ब्रेकिंग न्यूज़
जिला मुख्यालय में 15 मिनट बारिश, तीन दिन में तापमान 5 डिग्री गिरा

जिले में बुधवार को दोपहर करीब 2:40 बजे करीब 15 मिनट तक हल्की बारिश हुई। बारिश भले ही अधिक नहीं हुई, लेकिन आसमान में दिनभर बादल छाए रहने से मौसम सुहाना बना रहा और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली। लगातार तीसरे दिन तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि जिले में मानसून अभी पूरी तरह सक्रिय नहीं हो पाया है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 37 डिग्री तथा न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस था। मंगलवार को अधिकतम तापमान घटकर 34 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बुधवार को अधिकतम तापमान में दो डिग्री की और गिरावट होकर यह 32 डिग्री पर पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा।

स्मार्ट मीटर सोलर कनेक्शन में नही बदले, उपभोक्ता परेशान

रायपुर| पीएम सूर्य घर योजना के तहत सोलर सिस्टम लगवाने वाले उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल रही है। उपभोक्ता दिनेश कुमार शर्मा और घनश्याम गुर्जर ने बताया कि 3–4 महीने पहले घरों पर सोलर सिस्टम लगाया गया था, लेकिन अब तक स्मार्ट मीटर को सोलर कनेक्शन में बदला नहीं गया। इसके कारण बिजली के नियमित बिल जारी हैं और हजारों रुपये का भुगतान करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्होंने 3 से 5 महीने पहले बैंक से लोन लेकर संयंत्र लगवाया था। अब उन्हें लोन की किश्त के साथ बिजली बिल भी भरना पड़ रहा है। सोलर ऊर्जा के एक्सईएन अजय सोनी ने कहा कि अधिक बिल वाले उपभोक्ता झालावाड़ आकर शिकायत दर्ज कराएं, समाधान किया जाएगा।

जयपुर डिस्कॉम की कनिष्ठ विधि अधिकारी निधि शर्मा को पीएचडी

सवाई माधोपुर| जयपुर डिस्कॉम, सवाई माधोपुर में कार्यरत कनिष्ठ विधि अधिकारी निधि शर्मा ने शोध क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करते हुए रैफल्स यूनिवर्सिटी से पीएचडी की उपाधि प्राप्त की। उन्होंने सेक्सुअल हरेसमेंट एट वर्कप्लेस विथ स्पेशल रेफरेन्स टू टोंक डिस्ट्रिक्ट राजस्थान विषय पर अपना शोध कार्य पूर्ण किया। उनके शोध का मार्गदर्शन डा. प्रणय कुमार आदित्य ने किया।यह शोध कार्य कार्यस्थल पर महिलाओं के प्रति यौन उत्पीड़न, उससे संबंधित कानूनी प्रावधानों, जागरूकता तथा टोंक जिले के विशेष संदर्भ में व्यावहारिक पहलुओं का विस्तृत अध्ययन प्रस्तुत करता है।

बदहाल सड़क को लेकर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, 3 घंटे तक विरोध-प्रदर्शन

भालता| क्षेत्र के बोरखेड़ी गुजरान गांव में जर्जर सड़क से नाराज लोगों का बुधवार को गुस्सा फूट पड़ा। नई सड़क बनाने की मांग पर ग्रामीणों ने करीब 3 घंटे विरोध कर मुख्य मार्ग पर जाम लगाया। प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। बोरखेडी गुजरान पंचायत मुख्यालय पर बुधवार को ग्रामीण सेवा शिविर लगना था। ग्रामीणों ने सुबह से मुख्य मार्ग पर कांटे बिछाए। शिविर में आने वाले कर्मचारियों को रोका। सेवा शिविर के बहिष्कार का फैसला लिया। दोपहर 2 बजे तक बहिष्कार जारी रहा। ग्रामीणों ने कहा, पहले सड़क बनाओ, फिर शिविर लगाओ। मौके पर अकलेरा तहसीलदार पुष्पेंद्र सिंह पांचाल, पीडब्ल्यूडी एक्सईएन देवीशंकर मीणा, एईएन ओम प्रकाश गुर्जर भी पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि सड़क निर्माण का प्रस्ताव भेज दिया गया है। वित्तीय स्वीकृति नहीं मिली है। स्वीकृति मिलते ही नई सड़क बनाई जाएगी। सहमति बनने के बाद जाम खुला। लोगों को शिविर में भाग लेने के लिए समझाइश दी गई। इसके बाद ढाई बजे शिविर में कामकाज शुरू हुआ। ग्रामीणों ने खास रुचि नहीं दिखाई। कई विभागों के कर्मचारी लोगों का इंतजार करते नजर आए। ग्रामीणों ने बताया कि गांव की सड़क पिछले 3 साल से टूटी-फूटी है। बरसात में कीचड़ होता है। गड्ढे भर जाते हैं। स्कूली बच्चे व मरीज परेशान होते हैं। कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को बताया। सड़क नहीं बनी।

राउमावि बरनावदा को इनवर्टर दान छात्र-छात्राओं को मिलेगी सुविधा

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय विद्यालय बरनावदा को भामाशाह ने इनवर्टर दान किया। प्रधानाचार्य उमेश वर्मा ने बताया कि विद्यालय के लिए भामाशाह छीतरमल शर्मा ने इनवर्टर दान किया, जिसकी कुल लागत 25 हजार रुपए है। प्रधानाचार्य ने बताया कि इससे बिजली की समस्या से निजात मिलेगी और विद्यार्थी पंखे की हवा में बैठकर पढ़ सकेंगे। इस मौके पर गोरधन मीणा उपप्रधानाचार्य, रामकन्या व्याख्याता, गोपाल दास बैरवा, राजेश गोयल वरिष्ठ अध्यापक सरिता, राम सिंह चेतराम, मनमोहन हरिप्रसाद अध्यापक, रेवती रमण पंचायत शिक्षक उपस्थित रहे।

योगाभ्यास और प्राणायाम से स्वस्थ जीवन का दिया संदेश

झुंझुनूं | मीरा भवन खेतानों का मोहल्ला में आयोजित तीन दिवसीय निशुल्क योग शिविर का समापन करो योग, रहो निरोग के जयघोष के साथ हुआ। योग शिक्षक पवन कुमार ने प्रतिदिन सुबह 5 से 6 बजे तक गुरुकुल के विद्यार्थियों को योगाभ्यास, प्राणायाम और स्वास्थ्यवर्धक जीवनशैली से जुड़ी जानकारी दी। समापन समारोह में खुशी वर्मा ने उन्नत योगासनों का आकर्षक प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों को योग के लिए प्रेरित किया।

बाइक चोरी के शक में पूर्व सरपंच को पीटा, बाल काटे

नगरफोर्ट थानांतर्गत रायपुरिया में बाइक चोरी के प्रयास के आरोप में एक पूर्व सरपंच को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। आरोप है कि वह एक मकान से बाइक चोरी करने की कोशिश कर रहा था। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने उसकी पिटाई कर दी। कपड़े उतरवा दिए। कैंची से उसके सिर के बाल काट दिए। आरोपी की पहचान बूंदी जिले के नैनवां थाना क्षेत्र स्थित बामनगांव निवासी अनिल वाल्मीकि (30) के रूप में हुई है। बाद में सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। फिर गिरफ्तार कर लिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। नगरफोर्ट थानाधिकारी बाबूलाल मीणा ने बताया कि घटना 5 जुलाई की है। रविवार रात की घटना के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया। फिर जेल भेज दिया गया। अनिल आदतन चोरी का आदी है। वह बकरे चुराता है। पुलिस के वहां पहुंचने पर ग्रामीणों ने जानकारी दी कि वह रायपुरिया गांव में एक मकान से चोरी का प्रयास कर रहा था। तभी लोगों ने उसे पकड़ लिया। सूचना मिलने पर नगरफोर्ट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी को अपने कब्जे में लिया। जरूरी कार्रवाई शुरू की। आरोपी के खिलाफ पहले भी चार-पांच चोरी के प्रकरण दर्ज हैं। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें कुछ लोग आरोपी के साथ मारपीट करते दिख रहे हैं। उसके बाल काटते भी दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने वीडियो को जांच का हिस्सा बनाया है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता, घटनाक्रम, इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इधर नाम नहीं बताने की शर्त पर ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी पहले भी चोरी के मामलों में पकड़ा जा चुका है। उसके खिलाफ विभिन्न स्थानों पर आरोप लगते रहे हैं।

