ब्रेकिंग न्यूज़
उम्मेद हॉस्पिटल में भर्ती दो प्रसूताओं की स्थिति में सुधार:सिजेरियन डिलीवरी के बाद 5 प्रसूताओं की बिगड़ गई थी तबीयत; एक मरीज वेंटिलेटर पर

जोधपुर में सिजेरियन डिलीवरी के बाद 5 प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ गई थी। वहीं पिछले दो दिन में 5 प्रसूताओं की ​तबीयत बिगड़ी है। इन सभी का इलाज उम्मेद हॉस्पिटल में चल रहा है। इनमें से 2 मरीज की स्वास्थ्य में सुधार हुआ है। डॉ. एस.एन. मेडिकल कालेज के प्रिंसिपल डॉ. बीएस जोधा ने प्रसूताओं के स्वास्थ्य को लेकर बुलेटिन जारी किया है। इसमें बताया कि कॉलेज से सम्बद्ध उम्मेद अस्पताल 24 घंटों में आईसीयू में भर्ती 5 मरीजों में से 2 मरीजों के स्वास्थ्य में सुधार होने पर उन्हें एचडीयू में शिफ्ट किया गया है। वर्तमान में आईसीयू में भर्ती 3 मरीजों में से 1 अभी वेंटीलेटर पर है। वहीं अन्य 2 मरीजों का स्वास्थ्य स्थिर है। इस अस्पताल में किसी प्रसूता की मृत्यु नहीं हुई है। एक प्रसूता की स्थिति गंभीर प्रिंसिपल डॉ. बीएस जोधा ने बताया- महात्मा गांधी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती तीन मरीज, जिसमें से एक मरीज में मिसमैच ब्लड ट्रांस्फ्यूजन किया गया था, उसका डायलिसिस चल रहा है। वह स्थिर अवस्था में है। सामू नामक दूसरी मरीज का इलाज भी जारी है। 24 जून को सामू की गर्भाशय और पेशाब की थैली फटने पर वह अस्पताल में आई थी। सामू अभी वेंटीलेटर पर है और डायलिसिस भी हो रहा है। उसकी स्थिति गंभीर है। इसके अलावा तीसरी मरीज अत्यधिक ब्लड लॉस के कारण किडनी पर असर होने के कारण उम्मेद अस्पताल से 18 जुलाई को शिफ्ट किया गया था, उसका इलाज चल रहा है। इस मरीज का भी डायलिसिस किया गया है। मरीज हालत स्थिर है। जोधा ने बताया- सभी मरीजों का इलाज वरिष्ठ चिकित्सकों की देखरेख में किया जा रहा है। मरीजों के परिजनों को समय-समय पर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी दी जा रही है। किसी भी मरीज की पिछले 24 घंटे में मृत्यु नहीं हुई है।

मुख्य हथियार सप्लायर अनिल कुमार उर्फ डूंगर गिरफ्तार:यूपी से खरीदकर राजस्थान के कई जिलों में करता था सप्लाई

खैरथल-तिजारा जिले की मुण्डावर थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के मुख्य सप्लायर अनिल कुमार उर्फ डूंगर (22) को गिरफ्तार किया है। अनिल कुमार भरतपुर के हिंगोटा, थाना खेड़ली मोड़ का निवासी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी उत्तर प्रदेश से हथियार खरीदकर राजस्थान के भरतपुर, अलवर और जयपुर सहित कई जिलों में उनकी आपूर्ति करता था। अनिल कुमार उर्फ डूंगर के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न थानों में कुल 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जया सिंह और किशनगढ़बास वृत्ताधिकारी लालसिंह यादव के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी मोहर सिंह के नेतृत्व में की गई। यह गिरफ्तारी 24 मई 2026 को तिनकीरूड़ी बस स्टैंड पर हुई एक पिछली कार्रवाई से जुड़ी है। उस दौरान मुखबिर की सूचना पर एक स्विफ्ट कार (RJ-02-CJ-7222) से लोकेश प्रजापत निवासी मातौर को गिरफ्तार किया गया था। उसके पास से दो अवैध 12 बोर देशी कट्टे और कार जब्त की गई थी। जांच में सामने आया था कि लोकेश प्रजापत गैंग रंजिश के चलते गैंगवार की तैयारी में भारी मात्रा में हथियार और कारतूस जुटा रहा था। इस मामले में पुलिस पहले ही गैंग सदस्य मनोज कुमार उर्फ मन्नू निवासी खुदनपुरी, अलवर को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अनिल कुमार उर्फ डूंगर की गिरफ्तारी के साथ इस प्रकरण में अब तक कुल तीन आरोपी पकड़े जा चुके हैं, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस अनिल कुमार से अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क, सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य आरोपियों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी लंबे समय से उत्तर प्रदेश से हथियार लाकर राजस्थान के विभिन्न जिलों में उनकी आपूर्ति कर रहा था। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थाना प्रभारी मोहर सिंह, सहायक उपनिरीक्षक रतनलाल, कांस्टेबल फूल सिंह और कांस्टेबल प्रेम कुमार शामिल थे।

झुंझुनूं एसपी बोले-हर संदिग्ध गतिविधि की पुलिस को सूचना दें:जिलेभर में हुई सीएलजी की बैठकें; नशामुक्ति और महिला सुरक्षा पर हुई चर्चा

पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से रविवार को झुंझुनूं जिले के सभी पुलिस थानों में कम्युनिटी लायजन ग्रुप (CLG) की बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर कानून-व्यवस्था, यातायात, साइबर अपराध, नशामुक्ति और महिला सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। जिला मुख्यालय स्थित कोतवाली थाना परिसर में हुई बैठक की अध्यक्षता एसपी कावेन्द्र सिंह सागर ने की। बैठक में शहर के प्रबुद्ध नागरिक, व्यापारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और सीएलजी सदस्य मौजूद रहे। एसपी बोले- पुलिस और जनता में बातचीत जरूरी
एसपी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद और सूचनाओं का समय पर आदान-प्रदान बेहद आवश्यक है। उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने, बढ़ते साइबर ठगी के मामलों के प्रति लोगों को जागरूक रहने, युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जन-जागरूकता अभियान चलाने और महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। इस दौरान एसपी ने उपस्थित लोगों की समस्याएं और सुझाव भी सुने। साथ ही उनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीएलजी सदस्य समाज और पुलिस के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं, जिनके सहयोग से अपराधों की रोकथाम और शांति व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलती है। उधर, जिले के अन्य सभी पुलिस थानों में भी संबंधित वृत्त अधिकारियों और थाना प्रभारियों की अध्यक्षता में सीएलजी बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में स्थानीय समस्याओं पर चर्चा की गई और लोगों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। बैठक के अंत में एसपी कावेन्द्र सिंह सागर ने सभी सीएलजी सदस्यों और नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सहयोग और विश्वास के बिना अपराधमुक्त वातावरण की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की ताकि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

हाईकोर्ट से शिक्षिका को राहत, वेतन रिकवरी पर लगाई रोक:विभाग ने रिटायरमेंट से पहले वार्षिक वेतन वृद्धि निरस्त करके 12 साल की रिकवरी निकाली थी

राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर बेंच ने रिटायरमेंट से ठीक पहले शिक्षिका के खिलाफ निकाली गई वेतन रिकवरी पर रोक लगा दी। जस्टिस आनंद शर्मा की अदालत ने यह आदेश शिक्षिका दलजीत कौर की याचिका पर सुनवाई करते हुए दिए। याचिका में कहा गया था कि साल 1993 में शिक्षिका पद पर नियुक्ति हुई थी। करीब 10 साल की सेवा पूरी करने के बाद उसे साल 2013 में नियमित करते हुए वेतन फिक्सेशन किया गया था। अब वह रिटायर होने वाली है तो शिक्षा विभाग ने उसके फिक्सेशन को गलत मानते हुए 12 साल की वार्षिक वेतन वृद्धि रद्द करते हुए उसके खिलाफ रिकवरी निकाल दी। जबकि उसका फिक्सेशन नियमों के तहत ही किया गया था। उसे सुनवाई का मौका दिए बिना उसके खिलाफ रिकवरी के आदेश निकाल दिए गए। सरकार ने आदेश वापस लिया, रिकवरी निकाली याचिकाकर्ता के अधिवक्ता नगेंद्र शर्मा ने बताया- साल 2002 में सरकार ने आदेश निकाला था कि जिस शिक्षक को सेवा में 10 साल हो गए हैं, उसे प्रशिक्षित मानकर उसे नियमित करते हुए उसके वेतन का फिक्सेशन किया जाए। इसके कारण याचिकाकर्ता को साल 2013 में नियमित करते हुए फिक्सेशन का लाभ दिया गया। बाद में सरकार ने यह आदेश वापस ले लिया। ऐसे में अब जब शिक्षका रिटायर होने वाली है तो विभाग ने साल 2013 से अब तक उन्हें मिली वार्षिक वेतन वृद्धियों को रद्द कर दिया। उन्हें दिए गए वेतन की रिकवरी निकाल दी। इसे हमने हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। अदालत ने हमारे पक्ष को जानने के बाद शिक्षिका को अंतरिम राहत देते हुए वेतन रिकवरी आदेश पर रोक लगा दी।

बस मालिक ने खुद पर डाला डीजल,आग लगाने की कोशिश:कहा- जुर्माना देने को तैयार, अफसरों ने नहीं सुनी; जयपुर में सिंधीकैंप पर RTO की कार्रवाई

जयपुर में आरटीओ की कार्रवाई से नाराज बस मालिक ने खुद पर डीजल डाल लिया। इसके बाद माचिस लेकर आग लगाने की कोशिश भी की। यह घटना सिंधीकैंप बस स्टैंड के सामने रविवार शाम करीब 5 बजे हुई। स्लीपर बसों के खिलाफ लगातार चल रही कार्रवाई के लिए आरटीओ सिंधीकैंप बस अड्‌डे के बाहर पहुंचे थे। यहां ग्वालियर रूट की एक बस को आरटीओ की उड़नदस्ता टीम ने नियमों का हवाला देते हुए जब्त करने के लिए कहा तो मालिक हाकिम सिंह चौधरी ने पहले चालान जमा करने के लिए कहा। हाकिम सिंह ने कहा- मैंने अफसरों से कहा कि मुझे सवारी लेकर जाना है और अगर कोई कमी है तो चालान कर दें, लेकिन बस जब्त नहीं करें। मैंने अधिकारियों से हाथ जोड़कर और पैर पकड़कर भी गुहार लगाई, लेकिन मेरी बात नहीं सुनी। इसके बाद बस से डीजल निकालते हुए खुद पर डाल लिया। फिर आग लगाने की कोशिश की। मौके पर मौजूद लोगों ने हाकिम सिंह को रोक लिया। घटना के बाद धौलपुर निवासी हाकिम सिंह चौधरी से भास्कर टीम ने बात की। हाकिम सिंह रोते हुए बोले- मेरी उम्र 61 साल है। मैं हार्ट का मरीज हूं। हर महीने दवाइयों पर 18 से 20 हजार रुपए खर्च होते हैं। इसी वजह से मैं अपनी ही बस में कंडक्टर का काम करता हूं, ताकि किसी दूसरे कर्मचारी की तनख्वाह न देनी पड़े। पहले देखें विवाद की PHOTOS बस मालिक बोला- मकान गिरवी, अपनी बस में बनता हूं कंडक्टर हाकिम सिंह चौधरी ने बताया- मैं अपनी बस लेकर सिंधी कैंप पहुंचा था। इसी दौरान आरटीओ उड़नदस्ता टीम ने बस की जांच की। इसके बाद नियमों का हवाला देते हुए बस जब्त करने के लिए कहा। हाकिम ने बताया- मेरा मकान गिरवी रखा है। मुझ पर करीब 25 लाख रुपए का कर्ज है। मेरे पास दो बसें हैं। दोनों बसें फाइनेंस पर हैं, जिनकी हर महीने किस्त चुकानी पड़ती है। अगर बसें नहीं चलेंगी तो किस्त, दवाइयों और घर का खर्च कैसे चलेगा। ‘कल 12 हजार की रसीद कटवाई, आज भी 15 हजार देने को तैयार था’ हाकिम सिंह ने बताया- मैं 30 साल से जयपुर-आगरा और जयपुर-ग्वालियर रूट पर बस चला रहा हूं। उन्होंने बताया- मैं राजस्थान सरकार को 50 हजार रुपए टैक्स देता हूं। उसकी रसीदें भी मेरे पास हैं। उन्होंने कहा- एक दिन पहले ही 18 जुलाई को मैंने 12 हजार रुपए की रसीद कटवाई थी। आज भी मैं 15 हजार रुपए तक की रसीद कटवाने को तैयार था, लेकिन अधिकारियों ने मेरी बात नहीं सुनी। उन्होंने बताया- आरटीओ इंस्पेक्टर ने आते ही कहा- 1.20 लाख रुपए जुर्माना जमा कराओ, नहीं तो बस सीज कर देंगे। हाकिम ने बताया- मैंने अफसरों से कहा कि मेरी गाड़ी बंद कर देंगे तो मेरी दवा कैसे आएगी, घर कैसे चलेगा। इससे अच्छा तो मैं खुद को खत्म कर लूं। इसी परेशानी में मैंने खुद पर डीजल डाल लिया। बस में कोई बड़ी कमी नहीं है हाकिम सिंह ने कहा- मेरी बस सभी जरूरी मानकों के अनुसार चल रही है। यदि कोई छोटी-मोटी कमी है तो उसे भी तुरंत ठीक कराने के लिए तैयार हूं। उन्होंने कहा- बस में ऐसी कोई बड़ी खामी नहीं थी, जिसके कारण उसे जब्त किया जाए। पहले कंडक्टर था, मेहनत से खरीदी बस हाकिम सिंह ने बताया- मैंने करियर की शुरुआत कंडक्टर के रूप में की थी। कई साल मेहनत करने के बाद पैसे जोड़कर पहली बस खरीदी। अब उम्र बढ़ने और बीमारी के बावजूद मैं खुद बस में कंडक्टर का काम करता हूं, ताकि परिवार और कर्ज की जिम्मेदारियां पूरी कर सकें। उन्होंने बताया- मेरे दो बेटे हैं, जो प्राइवेट नौकरी करते हैं। अपने-अपने परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। ऐसे में बस ही मेरी आय का मुख्य साधन है। आरटीओ की कार्रवाई को लेकर उठे सवाल स्लीपर बसों के खिलाफ चल रही कार्रवाई को लेकर पहले भी बस ऑपरेटर विरोध जता चुके हैं। इस घटना के बाद एक बार फिर कार्रवाई के तरीके पर सवाल उठने लगे हैं। वहीं घटना के बाद सिंधीकैंप बस स्टैंड के बाहर वनस्थली मार्ग पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और आरटीओ अधिकारियों पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। आरटीओ बोले- कार्रवाई से बचने के लिए मालिक ने यह किया जयपुर आरटीओ प्रथम चंपालाल जीणगर ने बताया- हाईकोर्ट के आदेश की पालना के लिए आरटीओ की फ्लाइंग ड्यूटी पर थी। इसी दौरान UP नंबर की बस सिंधीकैंप पर रुकी, जो बस बॉडी कोड के अनुरूप नहीं थी। इसे लेकर ही आरटीओ इंस्पेक्टर जयंत ने जुर्माना लगाने की बात कही। इस पर बस कंडक्टर-मैनेजर ने आग लगाने की कोशिश की। यह पूरा मामला कार्रवाई से बचने के लिए है।

बॉर्डर पर ड्रोन से हथियार गिराने के मामले में आरोपी-डिटेन:पंजाब के फाजिल्का से पकड़ा; नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

बीकानेर के खाजूवाला अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर के पास पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियारों की खेप गिराने के मामले में पुलिस ने पंजाब के फाजिल्का से सहयोगी आरोपी करण को राउंडअप किया है। इससे पहले पुलिस ड्रोन ड्रॉपिंग के मुख्य आरोपी सोनू उर्फ सुखविंदर को गिरफ्तार कर चुकी है। अब सहयोगी आरोपी करण सिंह को गिरफ्तार किया है। उससे पूछताछ के जरिए पूरे नेटवर्क और अन्य आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। 26 फरवरी को मिली थी हथियारों की खेप
26 फरवरी को खाजूवाला अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास बीएसएफ और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई हथियारों की बड़ी खेप बरामद की थी। जब्त सामग्री में मेड इन चाइना पिस्टल और 326 कारतूस शामिल थे। मामले की जांच एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में सीओ अनुष्ठा कालिया कर रही हैं। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में इस नेटवर्क से जुड़ी कई और कड़ियां सामने आ सकती हैं।

गोविंद देव मीणा एबीआरएसएम करौली के जिलाध्यक्ष बने:साधारण सभा में प्रेमराज मीणा वरिष्ठ, इंदिरा गुर्जर महिला उपाध्यक्ष नियुक्त

करौली में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) की जिला साधारण सभा संपन्न हुई। इस बैठक में संगठन विस्तार, कार्यकर्ता निर्माण और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई। सर्वसम्मति से गोविंद देव मीणा को जिलाध्यक्ष चुना गया। बैठक की अध्यक्षता निवर्तमान जिलाध्यक्ष गिरधारी लाल नामा ने की। प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार प्रेमराज मीणा (सपोटरा) को वरिष्ठ उपाध्यक्ष और इंदिरा गुर्जर को महिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। जिला प्रवक्ता राजेंद्र दीवान ने बताया कि प्रथम सत्र में प्रदेश संयोजक (अभिलेखागार प्रकोष्ठ) शिवशंकर शर्मा ने संगठन के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली और विस्तार की रणनीति पर मार्गदर्शन दिया। द्वितीय सत्र में प्रदेश संयुक्त मंत्री देवेंद्र कुमार शर्मा ने “संगठन के लिए कार्यकर्ता निर्माण” विषय पर व्याख्यान दिया, जिसमें समर्पित कार्यकर्ताओं की भूमिका पर प्रकाश डाला गया। तृतीय सत्र में “राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका” पर चर्चा हुई। नव नियुक्त जिलाध्यक्ष गोविंद देव मीणा ने नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए संगठन को जिले के प्रत्येक विद्यालय तक मजबूत करने का आह्वान किया। यह बैठक रामस्नेही कीर्तिराम आदर्श विद्या मंदिर में आयोजित हुई, जिसमें जिलेभर के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक का संचालन रघुनंदन दत्त शर्मा ने किया।

तस्कर ने कांस्टेबल पर किया फायर, हथियार समेत दबोचा:लग्जरी कार में डोडा-चूरा भरकर ले जा रहे थे; 2 गिरफ्तार, दो डिटेन

बालोतरा में पुलिस की टीमों ने डोडा-पोस्त तस्करों का पीछा किया। इस दौरान एक तस्कर ने कॉन्स्टेबल पर फायर कर दिया। कांस्टेबल ने सूझबूझ से फायर बचते हुए लगातार पीछा किया। टीमों ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, वहीं दो को डिटेन किया है। कार में भरे 228 किलो डोडा-पोस्त जब्त किए हैं। आरोपियों के कब्जे से देशी कट्टा मय जिंदा कारतूस और 2 खाली कारतूस बरामद किए। बालोतरा जिले की समदड़ी पुलिस, डीएसटी ने ऑपरेशन विषंभजन के तहत कार्रवाई शनिवार देर शाम को की थी। रात को भी जारी रही। एसपी रमेश ने बताया- डीएसटी प्रभारी आईदानराम ने बताया कि विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि रोहित कुमार पुत्र ओमप्रकाश निवासी पुनासा, थाना भीनमाल जिला जालोर, जो पहले से थाना सिणधरी इलाके में डोडा-पोस्त से भरी स्कॉर्पियों के मामले में संदिग्ध है। पाली से समदड़ी की ओर से किआ सेल्टोस में आ रहा है। सूचना पर गांव मजल में नाकाबंदी की गई। वाहन रोकने का इशारा करने पर कच्चे रास्ते से भागे पुलिस ने कार को रुकवाने का इशारा किया। लेकिन कार कच्चे रास्ते की ओर भगाकर ले गया। लगातार पीछा करने के दौरान वाहन का आगे का टायर फट जाने से वाहन रुक गया। इसके बाद दोनो आरोपी बबूल की झाड़ियों की तरफ भाग निकले। शंकरलाल ने कॉन्स्टेबल पर किया फायर टीमों की और से लगातार पीछा करने पर आरोपी शंकरलाल ने अपनी कमर में छिपा रखा देशी कट्‌टा निकालकर कांस्टेबल शेभूराम पर जान से मारने की नीयत से निशाना लगातार फायर किया। लेकिन कांस्टेबल ने शंभुराम ने तस्कर की ओर से की गई फायरिंग से बचते हुए आरोपी को लोडेड हथियार समेत पकड़ लिया। पुलिस की टीमों ने लगातार पीछा करते हुए दूसरे भागे तस्कर को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान रोहित कुमार पुत्र ओमप्रकाश निवासी पुनासा,जालोर और शंकरलाल पुत्र सोनाराम निवासी सोनड़ी, सेड़वा जिला बाड़मेर के रूप में हुई। एक देशी कट्टा, मैगजीन एक जिंदा कारतूस बरामद टीमों ने आरोपी शंकरलाल की तलाशी लेने पर एक देशी कट्टा, मैगजीन और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। वहीं किया सेल्टोस की तलाशी लेने पर पीछे की सीट, डिक्की समेत वाहन में से 228.150 किलोग्राम अवैध डोडा-पोस्त जब्त की। साथ ही कार में से अलग-अलग नंबरों की 14 नंबर प्लेट्स भी मिली है। अलग-अलग फास्टटैग टोल नाकों पर पुलिस व उसके मुखबिर से बचने के लिए उपयोग में लेते थे। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। एस्कॉर्ट कर रही एक स्विफ्ट कार पकड़ी जांच एवं आरोपियों से पूछताछ के दौरान सूचना के आधार पर एस्कॉर्ट कर रही एक शिफ्ट कार को थाना बिशनगढ़ के सहयोग से डिटेन की गई। वाहन से ओमप्रकाश पुत्र ठाकराराम एवं रमेश पुत्र भागीरथराम दोनों निवासी भिये की बेरी, सोनड़ी थाना सेड़वा जिला बाड़मेर को डिटेन किया गया। रोहित गुजरात का वांटेड टीमों की ओर से की गई पूछताछ में सामने आया है कि रोहित पुत्र ओमप्रकाश गुजरात के जिला डीसा के थाना धानेरा में अवैध शराब तस्करी के एक मामले में करीबन 2 साल से फरार चल रहा हे। गिरफ्तारी से बचने के लिए वास्तवित पहचान छिपाने के लिए अपने पास फर्जी आधार कार्ड रखकर उसकी के आधार पर विभिन्न स्थानों पर आता-जाता था। इनपुट : महावीर सेन

चित्तौड़गढ़ में एक रात में कई कॉलोनियों में घुसे चोर:घर से लाखों की ज्वेलरी चुराई; एकलिंगपुरी में कुत्तों के भौंकने पर भाग निकले

