जयपुर में शराब पीने के विवाद में हत्या:दूल्हे सहित 4 आरोपी गिरफ्तार, टालनी पड़ी शादी, बारात टोंक जानी थी
जयपुर के सांगानेर सदर थाना पुलिस ने युवक की हत्या के मामले में दूल्हे सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दरअसल, 22 जून को दुकान के बाहर शराब पीने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था, जिसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इस हमले में संजू शर्मा (28) गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दूल्हे की गिरफ्तारी की वजह से परिवार को शादी टालनी पड़ गई है। वहीं, पुलिस ने एक नाबालिग को भी डिटेन (निरुद्ध) किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर बैरवा (27), अमन बैरवा (21), विकास बैरवा (26) और रामस्वरूप बैरवा (48) के रूप में हुई है। इनमें से आरोपी सागर बैरवा की ही शादी होने वाली थी।
अब 3 पॉइंट में समझिए पूरा मामला… 1. शराब पीने के विवाद में मारपीट, घायल युवक की इलाज के दौरान मौत डीसीपी साउथ राजर्षि राज वर्मा ने बताया कि जयपुर के गोविंदपुरा स्थित शिक्षा सागर कॉलोनी में मंगलवार देर रात दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इस मारपीट में गंभीर रूप से घायल हुए संजू शर्मा को तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया, जहां बुधवार सुबह इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक के पिता कैलाशचंद शर्मा की शिकायत पर सांगानेर सदर थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस रिपोर्ट में सागर बैरवा, अमन बैरवा, उनके पिता रामस्वरूप और विकास सहित अन्य लोगों को नामजद किया है। 2. शादी वाले घर के बाहर शराब पीने का विरोध करने पर भड़की हिंसा पुलिस के अनुसार, घटना के वक्त आरोपी सागर बैरवा के घर में उसकी शादी का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान कुछ युवक उनके घर के पास स्थित दुकान के बाहर बैठकर शराब पी रहे थे। जब इसका विरोध किया गया, तो दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जिसने जल्द ही हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से लाठी-डंडे व पत्थर चलने लगे। इस हमले में संजू शर्मा और उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसमें संजू की मौत हो गई और उसके भाई के सिर में गंभीर चोट आई। वहीं, बीच-बचाव करने पहुँचे मंगल, गोरूराम मीणा और रोहित कुमावत भी इस हमले में घायल हो गए। 3. बारात जाने से पहले हवालात पहुंचा दूल्हा पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि दूल्हा सागर बैरवा खुद इस मारपीट की घटना में शामिल था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दूल्हे सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग को डिटेन (निरुद्ध) किया गया है। जानकारी के अनुसार, सागर बैरवा की बारात टोंक जानी थी और घर में शहनाइयां बज रही थीं, लेकिन इस वारदात के बाद दूल्हा बारात ले जाने के बजाय हवालात पहुंच गया और शादी टालनी पड़ी। पुलिस आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है और मामले की जांच जारी है।

