डोली गांव में महिला की सड़क हादसे में मौत:बाइक की टक्कर से गंभीर घायल हुई, मृतका के पांच बेटियां
सुहागपुरा थाना क्षेत्र के डोली गांव में रविवार देर शाम एक सड़क हादसे में 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला सड़क पार कर अपने घर जा रही थी, तभी एक तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। मृतका की पहचान डोली निवासी गीता पत्नी कारूलाल मीणा के रूप में हुई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल गीता को परिजन तत्काल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सुहागपुरा थाना अधिकारी कमलचंद ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया गया। सोमवार को मृतका के पति कारूलाल मीणा की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया। शव का पोस्टमार्टम करवाकर सौंपा पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए उन्हें सौंप दिया। पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतका के परिवार में पांच बेटियां हैं, जिनमें से तीन पढ़ाई कर रही हैं और दो का विवाह हो चुका है। परिवार मजदूरी पर निर्भर है।