चित्तौड़गढ़ शहर के कई अलग-अलग कॉलोनियों में चोरों ने वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। रूप नगर में परिवार के बाहर होने का फायदा उठाकर चोर सूने मकान से करीब 5 से 6 लाख रुपए के गहने ले गए, जबकि एकलिंगपुरी में सात संदिग्ध एक मकान में घुसने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान कुत्तों के भौंकने से उनकी योजना पूरी नहीं हो सकी और वे मौके से भाग निकले। रविवार दोपहर को सीसीटीवी फुटेज देखने पर पूरी घटना सामने आई। इसके अलावा खमेसरा नगर में भी चोरी की बात सामने आई है। एक ही रात में कई जगहों पर हुई इन घटनाओं से इलाके के लोगों में डर का माहौल है। शुरुआती जांच में चोरों के चड्डी-बनियान गिरोह से जुड़े सदस्य होने की आशंका है। सभी चोरों ने अपने मुंह भी ढक रखे थे। रूप नगर में सूने मकान को बनाया निशाना रूप नगर में रहने वाले सरकारी टीचर बजरंग कुमावत अपनी पत्नी के साथ गोवा घूमने गए हुए थे। उनका बेटा जयपुर में नौकरी करता है। घर बंद होने की जानकारी चोरों को मिल गई और शनिवार देर रात उन्होंने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर लिया। रविवार सुबह पड़ोसियों ने मकान का टूटा हुआ ताला देखा तो तुरंत बजरंग कुमावत को फोन कर सूचना दी। इसके बाद उनके बेटे को भी जयपुर से बुलाया गया। शाम को घर पहुंचकर उसने सामान देखा तो पता चला कि घर में रखे करीब 5 से 6 लाख रुपए के गहने गायब हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है, ताकि चोरों तक पहुंचा जा सके। एकलिंगपुरी में चार संदिग्ध कैमरे में कैद उसी रात एकलिंगपुरी कॉलोनी में भी चार संदिग्ध एक मकान में घुसने की कोशिश करते नजर आए। कॉलोनी निवासी एडवोकेट ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि लोकेश पोरवाल और राकेश बसवाल के मकान पास-पास हैं। देर रात चार लोग वहां पहुंचे। इसके अलावा आसपास की गलियों में भी सात चोर नजर आए। एक सीसीटीवी फुटेज में सात चोर घूमते हुए नजर आए। वहीं दूसरे सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति मकान में घुसने की कोशिश कर रहा था, जबकि बाकी तीन बाहर खड़े होकर नजर रख रहे थे। इसी दौरान कॉलोनी के कुत्ते लगातार भौंकने लगे। आवाज सुनकर चोर घबरा गए और बिना वारदात किए वहां से भाग निकले। रविवार दोपहर बाद जब लोकेश पोरवाल ने अपने घर के सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग देखी तो पूरी घटना सामने आई। फुटेज में सभी संदिग्ध साफ नजर आ रहे हैं। इसके बाद इस वारदात की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी गई। लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग एक ही रात में पास-पास के कई कॉलोनियों को निशाना बनाए जाने से लोगों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि संदिग्धों का तरीका देखकर ऐसा लग रहा है कि यह वही गैंग हो सकता है, जो बंद मकानों की रेकी कर देर रात वारदात करने के लिए जाना जाता है। लोगों ने पुलिस से रात के समय गश्त बढ़ाने, संदिग्ध लोगों पर नजर रखने और कॉलोनियों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि दोनों घटनाओं की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और आसपास से मिले अन्य सुरागों के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

डूंगरपुर: 2 दिन बंद रहेगी बिजली आपूर्ति:220 केवी लाइन निर्माण के चलते कई गांवों में 10-11 घंटे कटौती

उदयपुर-डूंगरपुर 220 केवी डबल सर्किट ट्रांसमिशन लाइन के निर्माण कार्य के कारण रघुनाथपुरा-मसानिया 11 केवी फीडर से जुड़े गांवों में 20 और 21 जुलाई को बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इस दौरान कई गांवों में 9.5 से 11 घंटे तक की कटौती होगी। दोवड़ा विद्युत विभाग के सहायक अभियंता (एईएन) ने बताया कि 220 केवी ट्रांसमिशन लाइन के इरेक्शन कार्य के लिए शटडाउन लिया जाएगा। 20 जुलाई को सुबह 10 बजे से शाम 7:30 बजे तक (लगभग 9 घंटे 30 मिनट) बिजली बंद रहेगी। वहीं, 21 जुलाई को सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे तक (लगभग 11 घंटे) विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। इस निर्धारित शटडाउन से रघुनाथपुरा-मसानिया 11 केवी फीडर से जुड़े सभी गांव और क्षेत्र प्रभावित होंगे। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस अवधि के दौरान आवश्यक कार्य पहले ही निपटा लें और सहयोग बनाए रखें। विद्युत विभाग के अनुसार, 220 केवी डबल सर्किट ट्रांसमिशन लाइन का निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र की बिजली व्यवस्था सुदृढ़ होगी। इससे भविष्य में उपभोक्ताओं को बेहतर और अधिक विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा।