किशनगढ़ में बेकाबू पिकअप पलटी, 20 से ज्यादा घायल:गोवंश को बचाने के चक्कर में हुई बेकाबू, मायरा भरकर लौट रहे थे; पांच अजमेर रेफर

किशनगढ़ में हाईवे पर सोमवार रात को एक लोडिंग पिकअप बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में मायरा भरकर लौट रहे 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, शिवाजी नगर क्षेत्र से मायरा भरकर मरवा गांव जा रही लोडिंग पिकअप रलावता गांव के पास पहुंची थी। इसी दौरान अचानक सामने गोवंश आ जाने पर चालक ने वाहन को बचाने का प्रयास किया। इस दौरान पिकअप का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गई। हादसे के समय वाहन में महिला, पुरुष और बच्चे सवार थे, जिससे बड़ी संख्या में लोग घायल हो गए। पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत शुरू किया राहत कार्य दुर्घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया। इसके बाद 108 एम्बुलेंस और निजी वाहनों की सहायता से सभी घायलों को तत्काल किशनगढ़ के राजकीय यज्ञनारायण (वाईएन) अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तुरंत उपचार शुरू किया। पांच गंभीर घायलों को अजमेर किया गया रेफर वाईएन अस्पताल के पीएमओ डॉ. परसाराम चौधरी ने हादसे की सूचना मिलते ही मेडिकल टीमों को अलर्ट कर दिया। अस्पताल में सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। जांच के दौरान पांच लोगों की हालत गंभीर पाई गई, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए अजमेर के जेएलएन अस्पताल रेफर किया गया। अन्य घायलों का उपचार किशनगढ़ के वाईएन अस्पताल में जारी है। पुलिस ने पिकअप जब्त कर शुरू की जांच गांधीनगर थाने के एएसआई हनुमान राम ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोवंश को बचाने के प्रयास में वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। पुलिस मामले की विस्तृत पड़ताल कर रही है। इन लोगों को आईं चोटें हादसे में ओंकार (15), ममता (32), छोटूराम (35), खुशबू (7), हिमांशु (5), लाली देवी (40), मनभर (70), प्रेम (40), सुल्तान (45), बाबाराम (47), कोमल (12), सपना (12), गिरिराज (11), धोरी (35), लक्ष्मी (40), गौतम (19), तनराम (16), लक्ष्मी (16), हरकरण (60), सांगल देवी (55), सुरेंद्र (16), लिछमाराम (45), हंसा (21), राजा देवी (50), प्रिंसी (9), रामनाथ (45), प्रतीक (9), रेनू (22), रवि (49), मनभर (35), मोना (7) तथा परसराम (55) घायल हुए हैं। इनमें से पांच की हालत गंभीर होने पर उन्हें अजमेर रेफर किया गया है, जबकि बाकी घायलों का उपचार किशनगढ़ के वाईएन अस्पताल में जारी है।

शेखावाटी के तीन जिलों को मिलेगा यमुना का पानी:राजस्थान-हरियाणा समझौते के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

शेखावाटी के तीन जिलों तक यमुना का पानी पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय में राजस्थान और हरियाणा सरकार के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओए) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक विक्रमसिंह जाखल के नेतृत्व में मिंतर चौक पर जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी व्यक्त की। दशकों से यमुना के पानी का इंतजार था-विधायक विधायक विक्रमसिंह जाखल ने इस अवसर पर कहा कि शेखावाटी अंचल के लाखों परिवार कई दशकों से यमुना के जल की प्रतीक्षा कर रहे थे। पेयजल, सिंचाई और उद्योगों के लिए पानी की कमी ने क्षेत्र के विकास को बाधित कर रखा था। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रयासों से आखिरकार यमुना जल परियोजना के निर्माण और क्रियान्वयन के लिए एमओए पर हस्ताक्षर हुए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और राजस्थान सरकार के अथक प्रयासों को भी श्रेय दिया। जाखल ने इसे केवल एक समझौता नहीं, बल्कि लाखों परिवारों की वर्षों पुरानी आशाओं, विश्वास और संघर्ष की जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक कदम राजस्थान के विकास, जल सुरक्षा और समृद्ध भविष्य का नया अध्याय लिखेगा, जिसे आने वाली पीढ़ियां एक स्वर्णिम क्षण के रूप में याद रखेंगी। ये रहे मौजूद इस मौके पर बीजेपी नगर मंडल अध्यक्ष गौमम खंडेलवाल, श्रीकांत मुरारका, महेश चौधरी, रविंद्र पारीक, कैलाश जांगिड़, रविंद्र पुरोहित, हितेश थोरी, जुगलकिशोर सैनी और रामेश्वर मील सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

पिलानी में रक्तदान शिविर, 96 यूनिट रक्त संग्रहण:श्री सैनी समाज धर्मार्थ सेवा संस्थान ने किया आयोजन

पिलानी में वट पूर्णिमा के अवसर पर श्री सैनी समाज धर्मार्थ सेवा संस्थान राजपुरा ने स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया। समाजसेवी विकास सैनी के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में बिरला सार्वजनिक अस्पताल के ब्लड बैंक की टीम द्वारा कुल 96 यूनिट रक्त का संग्रहण किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ श्री खेमनाथ जी महाराज आश्रम के महंत रामनाथ महाराज के सान्निध्य में हुआ। इस अवसर पर होशियार सिंह सैनी, डॉ. अर्जुन सिंह, भामाशाह रोहित कुमार, विश्वम्बर लाल सैनी और जवाहरलाल सैनी विशेष तौर पर उपस्थित रहे। रक्तदान शिविर में जितेन्द्र सैनी, राहुल सैनी, पूर्णमल सैनी, इंद्राज सैनी, नवीन सैनी, तुषार सैनी, पंकज सैनी, चेतन सैनी सहित सैनी समाज के कई कार्यकर्त्ताओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। गोपीनाथ जी मंदिर कमेटी के गोविन्द पाण्डे व अन्य सदस्यों के साथ-साथ हिन्दू क्रांति के अध्यक्ष विकास डूमोली और उनके साथियों व युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में युवाओं और नारी शक्ति का अभूतपूर्व योगदान रहा। बिरला सार्वजनिक अस्पताल के ब्लड बैंक की टीम ने रक्त संग्रहण का कार्य कुशलतापूर्वक संपन्न किया। रक्तदान शिविर के साथ ही, भीषण गर्मी को देखते हुए राहगीरों को लू से बचाने के लिए आम पन्ना और ठंडे शर्बत की छबील लगाई गई। इस पहल से राहगीरों को राहत मिली और कार्यक्रम को लेकर आमजन में भी काफी उत्साह देखा गया।

ड्रेनेज कार्य से किसानों के रास्ते बंद:आवागमन बहाल करने और जल निकासी सुधारने की मांग

इटावा में भारतीय किसान संघ (भाकिसं) ने सिंचाई विभाग (सीएडी) के अधिशाषी अभियंता को ज्ञापन सौंपा है। यह ज्ञापन पीपल्दा तहसील और गेंता ग्राम समिति के किसान कार्यकर्ताओं द्वारा दिया गया,जिसमें ड्रेनेज निर्माण कार्य के कारण किसानों को हो रही परेशानियों को उजागर किया गया। संघ ने मांग की है कि निर्माण कार्य के चलते अवरुद्ध हुए कृषि मार्गों को तुरंत ठीक किया जाए। किसानों केआवागमन और जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।यह ज्ञापन तहसीलअध्यक्ष हुकम चन्द मीणा,जिला युवा प्रमुख धनराज पारेता और तहसील युवा प्रमुख जगदीश नागर गेंता के नेतृत्व में सहायक अभियंता विनय कुमार मीणा को सौंपा गया। किसानों के खेतों तक पहुंचने वाले रास्ते बंद हुए प्रचार प्रमुख उमाशंकर नागर ने बताया कि गेंता की मुख्य ड्रेनेज और नहर पर चल रहे निर्माण कार्य से किसानों के खेतों तक पहुंचने वाले रास्ते बंद हो गए हैं। इससे खेती-किसानी के कार्यों में भारी कठिनाई आ रही है। किसानों ने दोनों ओर के रास्तों को लगभग 15 फीट चौड़ा समतल कराने और लिंक ड्रेनेज पर आवश्यक स्थानों पर पाइप डालकर आवागमन सुचारु करने की मांग की है। भारतीय किसान संघ ने लाड़ीबाग के नाले वाली गड़ार के रास्ते को भी दुरुस्त करने और वहां पानी की निकासी की उचित व्यवस्था करने की मांग की। इसके अतिरिक्त, गेंता मेन रोड के नाले पर पाइप डालकर जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान करने की आवश्यकता भी जताई गई। ज्ञापन में खातोली रोड का मुद्दा भी उठाया गया। किसानों ने बताया कि खातोली डिस्ट्रीब्यूटर से आगे मुख्य ड्रेनेज में रैम्प बनाकर पानी की निकासी रोक दी गई है, जिससे जलभराव हो रहा है। किसानों ने इस रैम्प को हटाने या पाइप डालकर ड्रेनेज का मार्ग पुनः सुचारु करने की मांग की है। सोभागपुरा ग्राम समिति अध्यक्ष युधिष्ठिर नागर ने सोभागपुरा माइनर ड्रेन की खुदाई और सफाई शीघ्र करवाने की आवश्यकता पर जोर दिया। भारतीय किसान संघ के अध्यक्ष हुकमचंद मीणा और जगदीश नागर ने चेतावनी दी है कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो किसान आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने विभाग से जनहित और किसान हित को ध्यान में रखते हुए सभी मांगों पर तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह किया। ये रहे मौजूद इस दौरान कोटा संभाग पर्यावरण प्रमुख गिरजा शंकर गुप्ता, तहसील युवा प्रमुख जगदीश नागर, लेखराज नागर, कृष्ण मुरारी नागर, ओम प्रकाश, भवानीशंकर, नेमीचंद, गजानंद, महावीर, भूपेन्द्र, हनुमान गोचर, जोधराज, बाबू लाल मीणा उम्मेदपूरा, रामहेत मीणा, रामेश्वर मीणा केशोपुरा, युधिष्ठिर नागर शोभागपुरा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बेंगलुरु में 2 युवतियों समेत 3 का मर्डर:युवक ने डिनर पर बुलाकर गला काटा, फिजियोथेरेपिस्ट कमरे में मृत मिली; बीच रोड पर युवक की हत्या

बेंगलुरु में पिछले 24 घंटों में दो अलग-अलग मामलों में दो युवतियों की हत्या कर दी गई। दोनों युवतियों की हत्या का आरोप उनके बॉयफ्रेंड पर है। एक युवती के परिवार ने बॉयफ्रेंड पर लव जिहाद का आरोप लगाया है। वहीं एक अन्य मामले में तीन लोगों ने बीच रोड पर एक शख्स का मर्डर कर दिया। पहली घटना: पहली घटना महालक्ष्मी लेआउट से सामने आई, जहां शादी को लेकर हुए झगड़े के बाद 23 साल की अंजलि की उसके प्रेमी राजीव ने हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि दोनों तीन साल से ज्यादा समय से रिलेशन में थे। हालांकि, राजीव के आपराधिक रिकॉर्ड के चलते अंजलि का परिवार रिश्ते के खिलाफ था। रविवार शाम को राजीव ने अंजलि को डिनर के लिए बुलाया। युवक ने अंजलि फिर से शादी के लिए प्रपोज किया। लेकिन अंजलि के मना करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान राजीव ने अंजलि की गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया। आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरी घटना : परिवार ने लगाया लव जिहाद का आरोप तीसरी घटना : रविवार शाम को बेंगलुरु के जेपी नगर में बीच रोड पर तीन हथियारबंद हमलावरों ने एक व्यक्ति की हत्या कर दी। आईजी सर्कल के पास हुई यह वारदात एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। फुटेज में हमलावरों को पीड़ित का पीछा करते हुए और फिर सबके सामने उसे बार-बार चाकुओं से वार करते हुए देखे जा सकते हैं। पीड़ित की पहचान राजा उर्फ ​​हलमुक राजा के रूप में हुई है। मृतक का भी आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ मारपीट, लूट, जबरन वसूली जैसे कई मामले दर्ज थे। ——————– ये खबर भी पढ़ें… बेंगलुरु में ट्रिपल मर्डर, माता-पिता और बेटी की हत्या: बड़ी बेटी और उसका बॉयफ्रेंड फरार; दोनों से मिलने फ्लैट में पहुंचा था परिवार, वहीं शव मिले बेंगलुरु के केआर पुरम इलाके में एक अपार्टमेंट में एक ही परिवार के तीन लोगों की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान 52 साल के सोमसुंदर, उनकी पत्नी 48 साल की मुथुलक्ष्मी और 19 साल की बेटी सुप्रिया के रूप में हुई है। पूरी खबर पढ़ें…

उदयपुरवाटी के महेश अग्रवाल को मिला सम्मान:शिक्षा विभूषण से सम्मानित, सरकारी स्कूलों में 1.21 करोड़ के विकास कार्य कराए

उदयपुरवाटी के भामाशाह महेश कुमार अग्रवाल को सोमवार को राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह में शिक्षा विभूषण अवार्ड से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान शहर की सरकारी स्कूलों में 1.21 करोड़ रुपए के विकास कार्य करवाने के लिए दिया गया है। कई स्कूलों में कराए काम जानकारी के अनुसार, भामाशाह अग्रवाल ने राजकीय पीएमश्री उच्च माध्यमिक विद्यालय सहित कई अन्य स्कूलों में कुल 1 करोड़, 21 लाख, 58 हजार रुपए के विकास कार्य करवाए हैं। इन कार्यों में कक्षा कक्षों का निर्माण, शौचालयों का निर्माण और टीनशेड लगवाना जैसे विभिन्न कार्य शामिल हैं। डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा और शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने किया सम्मानित जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा और शिक्षा मंत्री मदन दिलावर मुख्य अतिथि थे। उन्होंने भामाशाह महेश अग्रवाल की ओर से उनके भाई सुभाष अग्रवाल को शिक्षा विभूषण अवार्ड प्रदान किया। इसी कार्यक्रम में पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी लक्ष्मीनारायण बड़ीवाल को भी सम्मानित किया गया। उन्हें भामाशाह महेश अग्रवाल को प्रेरित करने के लिए ‘भामाशाह प्रेरक’ के रूप में अतिथियों द्वारा अवार्ड दिया गया। महेश अग्रवाल के सम्मान पर स्थानीय विधायक भगवानाराम सैनी, विप्र समाज के अध्यक्ष गौतम मारवाल, पूर्व पार्षद राजेंद्र मारवाल, शिवप्रसाद चेजारा, सामाजिक कार्यकर्ता बद्रीप्रसाद तंवर, एडवोकेट मोतीलाल सैनी, रवि बड़ीवाल, सुमेर सिंह राव, संजय जांगिड़, प्रिंसिपल प्रदीप चौधरी और प्रिंसिपल संगीता मीणा सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।

केकड़ी में राजस्थान पेंशनर समाज की जिला स्तरीय बैठक:मतदाता सूचियां केवल केकड़ी शाखा को भेजने का किया फैसला

केकड़ी में सोमवार को राजस्थान पेंशनर समाज जिला शाखा की जिला स्तरीय बैठक स्थानीय कोर्ट परिसर स्थित पेंशनर्स भवन में आयोजित हुई। बैठक में जिले की विभिन्न उपशाखाओं के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया और जिला शाखा के प्रति अपना विश्वास व समर्थन दोहराया। इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने, अनुशासन बनाए रखने और पेंशनरों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कादेड़ा उपशाखा अध्यक्ष जगदीश प्रसाद जांगिड़, सरवाड़ उपशाखा अध्यक्ष रूपचंद पांड्या, जूनिया उपशाखा अध्यक्ष मोहन सिंह राव, सावर उपशाखा के प्रतिनिधि कालूराम रेगर और भिनाय उपशाखा अध्यक्ष सुरेश कुमार जोशी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने संगठन की गतिविधियों और भविष्य की कार्ययोजना पर अपने विचार रखे। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सभी उपशाखाएं आगे भी राजस्थान पेंशनर समाज जिला शाखा केकड़ी के साथ जुड़ी रहेंगी और संगठन को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगी। साथ ही यह भी तय किया गया कि राजस्थान पेंशनर समाज जिला शाखा अजमेर को कोई भी उपशाखा अपनी मतदाता सूची नहीं भेजेगी। सभी उपशाखाएं अपनी मतदाता सूचियां केवल जिला शाखा केकड़ी को ही उपलब्ध कराएंगी। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती आपसी विश्वास, पारदर्शिता और सामूहिक निर्णयों से ही संभव है। सभी पदाधिकारियों ने पेंशनरों के अधिकारों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान और संगठन के विस्तार के लिए मिलकर काम करने का संकल्प दोहराया। बैठक के अंत में जिला शाखा के संरक्षक रामकरण चौधरी और जिला अध्यक्ष कैलाश चंद जैन ने सभी उपशाखा अध्यक्षों और प्रतिनिधियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकजुटता है और इसी भावना के साथ पेंशनरों के हितों के लिए आगे भी कार्य किया जाएगा। उन्होंने सभी से संगठन को और अधिक मजबूत और सक्रिय बनाने में सहयोग की अपील की।

अगड़ावा-सेसावा हवाई पट्टी पर सर्विस रोड की मांग:ग्रामीणों ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को नागपुर में सौंपा ज्ञापन

सांचौर के अगड़ावा-सेसावा में राष्ट्रीय राजमार्ग-925 A पर स्थित आपातकालीन हवाई पट्टी के दोनों ओर सर्विस रोड बनाने की मांग को लेकर ग्रामीणों के एक प्रतिनिधि मंडल ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। प्रतिनिधि मंडल ने नागपुर में मंत्री को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें बताया गया कि चारदीवारी निर्माण से आवागमन बाधित हो सकता है। ग्रामीणों के अनुसार, वर्ष 2021 में निर्मित इस हवाई पट्टी के दोनों ओर बड़ी संख्या में आबादी निवास करती है। वर्तमान में हवाई पट्टी के दोनों ओर लगभग 3 किलोमीटर लंबी और 10 फीट ऊंची चारदीवारी का निर्माण किया जा रहा है, जिसका कार्य वर्ष 2026 तक पूरा होने की उम्मीद है। इस चारदीवारी के कारण लगभग 300 घरों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित होने की आशंका है। ज्ञापन में बताया गया है कि हवाई पट्टी के एक ओर पहले से सर्विस रोड मौजूद है, लेकिन दूसरी ओर सर्विस रोड न होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। प्रतिनिधि मंडल ने मांग की है कि दूसरी ओर भी 3 किलोमीटर लंबी सर्विस रोड का निर्माण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों का आवागमन सुचारु बना रहे। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से जनहित को ध्यान में रखते हुए शीघ्र सर्विस रोड निर्माण की स्वीकृति देकर समस्या का स्थायी समाधान करने का आग्रह किया। इस अवसर पर प्रतिनिधि मंडल में हीराराम सुथार, रामजीवन ऐचरा, हनुमान साहू और जयराम पुनिया शामिल थे।

नोखा नंदीशाला में सपादलक्ष बिल्वपत्र महायज्ञ संपन्न:वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ धार्मिक अनुष्ठान, 61 हजार रुपए की सहयोग राशि भेंट की

नोखा के तहसील परिसर स्थित नंदीशाला में आयोजित तीन दिवसीय सपादलक्ष बिल्वपत्र एवं अक्षत शिवार्चन महोत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हो गया। अर्केश्वर महादेव परिवार की ओर से आयोजित इस धार्मिक महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। तीन दिन और दो रात तक चले इस अनुष्ठान में भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। कथावाचक महावीर जी पंचारिया के सान्निध्य में पांच विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूरे धार्मिक अनुष्ठान को संपन्न कराया। कार्यक्रम का संचालन दिनेश सिंह राजपुरोहित ने किया। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना में बढ़-चढ़कर भाग लिया। यज्ञ, महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ समापन महोत्सव के समापन पर अर्केश्वर महादेव परिवार ने नंदीशाला के लिए ₹61,000 की सहयोग राशि भेंट की। इसके बाद यज्ञ, महाआरती और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और महाप्रसाद ग्रहण किया। अर्केश्वर महादेव परिवार के मार्गदर्शक लालचंद उपाध्याय (सारूंडा वाले) ने महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, सेवाभावियों और आयोजन से जुड़े लोगों का आभार व्यक्त किया।

लालसोट हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र मीणा हत्याकांड में कार्रवाई:एक आरोपी को किया गिरफ्तार, फरारी के लिए दी थी बाइक

लालसोट में हुए हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र उर्फ योगेंद्र हत्याकांड में पुलिस को एक और सफलता मिली है। लालसोट थाना पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपियों को फरार होने में मदद करने वाले आरोपी पिंटू सिंह गुर्जर को गिरफ्तार किया है। पिंटू ने फरार आरोपियों को बाइक उपलब्ध कराई थी। फायरिंग में मौके पर हुई थी मौत सीआई पवन कुमार जाट ने बताया- घटना 10 अप्रैल 2026 को हुई थी। खेड़ला खुर्द निवासी धर्मेंद्र उर्फ योगेंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई लेखराज मीणा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दयाल ढाबे के बाहर स्विफ्ट कार में आए हमलावरों ने धर्मेंद्र पर फायरिंग की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक देकर फरार होने में की मदद इस मामले में लालसोट थाने में हत्या और एससी-एसटी सहित विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि मोरपा निवासी पिंटू सिंह गुर्जर ने मुख्य आरोपियों को मोटरसाइकिल देकर उनकी फरारी में मदद की थी। आरोपी पिंटू सिंह गुर्जर की गिरफ्तारी में लालसोट थाने के हेड कॉन्स्टेबल निहाल सिंह की अहम भूमिका रही। इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और आगे की जांच की जा रही है।