उदयपुर के फतहपुरा एरिया में बीती देर नहीं आई बिजली:डेढ़ घंटे तक लाइट नहीं आने पर लोगों ने किया हंगामा, शिकायत केन्द्र पहुंचे तो ताला लगा मिला
उदयपुर के फतहपुरा एरिया में बीती देर रात बिजली गुल होने से क्षेत्रवासियों ने जोरदार हंगामा किया। गुस्साए लोग फतहपुरा चौराहा स्थित बिजली विभाग के शिकायत केन्द्र पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला। इससे लोग और आक्रोशित हो गए। इसके बाद क्षेत्रवासी मधुबन स्थित एईएन आफिस पहुंचे तो वहां भी गार्ड के अलावा कोई नहीं मिला। क्षेत्रवासी लोकेश शर्मा ने बताया कि रात 11 बजे बिजली बंद हुई। हम शिकायत केन्द्र पर पहुंचे तो शिकायत लिखने वाला कोई नहीं था। इसके बाद एईएन और जेईएन को फोन लगाए गए लेकिन उन्होंने अटेंड नहीं किए। भीषण गर्मी में नींद के समय खासकर बच्चे और बुजुर्ग परेशान होते रहे लेकिन विभाग में सुनने वाला कोई था। बिजली रात करीब 12:30 बजे आई, तब लोगों ने राहत की सांस ली। बिजली गुल होने पर कोई सुनने वाला नहीं: वशिष्ट क्षेत्रवासी और जल संसाधन विभाग में सहायक अभियंता सौरभ वशिष्ट ने बताया कि बिना घोषणा के बिजली बंद करना बिजली विभाग की हरकतों में आ गया है। इनकी कोई जिम्मेदारी नहीं है। रोजाना कभी भी कटौती कर दी जाती है। बिजली गुल होने पर सुनने वाला कोई नहीं क्षेत्रवासी रामकिशन पालीवाल ने बताया कि अगर हमने बिजली का बिल समय पर नहीं भरा तो ये तुरंत कनेक्शन काटने आ जाते हैं और सबके सामने इज्जत उतारते हैं। अब इनकी इज्जत कौन उतारेगा। बिजली बंद होने पर इनके अधिकारी-कर्मचारी फोन नहीं उठाते और हम गमी में परेशान होते हैं।

