जयपुर में युवती-भाभी से सरेआम अभद्रता, VIDEO:सूचना पर पहुंचे युवती के भाई पर जानलेवा हमला; सिर में तीन टांके आए

जयपुर के रामनगरिया थाना क्षेत्र में कार से दूसरी कार टकराने पर विवाद बढ़ गया। युवकों ने एक युवती और उसकी भाभी के साथ अभद्रता की। फोन कर बुलाए युवती के भाई पर युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। युवक के सिर में तीन टांके आए हैं, वहीं एक आंख पर गंभीर चोट लगी है। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। पीड़िता के अनुसार, 27 जून की शाम करीब 5:15 बजे वह अपनी भाभी के साथ तिलक नगर स्थित घर से जगतपुरा स्थित एक सैलून जा रही थी। इसी दौरान जगतपुरा की सर्विस लेन में एक स्विफ्ट कार (RJ14 CV 8367) ने उनकी कार (RJ14 CG 0141) को साइड से टक्कर मार दी। फोन कर बुलाए भाई पर हमला युवती का आरोप है कि हादसे के बाद जब उन्होंने विरोध किया तो कार सवार युवक गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करने लगे। इसी बीच उन्होंने अपने भाई को फोन किया, जो एमजी हेक्टर कार में पीछे ही आ रहे थे और कुछ ही मिनट में मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि भाई के पहुंचते ही दूसरे पक्ष के युवक ने अपने 7-8 साथियों को बुला लिया। सबसे पहले वीडियो बना रही भाभी का मोबाइल छीनने की कोशिश की गई। युवती की भाभी ने कहा कि आरोपियों ने उनके दोनों हाथ पकड़ लिए, उनके साथ हाथापाई की और जबरन अपनी कार में बैठाने की कोशिश की। विरोध करने पर भाई के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी, तीन टांके आए और एक आंख भी गंभीर रूप से घायल हो गई। बता दें कि तीन दिन पहले ही 23 जून को ही शादी हुई थी। पीड़ित की शादी की महंदी भी नहीं उतरी थी और शादी के बाद के अन्य कार्यक्रम होने थे। लेकिन पीड़ित से हुई मारपीट के बाद पूरा परिवार डर और सदमें में है। सूचना के बाद भी नहीं पहुंची पुलिस पीड़ित युवती का कहना है कि घटना के दो से पांच मिनट के भीतर ही उन्होंने 100 और 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दे दी थी, लेकिन पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची। उनका आरोप है कि पुलिस करीब आधे घंटे बाद पहुंची, तब तक आरोपियों ने उनके भाई के साथ मारपीट कर दी थी और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार कर चुके थे। वीडियो में मारपीट करते दिखे युवक युवती का कहना है कि जान बचाने के लिए वे पास की एक दुकान में भागे। उन्होंने दावा किया कि घटना के वीडियो और फोटो उनके मोबाइल में मौजूद हैं। वहीं, पूरे घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी कार को टक्कर मारने के बाद मारपीट करते नजर आ रहे हैं। मामले में रामनगर थाना पुलिस ने युवती की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 281, 115(2), 126(2) और 189(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच एएसआई सुरेश कुमार को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। रामनगरिया थाना प्रभारी चंद्रभान ने बताया- मामले में पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच शुरू कर दी गई है। वहीं पीड़ित कहा कि आरोपी इतना सब होने के बाद भी थाने में मौजूद था, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार नहीं किया है। बता दें कि मामले में पुलिस ने मंगलवार को दो स्थानीय निवासियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान ओमप्रकाश शर्मा और उसके भाई सत्यनारायण शर्मा निवासी टीलावाला जगतपुरा को गिरफ्तार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *