रणजीत नगर निवासी युवक की हत्या:खौफनाक साचिश: पति की हत्या कर बाथरूम में दफनाया, पुलिस ने फर्श तोड़कर निकाला कंकाल
उत्तर प्रदेश के आगरा में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। सिकंदरा थाना क्षेत्र में एक महिला ने कथित तौर पर अपने पति की हत्या करने के बाद शव को घर के बाथरूम में ही दफना दिया। वारदात छिपाने के लिए बाथरूम की फर्श पर प्लास्टर कराकर नई टाइल्स लगवा दी गईं। इसके बाद करीब डेढ़ महीने तक वह पति के लापता होने का दावा करती रही। शुक्रवार को पुलिस की पूछताछ के दौरान मामला खुल गया और बाथरूम की खुदाई में कंकाल बरामद हुआ। आरोपी पत्नी का कहना है कि शराबी पति की हरकतों से तंग आकर डेढ़ माह पहले उसकी हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर निवासी 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा आगरा के दहतोरा स्थित रेणुका धाम कॉलोनी में परिवार के साथ रहते थे। परिवार में उनकी पत्नी रूबी, मां कमला और दो बेटियां रिद्धी (13) तथा सिद्धी (9) हैं। सुरेंद्र की शादी वर्ष 2010 में इटावा निवासी रूबी से हुई थी। बताया गया कि सुरेंद्र 18 मई से लापता थे। प्लास्टर करवा नई टाइल्स लगवाईं, अन्य व्यक्ति भी शामिल प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हत्या के बाद शव को बाथरूम में दफनाकर ऊपर मिट्टी डाली गई, फिर प्लास्टर कराया गया और नई टाइल्स लगवा दी गईं ताकि किसी को शक न हो। पुलिस का मानना है कि इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका हो सकती है। इस पहलू की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शव के अवशेष पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पूछताछ में महिला ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि हत्या के बाद उसने शव पर मिट्टी डलवाकर प्लास्टर कराया। शराब पीने का आदी था मृतक मृतक के भाई अनिल शर्मा ने बताया कि सुरेंद्र शराब पीने का आदी था, जिस कारण पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। 18 मई को रूबी ने फोन कर कहा था कि पुलिस घर पर आई है, इसलिए मां और दोनों बच्चियों को अपने साथ ले जाएं। वह उन्हें अपने घर ले आए। अगले दिन रूबी भी वहां पहुंच गई। 26 मई को दर्ज कराई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट अनिल के अनुसार, जब कई दिनों तक सुरेंद्र का कोई पता नहीं चला तो 26 मई को रूबी के साथ जाकर गुमशुदगी दर्ज कराई गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में जब शक बढ़ा तो उन्होंने फिर से पूछताछ की। शुक्रवार सुबह रूबी ने खुद फोन कर उन्हें घर बुलाया। वहां पहुंचने पर पूछने पर उसने कथित तौर पर बताया कि सुरेंद्र को बाथरूम के नीचे दफना दिया है। डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि महिला से पूछताछ जारी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पति की हत्या के बाद शव को बाथरूम में दफनाया गया था।