नशामुक्ति के लिए किया जागरूक

झालावाड़| राजस्थान राज्य विविध सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार अति न्यायिक मजिस्ट्रेट निनीशा अग्रवाल के नेतृत्व में मॉडर्न उच्च माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों बालकों के कानूनी अधिकारों, कर्तव्यों तथा बच्चों से संबंधित सामाजिक एवं कानूनी मुद्दों के प्रति जागरुक किया। इस दौरान विद्यालय के निदेशक हरिओम सक्सेना, विशाल सक्सेना व समस्त स्टाफ मौजूद रहे।

डाइट में चल रहे तीन दिवसीय प्रशिक्षण का समापन

चूरू | डाइट में आईएफआईसी प्रभाग की ओर से तीन दिवसीय डीआरजी प्रशिक्षण का समापन बुधवार को हुआ। अध्यक्षता डाइट प्रधानाचार्य देवकरण सिंह ने की। मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त उपनिदेशक डॉ. गोविंद सिंह राठौड़ तथा विशिष्ट अतिथि सेवानिवृत्त वरिष्ठ व्याख्याता डॉ. श्यामसुंदर कौशिक ने मार्गदर्शन प्रदान किया। मुख्य संदर्भ व्यक्ति डॉ. अश्विनी शर्मा ने प्रशिक्षण को सत्र वार संचालित किया। आईएफआईसी प्रभागाध्यक्ष डॉ. विजयलक्ष्मी शेखावत, सीएमडीई प्रभागाध्यक्ष कुसुम शेखावत तथा पांचवीं बोर्ड प्रभागाध्यक्ष भंवरलाल गुर्जर ने प्रतिभागियों को शोध की उपयोगिता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण तथा स्कूल स्तर पर शोध की आवश्यकता से जुड़ी जानकारी दी। प्रधानाचार्य संतकुमार दइया, सुरेश डूडी, जयप्रकाश, बनवारी कस्वा, रंजू कंवर, तारालक्ष्मी, अंजना चौधरी, धर्मवीर आदि उपस्थित थे। संचालन सचिन चौधरी ने किया।

युवती का अपहरण कर ले जाने का आरोप आक्रोशित ग्रामीणों का थाने में 2 घंटे प्रदर्शन

भास्कर न्यूज | चौथ का बरवाड़ा पुलिस थाने में बुधवार को गुणशीला गांव के लोगों ने एक युवती के अपहरण का आरोप लगाकर प्रदर्शन किया। परिजनों ने कहा कि पुलिस ने समय पर कार्रवाई नहीं की। महिलाएं भी थाने पहुंचीं। युवती की बरामदगी को लेकर धरने पर बैठ गईं। परिजनों ने बताया कि तीन दिन पहले रिपोर्ट देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस ने कहा कि गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज है। तलाश जारी है। करीब 2 घंटे हंगामे के बाद ग्रामीणों ने जल्द कार्रवाई के भरोसे पर प्रदर्शन खत्म किया। बुधवार दोपहर युवती के परिजनों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने पहुंचे। महिलाओं और पुरुषों ने प्रदर्शन किया। पीड़ित पक्ष ने थाने में रिपोर्ट देकर बताया कि 22 वर्षीय युवती बीएड द्वितीय वर्ष की छात्रा है। वह गांव से चौथ का बरवाड़ा इंटर्नशिप के लिए आई थी। आरोप है कि रितेश मीणा निवासी गुणशीला और उसका साथी राजेंद्र वर्मा निवासी रिंगस जिला सीकर कई दिनों से युवती की रैकी कर रहे थे। 5 जुलाई को आरोपियों ने चौथ का बरवाड़ा से युवती को बहला-फुसलाकर अपहरण कर लिया। उसे अज्ञात स्थान पर ले गए। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि रिपोर्ट देने के बाद भी अब तक कार्रवाई नहीं हुई। समझाइश के बाद ग्रामीण लौट गए। थाना प्रभारी महेंद्र शर्मा ने कहा कि पहले ही दिन गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। लड़की 22 वर्षीय बालिग है। तलाश के लिए टीम लगाई गई है। युवती को ढूंढकर वापस लाने का प्रयास जारी है।