ब्रेकिंग न्यूज़
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव ने स्कूल का निरीक्षण किया:रजिस्टर जांच में अनियमितता मिली, छात्राओं को योजनाओं का लाभ देने के निर्देश दिए

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण खैरथल-तिजारा के सचिव अजीत कुड़ी ने सोमवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय मेवात बालिका आवासीय स्कूल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को मिल रही सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता और शैक्षणिक वातावरण का जायजा लिया। निरीक्षण में रजिस्टर में अनियमितताएं पाई गईं, जिस पर सचिव ने नाराजगी व्यक्त की। रिकॉर्ड को मेंटेन करने के निर्देश दिए सचिव अजीत कुड़ी ने छात्राओं के डॉर्मिटरी का निरीक्षण कर साफ-सफाई, प्रकाश और वेंटिलेशन की व्यवस्था देखी। उन्होंने परिसर में नियमित स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने प्रशासनिक कार्यालय में छात्र प्रवेश, छात्र एवं स्टाफ उपस्थिति सहित विभिन्न रजिस्टरों की जांच की। रिकॉर्ड में अनियमितताएं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संस्था प्रधान अनीता यादव को सभी रजिस्टर नियमित रूप से अपडेट और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। रसोईघर में भोजन की गुणवत्ता, खाद्य सामग्री के भंडारण, बर्तनों की सफाई और स्वच्छता व्यवस्था का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया। रसोई स्टाफ को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री एवं मसालों का ही उपयोग करने और डस्टबिन का समुचित इस्तेमाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि छात्राओं के स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। छात्राओं तक योजनाओं का लाभ देने के लिए कहा निरीक्षण के बाद हुई बैठक में सचिव अजीत कुड़ी ने कहा कि राज्य सरकार की बालिका कल्याण योजनाओं का लाभ प्रत्येक छात्रा तक समय पर पहुंचना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्राओं की सुरक्षा, शिक्षा और मूलभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। भविष्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान डीएलएसए के कनिष्ठ सहायक पुनीत शर्मा, पीएलवी सूरज भान कछवाहा, संस्था प्रधान अनीता यादव सहित विद्यालय का शिक्षकीय एवं अन्य स्टाफ मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *