निगोही गांव में महिला ने किया सुसाइड:पति ने पड़ोसी युवक पर ब्लैकमेल करने का लगाया आरोप
डीग जिले के खोह थाना क्षेत्र के निगोही गांव में एक विवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है, जिसके कारण महिला ने यह कदम उठाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना गुरुवार देर रात की है, निगोही निवासी रेनू ने अपने घर में दुपट्टे से फंदा लगा लिया। ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे फंदे से नीचे उतारा और पति सुनील को सूचना दी। सुनील जयपुर में रहकर पढ़ाई करने के साथ गाड़ी चलाने का काम करता है। 11 साल पहले हुई थी शादी
रेनू की शादी 13 दिसंबर 2015 को भरतपुर जिले के केवल नगर निवासी सुनील से हुई थी। इन दोनों के 3 बच्चे है, जिनकी उम्र 8, 4 और 2 साल है।
सूचना मिलने पर शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे खोह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर डीग जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में भिजवाया। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पड़ोसी युवक पर ब्लैकमेल करने का आरोप
मृतका के पति सुनील ने खोह थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने उनकी पत्नी के फोटो वायरल कर दिए थे।
शिकायत के अनुसार 30 जून की रात रेनू ने फोन पर सुनील को बताया था कि आरोपी उसके फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर रहा है और ब्लैकमेल भी कर रहा है। सुनील ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और मामले की गहनता से पड़ताल की जा रही है।

