श्रीगंगानगर में बच्चों को बचाने सांड से भिड़ा पिता, VIDEO:बेटे-बेटी की चीख सुनकर दौड़कर आया और मुक्के मारकर भगाया

श्रीगंगानगर में गुरुद्वारा में माथा टेकने घर से निकले मासूम भाई-बहन पर आवारा सांड ने हमला कर दिया। सींगों से दोनों मासूमों पर कई वार किए। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर घर के अंदर से पिता दौड़कर बाहर आए और सांड से भिड़ गए। घूंसों से सांड के चेहरे पर लगातार वार किए और बच्चों को बचाया। हादसे में दोनों भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना जिले के केसरीसिंहपुर के वार्ड नंबर-14 के सिंधी मोहल्ले में गुरुवार सुबह हुई, जिसका एक सीसीटीवी भी शुक्रवार को सामने आया है। पहले देखिए- सिलसिलेवार तस्वीरें स्कूल जाने से पहले गुरुद्वारा जा रहे थे
घटना जिले के केसरीसिंहपुर के वार्ड नंबर-14 के सिंधी मोहल्ले में गुरुवार सुबह हुई। जानकारी के अनुसार, घर से स्कूल जाने से पहले रोज की तरह गुरुद्वारा माथा टेकने निकले सारांश(4) और उसकी बहन टीवीशा(7) पर अचानक एक सांड ने हमला बोल दिया। सांड की टक्कर और सींगों से बचते-बचाते दोनों बच्चे घर की ओर भागे, लेकिन सांड ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। सांड ने गेट के पास उन पर हमला कर दिया और सींग से दोनों पर कई वार किए। इससे सारांश का लिवर भी डैमेज हो गया। दोनों बच्चों की चीख सुनकर घर से किराना कारोबारी पिता संजय कुमार दौड़कर बाहर आए और बच्चों को बचाने की कोशिश की। लेकिन बेकाबू सांड ने उन पर भी हमला कर दिया। इसके बाद बच्चों के लिए संजय सांड से भिड़ गए और लगातार उसके चेहरे पर कई वार किए। इससे सांड पीछे हटा तो संजय ने घर में घुसकर जान बचाई। बेटे की हालत गंभीर, बेटी भी घायल
सांड के हमले से सारांश के पेट में गहरा घाव हो गया और लिवर भी डैमेज हुआ है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज जारी है। जबकि बेटी टीवीशा की हालत स्थिर बनी हुई है। कॉलोनी वासियों का कहना है कि सांड लंबे समय से इलाके में घूम रहा था और पहले भी लोगों को परेशान कर चुका था। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है। लोगों ने प्रशासन से ऐसे आवारा पशुओं पर तुरंत कार्रवाई की मांग की है। बता दें कि जिले में लगातार सांड के आतंक की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिन्हें रोकने में प्रशासन फिलहाल नाकाम बना हुआ है।
………..
ये खबर भी पढ़िए…
बेटी को बचाने के लिए गाय से भिड़े मां-बाप; VIDEO:2 बार जमीन पर पटका, छाती में सींग मारा, पसलियां टूटीं ट्यूशन पढ़कर लौट रही 5 साल की बच्ची पर घर के सामने ही गाय ने अचानक हमला कर दिया। बच्ची की मां ने जैसे ही यह देखा, उसके होश उड़ गए। वह जान की परवाह किए बिना गाय से भिड़ गई। दोनों सींग पकड़ लिए। पूरी खबर पढ़िए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *