मोहर्रम पर जयपुर में हाई अलर्ट:3 हजार पुलिसकर्मी तैनात, ट्रैफिक डायवर्जन और परकोटे में कई मार्गों पर वाहनों की एंट्री बंद

मोहर्रम के अवसर पर आज जयपुर शहर में निकलने वाले ताजिया जुलूसों को लेकर पुलिस और जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था लागू की है। परकोटा क्षेत्र में कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी, जबकि भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर भी रोक रहेगी। वहीं, पूरे शहर में करीब 3 हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। आमजन से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। संजय सर्किल, अजमेरी गेट, न्यू गेट, सांगानेरी गेट, घाट गेट, गलता गेट और रामगढ़ मोड़ से परकोटे में सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। अन्य क्षेत्रों से आने वाले यातायात को आवश्यकता अनुसार वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। भारी वाहनों की एंट्री पर रहेगी रोक आज रोड नंबर-14 वीकेआई, कालवाड़ पुलिया, सिरसी पुलिया, 200 फीट अजमेर रोड, न्यू सांगानेर मोड़, गोपालपुरा मोड़, ट्रांसपोर्ट नगर चौराहा, धोबीघाट, रामगढ़ मोड़, गलता गेट चौराहा और आमेर तिराहे सहित कई प्रमुख प्रवेश मार्गों से शहर में भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन बाजारों में पार्किंग रहेगी प्रतिबंधित ताजिया जुलूस के दौरान चौड़ा रास्ता, बड़ी चौपड़, बापू बाजार, जौहरी बाजार, हवामहल बाजार, सुभाष चौक, माउंट रोड, रामगंज बाजार, घाट गेट बाजार, चार दरवाजा, चांदपोल बाजार, छोटी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, गणगौरी बाजार, गोपीनाथ मार्ग, इंदिरा बाजार, किशनपोल बाजार, खजाने वालों का रास्ता, एमआई रोड और एमडी रोड सहित कई प्रमुख बाजारों और मार्गों पर पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। कर्बला तक निकलेगा ताजिया जुलूस आज दोपहर बाद विभिन्न क्षेत्रों से ताजिए बड़ी चौपड़ पहुंचेंगे। यहां से जुलूस हवामहल बाजार, चांदी की टकसाल, सुभाष चौक, जोरावर सिंह गेट और रामगढ़ मोड़ होते हुए कर्बला जाएगा। इस दौरान दोपहर से देर रात तक परकोटे के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर वाहनों की एंट्री बंद रहेगी और ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा। 3 हजार पुलिसकर्मी, ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी पुलिस मुख्यालय के निर्देशों पर राजधानी जयपुर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। एडिशनल कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर राजीव पचार ने बताया कि शहर के भीतर और बाहरी क्षेत्रों में करीब 3 हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए इंटेलिजेंस के जवान सादा वर्दी में मौजूद रहेंगे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) और इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (ERT) को भी तैनात किया गया है। लाइसेंसधारी ताजियों को ही जुलूस की अनुमति जिला प्रशासन और पुलिस ने शांति समिति तथा सीएलजी सदस्यों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल लाइसेंसधारी ताजियों को ही जुलूस के रूप में निकाला जाएगा। जुलूस के मार्ग पर बिजली, पानी और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों को भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई मोहर्रम के दौरान अभय कमांड सेंटर, शहरभर में लगे सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन कैमरों से हर गतिविधि की निगरानी की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। पुलिस की साइबर सेल सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखेगी और अफवाह फैलाने या भ्रामक सूचनाओं के जरिए कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आमजन से अपील यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोहर्रम के दौरान जारी ट्रैफिक डायवर्जन का पालन करें, प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन लेकर न जाएं और भीड़भाड़ से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि जुलूस शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *