जयपुर में झगड़े में नाबालिग के पेट में घोंपा चाकू:बाइक साइड की बात पर हुआ झगड़ा, लहूलुहान होकर गिरने पर भागा हमलावर
जयपुर में मामूली कहासुनी के बाद झगड़े में एक नाबालिग के पेट में चाकू घोंप घायल करने का मामला सामने आया है। बाइक साइड हटाने की बात पर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। चाकू से वार से लहूलुहान होकर गिरने पर हमलावर फरार हो गया। मालपुरा गेट थाना पुलिस ने घायल लड़के को SMS हॉस्पिटल में एडमिट करवाया है। पुलिस ने गुरुवार शाम FIR दर्ज कर हमलावर की तलाश शुरू कर दी है। हेड कॉन्स्टेबल गजानन्द ने बताया- उत्तरप्रदेश फरुखाबाद के कोतवाली निवासी 26 वर्षीय युवक ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। वह ईदगाह रोड सांगानेर में अपने 16 साल के भाई शानू (बदला हुआ नाम) के साथ रहता है। बुधवार रात को शानू शनि बाजार में रहने वाले दोस्त से मिलने गया था। रात करीब 11:15 बजे बाइक साइड करने की बात को लेकर कॉलोनी में रहने वाले लड़के से कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद दोनों में झगड़ा होने पर मारपीट शुरू हो गई। गुस्साया हमलावर उसे मारने के लिए चाकू निकाल लाया। चाकू से पहले गले पर वार किया। शानू के जैसे-तैसे गले का बचाव किया तो हमलावर ने पेट में चाकू घोंप दिया। पेट से खून निकलने से लहूलुहान होकर नीचे गिरने पर हमलावर वहां से भाग निकला। शानू के घायल होने पर परिजनों को बताकर पुलिस की मदद से SMS हॉस्पिटल पहुंचाया। घायल शानू का SMS हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने नाबालिग पीड़ित के भाई की शिकायत पर FIR दर्ज कर हमलावर की तलाश शुरू कर दी है।

