शादी से मना किया तो हनीमून की डीपफेक तस्वीरें बनाईं:एक दिन में 500 टैक्सी घर भेजीं; गोद भराई के फर्जी कार्ड बंटवा दिए
एमपी की युवती का राजस्थान के युवक से शादी का इनकार पूरे परिवार के लिए मुसीबत बन गया। युवक ने उसके नाम–पते पर एक दिन में 500 टैक्सियां बुक कर दीं। युवती के उत्पीड़न का ये सिलसिला यहीं नहीं थमा। युवक ने AI से अपने साथ हनीमून, निजी पलों और गोदभराई के फोटो बनाकर फर्जी आईडी से पोस्ट कर दिए। इनका स्टेटस लगाया। युवती ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। फिर राज्य महिला आयोग से न्याय की गुहार लगाई। मामले की शुरुआत मेट्रिमोनियल साइट जीवनसाथी डॉट कॉम से होती है, जहां भोपाल की युवती की बहन ने प्रोफाइल बनाई। युवती के मुताबिक, इस दौरान उसकी बातचीत राजस्थान के उदयपुर निवासी युवक से हुई। परिवार की मौजूदगी में दोनों की एक मुलाकात भी हुई, लेकिन युवक का व्यवहार संदिग्ध लगा। परिवार ने रिश्ता आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया। यही इनकार परेशानी का कारण बन गया। कॉल और मैसेज से परेशान होकर ब्लॉक किया आरोप है कि इसके बाद युवक लगातार कॉल और मैसेज करने लगा। इससे परेशान युवती ने जुलाई 2025 में उसका नंबर ब्लॉक कर दिया। इसके बावजूद वह अलग-अलग नंबरों से संपर्क करता रहा और परिवार के अन्य सदस्यों को भी परेशान करने लगा। युवती ने बताया कि आरोपी ने अपने सारे कॉल उसके नंबर पर फॉरवर्ड कर दिए थे। पुलिस भी जब आरोपी को कॉल कर रही थी तो कॉल युवती के फोन पर आ रहा था। एक दिन में 500 टैक्सी–बाइक पहुंचीं घर युवती ने आयोग को बताया कि जनवरी 2026 में आरोपी ने उसका मोबाइल नंबर इस्तेमाल कर ओला, उबर और रैपिडो जैसी सेवाओं पर लगातार बुकिंग कराईं। एक दिन में करीब 500 टैक्सी और बाइक उसके घर पहुंच गईं। वो मेरे लोकेशन से उज्जैन के लिए टैक्सी बुक करता था, जिससे ज्यादा कमाई के लिए टैक्सी ड्राइवर दूर दूर से राइड एक्सेप्ट कर लेते थे। इससे न सिर्फ परिवार परेशान हुआ बल्कि कई ड्राइवर भी बिना सवारी के घर तक पहुंचकर परेशान होते रहे। बाद में टैक्सी चालकों ने भी युवती के लिए गवाही देने को कहा। एक्सपर्ट बोलीं- ऐसे टैक्सी बुक करना ऑनलाइन उत्पीड़न साइबर एक्सपर्ट शृंगारिता खरे के अनुसार, अगर कोई व्यक्ति किसी दूसरे के नाम या मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर बार-बार कैब बुक करता है, तो इसे ऑनलाइन उत्पीड़न माना जा सकता है। भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) में ऐसे मामलों में कार्रवाई का प्रावधान है। गोदभराई के कार्ड बंटवाए, मेहमानों से चांदी के सिक्के का वादा किया युवती का दावा है कि ब्लॉक किए जाने के बाद आरोपी ने किसी अन्य व्यक्ति की तस्वीर लगाकर नई प्रोफाइल बनाई। इसके जरिए वह यह पता लगाने की कोशिश करता रहा कि युवती किसी दूसरे रिश्ते के लिए बातचीत कर रही है या नहीं। आरोप है कि उसने युवती की गोद भराई के फर्जी इन्विटेशन कार्ड भी छपवाए। कार्ड में मेहमानों को चांदी का सिक्का देने का उल्लेख किया गया था, ताकि ज्यादा लोग कार्यक्रम में पहुंचें। बाद में ये कार्ड हॉकर के जरिए पूरी कॉलोनी में बंटवा दिए।

