ससुर के घर से दामाद ने चुराए थे 13 लाख:कर्जा चुकाने के लिए की थी वारदात; पुलिस ने किया गिरफ्तार
टोंक जिले के बरौनी थाना क्षेत्र में घर से करीब 14 लाख रुपए की चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपी दामाद को गिरफ्तार किया है। दामाद ने ही खुद का कर्जा चुकाने के लिए चोरी की वारदात की थी। घटना बरौनी थाना क्षेत्र के सोहेला गांव में सोमवार की रात को हुई थी। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी के 13 लाख 58 हजार 500 रुपए कैश भी बरामद कर लिया है। साथ ही चोरी के काम में ली गई अल्टो कार भी जब्त की है। पुलिस के अनुसार, कैश की रकम आरोपी की साली की थी। उसे यह बड़ी राशि जमीन बेचने के बदले मिली थे, सुरक्षित रखने के लिए उसने अपने पिता सोहेला निवासी भैरु लाल बैरवा के घर पर इस रकम को रखा था। पिता ने इन रुपयों को अनाज की कोठी में छुपाकर रख रखा था। वह भी इन रुपयों से कुछ दिन में अन्य जगह जमीन खरीदने वाले थे, लेकिन इसकी भनक लगते ही उसके जीजा सुरतपुरा लूहारा निवासी श्योराज बैरवा ने मौका पाकर सोमवार रात को रुपए चुरा लिए। घरवालों को इसका पता मंगलवार की सुबह लगा, जब परिजनों के उठने के बाद अनाज की कोठी की कुंदी टूटी हुई थी। फिर अनाज में हाथ डालकर देखा तो रुपए नहीं मिले। उसके बाद भैरूलाल और उसका पुत्र नंदलाल बरौनी थाना पहुंचे, जहां नंदलाल बैरवा ने रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया था कि सोमवार रात 12 बजे एक बच्चे की तबीयत बिगड़ गई थी, जिसे हॉस्पिटल लेकर गए थे, जबकि अन्य लोग एक जागरण के कार्यक्रम में गए हुए थे। ऐसे में घर पर सिर्फ दादा ही थे और दवा लेने के कारण गहरी नींद आ गई थी, इसी दौरान यह वारदात हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी रोशन मीना ने टोंक डीएसपी मृत्युजंय मिश्रा के सुपरविजन में डीएसटी प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी और बरौनी थाना प्रभारी नारायण लाल गुर्जर के नेतृत्व में इस चोरी का पता लगाने के लिए टीम गठित की। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच शुरू की। दूसरे दिन बुधवार को 24 घंटे में ही पुलिस टीम ने आरोपी सुरतपुरा लूहारा निवासी श्योराज (30) पुत्र स्व. रामदयाल बैरवा को डिटेन कर पूछताछ की, जिसमें आरोपी के जुर्म स्वीकार करने पर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लग्जरी लाइफ जीने का शौकीन
आरोपी निवाई सदर थाना क्षेत्र में एक फैक्ट्री में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत है और लग्जरी लाइफ जीने के कारण उस पर लाखों रुपए का कर्जा हो गया था। उसे चुकाने के लिए अपने ससुराल में रखे उसकी साली के इन रुपयों को चुराकर अपने गांव चला गया था।

