ब्रेकिंग न्यूज़
भाई की मौत का सदमा नहीं सकी बहन:खबर मिलते ही तबीयत बिगड़ी, एक घंटे बाद ही दम तोड़ा

सवाई माधोपुर में 87 साल के भाई की मौत की खबर सुनते ही सदमे में 83 साल की बहन ने भी दम तोड़ दिया। भाई के निधन की सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद बहन की भी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि भाई की मौत के बाद उन्हें संभालने की कोशिश की गई, लेकिन कुछ देर बाद उन्होंने भी अंतिम सांस ले ली। एक घंटे के अंतराल में हुई दोनों की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली। मामला सवाई खंडार तहसील के कटार और सोनकच्छ गांव का है, जहां 11 जुलाई सुबह करीब 7 बजे यह घटनाक्रम हुआ। पढ़िए … पूरा घटनाक्रम 1. सुबह 7 बजे भाई की अचानक मौत हुई
11 जुलाई की सुबह करीब 7 बजे खंडार तहसील के कटार गांव निवासी हरफूल गुर्जर (87) घर के आंगन में नहाने के बाद खाट (चारपाई) पर बैठे थे। इसी दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार वह पूरी तरह स्वस्थ थे और किसी तरह की बीमारी नहीं थी। 2. भाई के निधन की खबर मिलते ही लगा सदमा
हरफूल गुर्जर की मौत की सूचना करीब 5 किलोमीटर दूर सोनकच्छ गांव में रहने वाली उनकी बहन फूला देवी (83) को दी गई। भाई के निधन की खबर सुनते ही वह गहरे सदमे में चली गईं। परिवार और रिश्तेदार उन्हें लगातार संभालने और सांत्वना देने की कोशिश करते रहे। 3. एक घंटे में बहन ने भी दम तोड़ दिया
रिश्तेदार रामजीलाल ने फूला देवी को लूगड़ा भेंट किया, जबकि रामप्रसाद ने उन्हें भगवद्गीता का 12वां अध्याय सुनाया। उस समय वह सामान्य नजर आ रही थीं, लेकिन भाई के निधन की सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद दम तोड़ दिया। 4. परिवार में शोक का माहौल
भाई-बहन की एक घंटे में मौत की खबर से कटार और सोनकच्छ सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। किसान महापंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल जाट भी दोनों परिवारों के घर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने रामायण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान राम के वनवास जाने के बाद राजा दशरथ ने भी पुत्र वियोग में प्राण त्याग दिए थे। आज के समय में भाई-बहन के बीच ऐसा भावनात्मक रिश्ता विरले ही देखने को मिलता है। 5. पांचों भाई-बहनों का हो चुका है निधन
परिजनों ने बताया कि हरफूल गुर्जर और फूला देवी सहित परिवार में कुल पांच भाई-बहन थे। समय के साथ सभी का निधन हो चुका है और अब इस पीढ़ी का कोई भी भाई-बहन जीवित नहीं बचा है।

कोटा में पत्थर से हमला कर युवक को मार डाला:सड़क किनारे शव फेंककर भागा आरोपी, पुलिस ने पकड़ा

कोटा में युवक की हत्या के आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लिया है। सांगोद कस्बे में सोमवार सुबह शव बिना कपड़ों के सड़क किनारे पड़ा हुआ मिला। शव पर सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने पत्थर से हमला करके उसे मार डाला था। ताखाजी मंदिर मोहल्ले के पास सड़क किनारे संदिग्ध हालत में मिले शव की पहचान शुभम माली (23) के रूप में हुई, जो अदालत परिसर के पीछे का निवासी था। सिर-शरीर पर चोट के निशान मिले कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने बताया- घटना की सूचना सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे सांगोद थाना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा- युवक का शव बिना कपड़ों के सड़क किनारे पड़ा हुआ था। शव पर सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले। पुलिस ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। जांच में सामने आया कि शुभम रविवार रात करीब 10 बजे घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया- शुभम मानसिक रूप से कमजोर था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने बताया- प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संदिग्धों से पूछताछ की। इसके बाद पुलिस ने महज कुछ घंटों में महावीर माली (40) को डिटेन कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने शुभम की पत्थर से सिर पर वार कर हत्या करना स्वीकार किया। सांगोद थाना अधिकारी पवन मीणा ने बताया- आरोपी से पूछताछ की जा रही है। हत्या के पीछे के कारणों की भी जांच की जा रही है। वहीं, शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिवार को सौंप दिया है।

जयपुर में नकली दूल्हा-दुल्हन की शाही अंदाज में निकली बारात:सैकड़ों बाराती हुए शामिल, मिस राजस्थान ने रैम्पवॉक किया; मेहमानों को परोसा लजीज राजस्थानी व्यंजन

जयपुर में रविवार रात एक ऐसी शाही बारात निकली, जिसने हर किसी को कुछ पल के लिए असमंजस में डाल दिया। बैंड-बाजे की गूंज, सजी-धजी बग्गी, पारंपरिक परिधानों में थिरकते बाराती, आतिशबाजी, शाही स्वागत और भव्य वरमाला… सब कुछ बिल्कुल असली शादी जैसा था। फर्क सिर्फ इतना था कि यह शादी असली नहीं, बल्कि ‘मॉक वेडिंग’ थी, जिसका उद्देश्य राजस्थान की शाही वेडिंग संस्कृति और वेडिंग इंडस्ट्री की भव्यता को दुनिया के सामने प्रस्तुत करना था। यह अनोखा आयोजन इंटरनेशनल वेडिंग एंड टूरिज्म कॉन्क्लेव (आईडब्ल्यूटीसी) के दौरान फेयरमोंट होटल में किया गया, जहां देश-विदेश से आए वेडिंग प्लानर्स, होटल व्यवसायी, इवेंट एक्सपर्ट्स और पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों ने भारतीय शादियों की रॉयल झलक को बेहद करीब से देखा। बग्गी पर सवार दूल्हा, बैंड की धुनों पर झूमते बाराती शाम होते ही शाही बग्गी पर सवार दूल्हे की एंट्री हुई। पारंपरिक बैंड की धुनों पर बाराती पूरे उत्साह के साथ नाचते-गाते होटल की ओर बढ़े। शंकर बैंड की धुनों और बारात और व्हील्स के संगीत पर करीब आधे घंटे तक डांस और जश्न का सिलसिला चलता रहा। बारात इतनी वास्तविक लग रही थी कि देखने वाले कई लोगों को यह असली शादी ही प्रतीत हुई। दुल्हन पक्ष ने किया पारंपरिक स्वागत होटल फेयरमोंट के मुख्य प्रवेश द्वार पर दुल्हन पक्ष ने बारात का पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया। बारातियों को फूलों की मालाएं पहनाई गईं, इत्र छिड़का गया और राजस्थानी आतिथ्य की झलक दिखाई गई। इसके बाद सभी मेहमानों को भव्य बैंक्वेट हॉल में ले जाया गया, जहां शादी समारोह की अगली रस्में आयोजित की गईं। विशेष रूप से तैयार किए गए भव्य मंच पर दूल्हा और दुल्हन की अलग-अलग थीम पर रॉयल एंट्री करवाई गई। रोशनी, संगीत और फायरवर्क्स के बीच दोनों ने मंच पर प्रवेश किया। इसके बाद पारंपरिक अंदाज में वरमाला की रस्म निभाई गई। पूरे आयोजन में आधुनिक तकनीक और राजस्थानी शाही परंपराओं का शानदार संगम देखने को मिला। फैशन शो में दिखा रॉयल ब्राइडल कलेक्शन मॉक वेडिंग के बाद ‘वेड-वाह ब्राइडल स्टाइल वॉक’ का आयोजन किया गया। इसमें मिस राजस्थान और मिसेज राजस्थान की मॉडल्स ने ब्राइडल कलेक्शन प्रस्तुत किया। फैशन शो में राजस्थान की पारंपरिक पोशाकों के साथ आधुनिक रॉयल वेडिंग कलेक्शन भी आकर्षण का केंद्र रहा। इस शो का निर्देशन योगेश मिश्रा और निमिषा मिश्रा ने किया, जबकि डिजाइनर मधुर चेतवानी ने विशेष ब्राइडल कलेक्शन प्रस्तुत किया। मॉडल्स का मेकअप जस्सी छाबड़ा की टीम ने किया। शो में देव राठौड़ दूल्हे और मिस ओशन इंडिया हीना ठाकुर दुल्हन की भूमिका में नजर आए। राजस्थान की वेडिंग इंडस्ट्री का लाइव प्रदर्शन आयोजन में बारातियों की भूमिका इवेंट मैनेजर्स, मॉडल्स, एंकर, कोरियोग्राफर्स और वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े पेशेवरों ने निभाई। आयोजन का उद्देश्य देश-विदेश से आए प्रतिनिधियों को यह दिखाना था कि राजस्थान में होने वाली शादियां केवल समारोह नहीं, बल्कि संस्कृति, परंपरा, आतिथ्य और भव्यता का जीवंत अनुभव होती हैं। मॉक वेडिंग के माध्यम से वेडिंग प्लानिंग, डेकोरेशन, एंट्री कॉन्सेप्ट, लाइटिंग, संगीत, फैशन, फूड और राजस्थानी मेहमाननवाजी जैसे सभी पहलुओं का प्रदर्शन किया गया, ताकि राजस्थान को वैश्विक डेस्टिनेशन वेडिंग हब के रूप में और मजबूती से स्थापित किया जा सके।

माता-पिता की मौत,पढ़ाई छूटी, अब NEET में 422वीं रैंक आई:2020 में सरकारी मेडिकल सीट नहीं मिली तो घर लौटे; 5 साल तक दुकान चलाई

कोटा से नीट की कोचिंग करने वाले अभिषेक कुमार अग्रवाल का आखिरकार डॉक्टर बनने का सपना पूरा हो पाएगा। अभिषेक ने नीट यूजी-2026 में 720 में से 673 अंक हासिल कर ऑल इंडिया 422वीं रैंक हासिल की है। यहां तक पहुंचने के रास्ते में अभिषेक के जीवन में कई बाधाएं आई। 2020 नीट परीक्षा 600 अंक मिलने पर भी सरकारी मेडिकल सीट नहीं मिल पाई। वे दो राज्यों के डोमिसाइल (मूल निवास) नियमों में फंस गए। आर्थिक तंगी और निराशा के बीच वे कोटा छोड़कर वापस अपने घर असम चले गए। इस बीच इनके पिता और फिर मां का भी निधन हो गया। अभिषेक पूरी तरह टूट चुके थे। पांच साल पढ़ाई से दूर हो गए थे,तब उनकी सात बहनें सहारा बनी और भाई को वापस पढ़ाई के लिए मोटिवेट किया। आखिरकार उनका सपना पूरा होता दिख रहा है। पढ़िए- अभिषेक अग्रवाल के संघर्ष और सक्सेस की कहानी दोनों राज्यों के कड़े नियमों के कारण सीट नहीं मिली थी अभिषेक अग्रवाल मूल रूप से असम के रहने वाले हैं। उनका डॉक्टर बनने का सपना है। वे स्कूल के दिनों से होनहार स्टूडेंट्स में रहे हैं। सीबीएसई 10वीं में 9.8 सीजीपीए आए थे। इसके बाद अपना सपना पूरा करने 2020 में कोटा आ गए थे। यहां रहकर उन्होंने नीट की तैयारी शुरू कर दी थी। कड़ी मेहनत के दम पर 2020 में नीट परीक्षा में 600 अंक हासिल किए थे। पर कहते हैं न कि नियति के आगे किसी की नहीं चलती। अभिषेक की स्कूली शिक्षा राजस्थान से हुई थी और जन्म असम में हुआ था। दोनों राज्यों के कड़े डोमिसाइल (मूल निवास) नियमों के कारण उन्हें राज्य का स्टेट कोटा नहीं मिल सका था। इसके अलावा 600 अंक आने के बाद भी 15 प्रतिशत ऑल इंडिया कोटा के तहत भी सरकारी मेडिकल कॉलेज में सीट नहीं मिल पाई थी। आर्थिक तंगी और निराशा के बीच आखिरकार उन्हें कोटा छोड़कर घर लौटना पड़ा। माता-पिता का निधन, डॉक्टर बनने का सपना टूट चुका था अपने घर असम लौटते ही अभिषेक की जिंदगी पूरी तरह बदल गई। वो मान बैठे थे कि उनके डॉक्टर बनने का सपना कभी पूरा नहीं होगा। किताबों की जगह उनके हाथ में हार्डवेयर और केमिकल की पारिवारिक दुकान का बही-खाता आ गया था। साल 2021 में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से उनके पिता का निधन हो गया। पिता को खोने के गम से परिवार उबर भी नहीं पाया था कि नवंबर 2024 में दिल का दौरा पड़ने से मां का साया भी सिर से उठ गया था। माता-पिता के असमय चले जाने से परिवार की पूरी जिम्मेदारी अभिषेक के कंधों पर आ गई थी। बिजनेस संभालते हुए दिन बीत रहे थे। 7 बहनें बनीं अपने भाई की ढाल पढ़ाई की उम्मीद पूरी तरह टूटती दिख रही थी। तब अभिषेक की सात शादीशुदा बहनों नीलम, शीतल अग्रवाल, सीमा अग्रवाल, सोनिया गोयल, प्रिया बंसल, पायल पोद्दार और डिंपल अग्रवाल ने अपने भाई की ढाल बनने का फैसला किया। बहनों ने न केवल अभिषेक का हौसला बढ़ाया, बल्कि कोटा में उनकी पढ़ाई और रहने का पूरा खर्च खुद उठाने की जिम्मेदारी ली। बहनों के इसी अटूट भरोसे और संबल के दम पर फरवरी 2025 में अभिषेक ने जिंदगी का ‘री-स्टार्ट’ बटन दबाया और मई 2025 में एक बार फिर कोटा आए। एम्स से एमबीबीएस करना चाहते हैं अभिषेक अभिषेक 2025 से लगातार नीट की तैयारी में जुटे थे। अभिषेक ने दिन-रात एक कर मेहनत की और जब नीट यूजी-2026 का परिणाम आया, तो उन्होंने देश के टॉप-500 स्टूडेंट्स में अपनी जगह बनाकर सबको हैरान कर दिया। अब अभिषेक किसी प्रतिष्ठित एम्स से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करना चाहते हैं। उनका सपना भविष्य में एक सफल न्यूरोसर्जन बनकर समाज की सेवा करना है। मकानों में कलर करने वाले सूरज की 16,569 वीं रैंक मकानों में कलर करने वाले बूंदी जिले के कापरेन कस्बे के सूरज सैनी ने नीट में 583 नंबर हासिल किए हैं। उनकी ऑल इंडिया जनरल रैंक 16,569 और ओबीसी कैटेगरी में 7800 रैंक आई है। सूरज ने सरकारी स्कूल से पढ़ाई करते हुए 10वीं में 87% और 12वीं में 85% अंक हासिल किए थे। सूरज की मां घीसी बाई और छोटी बहन गरिमा खेतों में मजदूरी करती हैं। सूरज खुद पढ़ाई के साथ-साथ छुट्टियों में घरों में कलर करने का काम कर परिवार का हाथ बंटाते थे।आर्थिक तंगी और गांव में आगे पढ़ाई की व्यवस्था न होने के चलते बहन गरिमा की पढ़ाई 8वीं के बाद छूट गई थी। कोटा में फ्री कोचिंग मिली
सूरज को कोटा स्थित कोचिंग संस्थान में शिक्षा संबल कार्यक्रम के बारे में पता चला था। सूरज ने इसके लिए परीक्षा दी और उसमें सफल हो गया। इसकी बदौलत कोटा में नीट की फ्री कोचिंग कर पाया। सूरज ने बताया कि शिक्षा संबल मेरे जीवन का वास्तविक टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। अगर यह कार्यक्रम न होता तो मेरे जैसे आर्थिक रूप से कमजोर छात्र के लिए कोटा आकर इतनी बेहतरीन सुविधाओं के साथ नीट की तैयारी करना मुश्किल था।

बीकानेर में अनकंट्रोल प्राइवेट बस पलटी, मासूम की मौत:16 यात्री घायल,14 रेफर, गाय को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा

जोधपुर से लुधियाना जा रही एक निजी बस के सामने अचानक गाय आने से बड़ा सड़क हादसा हो गया। गाय को बचाने की कोशिश में बस अनकंट्रोल होकर पलट गई। हादसे में 8 माह के मासूम माधव की मौत हो गई, जबकि 16 यात्री घायल हो गए। इनमें 14 की हालत गंभीर होने पर उन्हें पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया। हादसा रविवार देर रात बीकानेर के लूणकरणसर क्षेत्र में एनएच-62 पर विश्वकर्मा मार्केट के पास हुआ। बस पलटते ही मची चीख-पुकार, लोगों ने शुरू किया रेस्क्यू हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को बस से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर लूणकरणसर थानाधिकारी गणेश कुमार विश्नोई और उप निरीक्षक धर्मवीर सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। 14 गंभीर घायलों को पीबीएम अस्पताल किया रेफर स्थानीय लोगों और एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को लूणकरणसर के उप-जिला अस्पताल पहुंचाया गया। तब तक 8 माह के मासूम माधव की मौत हो चुकी थी। उसके शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद 14 गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। क्रेन से हटाई गई बस, हादसे की जांच शुरू पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटवाया। पहले क्रेन की मदद से बस को सीधा किया गया, इसके बाद उसे हाईवे से हटाया गया ताकि यातायात सामान्य हो सके। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस के सामने अचानक गाय आने से हादसा हुआ। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

LDC परीक्षा विवाद,SP बोले-गिरफ्तारी के तीन दिन बाद आरोप बेतुके:कोर्ट ने दोबारा मेडिकल के लिए मना किया; पुलिस पर राजनीतिक दबाव नहीं

जैसलमेर के चर्चित एलडीसी भर्ती परीक्षा नकल मामले में पुलिस हिरासत के दौरान प्रताड़ना के आरोप लगाने वाले आरोपियों को जमानत मिल चुकी है। आरोपों पर पहली बार एसपी अभिषेक शिवहरे ने जवाब दिया। उन्होंने कहा गिरफ्तारी के तीन दिन कान का पर्दा फटने और गर्भपात जैसे आरोप लगाने का कोई तुक नहीं है। पुलिस किसी भी तरह की बर्बरता में विश्वास नहीं रखती। कोर्ट ने भी दोबारा जांच की मांग को भी खारिज कर दिया। पुलिस पर किसी तरह का राजनीतिक दबाव नहीं है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। पढ़िए … सिलसिलेवार पूरा घटनाक्रम 1. एलडीसी भर्ती परीक्षा में नकल का आरोप
5 जुलाई 2026 को जैसलमेर के रामगढ़ रोड स्थित स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल परीक्षा केंद्र पर एलडीसी भर्ती परीक्षा आयोजित हुई। आरोप है कि परीक्षा के दौरान केंद्र पर तैनात रिलीवर पदमसिंह ने महिला अभ्यर्थी मनु कंवर को नकल कराने के लिए प्रश्नपत्र परीक्षा कक्ष से बाहर निकाला। इसके बाद प्रश्नपत्र हल करवाकर वापस परीक्षा कक्ष में पहुंचाया गया। 2. 9 मिनट के सीसीटीवी गायब होने से बढ़ा शक
जांच में सामने आया कि पूरी साजिश को अंजाम देने के लिए परीक्षा केंद्र का सीसीटीवी कैमरा ठीक 9 मिनट तक बंद रहा या उसकी रिकॉर्डिंग उपलब्ध नहीं रही। आरोप है कि इसी दौरान प्रश्नपत्र बाहर भेजा गया और हल होने के बाद वापस अभ्यर्थी की टेबल पर रख दिया गया। 3. दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार, जमानत पर रिहा
नकल और धांधली की शिकायत सामने आने के बाद जैसलमेर पुलिस ने जांच शुरू की। अब तक इस मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसी बीच आरोपी पक्ष ने कोर्ट में पुलिस हिरासत के दौरान प्रताड़ित करने, कान का पर्दा फटने और महिला आरोपी का गर्भपात होने जैसे गंभीर आरोप लगाए। मामले की सुनवाइ करते हुए दोनों आरोपियों को कोर्ट ने जमानत पर रिहा कर दिया। 4. सीसीटीवी फुटेज नहीं मिलने पर दी तकनीकी सफाई
सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध नहीं होने पर जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिषेक शिवहरे ने कहा कि परीक्षा के दौरान रिकॉर्डिंग हुई थी, लेकिन बाद में फुटेज नहीं मिली। इस पर बिजली विभाग से रिपोर्ट मंगाई गई। विभाग की तकनीकी रिपोर्ट के अनुसार उस समय आंधी-तूफान या तकनीकी खराबी के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी। शुरुआती जांच में सीसीटीवी फुटेज या डीवीआर के साथ किसी तरह की मानवीय छेड़छाड़ या साक्ष्य नष्ट करने की पुष्टि नहीं हुई है। 5. एएसपी के लौटते ही आगे होगी कार्रवाई
एसपी अभिषेक शिवहरे ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) फिलहाल अवकाश पर हैं। उनके ड्यूटी पर लौटते ही मामले में आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी की जाएगी। —
ये खबर भी पढ़ें…..
1. LDC भर्ती नकल मामले में आरोपियों को मिली जमानत:बोले- पुलिस ने FIR से पहले ही मारपीट की, कान का पर्दा फाड़ दिया जैसलमेर के चर्चित एलडीसी भर्ती परीक्षा नकल मामले में अदालत ने मुख्य आरोपी पदमसिंह और मनु कंवर को जमानत दे दी है। पूरी खबर पढ़ें 2. LDC भर्ती- पेपर फाइल में छिपाकर ले गया था टीचर:कैंडिडेट्स ने हंगामा किया तो बोले- तुम्हें भी बता देंगे, शोर मत मचाओ जैसलमेर में LDC (ग्रेड सेकेंड) भर्ती परीक्षा में नकल को लेकर चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। टीचर की ओर से महिला अभ्यर्थी को नकल कराने का पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद हो गया। पूरी खबर पढ़ें

कोटा में तीन दिन बारिश का यलो अलर्ट:किसानों ने सोयाबीन-उड़द की बुआई की, अब कम बारिश से परेशानी

कोटा में सोमवार को भी आसमान में बादल छाए रहे। लेकिन शाम तक बारिश नहीं हुई। बादल छाए रहने से तापमान में 1डिग्री की गिरावट दर्ज हुई। दिन का अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री व न्यूनतम 28.6 डिग्री दर्ज हुआ। पारे में उतार चढ़ाव के बाद भी गर्मी व उमस बरकरार है। लोग बारिश का इंतजार कर रहे है। मौसम विभाग ने कोटा संभाग में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है एक दिन पहले रविवार को आसमान में बादल छाए रहे लेकिन बारिश नहीं हुई। हालांकि तापमान में 4 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई। अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री व न्यूनतम 29.1 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार- इस सीजन में 19 जुलाई तक 35% कम बारिश हुई है। सामान्यतया जिले में 19 जुलाई तक औसत 225.1 मिमी बारिश होती है। इस सीजन में अभी तक 146 मिमी बारिश हुई है। किसानों का बुआई का गणित बिगड़ा वहीं मानसून की बेरुखी से किसानों का बुआई का गणित गड़बड़ा गया है। किसानों ने मानसून को अच्छा मानकर सोयाबीन, उड़द व अन्य खरीफ फसलों की बुआई शुरू कर दी। खेत में बीज डाल दिए लेकिन तेज धूप के कारण जमीन की नमी खत्म हो चुकी है। कई खेतों में बीज जमीन के भीतर ही सड़ने लगा है। यदि जल्दी बारिश नहीं हुई तो किसानों को दोबारा बुआई के लिए मजबूर होना पड़ेगा। सुल्तानपुर क्षेत्र के नौताडा मालियान गांव में अच्छी बारिश और खुशहाली की कामना के साथ भेरूजी की सवारी निकाली गई। रविवार को हुए इस धार्मिक आयोजन में गांव के महिला, पुरुष, युवा और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। ग्रामीणों ने बताया कि अच्छी बारिश की कामना को लेकर भेरूजी की सवारी निकालने की यह परंपरा सालों से चली आ रही है। ऐसी मान्यता है कि श्रद्धा और विश्वास के साथ निकाली जाने वाली इस सवारी से क्षेत्र में अच्छी बारिश होती है, जिससे किसानों की फसलें लहलहाती हैं।

जेएलओ-भर्ती एग्जाम: 3 दिन पहले अपलोड होंगे एडमिट कार्ड:जयपुर विकास प्राधिकरण में 12 पदों पर होगी भर्ती; दो दिन होगा पेपर

राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से कनिष्ठ विधि अधिकारी (जयपुर विकास प्राधिकरण) भर्ती-2025 का एग्जाम 26 एवं 27 जुलाई को होगा। 12 पदों पर होने वाली भर्ती के लिए सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर 2.30 से शाम 5.30 बजे तक जयपुर जिला मुख्यालय दो पारियों में एग्जाम होगा। परीक्षा के एडमिट कार्ड आयोग की ओर से 23 जुलाई 2026 को आयोग की वेबसाइट एवं एसएसओ पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे। हर प्रश्नपत्र में ओएमआर उत्तर पत्रक के पांचवें विकल्प को भरने के लिए 10 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा। ऐसे डाउनलोड करें एडमिट कार्ड प्रवेश-पत्र आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध एडमिट कार्ड लिंक के माध्यम से आवेदन-पत्र क्रमांक व जन्म दिनांक प्रविष्ट कर डाउनलोड किए जा सकेंगे। इसके अतिरिक्त एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन कर सिटीजन ऐप्स में उपलब्ध रिक्रूटमेंट पोर्टल लिंक से भी प्रवेश-पत्रों को डाउनलोड किया जा सकता है। एक घंटे पहले मिलेगी सेंटर पर एंट्री परीक्षा केंद्र पर किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा शुरु होने के 60 मिनट पूर्व तक ही प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थी परीक्षा के दिन हर परीक्षा सत्र में परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के लिए नियत समय से पर्याप्त समय पूर्व परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक रूप से उपस्थित हो जाएं ताकि सुरक्षा जांच और पहचान का कार्य समय पर पूर्ण हो सके। देरी से आने पर तलाशी में समय लगने के कारण परीक्षा में शामिल होने से वंचित हो सकते हैं। फोटो सहित पहचान-पत्र जरूरी किसी के बहकावे में नहीं आए कैंडिडेट्स आयोग की ओर से आयोजित परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थी किसी दलाल, मीडिएटर, समाजकंटक या अपराधी के बहकावे में न आएं। यदि कोई परीक्षा में पास कराने के नाम पर रिश्वत की मांग या अन्य कोई प्रलोभन व झांसा देता है तो प्रमाण सहित इस संबंध में जांच एजेंसी एवं आयोग कंट्रोल रूम नंबर 0145-2635200, 2635212 एवं 2635255 पर सूचित करें। परीक्षा में अनुचित साधन अपनाये जाने एवं अनुचित कृत्यों में संलिप्त होने पर राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम के अध्युपाय) अधिनियम, 2022 के तहत आजीवन कारावास, 10 करोड़ रुपए तक के जुर्माने से दण्डित एवं चल अचल संपत्ति कुर्क कर जब्त की जा सकती है। गूगल मेप पर निर्भर न रहे अभ्यर्थी परीक्षा केन्द्र की लोकेशन के लिए गूगल मैप पर निर्भर न रहें। तकनीकी त्रुटियों के कारण कुछ परीक्षा केन्द्रों की लोकेशन मैप पर अस्पष्ट हो सकती है। इसलिए अभ्यर्थी ई-प्रवेश पत्र पर दिए गए पते की पुष्टि परीक्षा दिवस से पूर्व ही कर लें, जिससे परीक्षा के दिन देरी न हो। …………. पढें ये खबर भी… 42 लाख की ठगी करने वाला पूर्व पार्षद-हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार:सरकारी जमीन में बनी दुकानें बेची, गांव में फरारी काट रहा था सरकारी जमीन पर बनी दुकानें बेचकर एक महिला से 42 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने के आरोपी पूर्व पार्षद एवं हिस्ट्रीशीटर अलीम खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी अपना मोबाइल फोन बंद कर फरारी काट रहा था। आरोपी अलीम खान के खिलाफ पहले से ही विभिन्न थानों में करीब 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं। (पूरी खबर पढें)

अलवर के कठूमर में तेज और शहर में रिमझिम बारिश:तीन दिन अलर्ट;उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद; पिछले साल की तुलना कम बरसात हुई

अलवर में सोमवार सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। हवा चल रही है। इस बीच कठूमर और खेड़ली इलाके में तेज बारिश हुई। शहर में करीब डेढ़ बजे के बाद रिमझिम बारिश शुरु हो गई हैं,वहीं नटनी का बारा,मालाखेड़ा ,माधोगढ़ समेत कई इलाकों में रिमझिम बारिश हो रही हैं। आज जिले में अच्छी बारिश की उम्मीद है। वहीं, इससे पहले रविवार को भी जिले के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी हुई थी। मौसम विभाग के अनुसार, जिले में 20 से 22 जुलाई तक बारिश का येलो अलर्ट है। उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। रविवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। देखे 2 फोटोज
अलवर में मानसून की स्थिति इस बार मानसून अब तक कमजोर बना हुआ है। 19 जुलाई तक जिले में औसतन 146.08 मिमी बारिश दर्ज हुई है, जो पिछले साल की तुलना में 41.34 प्रतिशत कम है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार सक्रिय मानसूनी सिस्टम के प्रभाव से अगले तीन दिनों के दौरान जिले के कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और मौसम सुहावना होने की उम्मीद है।

नगरपरिषद कर्मचारी से मारपीट करने वालों को बाजार में घुमाया:जोधपुर में छुपकर काट रहे थे फरारी, लौटते ही चार बदमाशों को पुलिस ने दबोचा

बाड़मेर शहर के मुख्य बाजार में नगर परिषद के कर्मचारी के साथ बेरहमी से मारपीट करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रविवार शाम पुलिस ने आरोपियों को कोतवाली थाने से पैदल घटनास्थल तक ले जाकर मौका तस्दीक कराई। वारदात के बाद आरोपी करीब 10 दिन तक जोधपुर समेत अलग-अलग जगहों पर छिपे रहे। वापस बाड़मेर लौटने पर पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। मुख्य बाजार में हुई थी मारपीट कोतवाली थाना प्रभारी (सीआई) मनोज कुमार ने बताया – 8 जुलाई को अहिंसा सर्किल के पास नगर परिषद कर्मचारी कमल घारू पर कुछ बदमाशों ने हमला कर दिया था। मारपीट के वीडियो सोशल मीडिया पर भी काफी वायरल हुए थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने इस घटना से इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की थी। शुरुआती जांच में सामने आया कि पीड़ित और आरोपियों के बीच काफी समय से आपसी विवाद चल रहा था, जिसके चलते यह वारदात हुई। टीमें बनाकर चारों आरोपियों को पकड़ा सीआई ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए थे। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आयुष पुत्र रोशन, हेमंत उर्फ टकिया पुत्र हरिकिशन, हेमंत उर्फ टनिया पुत्र धर्मेंद्र, तीनों निवासी बापू कॉलोनी, तथा विकास पुत्र तुलसीदास निवासी रेलवे कुआं नंबर-3, बाड़मेर को गिरफ्तार किया है। 10 दिन जोधपुर में छिपे रहे, लौटते ही दबोचे गए पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी जोधपुर सहित अन्य स्थानों पर छिपकर फरारी काटते रहे। करीब 10 दिन बाद जब वे वापस बाड़मेर लौटे तो ग्रामीण थाना क्षेत्र में छिप गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से पूछताछ, हथियार की तलाश जारी पुलिस फिलहाल चारों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। मारपीट में इस्तेमाल किए गए हथियार समेत अन्य साक्ष्य बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, घायल कर्मचारी की तबीयत अब ठीक है। कोतवाली से घटनास्थल तक पैदल ले जाकर कराई तस्दीक रविवार शाम पुलिस आरोपियों को कोतवाली थाने से पैदल घटनास्थल तक लेकर गई। वहां वारदात की जगह पर मौका तस्दीक कराई गई। इसके बाद चारों आरोपियों को दोबारा पैदल ही थाने लाया गया। — इससे जुड़ी खबर पढ़े… स्कूटी पर जा रहे युवक को लाठी-डंडों से पीटा, VIDEO:हॉस्पिटल में सफाई कर्मचारी के साथ मारपीट के बाद किया हमला पुरानी रंजिश के चलते शाम को एक पक्ष ने हॉस्पिटल स्वीपर के साथ मारपीट कर दी। इससे गुस्साए इसके साथियों ने कुछ देर बाद रात करीब 9 बजे अहिसा सर्किल पर सरेआम नगर परिषद के कर्मचारी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पढ़ें पूरी खबर