बारां में मोहर्रम को लेकर निकाला फ्लैग मार्च:रूट निरीक्षण कर की शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील

बारां में मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार शाम को जिला प्रशासन और पुलिस ने शहर में फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान अधिकारियों ने मोहर्रम जुलूस के निर्धारित मार्ग का निरीक्षण किया और आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। फ्लैग मार्च का नेतृत्व जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा और एसपी अभिषेक अंदासु ने किया। अधिकारियों ने जुलूस मार्ग पर सुरक्षा, यातायात, बिजली और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का भी दौरा कर विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। शांति, भाईचारे और कानून व्यवस्था बनाए रखने का दिया संदेश
फ्लैग मार्च में एएसपी डॉ. कमल जांगिड़, डीएसपी रोहिताश सिंह देवंदा, सीआई हीरालाल पुनिया सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, बड़ी संख्या में पुलिस बल और विद्युत निगम के अधिकारी शामिल थे। यह मार्च शहर के प्रताप चौक से शुरू होकर धर्मादा चौराहा, सर्राफा बाजार, मीट मार्केट, सब्जी मंडी और इंद्रा मार्केट से होते हुए वापस प्रताप चौक पर समाप्त हुआ। इस दौरान पुलिस बल ने लोगों को शांति, भाईचारे और कानून व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि मोहर्रम पर्व के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जुलूस मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और विशेष निगरानी रखी जाएगी। अधिकारियों ने आमजन से पर्व को आपसी सौहार्द और शांति के साथ मनाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *