ब्रेकिंग न्यूज़
साधु बनकर छिप रहा था रेप का आरोपी:4 राज्यों के मंदिरों में काट रहा था फरारी; पुलिस ने 10 हजार का इनामी बदमाश पकड़ा

जयपुर पुलिस ने नाबालिग लड़की से रेप कर फरार हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। 10 हजार रुपए का यह इनामी आरोपी साधु का वेश धारण कर मंदिरों में छिपा हुआ था। वह पिछले एक साल से चार राज्यों में पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने करीब एक साल पहले नाबालिग लड़की के साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया था। पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज होने की भनक लगते ही वह फरार हो गया। पुलिस की काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो उस पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया। हाल ही में जयपुर कमिश्नरेट साउथ के हेड कॉन्स्टेबल भीम सिंह को इस इनामी आरोपी के जवाहर सर्किल इलाके में छिपे होने की सूचना मिली। इसके बाद साइबर सेल के लोकेश कुमार की मदद से पुलिस टीम ने साधु के वेश में छिपे इस बदमाश को धर-दबोचा। आरोपी पिछले एक साल से साधु का वेश बनाकर हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड और राजस्थान के विभिन्न मंदिरों में छिपकर फरारी काट रहा था।

जयपुर में हुई 'रन फॉर हेल्थ' मैराथन:SMS मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल झंडी दिखाकर रवाना किया; डॉक्टर्स ने दौड़ लगाकर हेल्दी रहने का दिया संदेश

जयपुर में डॉक्टर्स डे पर जार्ड (जयपुर एसोसिएशन ऑफ रेजीडेंट डॉक्टर्स) ने पहली बार “रन फॉर हेल्थ” मैराथन का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और रेगूलर व्यायाम, स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना था। एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी ने फ्लैग ऑफ कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान अतिरिक्त अधीक्षक डॉ. गिरधर गोयल, सीनियर प्रोफेसर डॉ. धीरज जैफ, डॉ. पी.सी. मीणा, डॉ. एन.सी पूनिया और जार्ड के पदाधिकारी उपस्थित रहे। हेल्दी रहने का दिया संदेश इस मैराथन में सीनियर रेजिडेंट्स, जूनियर रेजिडेंट्स, एमबीबीएस छात्र-छात्राओं, मेडिकल कॉलेज फैकल्टी सदस्यों और अलग-अलग प्राइवेट हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने हिस्सा लिया। सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ भारत के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। जार्ड ने पहली बार कराया आयोजन जार्ड अध्यक्ष डॉ. राजपाल सिंह मीना ने बताया- जार्ड की तरफ से ये पहली बार मैराथन आयोजित की गई है। कार्यक्रम को सभी प्रतिभागियों और चिकित्सा समुदाय का भरपूर सहयोग और सराहना मिली। आयोजन सफलतापूर्वक और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर उपस्थित सभी डॉक्टरों ने स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।

स्कूटी से ढाई लाख चोरी का खुलासा:अंतर्राज्यीय गैंग के 2 बदमाशों को दबोचा, कडिया सांसी गैंग से जुड़े थे

डीडवाना-कुचामन में पुलिस अधीक्षक डीडवाना-कुचामन डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देशन में जिले की कुचामनसिटी थाना पुलिस ने स्कूटी की डिग्गी में से ढाई लाख रुपए चोरी के एक चर्चित मामले का खुलासा करते हुए अंतर्राज्यीय कडिया सांसी गैंग के 2 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सुमित सांसी और रितिक उर्फ काला को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों पर स्कूटी की डिग्गी से 2 लाख 50 हजार रुपए चोरी कर फरार होने का आरोप है।
कुचामनसिटी थाना पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है। झूठी FIR कराने वालों पर कार्रवाई, 2 के खिलाफ इस्तगासा पेश
इधर डीडवाना-कुचामन पुलिस ने झूठी एफआईआर दर्ज कराने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।
इसी कड़ी में पुलिस थाना बडू ने झूठी एफआईआर दर्ज कराने वाले 2 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। उनके खिलाफ कोर्ट में इस्तगासा (शिकायत) पेश किया गया है।
पुलिस के अनुसार झूठी सूचना या रिपोर्ट देने पर 6 महीने से 2 साल तक के कारावास का प्रावधान है। वहीं, गंभीर मामलों में यह सजा 7 साल तक बढ़ सकती है।

नारनौल में मालगाड़ी से कट कर व्यक्ति की मौत:राजस्थान का रहने वाला, पेंट के काम के सिलसिले में आया, कागजातों से हुई पहचान

महेंदगढ़ जिले के नारनौल में डीएफसी रेलवे लाइन पर माल गाड़ी की चपेट में आने से राजस्थान के एक पेंटर की मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया। जिसके बाद उसका नागरिक अस्पताल से पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया। राजस्थान के सीकर जिला के गांव डाबला निवासी करीब 47 वर्षीय धर्मेंद्र कुमार रंग पेंट का काम करता था। वह काम के सिलसिले में गांव बसीरपुर आया हुआ था। शनिवार को वह गांव बसीरपुर के पास रेलवे लाइन पार कर रहा था। मालगाड़ी की चपेट में आया इस दौरान गांव बसीरपुर के नजदीक जा रही रेलवे की दिल्ली-मुंबई कोरिडोर डब्ल्यूडीएफसी लाइन पर जा रही माल गाड़ी की चपेट में आ गया। इसकी सूचना जीआरपी चौकी नारनौल काे दी गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची जीआरपी ने शव को अपने कब्जे में लिया। जीआरपी ने कराया पोस्टमार्टम जिसके बाद मृतक की शिनाख्त उसके पास मिले कागजातों से हुई। जीआरपी ने इसकी सूचना परिजनों को दी। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों के बयान के आधार पर कार्रवाई करते हुए शव का नागरिक अस्पताल से पोस्टमार्टम करवा डेडबॉडी परिजनों को सौंप दी।

बरखेड़ा-बरबेली मुख्य सड़क बदहाल:बारिश में गांव का संपर्क कटने का खतरा, जगह जगह गहरे गड्ढे

झालावाड़ जिले के खानपुर उपखंड मुख्यालय से लगभग 14 किलोमीटर और गोलाना मुख्य हाईवे से करीब 6 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम बरखेड़ा की मुख्य संपर्क सड़क जर्जर हालत में है। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बरखेड़ा से बरबेली मोड़ तक जाने वाली यह सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिस पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे आवागमन जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार गांव से लगभग 500 मीटर दूर स्थित पीलिया खाल की पुलिया करीब 10 महीने पहले क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी, हेल्पलाइन नंबर 181 और स्थानीय विधायक को भी सूचना दी गई थी, लेकिन अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। पुलिया की मरम्मत न होने से स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। गांव में भारी वाहनों का प्रवेश लगभग बंद हुआ
सड़क और पुलिया की खराब स्थिति के कारण स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों की बस अब गांव तक नहीं पहुंच पा रही है। इसके साथ ही भारी वाहनों का गांव में प्रवेश भी लगभग बंद हो गया है। बरखेड़ा से मतवासा नहर की ओर जाने वाला कच्चा वैकल्पिक मार्ग भी लगातार बारिश के कारण कीचड़ और गड्ढों से भर गया है, जिससे ग्रामीणों के लिए आवागमन और अधिक मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र ही सड़क और पुलिया की मरम्मत नहीं कराई गई, तो लगातार हो रही बारिश के बीच बरखेड़ा गांव का खानपुर मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह टूट सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से तत्काल सड़क और पुलिया की मरम्मत कराने की मांग की है।
इस संबंध में कुलदीप सिंह राजपूत, जगदीश, रामबिलास मीणा, महावीर नागर, संजय, रामेश्वर नागर, मांगीलाल मीणा और राकेश सहित कई ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों से शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की है।

एमडी-डोडा पोस्त व देसी पिस्टल के साथ 2 युवक गिरफ्तार:नाकाबंदी में पकड़ी कार, आरोपियों से 8 मोबाइल भी जब्त

चूरू जिले की बीदासर थाना पुलिस ने 2 युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कार की तलाशी ली, जिसमें सवार युवकों के पास से एमडी, डोडा पोस्त और एक देसी पिस्टल बरामद हुई। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर कार, अवैध हथियार और मादक पदार्थ जब्त कर लिए हैं। पुलिस के मुताबिक बीकानेर रेंज आईजी के आदेश पर क्षेत्र में कड़ी नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान बीदासर से डूंगरगढ़ की ओर जा रही एक कार को रोका गया। कार में 2 युवक सवार थे, जो पुलिस की पूछताछ में घबरा गए और संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। संदेह होने पर पुलिस ने कार और युवकों की गहनता से तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवकों के पास से एमडी, डोडा पोस्त और एक देसी पिस्टल मिली। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सांडवा उंटालड़ निवासी 26 वर्षीय रामनारायण नाथ और बाना डूंगरगढ़ निवासी 35 वर्षीय हुकमनाथ के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से 1.1 ग्राम एमडी, 34 ग्राम डोडा पोस्त और एक अवैध देशी पिस्टल बरामद की है।
पुलिस को युवकों के पास से 8 मोबाइल फोन और कुछ नकद राशि भी मिली है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

झुंझुनू-सीकर फोरलेन पर डेढ़ फीट ऊंची बनाई जा रही सड़क:हल्की बारिश में भी डूब जाती थी, जुलाई अंत तक खत्म होगी जलभराव की परेशानी

मानसून में हर साल झुंझुनू-सीकर फोरलेन पर होने वाले जलभराव से लोगों को जल्द राहत मिलेगी। हवाई पट्टी सर्कल से एफसीआई गोदाम तक करीब आधा किलोमीटर सड़क को नई तकनीक से बनाया जा रहा है। 2.41 करोड़ रुपए की लागत वाले इस प्रोजेक्ट में सड़क को डेढ़ फीट ऊंचा किया जा रहा है और पुराने नाले का भी काम किया जा रहा है। काम जुलाई के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है। हल्की बारिश में भी डूब जाती थी सड़क पिछले कई सालों से हवाई पट्टी सर्कल से एफसीआई गोदाम तक का रास्ता बारिश के समय लोगों के लिए बड़ी परेशानी बना हुआ था। हल्की बारिश में भी सड़क पर पानी भर जाता था। कई वाहन बीच रास्ते में बंद हो जाते थे। ट्रैफिक जाम लग जाता था और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता था। स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और आम लोगों को रोज परेशानी झेलनी पड़ती थी। जलभराव की समस्या खत्म करने के लिए सड़क को मौजूदा स्तर से करीब डेढ़ फीट ऊंचा बनाया जा रहा है। करीब आधा किलोमीटर हिस्से में डिवाइडर के दोनों तरफ 7-7 मीटर चौड़ी सीसी सड़क तैयार की जा रही है।
नाले का भी हो रहा काम डिस्कॉम ऑफिस के सामने सड़क की ऊंचाई 450 एमएम रखी गई है। साथ ही हवाई पट्टी सर्कल तक पुराने नाले का रिनोवेशन किया जा रहा है, ताकि बारिश का पानी सड़क पर जमा होने के बजाय सीधे नगर परिषद के मुख्य ड्रेनेज नाले में पहुंच सके। जुलाई के अंत तक पूरा होगा प्रोजेक्ट प्रोजेक्ट डायरेक्टर परशुराम वर्मा ने बताया कि 2.41 करोड़ रुपए की लागत से यह सड़क बनाई जा रही है। काम मई में शुरू हुआ था और जुलाई के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है। सड़क बनने के बाद मानसून में इस हिस्से में जलभराव की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी।

दिल्ली इंटरव्यू देने गया युवक 15 दिन से लापता:मोबाइल भी बंद,परिवार ने दर्ज कराई रिपोर्ट; बिन बताए घर से निकली महिला भी गायब

सीकर में 44 साल के आदमी के लापता होने का मामला सामने आया है। वह करीब 15 दिन पहले विदेश जाने के लिए दिल्ली में इंटरव्यू देने के लिए गया था। आज तक वह वापस नहीं लौटा। युवक का मोबाइल भी लगातार स्विच ऑफ आ रहा है। मामले में परिजनों ने पुलिस में शिकायत दी है। लापता आदमी के पिता ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा विदेश में नौकरी के लिए जाना चाहता था। इसी सिलसिले में वह 20 मई को अपने डॉक्यूमेंट और पासपोर्ट लेकर दिल्ली गया था। उसने कहा था कि उसका दिल्ली में इंटरव्यू है इसके लिए वह जा रहा है। इंटरव्यू देने के बाद वापस लौट आएगा। लेकिन इंटरव्यू देने के बाद से लेकर अब तक 15 दिन बीत चुके हैं। युवक का कोई पता नही है। उसके दोनों मोबाइल नंबर अब लगातार स्विच ऑफ आ रहे हैं। फिलहाल पुलिस टेक्निकल सोर्सेज के आधार पर आदमी का पता लग रही है। 24 साल की महिला भी लापता सीकर जिले में 24 साल की महिला की लापता होने का मामला सामने आया है। जो रात के समय अपने ससुराल से बिना बताए कहीं पर चली गई। महिला के पति ने पुलिस में शिकायत देकर बताया कि 3 जुलाई की रात को वह अपनी पत्नी के साथ ही सोए थे। सुबह जब उठकर देखा तो पत्नी नहीं मिली। फिलहाल पुलिस महिला की तलाश कर रही है।

रात्रि चौपाल में नशामुक्ति का दिया संदेश:छानी बड़ी, दौलतांवाली में महिला सुरक्षा, साइबर अपराध पर किया जागरूक

हनुमानगढ़ जिले में ‘रात्रि चौपाल’ अभियान के तहत शनिवार रात को भिरानी थाना क्षेत्र के ग्राम छानी बड़ी और पीलीबंगा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत दौलतांवाली में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और यातायात नियमों की जानकारी दी। भिरानी थाना क्षेत्र के ग्राम छानी बड़ी स्थित अटल सेवा केंद्र में आयोजित चौपाल की अध्यक्षता थानाधिकारी राधेश्याम ने की। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिला-पुरुष, युवा और प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे। युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई और अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी की सूचना सीधे जिला पुलिस को देने का आह्वान किया गया। पुलिस ने सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने का आश्वासन दिया। नशे के खिलाफ जनभागीदारी बढ़ाने की अपील
वहीं पीलीबंगा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत दौलतांवाली में आयोजित रात्रि चौपाल की अध्यक्षता एएसपी (सेक्टर नोहर) गीता चौधरी ने की। इस दौरान पीलीबंगा थानाधिकारी जगदीश कड़वासरा सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
चौपाल में सीएलजी सदस्यों, महिलाओं, युवाओं और ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों से सीधा संवाद किया। अधिकारियों ने नशे के खिलाफ जनभागीदारी बढ़ाने और समाज को इस बुराई से मुक्त कराने में सहयोग की अपील की। महिला एवं बाल सुरक्षा पर विशेष चर्चा
दोनों चौपालों में महिला एवं बाल सुरक्षा पर विशेष चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं और बालिकाओं को आपातकालीन हेल्पलाइन 112 सहित अन्य सुरक्षा सेवाओं और कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। साथ ही, साइबर ठगी से बचने के लिए बैंक खाता, एटीएम, ओटीपी और अन्य गोपनीय जानकारियां किसी भी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की सलाह दी गई। यातायात नियमों का पालन करने पर भी जोर
यातायात सुरक्षा पर भी विशेष जोर देते हुए ग्रामीणों को हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, नाबालिगों को वाहन नहीं देने तथा सड़क नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने पुलिस के इस जनजागरूकता अभियान की सराहना करते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने, नशा तस्करी पर रोक लगाने और सुरक्षित समाज के निर्माण में पुलिस को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

अलवर में टीकाराम जूली बोले-गरीबों पर चला बुलडोजर:अतिक्रमण हटाओ अभियान में भेदभाव का आरोप; कहा- देश को गुमराह कर रहे पीएम

अलवर में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा- अतिक्रमण हटाओ अभियान में अपने लोगों को छोड़ दिया गया। भाजपा से जुड़े जिन व्यापारियों के प्रतिष्ठानों तक बुलडोजर पहुंचा, वहां पहुंचते ही कार्रवाई रोक दी गई। ये लोग केवल गरीबों को परेशान करने का काम कर रहे हैं। यदि कोई अभियान चलाया जाता है, तो वह नियमों के अनुसार और बिना किसी भेदभाव के चलाया जाना चाहिए। जूली ने आगे कहा कि कोचिंग संस्थानों को बिना किसी निष्पक्ष जांच के बंद किया जा रहा है। जो कोचिंग संस्थान पहले से बंद हैं, उन पर भी सील लगाई जा रही है, जबकि कुछ को सांठगांठ कर एनओसी (NOC) देकर दोबारा खुलवाया जा रहा है। कुल मिलाकर नियमों का पालन नहीं कराया जा रहा है, बल्कि सब कुछ मिलीभगत से चल रहा है। इस बीच, अलवर में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के कार्यालय में महिला कांग्रेस ने महिला आरक्षण को तुरंत लागू करने और ओबीसी महिलाओं को इसमें शामिल करने की मांग को लेकर एक हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर भरतपुर सांसद संजना जाटव और पूर्व मंत्री ममता भूपेश सहित महिला कांग्रेस की कई पदाधिकारी मौजूद रहीं। महिला आरक्षण के मुद्दे पर जूली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की जनता को गुमराह कर रहे हैं। महिला आरक्षण की शुरुआत सोनिया गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने की थी और उस समय भाजपा ने इसका विरोध किया था। आज महिला आरक्षण विधेयक (बिल) संसद से पारित हो चुका है, लेकिन सरकार इसे लागू करने में टालमटोल कर रही है। अब जब जनगणना की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है, तो जनगणना पूरी होते ही सरकार को बिना किसी देरी के महिला आरक्षण को तुरंत लागू करना चाहिए।