अलवर में मंडी व्यापारी ने किया सुसाइड:फेसबुक पोस्ट में लिखा- मरने वाला झूठ नहीं बोलता, ASI ने मुझसे 18 हजार रिश्वत ली'

खैरथल-तिजारा जिले के एक मंडी व्यापारी ने अलवर के एक गेस्ट हाउस में पंखे से लटककर सुसाइड कर ली। मरने से पहले व्यापारी राजेश गुप्ता (52) ने अपनी फेसबुक पोस्ट में लिखा- आईजी और एसपी साहब, तिजारा के ASI महेंद्र सिंह यादव के खिलाफ कार्रवाई करें। ऐसे इंसान को नौकरी से बर्खास्त (डिसमिस) करें। मेरी सारी गवाही और सबूत मिटा दिए गए, जबकि सीओ (CO) शिवराज सिंह ने जांच कर मेरे ऊपर सोनू की तरफ से दर्ज कराए गए एससी-एसटी के झूठे मुकदमे में एफआर (फाइनल रिपोर्ट) लगाई थी। तिजारा के एएसआई महेंद्र ने मेरे साथ बहुत गलत किया है। राजेश गुप्ता ने पोस्ट में आगे लिखा- महेंद्र सिंह यादव ने मुझसे 18 हजार रुपए रिश्वत ली। मरने वाला इंसान कभी झूठ नहीं बोलता। उसकी सोनू से सांठगांठ हो गई और केस की फाइल से मेरी सारी गवाहियां हटा दी गईं। अब 4 पॉइंट मे समझिए पूरा मामला…. 1: सीओ को मैसेज भेजकर फोन किया बंद, गेस्ट हाउस के कमरे में पंखे से लटका मिला शव तिजारा सीओ शिवराज सिंह ने बताया- फेसबुक पर पोस्ट करने के बाद दोपहर करीब 12:00 बजे व्यापारी राजेश गुप्ता ने मुझे (सीओ) मैसेज किया। मैसेज में पूरी फेसबुक पोस्ट ही थी। इसके बाद राजेश गुप्ता ने फोन स्विच ऑफ कर लिया। मुझे को अनहोनी का शक हुआ, तो व्यापारी की लोकेशन निकलवाने का प्रयास किया। शुरुआत में लोकेशन नहीं मिली, जिसके बाद खुद पुलिस जाब्ते के साथ राजेश के घर पहुंचे। वहां राजेश का बेटा मिला, लेकिन उसे भी अपने पिता के बारे में कोई जानकारी नहीं थी कि वे कहां गए हैं। राजेश पिछले तीन दिनों से घर से गायब था। इसके बाद पुलिस ने दोबारा लोकेशन ट्रेस की, तो उसकी लोकेशन अलवर शहर की तेज मंडी के पास दिखाई दी। तिजारा पुलिस ने तुरंत अलवर पुलिस को सूचना देकर मौके पर भेजा। अलवर पुलिस जब ‘द रॉयल गेस्ट हाउस’ पहुंची, तो वहां कमरे में राजेश गुप्ता का शव पंखे से लटका मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अफसोस की हम उसे बचा नही सके। 2: लिव-इन पार्टनर से चल रहा था विवाद, दोनों ने एक-दूसरे पर दर्ज कराए थे मुकदमे तिजारा सीओ शिवराज सिंह ने बताया- राजेश करीब 2 साल पहले महिला (सोनू) के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। कुछ समय साथ रहने के बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। इसके बाद महिला सोनू ने राजेश पर SC-ST एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया था, जबकि राजेश ने महिला के खिलाफ धोखाधड़ी (धारा 420) का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने दोनों ही मामलों में जांच पूरी कर एफआर (FR – फाइनल रिपोर्ट) लगा दी थी। इस कानूनी विवाद के साथ-साथ राजेश को कुछ व्यावसायिक नुकसान भी हो रहा था। राजेश ने तिजारा मंडी में किसी ‘कच्ची पर्ची’ का भी जिक्र किया था, जिसमें उसने वित्तीय गड़बड़ी होने की बात कही थी। 3: महिला पर 5 लाख हड़पने और धमकी देने का आरोप सीओ शिवराज सिंह ने बताया- फेसबुक पोस्ट में राजेश गुप्ता ने महिला सोनू पर भी बेहद गंभीर आरोप लगाए। पोस्ट में लिखा कि महिला ने उससे 5 लाख रुपए ऐंठे थे और धमकी दी थी कि वह उसके भतीजे की शादी बिगाड़ देगी। राजेश ने आरोप लगाया कि इस पूरे खेल में महिला की बहन भी शामिल है और दोनों मिलकर लोगों के साथ ठगी करती हैं। इसके अलावा, राजेश ने फेसबुक पर महिला के साथ हुई व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट भी पोस्ट किए, जिनमें महिला की ओर से भेजे गए मैसेज दिखाई दे रहे हैं। 4: बिना बताए घर से निकला था व्यापारी राजेश के पड़ोसी महेंद्र ने बताया- राजेश घर पर बिना कुछ बताए अलव गया था। यहां एक गेस्ट हाउस में ठहरा हुआ था, जहां उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। राजेश अपने पीछे 2 बच्चें छोड़ गया है। पुलिस अब परिजनों की शिकायत और फेसबुक पोस्ट के आधार पर मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *