ब्रेकिंग न्यूज़
बाड़मेर में रेप के आरोपी का केस नहीं-लड़ने की अपील:अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष बोले- दरिंदे को सजा मिलनी चाहिए, पीड़ित परिवार का सहयोग करेंगे

बाड़मेर में 7 साल की बच्ची के साथ रेप की घटना के बाद मंगलवार को बाड़मेर अधिवक्ता संघ ने मार्मिक अपील की है। संघ का कहना है कि आरोपी पक्ष की कोई वकील पैरवी न करे। संघ के अध्यक्ष विष्णुराम चौधरी ने कहा कि ऐसा जघन्य अपराध करने वाले आरोपी को कठोर से कठोर सजा होनी चाहिए। संघ पीड़ित परिवार के साथ है। अगर उनको बार एसोसिएशन की जरूरत पड़ी, तो 24 घंटे हम लोग तैयार हैं। पुलिस के अनुसार रविवार को 7 साल की नाबालिग घर के पास खेल रही थी। तभी पड़ोस में रहने वाला युवक (30) बच्ची को बहला-फुसलाकर झाड़ियों में ले गया और उसके साथ रेप किया। इसके बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। दर्द से कराहते हुए मासूम घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। परिजन मासूम को लेकर हॉस्पिटल पहुंचे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से रिपोर्ट ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। संघ के अध्यक्ष बोले- नाबालिग के परिवार का पूरा सहयोग करेंगे
बाड़मेर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष विष्णुराम चौधरी ने बताया कि 7 साल की बच्ची के साथ रेप का मामला दर्ज हुआ था। बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी ने पूरे संघ से मार्मिक अपील की है कि इस रेप के आरोपी की किसी प्रकार की कोई पैरवी न करें। नाबालिग के परिवार का पूरा सहयोग करें। उन्होंने कहा कि आरोपी को सजा दिलाने के लिए पूरी बार एसोसिएशन मदद करने के लिए तैयार है। परिवार को न्याय के लिए कानूनी जानकारी की जरूरत होगी तो हम लोग अपनी तरफ से निशुल्क सेवा देने के लिए तैयार हैं। ऐसे आरोपियों के लिए न्याय व्यवस्था में कठोर से कठोर आजीवन कारावास की सजा है। जज पर निर्भर करता है, क्योंकि वे उसे जघन्य अपराध में फांसी की सजा भी दे सकते हैं। बता दें कि मामले में सोमवार को एबीवीपी ने भी कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया था। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि आरोपी के खिलाफ जल्द चार्जशीट पेश की जाए, पीड़ित परिवार को सुरक्षा दी जाए और आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाया जाए। ———— इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… बाड़मेर में 7 साल की बच्ची के साथ रेप:पड़ोसी ने झाड़ियों में ले जाकर की दरिंदगी, आरोपी गिरफ्तार

बीए के रिजल्ट में गड़बड़ी का आरोप:छात्रों ने कॉलेज पर लगाया ताला, बिना शुल्क लिए री-चेकिंग की मांग

सलूंबर के हाड़ा रानी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बीए तृतीय और पांचवें सेमेस्टर के परीक्षा परिणामों में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए ABVP के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने कॉलेज के मुख्य गेट और प्रशासनिक भवन पर ताला जड़कर प्रदर्शन किया। 80 फीसदी स्टूडेंट्स को विभिन्न विषयों में फेल किया छात्रों का आरोप है कि हाल ही में घोषित हुए परीक्षा परिणामों में करीब 80 फीसदी नियमित विद्यार्थियों को ‘बैक’ दे दी गई है। सबसे ज्यादा गड़बड़ी ‘इंग्लिश कम्युनिकेशन’ विषय के रिजल्ट में सामने आई है, जिसमें अधिकांश छात्रों को फेल किया गया है। इस परिणाम से पूरे जनजातीय क्षेत्र के छात्रों में भारी नाराजगी है। एबीवीपी के छात्र नेताओं प्रद्युम्न सिंह, गौरव भोई और निखिल भट्ट ने आरोप लगाया-यह जनजातीय क्षेत्र के गरीब और होनहार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। जानबूझकर इतनी बड़ी संख्या में छात्रों को फेल किया गया है, ताकि री-इवैल्यूएशन (पुनर्मूल्यांकन) के नाम पर उनसे दोबारा मोटी फीस वसूली जा सके। अगर बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के कॉपियों की दोबारा निष्पक्ष जांच नहीं की गई, तो यह आंदोलन सड़क से लेकर यूनिवर्सिटी मुख्यालय तक पहुंचेगा। तहसीलदार ने छात्रों से बात की हंगामे की खबर मिलते ही सलूंबर तहसीलदार डॉ. मयूर शर्मा मौके पर पहुंचे और छात्रों से बातचीत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने एडीएम (ADM) को पूरी स्थिति से अवगत कराया। इसके बाद प्रशासनिक स्तर पर मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार से फोन पर बात की गई और छात्रों की मांगों को उनके सामने रखा गया। इसके बाद एबीवीपी के प्रतिनिधिमंडल ने कॉलेज प्राचार्य के माध्यम से परीक्षा नियंत्रक (COE) के नाम एक ज्ञापन सौंपा। छात्रों की प्रमुख मांगें कॉलेज प्राचार्य मुकेश चौहान ने मामले पर कहा-अगर किसी एक विषय में 70 से 80 फीसदी छात्र फेल हो रहे हैं, जबकि बाकी विषयों में उनके नंबर बहुत अच्छे हैं, तो यह वाकई गंभीर मामला है। इस क्षेत्र के ज्यादातर छात्र आर्थिक रूप से कमजोर हैं, वे बार-बार री-इवैल्यूएशन की फीस नहीं दे सकते। यूनिवर्सिटी को किसी दूसरे प्रोफेसर से कॉपियों की जांच करानी चाहिए और इस गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करनी चाहिए। आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कुशल शर्मा, दीक्षित सुतार, हितेश शर्मा, गजेंद्र सिंह, जया दमामी, वर्षा शर्मा, भावेश जोशी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

दंपती और बेटे का एक चिता पर अंतिम संस्कार:जहर खाने से एक ही परिवार के 3 लोगों की हुई थी मौत, एक बेटे का चल रहा इलाज

करौली के सपोटरा उपखंड की ग्राम पंचायत बालौती में एक ही परिवार के तीन सदस्यों का मंगलवार को एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया। जहरीला पदार्थ खाने से पति, पत्नी और उनके एक बेटे की मौत हो गई थी। परिवार के एक अन्य बेटे जयपुर के एसएमएस अस्पताल में इलाज चल रहा है। सपोटरा थानाधिकारी अबजीत कुमार ने बताया कि बालौती निवासी रामदयाल बैरवा, उनकी पत्नी राजबाई और दोनों पुत्र विजय व लक्ष्मी नारायण ने सोमवार को जहरीले पदार्थ का सेवन किया था। उपचार के दौरान रामदयाल की जयपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। राजबाई और लक्ष्मी नारायण ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मंगलवार को रामदयाल का शव जयपुर के एसएमएस अस्पताल से और राजबाई और लक्ष्मी नारायण के शव सपोटरा अस्पताल से गांव लाए गए। घटना में घायल विजय का जयपुर के एसएमएस अस्पताल में उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। गरीबी और बीमारी से परेशान होकर उठाया कदम ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार यह परिवार लंबे समय से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं, आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव से जूझ रहा था। दोनों पुत्र हाइड्रोसील की बीमारी से पीड़ित थे, जिसके उपचार पर काफी खर्च हो चुका था। परिजनों ने बताया कि बीमारी और आर्थिक बोझ के कारण परिवार गहरे तनाव में था। मृतक रामदयाल के बड़े भाई हरिराम ने जानकारी दी कि पिछले कई महीनों से परिवार के सदस्य निराश थे और पहले भी आत्महत्या का प्रयास करने जैसी घटनाएं सामने आई थीं। अंतिम संस्कार में तहसीलदार दिलीप कुमार अग्रवाल, जिला प्रमुख प्रतिनिधि रक्षीलाल बैरवा, विधायक प्रतिनिधि रामसिंह, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

प्रतापगढ़ में सोनम वांगचुक के समर्थन में पैदल मार्च:बीपीवीएम ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

प्रतापगढ़ में लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में मंगलवार को भील प्रदेश विद्यार्थी मोर्चा (बीपीवीएम) के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर पैदल मार्च निकाला। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर मार्च निकाला और लोकतांत्रिक मूल्यों तथा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा की मांग उठाई। जंतर-मंतर की कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग ज्ञापन में कहा गया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक और अन्य प्रदर्शनकारियों के साथ हुई कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सवाल खड़े करती है। संगठन का कहना है कि संविधान प्रत्येक नागरिक को शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने का अधिकार देता है। बीपीवीएम ने राष्ट्रपति से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और घटना से जुड़े तथ्यों को सामने लाने की मांग की। भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने की अपील संगठन ने मांग की कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं और लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान तथा नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। ज्ञापन में संगठन ने विश्वास जताया कि संविधान की भावना के अनुरूप मामले में न्यायसंगत निर्णय लिया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। यह ज्ञापन भील प्रदेश विद्यार्थी मोर्चा (बीपीवीएम) की ओर से राष्ट्रपति के नाम जिला प्रशासन को सौंपा गया।

घर में घुसे युवक से मारपीट, मूंछ-बाल और भौहें काटी:आधी रात परिजनों को बुलाकर सौंपा; पुलिस बोली- रिपोर्ट मिलने पर कार्रवाई करेंगे

बाड़मेर में युवक के सिर के बाल, मूंछ काटने और मारपीट की घटना सामने आई है। आरोप है कि एक युवक को बदमाशों ने पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। हालांकि पुलिस के पास अभी तक कोई रिपोर्ट नहीं आई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार- एक युवक बाइक लेकर सोमवार की रात जिले के एक गांव में किसी के घर में घुसा था। इस दौरान परिजनों और वहां के करीब 15 से ज्यादा लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। कैंची से युवक के सिर के बाल काट दिए। मूंछें और भौंहें भी काट दीं। इसके बाद पीड़ित युवक के परिजनों को फोन कर मौके पर बुलाया, जो युवक को छुड़वाकर घर लेकर गए। मामले में संबंधित थानाधिकारी का कहना है कि रात को हमें सूचना मिली थी, लेकिन जब हम वहां गए तो हमें कुछ नहीं मिला। पूरे मामले की जांच की जा रही है। हालांकि, अभी तक कोई रिपोर्ट हमारे पास नहीं आई है। रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी। घटना के चार वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें कुछ लोग युवक के बाल और भौहें कैंची से काटते हुए दिखाई दे रहे हैं।

एग्जाम में लेक्चरर ने कराई नकल, VIDEO:स्टूडेंट्स को बोल-बोलकर आंसर लिखवाए; 93 कॉपियां सील

जैसलमेर के एक निजी कॉलेज में बीए सेकेंड ईयर के हिंदी साहित्य के पेपर में नकल करवाने का मामला सामने आया है। एग्जाम रूम में लेक्चरर (वीक्षक) ही स्टूडेंट्स को सवालों के आंसर लिखवा रहे थे। जयनारायण व्यास यूनिवर्सिटी की फ्लाइंग स्क्वॉड टीम ने मौके पर पहुंचकर 93 कॉपियों को सील किया और सामूहिक नकल का मामला दर्ज करवाया। जैसलमेर के श्री करणी कॉलेज कजोई में शनिवार सुबह 7 से 10 बजे की पारी में एग्जाम चल रहा था। यूनिवर्सिटी की फ्लाइंग टीम में शामिल प्रोफेसर अमन सिंह, डॉ. सुरेश चौधरी, डॉ. ललित झाला और डॉ. गौरव जैन सुबह 9 बजे कॉलेज में निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान एग्जाम रूम में लेक्चरर (वीक्षक) जय करण और ओम प्रकाश स्टूडेंट्स को सामूहिक रूप से सवालों के जवाब लिखवाते मिले। कॉपियों की जांच में सभी के उत्तर लगभग समान पाए गए। सीसीटीवी फुटेज की जांच में भी लेक्चरर की ओर से परीक्षार्थियों को उत्तर डिक्टेट कर (बोल- बोलकर) नकल करवाने की पुष्टि हुई। इसके बाद टीम ने सभी 93 कॉपी सील कर दी।
सरकारी और निजी कॉलेजों में पहुंची फ्लाइंग टीम फ्लाइंग टीम ने जैसलमेर शहर के साथ ही अनडू, फतेहगढ़, रामगढ़ और बाड़मेर जिले के शिव क्षेत्र में स्थित कॉलेजों के परीक्षा केंद्रों पर जांच की। इसके अलावा बाड़मेर के शिव केंद्र पर भी नकल का एक मामला दर्ज किया गया। कुछ निजी कॉलेजों में परीक्षा के दौरान गड़बड़ी पाई गई। इन केंद्रों की भी जांच की जा रही है। परीक्षा की पारदर्शिता के साथ समझौता नहीं कुलगुरु प्रो. पवन कुमार शर्मा ने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा। विश्वविद्यालय जीरो टॉलरेंस नीति के तहत काम कर रहा है और नकल करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कुलगुरु ने कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

राजस्थान दिनभर, 10 बड़ी खबरें:4 दिन बक्से में रखा पत्नी का शव; झालावाड़ में मंदिर-पुल डूबा; टीचर को महिलाओं ने चप्पल से पीटा

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर मौसम की है। झालावाड़ में नदी के उफान में पुल और मंदिर डूब गया है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें 1. झालावाड़ में नदी के उफान में पुल डूबा, रास्ता बंद
राजस्थान में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। 8 जिलों में बारिश हुई। झालावाड़ जिले में तेज बारिश के कारण परवन नदी उफान पर है। यहां एक छोटा पुल और मंदिर डूब गया। बारां में मूसलाधार बारिश के कारण दुकानों में पानी घुस गया। पूरी खबर पढ़ें 2.अब हर प्रेग्नेंट महिला की डिलीवरी की होगी लिस्टिंग
प्रदेश में प्रसूताओं की मौत को रोकने के लिए सरकार ने एक्शन प्लान तैयार किया है। अब हर महीने होने वाली डिलीवरी की हर जिले में लिस्टिंग होगी। उनका हेल्थ कार्ड बनेगा। जिसमें यह होगा कि उनका इलाज कहां, कौनसे अस्पताल में होगा। पूरी खबर पढ़ें 3. पति ने पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला
झुंझुनूं में पति ने पत्नी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इतनी बुरी तरह से पीटा कि उसकी हड्डियां तक टूट गईं। इसके बाद महिला के दोनों हाथ बांधे और शव को लोहे के संदूक(बक्सा) में बंद कर ताला लगा दिया। पूरी खबर पढ़ें 4. रिटायर्ड-ASI ने परिवार के साथ मिलकर युवक की हत्या की
भरतपुर में रिटायर्ड ASI ने परिवार के साथ मिलकर युवक की लाठी-डंडों और सरिए से पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोप है कि ASI का परिवार युवक की करोड़ों रुपए की जमीन अपने नाम करवाना चाहता था। पूरी खबर पढ़ें 5. जयपुर में RTO दस्ते ने ट्रक मालिक का सिर फोड़ा
जयपुर में RTO दस्ते ने ट्रक मालिक का सिर फोड़ दिया। ट्रक ओवर लोड बताकर 50 हजार रुपए का चालान भरने लगे। वीडियो बनाने पर गुस्साएं आरटीओ कर्मियों ने डंडा निकालकर मारपीट की। पीड़ित के बेटे ने कानोता थाने में मामला दर्ज करवाया है। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें 6. श्रीसांवलियाजी मंदिर के भंडार से निकले 38.23 करोड़ रुपए
चित्तौड़गढ़ के श्रीसांवलियाजी मंदिर में कृष्ण पक्ष चतुर्दशी पर खोले गए भंडार की गिनती मंगलवार को पूरी हो गई। नकद राशि, ऑनलाइन दान और मनीऑर्डर से मिले दान को मिलाकर कुल 38 करोड़ 23 लाख 13 हजार 862 रुपए मिले हैं। 7. ग्रामीण सेवा शिविर में युवक ने खुद पर डाला पेट्रोल
दौसा जिले के खुरी कलां गांव में ग्रामीण सेवा शिविर में युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद लोगों ने युवक को पकड़ लिया। रास्ते के विवाद का समाधान नहीं होने से युवक परेशान है। पूरी खबर पढ़ें 8. सरकारी स्कूल के टीचर को महिलाओं ने चप्पल से पीटा
उदयपुर जिले के एक सरकारी स्कूल के टीचर को महिलाओं ने चप्पल से पीटा। आरोप है कि बच्ची टीचर के पास कॉपी चेक कराने गई थी। इस दौरान टीचर ने बच्ची से छेड़छाड़ की। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है 9. 7 महीने के बेटे की मां बनीं मिसेज इंडिया
अजमेर की आकांक्षा चौधरी ने 18 जुलाई को मिसेज इंडिया 2026 का खिताब जीता। वह सात महीने के बेटे अर्शिव की मां हैं। आकांक्षा ने कहा- यह ताज सिर्फ उनकी जीत नहीं, बल्कि उन सभी महिलाओं की जीत है जो शादी और मां बनने के बाद अपने सपनों को अधूरा मान लेती हैं। पूरी खबर पढ़ें कल क्या है खास 10. जवाहर कला केंद्र में सॉल्ट पेपर सीजर नाटक का मंचन
जयपुर के जवाहर कला केंद्र में कल सॉल्ट पेपर सीजर नाटक का मंचन किया जाएगा। इसमें कच्ची बस्तियों से आने वाले बच्चे परफॉर्म करेंगे।

इलाहाबाद हाईकोर्ट बोला-राममंदिर चढ़ावा चोरी नैतिक पतन की पराकाष्ठा:सरकार कानून में बदलाव करे ताकि आरोपियों को मौत की सजा मिले

