कोटा में वैन पलटी, धड़ से अलग हुआ सिर:सामने से आ रहे ट्रक का टायर डिवाइडर क्रॉस कर वैन से टकराया, लोहे की रेलिंग व गाड़ी के बीच फंसी गर्दन

कोटा बारां NH 27 पर ईको वैन पलट गई। हादसे में वैन में सवार युवक का सिर धड़ से अलग हो गया।युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना सिमलिया थाना क्षेत्र की गुरुवार रात साढ़े 11बजे की है। वैन सवार व्यक्ति पप्पू हरचरण कुशवाहा (50) मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जालौन जिले का निवासी था। जो वर्तमान में गुजरात के मेहसाणा में पानी-पुरी का व्यवसाय करता था। गुरुवार को अपनी पत्नी, बेटे व मां के साथ वैन में सवार होकर गुजरात से अपने गांव जालौन जा रहा था। परिजनों ने बताया कि 28 जून को पप्पू की मौसी की बेटी की शादी थी। जिसमें शामिल होने के लिए परिवार गुरुवार दोपहर रवाना हुआ था। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहां से गुजर रहे लोगों की सूचना पर सिमलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को कोटा हॉस्पिटल पहुंचाया। सिमलिया थाना ASI शिवराज ने बताया कि पप्पू वैन में सवार होकर गुजरात से अपने गांव जा रहा था। वैन को उसका बेटा मनीष चला रहा था। गाड़ी में दो महिलाए भी बैठी हुई थी। नेशनल हाईवे-27 पर पोलाई कलां के पास गत्ता फैक्ट्री के पास बारां की तरफ से आ रहे एक ट्रक का टायर निकल गया। डिवाइडर पर चढ़कर सड़क के दूसरी साइड पर आ गया।ट्रक का टायर पप्पू की वैन से टकरा गया। पप्पू खलासी साइड पर बैठा हुआ था। वैन अनियंत्रित होकर हाइवे किनारे लगी लोहे की रेलिंग से टकराकर पलट गई। पप्पू की गर्दन लोहे की रेलिंग व वैन के बीच फंसकर अलग हो गई।बेटे मनीष की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया। आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *