कोटा में दूसरे दिन सीज दो कोचिंग की सीज:पंद्रह संस्थानों को जारी किए गए नोटिस, बेसमेंट में चल रही थी कोचिंग

लखनऊ में कोचिंग संस्थान में आग की घटना के बाद कोटा में भी अग्निशमन विभाग की टीमें शहर में सर्वे कर रही है। जहां जहां फायर सेफ्टी में लापरवाही पाई जा रही है वहां सीज और नोटिस जारी करने की कार्यवाही की जा रही है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि शहर में अग्निशमन सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले व्यावसायिक भवनों और कोचिंग संस्थानों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया गया है। गुरुवार को भी विभाग की 25 सदस्य टीमों ने शहर में अलग अलग इलाको में संस्थानों में जांच की। जिसके तहत लापरवाही पाए जाने पर 4 प्रतिष्ठानों को सीज कर दिया गया और 15 अन्य को नोटिस थमाए गए हैं। इनमें दो कोचिंग संस्थान और एक हॉस्टल भी शामिल है। राकेश व्यास ने बताया कि आदर्श नगर कुन्हाडी में न्यू सक्सेज कोचिंग क्लास, बेसमेंट में चल रही आरएसआई कोचिंग को सीज किया गया है। इन कोचिंग संस्थान में फायर सेफ्टी के पुख्ता बंदोबस्त नहीं मिले। साथ ही एंट्री एग्जिट भी एक ही थी, जिससे कभी भी किसी बडी घटना के समय स्टूडेंटस का निकलना मुश्किल है। इसी तरह से जवाहर नगर में एक हॉस्टल श्रीजी हॉस्टल को भी सीज किया गया है। यहां भी फायर सेफ्टी नहीं थी और इमरजेंसी एग्जिट तक नहीं थी। बिना फायर एनओसी ये संचालित हो रहे थे। वहीं कुन्हाड़ी में एक पत्तल-दूने के मैन्युफैक्चरिंग गोदाम को भी सीज किया गया है। 15 अन्य प्रतिष्ठानों को मिले नोटिस
इसी कड़ी में कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए अग्निशमन अधिकारी मोहम्मद अजहर खान की टीम ने भी शहर के कई संवेदनशील इलाकों का दौरा किया। टीम ने जवाहर नगर, राजीव गांधी नगर, लैंडमार्क और बोरखेड़ा क्षेत्रों में सघन जांच की, जहां अग्निशमन व्यवस्थाओं में कमियां पाए जाने पर 15 प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। लापरवाही बरतने वालों पर आगे भी होगी सख्त कार्रवाई
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कोटा नगर निगम क्षेत्राधिकार के अंतर्गत आने वाले सभी व्यावसायिक भवनों, हॉस्टल्स और कोचिंग सेंटरों में अग्निशमन नियमों की कड़ाई से पालना अनिवार्य है। लगातार इनकी जांच की जा रही है। किसी संस्थान या प्रतिष्ठान में अग्निशमन संबंधी अनियमितताएं पाई जाती हैं, तो उनके खिलाफ बिना किसी ढिलाई के सीजिंग की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *