शराब की दुकान में घुसा लेपर्ड,3 लोगों पर किया हमला:बचने के लिए सड़क पर दौड़े लोग, 5 घंटे तक रही दहशत
टोंक के टोडारायसिंह आज सुबह लेपर्ड शराब की दुकान में घुस गया। लेपर्ड ने 3 लोगों पर हमला किया। आखिरकार सेल्समैन ने लेपर्ड को दुकान में बंद किया। जयपुर से पहुंची टीम ने 5 घंटे बाद लेपर्ड का रेस्क्यू किया। जानकारी के अनुसार, टोडारायसिंह कस्बे में सुबह 8:45 बजे वन मित्र राकेश को लोगों ने सूचना दी थी कि झाड़ियों में लेपर्ड नजर आया है। राकेश झाड़ियों के पास गए तो लेपर्ड ने उन पर हमला कर दिया। इसके बाद 400 मीटर दूर स्थित शराब की दुकान की ओर गया। देखें लेपर्ड के हमले की तस्वीरें… सेल्समैन ने जैसे-तैसे अपनी जान बचाई लेपर्ड ने दुकान के बाहर बैठे फतेह लाल कोली (40) पर हमला कर दिया। इसके बाद वह सीधे ठेके के अंदर घुस गया और सेल्समैन संजय गुर्जर (25) पर हमला कर दिया। संजय गुर्जर ने जैसे-तैसे अपनी जान बचाई। सेल्समैन ने लेपर्ड को दुकान में बंद कर दिया। दोपहर 2 बजे जयपुर से पहुंची टीम ने लेपर्ड का रेस्क्यू किया। घटना के बाद लोगों ने तीनों घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया। राकेश को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। संजय गुर्जर और फतेह लाल कोली को रेफर कर दिया।

