ब्रेकिंग न्यूज़
पीएनबी अधिकारी को सुसाइड के लिए उकसाने का केस दर्ज:पत्नी और साढ़ू के खिलाफ मृतक के पिता ने दी थी रिपोर्ट,कहा- दोनों के बीच अवैध संबंध थे

अलवर में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के फील्ड ऑफिसर भोजराज वर्मा की मौत मामले में नया खुलासा हुआ है। पुलिस ने भोजराज को सुसाइड के लिए उकसाने का पत्नी और साढ़ू के खिलाफ केस दर्ज किया है। एडीएम सिटी ने पुलिस को जांच रिपोर्ट सौंपी उसके बाद एफआईआर दर्ज की गई है। भोजराज ने दो साल पहले ट्रेन से कटकर जान दे दी थी। पुलिस के अनुसार, जयपुर निवासी भोजराज वर्मा 22 जुलाई 2024 को अलवर आए थे। अगले दिन 23 जुलाई को इटाराणा पुलिया के पास ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई थी। उस समय मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मानसिक रूप से प्रताड़ित किया भोजराज के पिता रामस्वरूप वर्मा ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की पत्नी सुमन वर्मा, जो बारां जिले के अंता क्षेत्र के एक सरकारी सीनियर सेकंडरी स्कूल में बाबू (लिपिक) है। उसका जीजा हिमांशु मोहालिया जयपुर मिनी सचिवालय में यूडीसी के पद पर कार्यरत है। इन दोनों के बीच अवैध संबंध थे और इसका विरोध करने पर भोजराज को धमकियां दी जाती थी। दोनों मिलकर बेटे को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। पिता ने कहा-बेटे को धमकियां मिल रही थी पिता ने यह भी आरोप लगाया कि हिमांशु खुद को प्रभावशाली बताते हुए कहता था कि उसके कई मंत्री और विधायकों से अच्छी पहचान है, वह भोजराज को नौकरी करना सिखा देगा। आरोप है कि दोनों वॉट्सऐप पर भी धमकी भरे मैसेज भेजकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। मृतक के पिता ने यह भी आरोप लगाया कि एक बार उनके बेटे ने अपनी पत्नी का गर्भपात भी करवाया था, क्योंकि वह गर्भ हिमांशु का था। उनका कहना है कि इन घटनाओं से परेशान होकर भोजराज ने आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की मामले की जांच के बाद एडीएम सिटी अलवर ने एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए। इसके बाद अरावली विहार थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण) और धारा 61(2) के तहत पत्नी सुमन वर्मा और उसके जीजा हिमांशु मोहालिया के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एसी पाइप से घर में घुसी मॉनिटर लिजार्ड:बच्चों ने देखा तो परिवार को दी जानकारी, सुरक्षित रेस्क्यू कर छोड़ी

जैसलमेर के पास अमर सागर गांव में पंचायत भवन के पास स्थित अजय माली के घर में एसी पाइप के छेद से एक मॉनिटर लिजार्ड (गोह) कमरे के अंदर घुस गई। दोपहर में कमरे में गए बच्चों ने एसी की इनडोर यूनिट के पास गोह को देखा और तुरंत परिजनों को बताया। परिवार ने वन्यजीव प्रेमी प्रेम चौधरी को बुलाया। उन्होंने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद गोह को सुरक्षित बाहर निकालकर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया। एसी पाइप के रास्ते कमरे में पहुंची गोह अमर सागर गांव में पंचायत भवन के पास स्थित अजय माली के घर में लगी एसी की आउटडोर यूनिट से इनडोर यूनिट तक आने वाले पाइप के छेद (होल) के रास्ते मॉनिटर लिजार्ड (गोह) कमरे के अंदर पहुंच गई। वह एसी की इनडोर यूनिट तक चली गई। बच्चों ने देखा तो परिवार को दी जानकारी दोपहर के समय जब परिवार के बच्चे कमरे में गए, तो उनकी नजर एसी की इनडोर यूनिट के पास रेंग रही गोह पर पड़ी। बच्चों ने तुरंत चिल्लाकर घर के बड़े सदस्यों को इसकी जानकारी दी। कमरे में इतनी बड़ी गोह को देखकर पूरा परिवार डर गया। राहत की बात यह रही कि उस समय कमरे में कोई सो नहीं रहा था, जिससे कोई अनहोनी नहीं हुई। प्रेम चौधरी ने एसी खोलकर किया रेस्क्यू मामले की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के वन्यजीव प्रेमी प्रेम चौधरी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पहले परिवार के लोगों को शांत रहने के लिए कहा। गोह एसी की इनडोर यूनिट के अंदर बने प्लास्टिक के हिस्से में छिप गई थी। इसके बाद प्रेम चौधरी ने एसी की इनडोर यूनिट का पूरा प्लास्टिक पैनल सावधानी से खोला। आधे घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित निकाली प्रेम चौधरी ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद गोह को बिना किसी चोट पहुंचाए सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद अजय माली के परिवार और मोहल्ले के लोगों ने राहत की सांस ली। वन्यजीव के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए गोह को सुरक्षित उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।

4 युवतियां लापता, दो लड़कियों का मोबाइल बंद:एक कॉलेज गई थी, दूसरी लाइब्रेरी से वापस नहीं लौटी, दो घर से बिना बताए निकली

सीकर में 4 अलग-अलग युवतियों के लापता होने का मामला सामने आया है। एक युवती कॉलेज तो दूसरी लाइब्रेरी गई थी। लेकिन दोनों ही वापस नहीं लौटी। जिनका अब मोबाइल भी स्विच ऑफ है। वहीं 2 युवतियां घर से बिना बताए कहीं पर चली गई। उनका भी कुछ पता नहीं चल पाया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है और संभावित स्थानों के साथ CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। कॉलेज गई युवती वापस नहीं लौटी पहले केस में 18 साल की युवती के पिता ने पुलिस में शिकायत देकर बताया कि उनकी बेटी 30 जून की सुबह 9 बजे के करीब घर पर बोलकर गई कि वह कॉलेज जा रही है। लेकिन वह वापस नहीं लौटी। इसके बाद उसकी आस-पड़ोस और रिश्तेदारी में भी काफी तलाश की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। लाइब्रेरी गई थी, अब तक घर नहीं आई दूसरे केस में 22 साल की युवती के पिता ने पुलिस में शिकायत देकर बताया कि उनकी 22 साल की बेटी 2 जुलाई की सुबह करीब 10 बजे लाइब्रेरी जाने की बात कहकर घर से निकली थी। जो अब तक वापस नहीं लौटी। इसके अतिरिक्त सीकर जिले में 21 साल की युवती 2 जुलाई की सुबह करीब 4 बजे घर से बिना बताए कहीं पर चली गई। 20 साल की युवती 30 जून की सुबह 11 बजे के करीब घर से बिना बताए कहीं चली गई। फिलहाल सभी मामलों में पुलिस युवतियों की तलाश कर रही है।

जालोर में आज भी बारिश की संभावना:भाद्राजून में कल रात 11 बजे से बिजली कटौती, लोंग परेशान

जालोर के आहोर क्षेत्र में प्री-मानसून की पहली बारिश दर्ज हुई है। बीती रात आहोर में करीब 13 एमएम बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को तेज गर्मी से हल्की राहत मिली। वहीं जिले के बाकी इलाकों में सुबह से घने बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार रात तक जालोर जिले में मानसून की एंट्री हो सकती है। सुबह से बादल, बाकी इलाकों को बारिश का इंतजार आहोर में हुई बारिश के बाद जालोर जिले के दूसरे क्षेत्रों में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। जिला मुख्यालय सहित कई इलाकों में सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हुए हैं, जिससे धूप का असर कम हुआ है। हालांकि, जिले के बाकी हिस्सों में सुबह से खबर लिखे जाने तक कहीं भी बारिश नहीं हुई है। लोग अब भी अच्छी बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। आज रात हो सकती है मानसून की एंट्री मौसम विभाग के अनुसार जालोर जिले के लिए आने वाले कुछ घंटे बेहद महत्वपूर्ण हैं। विभाग ने संभावना जताई है कि आज (शुक्रवार) रात तक जालोर जिले में मानसून की एंट्री हो सकती है। मानसून आने के साथ ही जिले में अच्छी बारिश का दौर शुरू होने की उम्मीद है, जिससे तापमान में और गिरावट आएगी। भाद्राजून में रात 11 बजे से बिजली कटौती एक तरफ लोग उमस से परेशान हैं, वहीं दूसरी तरफ बिजली कटौती ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। भाद्राजून क्षेत्र में गुरुवार रात 11 बजे से ही बिजली गुल है। विधुत विभाग के अनुसार देर रात लाइन में अचानक बड़ा तकनीकी फॉल्ट आ गया था। पूरी रात फॉल्ट ठीक करने में जुटी रही टीम पूरी रात और शुक्रवार सुबह तक विभाग की टीमें फॉल्ट को तलाशने और उसे ठीक करने में जुटी रहीं, लेकिन काफी मशक्कत के बाद भी सफलता नहीं मिल सकी। लंबे पावर कट के कारण लोग रात भर सो नहीं पाए। उमस से बचने के लिए लोग घरों के बाहर बैठकर गत्ते और कपड़ों से हवा करते हुए नजर आए।

कोटा में परिवार सो रहा था,मकान में घुसा ब्लैक कोबरा:अचानक 5 फीट लंबे सांप को देख मची अफरा-तफरी, स्नेक कैचर ने किया रेस्क्यू

कोटा शहर के नया गांव इलाके में शुक्रवार सुबह एक मकान में करीब 5 फीट लंबा ब्लैक कोबरा सांप घुस आया। उस समय परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। सुबह जब मकान मालिक रामेश्वर प्रसाद सोनी की नींद खुली तो उनकी नजर अचानक कमरे में अलमारी के पीछे बैठे ब्लैक कोबरा पर पड़ी। जहरीले सांप को देखते ही वह घबरा गए और तुरंत परिवार के अन्य सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्होंने पड़ोसियों को सूचना दी और स्नेक कैचर गोविंद शर्मा को मौके पर बुलाया। सूचना मिलते ही स्नेक कैचर गोविंद शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने सावधानीपूर्वक पूरे कमरे का निरीक्षण किया और अलमारी के पीछे छिपे ब्लैक कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया। काफी मशक्कत के बाद सांप को बिना किसी नुकसान के पकड़ लिया गया। समय रहते रेस्क्यू होने से बड़ा हादसा टल गया। पहले देखिए, घटना से जुड़ी PHOTO’S रेस्क्यू के बाद लाड़पुरा के जंगल में सांप को सुरक्षित छोड़ा स्नेक कैचर गोविंद शर्मा ने बताया कि ब्लैक कोबरा करीब 5 फीट लंबा था। परिवार में छोटे-छोटे बच्चे होने के कारण स्थिति गंभीर हो सकती थी, लेकिन समय रहते सूचना मिलने से बड़ा हादसा टल गया। रेस्क्यू के बाद सांप को उसके प्राकृतिक आवास लाड़पुरा के जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया। गनीमत रही कि इस पूरी घटना में किसी भी सदस्य को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। घर में सांप दिखाई दे तो उसे पकड़ने का प्रयास ना करें स्नेक कैचर ने लोगों से अपील की कि घर में सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं, उसे पकड़ने का प्रयास न करें और तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या वन्यजीव विशेषज्ञ को सूचना दें।

आंगनबाड़ी के पद खाली, 6 जुलाई तक करें आवेदन:10 बाल विकास परियोजनाओं में होगी भर्ती, 12वीं पास होना जरूरी

महिला एवं बाल विकास विभाग ने झुंझुनू में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक महिला उम्मीदवार 6 जुलाई 2026 तक आवेदन जमा करा सकती हैं। भर्ती जिले की 10 बाल विकास परियोजनाओं के तहत होगी। पनिदेशक बृजेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि सभी आवेदन ऑफलाइन माध्यम से संबंधित सीडीपीओ (CDPO) कार्यालय में जमा करने होंगे। जिले में कुल 47 पद खाली जिले में कुल 47 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें 8 पद आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के और 39 पद सहायिका के हैं। यह नियुक्तियां मंडावा, बुहाना, सूरजगढ़, सिंघाना, उदयपुरवाटी, नवलगढ़, खेतड़ी, पिलानी, झुंझुनू और अलसीसर सीडीपीओ क्षेत्रों के अंतर्गत की जाएंगी। यह रहे आवेदन के लिए जरूरी नियम आवेदिका की आयु 18 से 35 साल के बीच होनी चाहिए। उम्मीदवार का कम से कम 12वीं पास होना जरूरी है। ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं के लिए संबंधित राजस्व ग्राम और शहरी क्षेत्र की महिलाओं के लिए संबंधित वार्ड का स्थानीय निवासी होना जरूरी है। उम्मीदवारों की वरीयता सूची उनके शैक्षणिक डाक्यूमेंट्स, डिप्लोमा और कार्य अनुभव के अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी

जयपुर-दुबई के लिए 20 जुलाई से नई फ्लाइट:रोजाना दोपहर 1.45 बजे भरेगी उड़ान, चार महीने बाद पैसेंजर को मिलेगी राहत

जयपुर से दुबई ट्रैवल करने वाले पैसेंजर्स के लिए राहत भरी खबर है। लगभग चार महीने से प्रभावित दुबई एयर कनेक्टिविटी अब फिर मजबूत होने जा रही है। 20 जुलाई से स्पाइसजेट जयपुर और दुबई के बीच अपनी नियमित सीधी फ्लाइट शुरू करेगी। इसके साथ ही पैसेंजर्स को जयपुर से दुबई के लिए एक और डेली फ्लाइट का विकल्प उपलब्ध हो जाएगा, जिससे पर्यटन, व्यापार और प्रवासी भारतीयों को बड़ी सुविधा मिलेगी। स्पाइसजेट एयरलाइंस की फ्लाइट SG – 5157 हर दिन दोपहर 1 बजकर 45 मिनट पर जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरेगी और दोपहर 3 बजकर 45 मिनट पर दुबई पहुंचेगी। वहीं वापसी में फ्लाइट SG – 5158 दुबई से सुबह 7 बजकर 35 मिनट पर रवाना होगी और दोपहर 12 बजकर 45 मिनट पर जयपुर पहुंचेगी। एयरलाइन की ओर से दुबई फ्लाइट का संचालन रोजाना किया जाएगा। इससे जयपुर से दुबई जाने वाले पैसेंजर्स को ज्यादा विकल्प मिलेंगे और दोनों शहरों के बीच ट्रैवल पहले की मुकाबले में ज्यादा सुविधाजनक हो जाएगा। ट्रैवल का समय और खर्च दोनों बढ़ गए थे दरअसल, पिछले करीब चार महीने से अमेरिका, इजरायल और ईरान युद्ध की वजह से जयपुर से दुबई की सीधी उड़ानों का संचालन प्रभावित था। इससे संयुक्त अरब अमीरात में रहने वाले प्रवासी भारतीयों, पर्यटकों और व्यावसायिक पैसेंजर्स को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई पैसेंजर्स को दिल्ली, मुंबई या अन्य शहरों से कनेक्टिंग फ्लाइट लेकर दुबई जाना पड़ रहा था, जिससे उनके ट्रैवल का समय और खर्च दोनों बढ़ रहे थे। जयपुर एयरपोर्ट की इंटरनेशनल कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी ऐसे में स्पाइसजेट एयरलाइंस की यह नई सेवा शुरू होने से न केवल इंटरनेशनल पैसेंजर्स को राहत मिलेगी। बल्कि, जयपुर एयरपोर्ट की इंटरनेशनल कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी। बता दें कि दुबई राजस्थान के पैसेंजर्स के लिए सबसे बिजी इंटरनेशनल डेस्टिनेशंस में से एक है। बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीय, कारोबारी और पर्यटक इस रूट पर नियमित ट्रेवल करते हैं। पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा एविएशन क्षेत्र से जुड़े जानकारों का मानना है कि दुबई रूट पर नियमित उड़ानों की बहाली से पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, पैसेंजर्स को अब ज्यादा सुविधाजनक समय और बेहतर विकल्प उपलब्ध होंगे।

डकैत जगन गुर्जर की हत्या करने वाला विष्णु जाट गिरफ्तार:बोला- वह मुझसे कपड़े धुलवाता था, कमेंट भी करता था; झगड़े के कारण मार डाला

अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में डकैत जगन गुर्जर की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी विष्णु सिंह जाट को शुक्रवार सुबह 10.30 बजे प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। हथियारबंद जवान जेल से कड़ी सुरक्षा में उसे लेकर सिविल लाइन थाना पहुंचे। प्रारंभिक पूछताछ में विष्णु ने बताया कि जेल के अंदर जगन गुर्जर का दबदबा था। उसे जेल में सभी जग्गू दादा कहते थे। जगन मुझ पर भी काफी दबाव रखता था। मुझसे अंडर गारमेंट्स धुलवाता था। मुझ पर टिप्पणियां भी करता था। थाने लाते समय विष्णु ने कहा कि उसका जगन के साथ झगड़ा हो गया था। इसी के चलते उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। अजमेर उत्तर सीओ शिवम जोशी ने बताया- हाई सिक्योरिटी जेल में बंद जगन गुर्जर की 29 जून को हत्या हो गई थी। पुलिस विष्णु से हत्या का कारण, वारदात को कैसे अंजाम दिया सहित अन्य बिंदुओं पर पूछताछ करेगी। ये सवाल पूछेगी पुलिस पुलिस सूत्रों के अनुसार, पुलिस विष्णु से हर एंगल पर पूछताछ करेगी। उसने जगन गुर्जर की हत्या क्यों की? जब उसने जगन का गला दबाया तो जगन ने संघर्ष क्यों नहीं किया? क्या उसे पहले कुछ नशीला पदार्थ दिया गया था या और कोई कारण थे? वह इस हत्या की प्लानिंग कब से कर रहा था, इसमें और कोई भी शामिल है या नहीं? रेडियो चलने से जेल स्टाफ ने नहीं सुनी आवाज पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिस ब्लॉक में जगन गुर्जर बंद था, वहां दो जेल प्रहरी की ड्यूटी थी। पुलिस ने उन दोनों के बयान भी दर्ज किए हैं। एक जेल प्रहरी एक महीने पहले ही हाई सिक्योरिटी जेल में आया था। पूछताछ में स्टाफ ने बताया कि ब्लॉक के अंदर दोनों तरफ रेडियो चल रहे थे। अगर जगन गुर्जर हत्या के वक्त चिल्लाया भी होगा तो उन्हें रेडियो चलने के कारण आवाज नहीं आई थी। घटना के दिन जब दोपहर 3 बजे जेल खुली, उसके बाद उन्हें हत्या के बारे में पता चला था। 29 जून को अजमेर जेल में हुई थी हत्या 29 जून को अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में जगन गुर्जर की हत्या कर दी गई थी। भरतपुर के कुलदीप जघीना हत्याकांड के आरोपी विष्णु ने जगन गुर्जर का टॉवल (तौलिए) से गला दबाकर मर्डर किया था। जगन गुर्जर का अंतिम संस्कार 1 जुलाई को धौलपुर के डांग स्थित भवुतीपुरा गांव में हुआ। … जगन गुर्जर की हत्या से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… डकैत जगन गुर्जर की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा:पकड़ कर दो बार दबाया गया गला, बचने के लिए संघर्ष तक नहीं किया डकैत जगन गुर्जर की सेल तक कैसे पहुंचा हत्यारा?:जेल में दोनों की अलग-अलग सेल थी; मिलने के लिए आपसी सहमति थी जरूरी छावनी बना डकैत जगन का गांव,9 थानों की पुलिस तैनात:धौलपुर में हुआ अंतिम संस्कार, STF की सुरक्षा में तीनों भाइयों को लाया गया जगन गुर्जर की 3 मिनट में थम गई थीं सांसें:सुसाइड दिखाने की कोशिश; 13 फीट ऊंचे पंखे पर मिला गमछा, CCTV पर टूथपेस्ट लगाया अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में डकैत जगन गुर्जर की हत्या:कुलदीप जघीना हत्याकांड के आरोपी ने तौलिए से गला घोंटा, साथ में लूडो खेला था

हनुमान बेनीवाल के काफिले में घुसी कार,समर्थकों ने तोड़फोड़ की:सरिये-डंडों से शीशे तोड़े; सांसद बोले- जिनके पेट में दर्द है, दवाई ले लें

नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के काफिले के सामने आई कार में समर्थकों ने सरिये, डंडों और लातों से जमकर तोड़फोड़ कर दी। घटना गुरुवार दोपहर बाड़मेर में दांता गांव के पास हुई। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, हालांकि पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। दरअसल, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल देरासर (बाड़मेर) में जनसभा के लिए जा रहे थे। बाद में जनसभा में बेनीवाल ने घटना का जिक्र करते हुए कहा- लोगों के पेट में यह भी दर्द है कि हनुमान बेनीवाल यहां क्यों घूम रहा है। जिनके पेट में दर्द है, वे दवाई ले लें, उसका इलाज हो जाएगा। पहले देखें… घटना से जुड़ी तस्वीरें अब सिलसिलेवार पढ़िए पूरा घटनाक्रम… 1. काफिले के बीच आई इनोवा, समर्थकों ने की तोड़फोड़ सांसद हनुमान बेनीवाल गुरुवार को जोधपुर से बाड़मेर पहुंचे थे। दोपहर करीब 3 बजे सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करने के बाद उनका काफिला देरासर में जनसभा के लिए रवाना हुआ। दांता गांव के पास सामने से आ रही इनोवा कार काफिले के बीच में आ गई। इससे आरएलपी कार्यकर्ता और समर्थक आक्रोशित हो गए। उन्होंने काफिला रोककर कार में सरिये-डंडों से तोड़फोड़ की और शीशे तोड़ दिए। इसके बाद काफिला वहां से रवाना हो गया। 2. पीड़ित बोला- अपनी लेन में थी कार घटना की सूचना मिलने पर बाड़मेर ग्रामीण थाना प्रभारी विक्रम चारण पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। शिव थाना क्षेत्र के कोटडा इलाके के रहने वाले कार सवार श्रवण सिंह से जानकारी ली। श्रवण सिंह का कहना था कि उनकी कार हाईवे की सेंटर पट्टी से अपनी लेन में थी। इसके बावजूद कार में तोड़फोड़ की गई। 3. जनसभा में बेनीवाल ने घटना का किया जिक्र देरासर की जनसभा में हनुमान बेनीवाल ने कहा- एक कार हमारे काफिले के अंदर आ रही थी। मैंने कार्यकर्ताओं से कहा कि इसे जाने दो। कुछ लोगों के पेट में दर्द है कि हनुमान बेनीवाल यहां क्यों घूम रहा है। जिनके पेट में दर्द है, वे दवाई ले लें, उसका इलाज हो जाएगा।

तेज रफ्तार कार ने मां-बेटे को कुचला, VIDEO:महिला की मौत; घर के बाहर चारपाई पर सो रहा था बेटा, मां बैठी थी

घर के बाहर चारपाई पर बैठी मां और सो रहे बेटे को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। हादसे में मां की मौत हो गई। वहीं बेटा घायल है। हादसा भरतपुर के सीकरी के नगर रोड पर 1 जुलाई को सुबह करीब पौने सात बजे हुआ। अब इस हादसे का वीडियो सामने आया है। इसमें नजर आ रहा है कि कार सीधे आते-आते अचानक सड़क किनारे उतरी और तेज स्पीड में दोनों को टक्कर मारते हुए घर के सामने जाकर रुकी। तेज आवाज होने पर आसपास के लोग दौड़े। कार को ऊपर कर दोनों को निकाला, लेकिन तब तक महिला की मौत हो गई थी। वहीं घायल बेटे को हॉस्पिटल लेकर गए। गुस्साए लोगों ने कार में सवार दो लोगों को पकड़कर पिटाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को जब्त किया। अब देखिए, हादसे की PHOTOS… तेज रफ्तार में थी कार जानकारी के अनुसार- नगर रोड पेट्रोल पंप के पास गाड़िया लोहार परिवार के राजेश (30) चारपाई पर सो रहे थे। पास में दूसरी चारपाई पर उनकी मां महमू (60) बैठी थीं। नगर रोड की तरफ से स्पीड में आ रही वैगन कार ने उन्हें टक्कर मार दी। महमू की मौत हो गई, वहीं राजेश घायल हो गया। कार में दो लोग सवार थे। महिला के परिजनों और अन्य लोगों ने सबसे पहले कार में पिछली सीट पर बैठे व्यक्ति को नीचे उतारकर पिटाई की। इसके बाद ड्राइवर को निकालकर पीटा। सूचना पर सीकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल राजेश को स्थानीय हॉस्पिटल लेकर गई। प्राथमिक इलाज के बाद उसे अलवर जिला हॉस्पिटल रेफर किया गया, वहां से उसे जयपुर रेफर किया गया। पुलिस बोली- जांच कर रहे, सख्त कार्रवाई करेंगे महमू (मृतका) की बेटी मंजू ने बताया कि पुलिस ने कार के ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। घायल भाई की हालत अभी गंभीर है। वह जयपुर में हॉस्पिटल में भर्ती है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज को भी केस डायरी में शामिल कर लिया गया है। आरोपी ड्राइवर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।