ब्रेकिंग न्यूज़
महंत के साथ मारपीट करने वाली महिला गिरफ्तार:बेटे और भतीजे को भी पीटा था; संत पर कपड़े फाड़ने का लगाया था आरोप

सीकर में नेछवा थाना इलाके में मंदिर के महंत से मारपीट करने वाली महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जमीनी विवाद को लेकर आरोपी महिला ने एक वीडियो भी बनाया था। इसमें वह महंत पर कपड़े फाड़ने के आरोप लगा रही थी। फिलहाल पुलिस महिला आरोपी से पूछताछ कर रही है। नेछवा थाना SHO कैलाशचंद यादव ने बताया- आरोपी महिला (24) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस थाने पर जानकीनाथ मंदिर के महंत रामप्रनाचार्य ने मुकदमा दर्ज करवाया है की मंदिर की जमीन गांव में नई बाईपास पर स्थित है। इसकी देखरेख के लिए वह रोजाना जाते थे। 4 जुलाई को सुबह करीब 10 बजे वह अपने रुटीन के अनुसार बेटे गोविंद के साथ वहां पर गए। एक खेजड़ी के पेड़ के नीचे बैठे थे। महंत के बेटे और भतीजे को पीटा इसी दौरान महिला अपने पिता और भाई के साथ आई। महिला और उसके भाई ने पकड़कर नीचे गिरा दिया। कपड़े फाड़कर मारपीट करना शुरू कर दिया। दोनों ने महंत के बेटे गोविंद का हाथ तोड़ दिया। जमकर मारपीट की। इलाज के लिए गोविंद को सीकर रैफर किया गया। आरोपियों ने महंत के भतीजे प्रकाश पर भी कुल्हाड़ी से हमला किया। घटना का वीडियो भी सामने आया इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया था। जिसमें आरोपी महिला एक युवक को अपना मोबाइल देकर महंत की तरफ जाती हुई दिख रही है। फिर खुद ही चिल्लाने लगती है कि कपड़े फाड़ दिए। ऐसे में अब पुलिस ने महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। फिलहाल मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। बता दें कि मंदिर के अंतर्गत आने वाली इस जमीन पर महिला के पिता ने कोर्ट में दावा किया हुआ है कि यह जमीन उनके हिस्से की है। इस दावे के आधार पर उन्हें जमीन पर स्टे मिला है। लेकिन मंदिर महंत यहां आने की बात से गुस्सा होकर महिला ने मंदिर महंत को फंसाने के लिए यह साजिश रची थी।

पांचना बांध विवाद ने पकड़ा तूल, जिलेभर में चक्काजाम:प्रमुख मार्गों पर यातायात ठप, रोडवेज बसों का संचालन पूरी तरह बाधित रहा

करौली जिले में पांचना बांध से नहरों में पानी निकासी का विवाद अब बड़े आंदोलन में बदल गया है। मंगलवार को जिलेभर में किसानों ने चक्काजाम कर दिया, जिससे करौली, हिंडौन, गंगापुर, जयपुर और धौलपुर को जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों पर यातायात ठप हो गया। रोडवेज बसों का संचालन भी पूरी तरह बाधित रहा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी हुई। यह आंदोलन पांचना बांध से नहरों में छोड़े गए पानी के कमांड क्षेत्र तक न पहुंचने के विरोध में शुरू हुआ है। कुड़गांव-सपोटरा सड़क मार्ग पर मंडावरा गांव और मांच गांव के समीप किसानों ने चक्काजाम किया। प्रदर्शनकारी किसानों का आरोप है कि पानी की निकासी से उनके क्षेत्र के हित प्रभावित होंगे। सूचना मिलने पर थाना अधिकारी मंजू फौजदार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। जाम के कारण करौली जिला मुख्यालय से हिंडौन, गंगापुर, जयपुर और धौलपुर जाने वाले सभी प्रमुख मार्ग बाधित रहे। यातायात ठप होने से रोडवेज बसों का संचालन पूरी तरह बंद हो गया, जिससे निजी वाहनों और यात्रियों को भी घंटों इंतजार करना पड़ा। मंगलवार शाम को करौली-हिंडौन मार्ग पर स्थित गुडला गांव में भी गुडला पांचना संघर्ष समिति के बैनर तले किसानों ने जाम लगाकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। समिति के अध्यक्ष अशोक सिंह ने बताया कि उनकी समिति ने सभी शर्तों का पालन किया है, इसके बावजूद सोशल मीडिया पर उनके सदस्यों और समाज के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की जा रही हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जिन क्षेत्रों का नहर के पानी से कोई सीधा संबंध नहीं है, वहां भी जाम लगाया जा रहा है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी हो रही है। समिति ने ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। जिले के विभिन्न हिस्सों में धरना-प्रदर्शन और चक्काजाम जारी हैं, जिससे आम जनता के साथ-साथ परिवहन व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। प्रशासन किसानों से बातचीत कर स्थिति को सामान्य बनाने के प्रयासों में जुटा हुआ है।

साले के बेटे की कस्टडी IPS फूफा को मिली:माता-पिता ने कहा- रहने के बहाने बुलाया, अब लौटाने से मुकर गए

राजस्थान के एक भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के अधिकारी को उनके साले के 4 साल के नाबालिग बेटे की कस्टडी मिली है। साले ने जबरन कब्जे में रखने का आरोप लगाया था। बच्चे के माता-पिता ने आईपीएस अधिकारी और उनकी पत्नी से बच्चे को वापस दिलाने के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट ने माता-पिता को बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका में राहत देने से इनकार कर दिया। जस्टिस इंद्रजीत सिंह और जस्टिस भुवन गोयल की बेंच ने बच्चे को गैर-कानूनी हिरासत में नहीं माना और बच्चे की सुपुर्दगी के लिए अलग से याचिका दायर करने के निर्देश दिए। दरअसल, बच्चे के पिता का कहना था कि उनकी बहन और आईपीएस की पत्नी का आईवीएफ ट्रीटमेंट चल रहा है। बहन ने कहा था कि डॉक्टर ने उन्हें कहा है कि घर में बच्चों के साथ रहने से उनका इलाज बेहतर होगा। उन्होंने अपने बेटे को कुछ दिनों के लिए बहन के पास भेजा दिया था। लेकिन अब पति-पत्नी उनके बेटे को वापस लौटाने से इनकार कर रहे हैं। जबकि उन्होंने अपने बेटे को न तो गोद दिया न ही आईपीएस पति और उनकी पत्नी ने उसे कानूनी तौर पर गोद लिया है। ऐसे में उनके बच्चे को जबरन रखना गैर-कानूनी हिरासत में रखना है। वह बच्चे के जैविक माता-पिता हैं, इसलिए बच्चे को उन्हें वापिस सुपुर्द करने के आदेश दिए जाए। बच्चे के माता-पिता ने फोन पर मंजूरी दी इसके जवाब में आईपीएस अधिकारी और उनकी पत्नी ने कोर्ट को बताया कि उन्होंने बच्चे को गोद ​लिया है। 8 मई 2025 को गोद लेने का कार्यक्रम आगरा में हुआ था। बच्चे के माता-पिता ने भी फोन पर ही मंजूरी दे दी थी। तभी से बच्चा उनके साथ रह रहा है। वे उसे प्रतिष्ठित स्कूल में पढ़ा रहे हैं। आईपीएस अधिकारी होने के कारण वे बच्चे को बेहतर शिक्षा और पालन-पोषण दे सकते हैं। कोर्ट ने कहा-बच्चा अवैध हिरासत में नहीं कोर्ट ने कहा- बच्चे को उसकी बुआ-फूफा के पास खुद जैविक माता-पिता ने मर्जी से छोड़ा था। इसलिए वर्तमान स्थिति को बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका के दायरे में अवैध हिरासत नहीं माना जा सकता है। बच्चा काफी समय से इनके साथ रह रहा है। वह अपने वर्तमान वातावरण में व्यवस्थित हो चुका है। ऐसी स्थिति में फिलहाल उसके हित में यही है कि बच्चा जहां रह रहा है, वहीं रहे। कोर्ट ने कहा- इस पूरे मामले में गोद लेने को लेकर विवाद है। लेकिन इसका फैसला बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका में नहीं किया जा सकता है। यह निर्णय सक्षम सिविल न्यायालय ही करेगा।

कोटा में 4 वाहन चोर गिरफ्तार, 16 बाइक जब्त:महावीर नगर और नयापुरा थाना पुलिस की कार्रवाई; पुर्जे अलग-अलग बेचते थे

कोटा में पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सक्रिय बाइक चोरों को गिरफ्तार कर 16 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की। महावीर नगर और नयापुरा थाना पुलिस की कार्रवाई से शहर में वाहन चोरी की कई वारदातों का खुलासा हुआ। कोटा सिटी एसपी डॉ. तेजस्विनी गौतम ने बताया- शहर में बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया गया। महावीर नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन शातिर वाहन चोरों रमेश विश्नोई, रिंकू नायक और राजू रैगर को गिरफ्तार किया। तीन आरोपियों के खिलाफ 30 मामले दर्ज महावीर नगर थाना पुलिस ने 3 आरोपियों से 10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की। पूछताछ में आरोपियों ने शहर के विभिन्न इलाकों से बाइक चोरी करना स्वीकार किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तीनों के खिलाफ 25 से 30 आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी चोरी की बाइक सुनसान स्थानों पर छिपाकर रखते थे। इंजन-चेसिस नंबरों से छेड़छाड़ कर या पुर्जे अलग-अलग बेचकर अवैध कमाई करते थे। 1 चोर से 6 बाइक बरामद नयापुरा थाना पुलिस ने शातिर वाहन चोर मोहम्मद सलीम को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और करीब 200 कैमरों की जांच के आधार पर आरोपी को ट्रेस किया। पूछताछ में आरोपी ने बाइक चोरी की कई वारदातें कबूल कीं। उसकी निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गईं, जबकि एक अन्य बाइक पहले से बूंदी पुलिस के कब्जे में मिली। इस तरह नयापुरा थाना पुलिस ने कुल छह चोरी की मोटरसाइकिलों का खुलासा किया। फिलहाल दोनों मामलों में आरोपियों से पुलिस अन्य वाहन चोरी की वारदातों और गिरोह से जुड़े अन्य बदमाशों के बारे में पूछताछ कर रही है। साथ ही बरामद मोटरसाइकिलों का विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों से मिलान कर कार्रवाई जारी है।

खानपुर SHO समेत अन्य की याचिका खारिज:पुलिसकर्मियों पर लगे आरोपों का ट्रायल जारी रहेगा, बंधक बनाकर जबरन वसूले के आरोप

जिला एवं सत्र न्यायाधीश आलोक सुरोलिया ने खानपुर थाने के तत्कालीन थाना प्रभारी जोधाराम गुर्जर सहित अन्य पुलिसकर्मियों और आरोपियों की ओर से दायर निगरानी याचिका खारिज कर दी है। न्यायालय ने न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा पारित प्रसंज्ञान आदेश को विधिसम्मत मानते हुए मामले की सुनवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। यह मामला खानपुर निवासी महेश कुमार गौतम द्वारा 18 जुलाई 2013 को न्यायिक मजिस्ट्रेट, खानपुर के समक्ष दायर परिवाद से जुड़ा है। परिवाद में आरोप लगाया गया था कि 6 जुलाई 2013 की रात तत्कालीन थाना प्रभारी जोधाराम गुर्जर पुलिस टीम के साथ उन्हें जबरन पुलिस जीप में बैठाकर थाना खानपुर ले गए थे। वहां महेश कुमार गौतम को अवैध अभिरक्षा में रखकर मारपीट की गई। साथ ही, एनकाउंटर की धमकी देकर विभिन्न बैंकों से करीब 14.15 लाख रुपए निकलवाकर खानपुर के व्यापारी अजय गोयल को दिलवा दिए गए। इस मामले की जांच के बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट, खानपुर ने अपहरण, अवैध रूप से बंधक बनाने, मारपीट और जबरन धनराशि वसूलने के आरोपों में प्रसंज्ञान लेते हुए कार्रवाई के आदेश दिए थे। इस आदेश के खिलाफ तत्कालीन थाना प्रभारी जोधाराम गुर्जर, पुलिस कॉन्स्टेबल सुरेश पारेता, रामेश्वर माली, पुलिस जीप ड्राइवर रामवीर सिंह, नंदकिशोर सहित अन्य आरोपियों ने जिला एवं सत्र न्यायालय में निगरानी याचिका दायर की थी। जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने याचिका खारिज करते हुए प्रसंज्ञान आदेश को सही माना और कहा कि आरोपियों के विरुद्ध खानपुर न्यायालय में आपराधिक मामले का विचारण जारी रहेगा। परिवादी महेश कुमार गौतम की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता ओंकारेश्वर शर्मा ने बताया कि इस मामले में पुलिसकर्मियों के अलावा खानपुर के व्यापारी अजय गोयल, दीपू अग्रवाल, राजू राठौर और दयाकिशन को भी वारंट जारी कर न्यायालय में तलब किया गया है।

एनर्जी ड्रिंक के भ्रामक प्रचार पर कार्रवाई:खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ब्लैक बगीरा एनर्जी ड्रिंक के 2040 कैन किए जब्त

राजस्थान में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त डॉ. टी शुभमंगला के निर्देश पर सिरोही जिले में बड़ी कार्रवाई की गई है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मांडवा रोड स्थित मां अर्बुदा एजेंसी के गोदाम पर निरीक्षण कर 2040 एनर्जी ड्रिंक के कैन जब्त किए हैं। अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश खराडी ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने कैफीनेटेड बेवरेज स्टिंग एनर्जी और ब्लैक बगीरा एनर्जी ड्रिंक के दो नमूने एफएसएसएआई एक्ट के तहत लिए। इसके साथ ही 2040 बोतल-कैन को जब्त कर लिया गया। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश प्रजापत और धर्मवीर द्वारा की गई। फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) के अनुसार कैफीनेटेड बेवरेजेस पर ‘स्टीमूलेट्स माइंड’, ‘एनर्जाइज बॉडीज’, ‘एनर्जी ड्रिंक’ या ‘स्पोर्ट्स ड्रिंक’ जैसे दावों का लेबल पर उल्लेख करना भ्रामक प्रचार की श्रेणी में आता है। एफएसएसएआई ने इस संबंध में कई नामी बेवरेज ब्रांडों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। इन एनर्जी ड्रिंक में कैफीन की मात्रा अधिक होती है, जो गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और बच्चों के लिए हानिकारक हो सकती है। जब्त किए गए नमूनों को जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला जोधपुर भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान टीम ने मौके पर पाई गई लगभग 600 लीटर एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक को भी नष्ट करवाया।

जोधपुर एम्स में 7-साल के बच्चे के पेट का ऑपरेशन:3700 ग्राम वजनी गांठ निकाली; 6 घंटे चली सर्जरी, दोबारा बनाई एक नस

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) जोधपुर के पीडियाट्रिक सर्जरी के डॉक्टरों ने 7 साल के मासूम का जटिल और दुर्लभ ऑपरेशन किया। डॉक्टरों ने बच्चे के पेट से 3.7 किलोग्राम वजन का कैंसरग्रस्त किडनी ट्यूमर (विल्म्स ट्यूमर) सफलतापूर्वक निकाला। लगभग 6 घंटे तक चले ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों ने शरीर की सबसे मुख्य रक्त वाहिनी इन्फीरियर वेना कावा (IVC) का दोबारा निर्माण भी किया। 4 साल से बढ़ रही थी पेट में सूजन यह बच्चा 4 साल से पेट के दाहिने हिस्से में लगातार बढ़ रही सूजन से परेशान था। एम्स में जब बच्चे का सीटी स्कैन किया गया तो डॉक्टर हैरान रह गए। ट्यूमर का आकार 24 × 21 × 18 सेंटीमीटर तक पहुंच चुका था। वहीं ट्यूमर ने दाहिनी किडनी को पूरी तरह नष्ट कर दिया था। ट्यूमर इतना बड़ा था कि उसने पेट के अंदर मौजूद लीवर, अग्न्याशय (पैंक्रियास), आंतों और मूत्राशय को उनकी जगह से खिसका दिया था। सबसे खतरनाक बात यह थी कि कैंसर ने दिल तक गंदा खून पहुंचाने वाली शरीर की सबसे बड़ी नस (IVC) और बाईं किडनी की मुख्य शिरा को भी ब्लॉक कर दिया था। 6 सेंटीमीटर के पैच से बनाई नई नस बाल शल्य चिकित्सा विभाग के एडिशनल प्रोफेसर डॉ. राहुल सक्सेना के नेतृत्व में जटिल ऑपरेशन की प्लानिंग की गई। उन्होंने बताया- सर्जरी के दौरान डॉक्टरों ने दाहिनी किडनी और पूरी मूत्रवाहिनी (यूरेटर) को ट्यूमर समेत बाहर निकाला। चूंकि मुख्य नस (IVC) की दीवार के अंदर तक कैंसर जा चुका था, इसलिए डॉक्टरों ने नस के प्रभावित हिस्से को काटकर अलग किया। इसकी जगह 6 सेंटीमीटर का बोवाइन पेरिकार्डियल पैच लगाकर नस को दोबारा नया रूप दिया। ऑपरेशन के तुरंत बाद एंडोस्कोपिक अल्ट्रासाउंड से जांच की गई, जिसमें खून का बहाव बिल्कुल सामान्य पाया गया। डॉ. राहुल सक्सेना ने बताया- ट्यूमर का आकार बहुत बड़ा था और उसने शरीर की सबसे महत्वपूर्ण खून की नस को जकड़ रखा था। ऐसी सर्जरी में पीडियाट्रिक सर्जन, वैस्कुलर सर्जन, एनेस्थीसिया टीम और रेडियोलॉजिस्ट ने सामूहिक प्रयास किए। बच्चा अब पूरी तरह स्वस्थ है और उसे ऑपरेशन के बाद की पहली कीमोथेरेपी भी दे दी गई है। पेट में गांठ को न करें अनदेखा एम्स के बाल शल्य चिकित्सा विभागाध्यक्ष प्रो. मनीष पाठक ने बताया- बच्चों में होने वाले किडनी कैंसर (विल्म्स ट्यूमर) का अगर सही समय पर पता चल जाए, तो इसका शत-प्रतिशत इलाज मुमकिन है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि यदि बच्चे के पेट में किसी भी तरह की लगातार सूजन या गांठ दिखाई दे, तो उसे घरेलू दर्द या गैस की समस्या मानकर नजरअंदाज न करें। तुरंत विशेषज्ञ डॉक्टर को दिखाएं, क्योंकि समय पर लिया गया फैसला बच्चे की जान बचा सकता है। इस ऑपरेशन को अंजाम देने में एम्स के कई विभागों के विशेषज्ञों ने सामूहिक भूमिका निभाई। सर्जरी टीम: डॉ. राहुल सक्सेना (लीड), डॉ. अनिरुद्ध माथुर, डॉ. सुरेंद्र पटेल (CTVS विभाग), रेजिडेंट डॉक्टर्स डॉ. जॉयल सनी और डॉ. हर्षवर्धन। एनेस्थीसिया टीम: डॉ. सादिक (ऑपरेशन के दौरान बच्चे की सांसें और लाइफ सपोर्ट स्थिर रखा)। रेडियोलॉजी: डॉ. तरुणा यादव (ऑपरेशन से पहले की मैपिंग)। नर्सिंग टीम: सुरेश और नवेद।

8 जुलाई का राशिफल:वृष राशि वालों को नौकरी में खास पद मिल सकता है और धनु राशि वालों की इनकम के सोर्स बनेंगे

8 जुलाई, बुधवार को वृष राशि वालों के लिए लाभदायक ग्रह स्थिति रहेगी। नौकरीपेशा लोगों को महत्वपूर्ण पद मिल सकता है। सिंह राशि वालों की रियल एस्टेट से जुड़ी खास डील होने की संभावना है। धनु राशि वालों के आय स्रोत मजबूत होंगे और सरकारी नौकरीपेशा लोगों का कोई प्रोजेक्ट अच्छे तरीके से पूरा हो सकता है। कुंभ राशि वालों को बिजनेस में मेहनत के मुताबिक अच्छे नतीजे मिलेंगे। एस्ट्रोलॉजर डॉ. अजय भाम्बी के मुताबिक 12 राशियों के लिए कुछ ऐसा रहेगा दिन मेष – पॉजिटिव- आज किसी खास काम को लेकर निर्णय लेने में आपके अनुभव काम आएंगे। स्थान परिवर्तन की योजना बना रहे हैं, तो उसे आगे बढ़ाने के लिए समय अनुकूल है। नजदीकी संबंधी के साथ चल रहे गिले-शिकवे दूर होंगे और संबंधों में मधुरता आएगी।
नेगेटिव- व्यर्थ की बहस और तकरार से दूर रहना ही बेहतर है। इससे समय खराब होने के अलावा कुछ हासिल नहीं होगा। आर्थिक मामलों में अभी कोई खास सकारात्मक परिणाम नहीं मिलेंगे। किसी तरह की परेशानी आने पर घर के वरिष्ठ सदस्यों की सलाह पर जरूर अमल करें। व्यवसाय- व्यवसाय में किसी समस्या का समाधान मिल सकता है। किसी अनुभवी व्यक्ति का सहयोग आपके लिए मददगार रहेगा। आज किसी नए काम में हाथ न डालें। इंपोर्ट-एक्सपोर्ट से जुड़े व्यवसाय में ज्यादा पैसा न फंसाएं। युवाओं को नौकरी से जुड़ा कोई कॉल आने से राहत मिलेगी।
लव- पति-पत्नी को एक-दूसरे से ज्यादा उम्मीद रखने के बजाय अपने स्वभाव में बदलाव लाना होगा। आपसी सामंजस्य रखना जरूरी है। प्रेम संबंध मजबूत होंगे।
स्वास्थ्य- आपकी अपनी लापरवाही से सेहत संबंधी दिक्कतें आ सकती हैं। एलर्जी की समस्या बढ़ने न दें और सही इलाज लें।
भाग्यशाली रंग- लाल, भाग्यशाली अंक- 5 वृष – पॉजिटिव- आज अचानक ऐसी स्थिति बनेगी कि आपके काम अपने आप बनते जाएंगे। मन में कोई दुविधा है, तो उसे किसी नजदीकी मित्र से जरूर शेयर करें। आपको समाधान मिलेगा। घर के रखरखाव और नवीनीकरण को लेकर शॉपिंग भी हो सकती है।
नेगेटिव- बच्चों को लेकर किसी तरह की चिंता रहेगी। बेवजह डर और बेचैनी बनी रह सकती है। इस वजह से अपने व्यक्तिगत कामों पर ध्यान देने में थोड़ी मुश्किल आएगी। इस समय किसी से कोई वादा न करें, वरना उसे पूरा करने में परेशानी हो सकती है। व्यवसाय- इस समय लाभदायक ग्रह स्थिति बनी हुई है, लेकिन बिना सोचे-समझे निवेश करने से बचें। कारोबारी महिलाएं अच्छा मुनाफा कमा सकती हैं। मनोरंजन और सौंदर्य प्रसाधन से जुड़े व्यवसाय फायदे में रहेंगे। नौकरी में आपको कोई महत्वपूर्ण पद मिल सकता है।
लव- जीवनसाथी और परिवार के लोगों का पूरा सहयोग रहेगा। प्रेम प्रसंगों से खुद को दूर रखें, तो बेहतर रहेगा।
स्वास्थ्य- सेहत ठीक रहेगी। पित्त प्रकृति के लोग मौसम के अनुसार अपना खान-पान और दिनचर्या व्यवस्थित रखें।
भाग्यशाली रंग- सफेद, भाग्यशाली अंक- 3 मिथुन – पॉजिटिव- आज आप कई तरह की गतिविधियों में व्यस्त रहेंगे और आपको अपनी मेहनत व योग्यता के अनुसार परिणाम भी मिलेंगे। किसी सामाजिक या धार्मिक आयोजन की जिम्मेदारी भी आप पर आ सकती है। आपका मान-सम्मान और रुतबा बना रहेगा।
नेगेटिव- वाहन या किसी महंगे उपकरण के खराब होने से बड़ा खर्च सामने आ सकता है। जल्दबाजी और भावुकता में कोई निर्णय न लें। दूसरों से सलाह लेने के बजाय अपने निर्णय को प्राथमिकता दें। इससे आप ज्यादा सहज महसूस करेंगे। व्यवसाय- मीडिया और ऑनलाइन माध्यम से व्यवसाय से जुड़ी जरूरी जानकारी मिल सकती है। ध्यान रखें, कार्यस्थल पर किसी प्रतिद्वंद्वी की वजह से कर्मचारियों के बीच फूट पड़ सकती है। इसका असर आपके व्यवसाय की कार्य क्षमता पर पड़ेगा।
लव- आपके कामों में जीवनसाथी और परिवार के लोगों का उचित सहयोग रहेगा। विवाहेतर संबंध आपके लिए मान-हानि का कारण बन सकते हैं।
स्वास्थ्य- सेहत अच्छी रहेगी। सिर्फ अपनी दिनचर्या व्यवस्थित रखें और विचारों को सकारात्मक बनाए रखें।
भाग्यशाली रंग- आसमानी, भाग्यशाली अंक- 1 कर्क – पॉजिटिव- आज सुखद दिनचर्या के संकेत हैं। संपत्ति संबंधी कोई विवाद चल रहा है, तो फैसला आपके पक्ष में आ सकता है। घर के रखरखाव और नवीनीकरण से जुड़ी योजनाएं बनाने में समय बीतेगा। किसी खास काम को पूरा करने में आपकी मेहनत सफल रहेगी।
नेगेटिव- पारिवारिक और सामाजिक गतिविधियों में अपना योगदान जरूर दें। किसी भी गलत काम में रुचि लेना अपमानजनक स्थिति बना सकता है। जोखिम वाले कामों में पैसा न लगाएं। नुकसान होने की आशंका है। व्यवसाय- इस समय व्यवसाय से जुड़ा कोई भी काम करते समय लापरवाही और जल्दबाजी न करें। कोई खास कदम उठाने से पहले किसी अनुभवी व्यक्ति से सलाह लेना बेहतर रहेगा। ऑफिस में किसी भी प्रोजेक्ट को फाइनल करने से पहले उसकी अच्छी तरह जांच-पड़ताल कर लें।
लव- पति-पत्नी के बीच चल रहे मतभेदों का असर घर की व्यवस्था पर पड़ सकता है। छोटी-छोटी बातों को नजरअंदाज करें। विवाह योग्य लोगों के लिए कोई खुशखबरी मिल सकती है।
स्वास्थ्य- मौजूदा मौसम से बचाव रखना जरूरी है। खांसी-जुकाम और बुखार जैसी दिक्कतों से बचने के लिए दिनचर्या व्यवस्थित रखें।
भाग्यशाली रंग- ऑरेंज, भाग्यशाली अंक- 5 सिंह – पॉजिटिव- दिन की शुरुआत में ही महत्वपूर्ण कामों की रूपरेखा बना लें। इससे आप अपने काम बेहतर तरीके से व्यवस्थित कर पाएंगे। कोर्ट-कचहरी से जुड़ा कोई फैसला आपके हक में हो सकता है। किसी परिजन से खुशखबरी मिलने से मन प्रसन्न रहेगा।
नेगेटिव- किसी तरह का लेनदेन करने की योजना है, तो सावधानी रखें। किसी बड़ी परेशानी में पड़ सकते हैं। कोई सरकारी मामला अटका हुआ है, तो अनुभवी व्यक्ति से मार्गदर्शन लेना जरूरी है। सामाजिक व्यस्तता के साथ-साथ पारिवारिक गतिविधियों में भी अपना योगदान दें। व्यवसाय- व्यवसाय में रिटेल के बजाय होलसेल कामों पर ज्यादा ध्यान दें। अनजान लोगों पर भरोसा करना ठीक नहीं है, क्योंकि धोखा होने की आशंका है। रियल एस्टेट से जुड़े व्यवसाय में कोई खास डील होने की संभावना है। ऑफिस के काम व्यवस्थित रहेंगे।
लव- परिवार में सामंजस्य और प्रेम बना रहेगा। लव पार्टनर के साथ समय बिताने या लॉन्ग ड्राइव पर जाने का मौका मिल सकता है।
स्वास्थ्य- बदलते मौसम का असर सेहत पर पड़ सकता है। कुछ समय प्राणायाम के लिए भी जरूर निकालें।
भाग्यशाली रंग- केसरिया, भाग्यशाली अंक- 2 कन्या – पॉजिटिव- सामाजिक गतिविधियां बढ़ेंगी और जनसंपर्क बेहतर होंगे। लक्ष्य हासिल करने के लिए शुभ समय है। आपकी योग्यता और काबिलियत खुलकर लोगों के सामने आएगी। आपकी उपलब्धियों को लेकर चर्चा रहेगी।
नेगेटिव- नजदीकी मित्रों और संपर्क सूत्रों के साथ संबंधों में दूरी न आने दें। किसी मित्र की समस्या का समाधान निकालने में आपको उसकी मदद भी करनी पड़ सकती है। आज कामकाज और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच तालमेल बिठाना चुनौती रहेगा। व्यवसाय- व्यावसायिक गतिविधियां कुछ धीमी रहेंगी, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में धैर्य रखना ही ठीक है। अपनी कार्यप्रणाली में कुछ बदलाव लाएं। मार्केट से जुड़े कामों में अतिरिक्त गतिविधियों पर भी ध्यान देना पड़ेगा। नौकरी में फिलहाल स्थिति जैसी है वैसी ही रहेगी।
लव- घर के किसी मुद्दे को लेकर पति-पत्नी के बीच नोकझोंक हो सकती है। आपसी सामंजस्य से ही परेशानियों का समाधान निकालें। व्यर्थ के प्रेम संबंधों में समय खराब करना ठीक नहीं है।
स्वास्थ्य- ब्लड प्रेशर और डायबिटीज आदि की नियमित जांच करवाते रहें। बदलते मौसम का असर सेहत पर पड़ सकता है।
भाग्यशाली रंग- सफेद, भाग्यशाली अंक- 1 तुला – पॉजिटिव- किसी सामाजिक या धार्मिक समारोह में जाने का निमंत्रण मिल सकता है। दूसरों की मदद करने और उनकी समस्याएं सुलझाने में आपका खास योगदान रहेगा। आपका मान-सम्मान बढ़ेगा और आप अपने अंदर भरपूर आत्मविश्वास महसूस करेंगे।
नेगेटिव- आज आपकी भाषा में कुछ कड़वाहट आ सकती है, इसलिए अपनी इस कमजोरी पर काबू रखें। बच्चों के साथ कुछ समय जरूर बिताएं और उनकी समस्याएं सुलझाने में सहयोग करें। इस समय वाहन या प्रॉपर्टी से जुड़ा कोई बड़ा खर्च होने की आशंका है। व्यवसाय- व्यावसायिक गतिविधियां फिलहाल पहले जैसी ही रहेंगी, लेकिन भविष्य की योजनाओं के लिए अभी से मेहनत करना जरूरी है। जल्दी ही परिस्थितियां अनुकूल होंगी। ऑफिस में अपने प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए मेहनत के साथ-साथ टाइम मैनेजमेंट पर भी ध्यान देना होगा।
लव- पारिवारिक व्यवस्था सुखद और व्यवस्थित रहेगी। विवाहेतर संबंधों का नकारात्मक असर आपके पारिवारिक जीवन पर पड़ सकता है, इसलिए सावधान रहें।
स्वास्थ्य- किसी भी तरह का जोखिम लेना सेहत के लिए ठीक नहीं है। खासतौर पर वाहन चलाते समय बहुत सावधानी बरतने की जरूरत है।
भाग्यशाली रंग- पीला, भाग्यशाली अंक- 6 वृश्चिक – पॉजिटिव- दिनचर्या में कुछ बदलाव आएगा। अपनी योजनाओं और कार्यप्रणाली को गति देने के लिए संभावनाएं अपने आप बनेंगी। घर के रखरखाव और व्यवस्था बनाए रखने में भी समय बीतेगा। कुछ खास लोगों से मुलाकात आपसी रिश्तों में और नजदीकियां बढ़ाएगी।
नेगेटिव- बेवजह दूसरों के मामलों में उलझने और हस्तक्षेप करने से आपका मान-सम्मान प्रभावित हो सकता है। जल्दी सफलता पाने की इच्छा में कोई गैरकानूनी काम हाथ में न लें। वाहन आदि को लेकर कोई बड़ा खर्च सामने आ सकता है। व्यवसाय- कारोबार में आपका कोई महत्वपूर्ण काम आज बिना रुकावट पूरा हो जाएगा, लेकिन काम की रफ्तार बढ़ाने की जरूरत है। आलस बिल्कुल न करें। इंपोर्ट-एक्सपोर्ट से जुड़े व्यवसाय में सोच-समझकर ही निवेश करें, वरना पैसा फंस सकता है। ऑफिस में किसी सहयोगी के साथ तनाव बन सकता है।
लव- परिवार के लोगों के बीच सामंजस्य मधुर रहेगा। प्रेम संबंधों में मनमुटाव की स्थिति बन सकती है। पार्टनर की भावनाओं को ठेस न पहुंचाएं।
स्वास्थ्य- जुकाम-खांसी जैसी परेशानी से राहत पाने के लिए आयुर्वेदिक चीजों का सेवन करें। मौसम के अनुसार दिनचर्या और खान-पान रखने से कई समस्याओं से बच सकते हैं।
भाग्यशाली रंग- गुलाबी, भाग्यशाली अंक- 4 धनु -पॉजिटिव- सकारात्मक नजरिया रखें और योजनाबद्ध तरीके से अपने काम पूरे करें। आपको अपने प्रयासों में सफलता मिलेगी। आय के साधन भी मजबूत होंगे। किसी अविवाहित सदस्य के लिए उचित रिश्ता आने की संभावना है।
नेगेटिव- किसी भी समस्या का समाधान निकालने के लिए अनुभवी व्यक्ति से सलाह-मशवरा करना जरूरी है। बच्चों पर बहुत ज्यादा अंकुश न लगाएं। उनके साथ दोस्ताना व्यवहार रखने से उनका मनोबल बढ़ेगा। अचानक किसी संबंधी के घर आ जाने से दिनचर्या थोड़ी अस्त-व्यस्त हो सकती है। व्यवसाय- व्यापार में मीडिया और एडवर्टाइजमेंट से जुड़े कामों पर ज्यादा ध्यान दें, क्योंकि समय के अनुसार कार्यप्रणाली में बदलाव लाना जरूरी है। पब्लिक रिलेशन और संपर्क सूत्रों को मजबूत करें। सरकारी नौकरी में आपका कोई प्रोजेक्ट बेहतरीन तरीके से पूरा होगा।
लव- जीवनसाथी और परिवार के लोगों के सहयोग से घर में अच्छी व्यवस्था बनी रहेगी। प्रेम संबंधों में मधुरता रहेगी।
स्वास्थ्य- कुछ समय एकांत या आध्यात्मिक गतिविधियों में भी जरूर लगाएं। नकारात्मक विचार आपकी मनोस्थिति को विचलित कर सकते हैं। इसका असर आपकी कार्य क्षमता पर पड़ेगा।
भाग्यशाली रंग- नीला, भाग्यशाली अंक- 3 मकर – पॉजिटिव- पिछले कुछ समय से चल रही किसी समस्या से आज राहत मिल सकती है। घर की व्यवस्था और रखरखाव से जुड़ी गतिविधियों को लेकर परिवार के लोगों के साथ बातचीत होगी। कोई भी काम करने से पहले उसकी पूरी योजना और प्रारूप बनाना आपको गलती से बचाएगा।
नेगेटिव- किसी बाहरी व्यक्ति का हस्तक्षेप अपने घर-परिवार में न होने दें। किसी की गलत सलाह आपके लिए परेशानी का कारण बन सकती है। रुपए-पैसे के मामले में बहुत सावधानी बरतने की जरूरत है। युवा लोग सोशल मीडिया और फालतू बातों में ध्यान न दें। व्यवसाय- कार्यक्षेत्र में आपको अपनी मेहनत के मुताबिक कम परिणाम मिलेंगे। इस समय सूझबूझ और दूरदर्शिता से काम लेने की जरूरत है। अपने महत्वपूर्ण दस्तावेज बहुत संभालकर रखें। ऑफिस में कोई प्रोजेक्ट पूरा होने से उच्च अधिकारियों से सराहना मिलेगी।
लव- पति-पत्नी के बीच आपसी सामंजस्य बना रहेगा। घर में भी सुख-शांति का माहौल रहेगा। प्रेम संबंधों में बनी गलतफहमियां मानसिक तनाव का कारण बन सकती हैं।
स्वास्थ्य- अपने अंदर कमजोरी और थकान जैसी स्थिति महसूस करेंगे। अपना इम्यून सिस्टम मजबूत रखें।
भाग्यशाली रंग- हरा, भाग्यशाली अंक- 7 कुंभ – पॉजिटिव- किसी खास काम में सफलता पाने के लिए अपनी ऊर्जा और समय का सही प्रबंधन करें। इससे जल्दी ही सफलता मिल सकती है। किसी पॉलिसी या व्यवसाय में निवेश करने के लिए समय अनुकूल है। सामाजिक दायरा बढ़ेगा और आप अपने व्यक्तिगत कामों पर भी ध्यान दे पाएंगे।
नेगेटिव- भूमि या वाहन के लिए ऋण लेने का विचार बन रहा है, तो उस पर एक बार फिर विचार जरूर करें। घर के किसी व्यक्ति की सेहत को लेकर चिंता रहेगी। अपने बजट को जरूरत के अनुसार सीमित करना बहुत जरूरी है, वरना आर्थिक स्थिति बिगड़ सकती है। व्यवसाय- व्यावसायिक गतिविधियां सुचारू रूप से चलती रहेंगी। आपको अपनी मेहनत के अनुसार उचित परिणाम भी मिलेंगे। कमीशन और शेयर्स से जुड़े व्यवसाय लाभ की स्थिति में रहेंगे। सरकारी सेवा में काम कर रहे लोगों का अधीनस्थ कर्मचारियों पर प्रभाव बना रहेगा।
लव- दांपत्य जीवन में उचित सामंजस्य रहेगा। प्रेम संबंधों में एक-दूसरे की भावनाओं को समझना बहुत जरूरी है।
स्वास्थ्य- सेहत अच्छी रहेगी। किसी भी तरह की चिंता न करें। योग और मेडिटेशन को अपनी दिनचर्या में जरूर शामिल करें।
भाग्यशाली रंग- केसरिया, भाग्यशाली अंक- 8 मीन – पॉजिटिव- आज पारिवारिक और व्यक्तिगत गतिविधियों में दिनभर व्यस्त रहेंगे। परिवार के साथ शॉपिंग आदि में भी समय बीतेगा और सामाजिक दायरा भी बढ़ेगा। प्रतिष्ठित लोगों से मुलाकात लाभदायक और सम्मानजनक रहेगी।
नेगेटिव- अनजान लोगों से एक निश्चित दूरी बनाकर रखें। उनका हस्तक्षेप अपने व्यक्तिगत जीवन में न होने दें। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नुकसानदायक हो सकता है। योजनाओं को आगे बढ़ाने में ज्यादा सोच-विचार न करें। व्यवसाय- व्यवसाय में कोई भी निर्णय लेते समय अनुभवी व्यक्ति की सलाह और मार्गदर्शन लेना जरूरी है। शेयर बाजार और तेजी-मंदी से जुड़े लोग सावधानी बरतें। प्राइवेट नौकरी करने वाले लोगों के लिए आज कुछ बेहतर होने की संभावना है।
लव- दांपत्य संबंधों में चल रही समस्या का शांतिपूर्ण तरीके से समाधान निकालें, ताकि परिवार की व्यवस्था पर इसका नकारात्मक असर न पड़े।
स्वास्थ्य- ज्यादा गरिष्ठ और तला-भुना खान-पान लिवर पर दबाव डाल सकता है। दिनचर्या व्यवस्थित रखें।
भाग्यशाली रंग- लाल, भाग्यशाली अंक- 9

मंडी सचिव-सुपरवाइजर 10 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार:चूरू कृषि उपज मंडी में ACB की कार्रवाई, नोटिस रफा-दफा की एवज में मांगी

चूरू एसीबी ने मंगलवार शाम को बड़ी कार्रवाई करते हुए कृषि उपज मंडी समिति के सचिव विकेंद्र कुमार और सुपरवाइजर कमल कुमार को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से पूरी मंडी परिसर में हड़कंप मच गया। एसीबी एएसपी महावीर प्रसाद शर्मा ने बताया कि कृषि उपज मंडी के एक थोक व्यापारी को साल 2019 से अब तक के लेखा और रोकड़ संबंधी मामले में एक नोटिस जारी किया गया था। व्यापारी ने आरोप लगाया था कि इस नोटिस की कार्रवाई को फाइल में डालकर मामला रफा-दफा करने के बदले मंडी सचिव और सुपरवाइजर रिश्वत की मांग कर रहे थे। शिकायत मिलने पर चूरू एसीबी ने मामले का सत्यापन करवाया। इसमें शुरुआती तौर पर 20 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाया। मंगलवार शाम को जैसे ही व्यापारी ने आरोपियों को रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 10 हजार रुपए की राशि सौंपी, वहां पहले से मौजूद एसीबी की टीम ने दोनों को रंगे हाथों दबोच लिया। टीम ने आरोपियों के पास से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों से सघन पूछताछ की जा रही है और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में एएसपी महावीर प्रसाद शर्मा, थानाधिकारी महेंद्र कुमार, एसआई गिरधारी सिंह, इसब सिंह, एएसआई ओमप्रकाश, मंगतूराम और राजपाल सिंह सहित अन्य सदस्य शामिल थे।

यूसीसी पर 25 जुलाई तक आमजन दे सकेंगे अपने सुझाव:बोले- सभी एसडीएम कार्यालयों में लि​खित राय दे सकेंगे

राजस्थान समान नागरिक संहिता (UCC) विधेयक-2026 मंगलवार को कानून निर्माण को लेकर जोधपुर संभाग की दो दिवसीय जनसुनवाई पूरी हो गई। जोधपुर संभाग का हिस्सा होने के नाते सरहदी जिले जैसलमेर के नागरिकों के लिए भी इसमें भागीदारी का बड़ा मौका है। संभागीय आयुक्त कन्हैयालाल स्वामी ने एक वीडियो जारी कर विशेष जानकारी शेयर की है। उन्होंने बताया- जैसलमेर जिले के नागरिक भी आने वाली 25 जुलाई तक ऑनलाइन वेबसाइट, क्यूआर कोड या फिर अपने नजदीकी उपखंड अधिकारी (SDM) कार्यालय जाकर लिखित में अपने सुझाव दे सकते हैं। सरकार का मकसद इस कानून में सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों की आवाज को भी शामिल करना है। संभागीय आयुक्त ने की अपील राजस्थान में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का ड्राफ्ट तैयार करने की प्रक्रिया अब आखिरी दौर में है। जोधपुर संभाग मुख्यालय पर दो दिवसीय संभाग स्तरीय जनसुनवाई मंगलवार को संपन्न हुई। इस दौरान संभाग के अलग-अलग जिलों के नागरिकों से सुझाव लिए गए। इसी कड़ी में जोधपुर संभागीय आयुक्त कन्हैयालाल स्वामी ने एक वीडियो संदेश जारी कर जैसलमेर सहित पूरे संभाग के लोगों से इस महत्वपूर्ण कानून को बनाने में भागीदार बनने की अपील की है। संभागीय आयुक्त ने वीडियो में कहा- यूसीसी का एक व्यावहारिक और सर्वसमावेशी ढांचा तैयार करने में जैसलमेर जैसे सुदूर और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण जिले के नागरिकों के विचार बहुत मायने रखते हैं। जनसुनवाई के दौरान संकलित किए गए सभी सुझावों को सीधे राज्य सरकार की यूसीसी प्रारूप समिति के पास भेजा जाएगा। क्यूआर कोड से सीधे जुड़ें जैसलमेर के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोग घर बैठे सरकार के आधिकारिक पोर्टल ucc.rajasthan.gov.in पर जा सकते हैं। इसके अलावा प्रचार सामग्री पर दिए गए क्यूआर (QR) कोड को मोबाइल से स्कैन करके भी सीधे सुझाव दर्ज कराए जा सकते हैं। पोर्टल पर नागरिक 400 शब्दों में अपनी बात लिख सकते हैं। विस्तृत सुझाव होने पर पीडीएफ (PDF) फाइल अपलोड करने का विकल्प भी दिया गया है। SDM कार्यालयों में दे सकते है लिखित राय इंटरनेट की समस्या या ऑनलाइन असमर्थता की स्थिति में ऑफलाइन विकल्प भी खुला रखा गया है। जैसलमेर, पोकरण और भणियाणा सहित जिले के सभी उपखंड कार्यालयों (SDM ऑफिस) में नागरिक 25 जुलाई तक अपने लिखित सुझाव या प्रतिवेदन जमा करा सकते हैं। SMS से जानकारी दी जा रही है जैसलमेर के दूर-दराज के गांवों और ढाणियों तक सूचना पहुंचाने के लिए मोबाइल उपभोक्ताओं को एसएमएस (SMS) के जरिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। संभागीय आयुक्त ने जिलावासियों से अपील की है कि वे समय सीमा के भीतर अपने सुझाव जरूर दें ताकि नीति-निर्धारण में जैसलमेर की जनता की भागीदारी मजबूती से दर्ज हो सके।