंस्टाग्राम के ल्लामा मॉडल्स बदलेंगे म्यूज स्पार्क 1.1 को फिलहाल मेटा AI एप और वेबसाइट के ‘थिंकिंग मोड’ में रोल आउट किया जा रहा है। आने वाले समय में यह मॉडल धीरे-धीरे वॉट्सऐप, इंस्टाग्राम, फेसबुक और मेटा के एआई-इनेबल्ड स्मार्ट ग्लासेस में मौजूद मौजूदा ल्लामा मॉडल्स की जगह लेगा। हाल ही में मेटा ने अपनी सुपरइंटेलिजेंस लैब्स द्वारा विकसित पहला इमेज-जनरेशन मॉडल ‘म्यूज इमेज’ भी पेश किया था, जिससे कंपनी का जेनरेटिव एआई पोर्टफोलियो और मजबूत हुआ है। नॉलेज पार्ट: क्या होते हैं एजेंटिक मॉडल और टोकन कॉन्टेक्स्ट विंडो?

मुकुल शर्मा को उदयपुर ग्रामीण एडिशनल SP की कमान:प्रदेश में 49 एडिशनल SP के तबादले, उदयपुर में 3 अफसरों की जिम्मेदारी बदली

राज्य सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए प्रदेशभर में 49 एडिशनल एसपी के तबादले किए हैं। इसी क्रम में मुकुल शर्मा को चित्तौड़गढ़ जिले से ट्रांसफर कर उदयपुर ग्रामीण एडिशनल एसपी लगाया है। उदयपुर जिले में ही तीन अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। 49 अधिकारियों की इस लिस्ट में उदयपुर के कई अफसरों को नई पोस्टिंग दी गई है। रजत बिश्नोई को महिला अपराध अनुसंधान सेल राजसमंद से खेरवाड़ा एएसपी की कमान सौंपी है। वहीं, रोशनलाल पटेल को उदयपुर विकास प्राधिकरण से महाराणा प्रताप बटालियन आरएसी प्रतापगढ़ में डिप्टी कमांडेंट लगाया गया है। इसके अलावा तीन अफसरों को उदयपुर में ही इधर-उधर किया है। इनमें उदयपुर के खेरवाड़ा एमबीसी से मंजीत सिंह को महिला अपराध अनुसंधान सेल उदयपुर में, खेरवाड़ा एएसपी अंजना सुखवाल को अब पुलिस परामर्श एवं सहायता केन्द्र उदयपुर में भेजा है। वहीं, महिला अपराध अनुसंधान सेल से माधुरी वर्मा को खेरवाड़ा पीटीएस कमांडेंट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। 61 सीआई के तबादले, 9 को रेंज में लगाया, एक जयपुर भेजा पुलिस महानिदेशक ने देर रात आदेश जारी कर प्रदेश के 61 पुलिस निरीक्षकों (सीआई) के तबादले कर दिए। इनमें 10 सीआई को उदयपुर रेंज से इधर-उधर किया है, जबकि एक सीआई को उदयपुर से बाहर भेजा है। वहीं, 9 सीआई को रेंज में लगाया है। आदेश के अनुसार, इन सभी के ट्रांसफर खुद के आग्रह पर ही किए हैं। इनमें देवेन्द्र सिंह कविया, शिवराज सिंह गुर्जर, सुरेन्द्र सिंह बडवा, औंकार सिंह चारण, ईश्वरानंद, लक्ष्मण सिंह राठ़ौड़, रमेश कुमार सर्वटा, गोपाल सिंह थालौड़ और सूर्यभान सिंह शामिल हैं। इसके अलावा उदयपुर रेंज से हरिओम मीणा को जयपुर रेंज भेजा गया है।