राममंदिर चढ़ावा चोरी पर इलाहाबाद हाईकोर्ट के जज ने कहा कि यह घटना भारतीय समाज के नैतिक पतन की पराकाष्ठा है। उन्होंने सुझाव दिया कि सरकार को कानून में बदलाव करना चाहिए ताकि करप्शन के आरोपियों को मौत की सजा दी जा सके। हाईकोर्ट जस्टिस अतुल श्रीधरन ने यह टिप्पणी तब की जब वे एक केस में बुलडोजर एक्शन पर सुनवाई कर रहे थे। उनके साथ बेंच में जस्टिस जस्टिस सिद्धार्थ नंदन भी मौजूद थे। जस्टिस अतुल श्रीधरन ने कहा- राममंदिर चढ़ावा चोरी से भी अगर किसी को फर्क नहीं पड़ता तो उसे किसी भी बात से शर्म नहीं आ सकती है। यह घटना हमारे समाज के नैतिक पतन की पराकाष्ठा को दिखाती है। जस्टिस श्रीधरन ने कहा, “आम भारतीय ने करप्शन को सामान्य मान लिया है। वजह तब तक इसे गलत नहीं मानता, जब तक कोई पकड़ा न जाए। ट्रांसपेरेसी की लिस्ट में भारत दुनिया के 182 देशेों में 91वें नंबर पर है, इससे भी हमें शर्म नहीं आती।” बुलडोजर एक्शन पर सुनवाई कर रहे थे जज हाईकोर्ट की न्यायमूर्ति अतुल श्रीधरन और न्यायमूर्ति सिद्धार्थ नंदन की पीठ एक मामले में बुलडोजर एक्शन पर सुनवाई कर रही थी। यह याचिका हमीरपुर के रहने वाले फैमुद्दीन एवं अन्य की ओर से दायर की गई है। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि उनके रिश्तेदार आफान खान के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और यूपी अवैध धर्म परिवर्तन अधिनियम समेत कई धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई थी। इसके बाद से पुलिस और स्थानीय प्रशासन की मिलीभगत से उनकी संपत्तियों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कोर्ट से अपनी संपत्ति की सुरक्षा देने की मांग की थी। उनका तर्क था कि केवल एफआईआर के आधार पर किसी की संपत्ति के खिलाफ कार्रवाई गलत है। हालांकि, इस मामले में जज अतुल श्रीधरन की बातों से न्यायमूर्ति सिद्धार्थ नंदन का मत अलग था। इसके चलते केस को तीसरे जज से सुनवाई कराने के लिए रेफर कर दिया गया। राममंदिर केस में सुप्रीम कोर्ट का आदेश- नई SIT बने चढ़ावा चोरी के 8 आरोपी जेल में ————————– यह खबर भी पढ़ें… मां-पिता ने डांटा तो 2 बेटों ने पीट-पीटकर मार डाला, गाजियाबाद में पिता को गिराकर पीटा, बचाने आई मां पर लात घूसे बरसाए गाजियाबाद में 2 बेटों ने मां और पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी। सोमवार रात 11 बजे दोनों बेटे झगड़ा कर रहे थे। माता-पिता ने उन्हें डांट लगाई तो भड़क गए। गुस्से में माता-पिता को लात-घूसों से पीटा, फिर डंडे से ताबड़तोड़ वार करके अधमरा कर दिया। चीख-पुकार सुनकर किराएदार ने पुलिस बुला ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों बेटों को हिरासत में ले लिया। माता-पिता को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पढ़ें पूरी खबर…

सांवलियाजी के भंडार से निकले 38.23 करोड़ रुपए:7 दिन तक चली गिनती, भक्तों ने 4 करोड़ 30 लाख रुपए का सोना- चांदी दान की

चित्तौड़गढ़ के मंडफिया स्थित श्रीसांवलिया जी मंदिर में कृष्ण पक्ष चतुर्दशी पर खोले गए भंडार की गिनती मंगलवार को पूरी हो गई। सातवें और आखिरी राउंड में सिर्फ सिक्कों की गिनती हुई, जिसमें 8 लाख 33 हजार 905 रुपए के सिक्के निकले। नकद राशि, ऑनलाइन दान और मनीऑर्डर को मिलाकर इस बार मंदिर में कुल 38 करोड़ 23 लाख 13 हजार 862 रुपए चढ़ावा आया है। भक्तों ने करीब 4 करोड़ 30 लाख रुपए का सोना और चांदी भी चढ़ाई है। मंदिर प्रशासन ने 13 जुलाई को भंडार खोला था। 7 दिन तक चढ़ावे की गिनती चली। 14 जुलाई को अमावस्या और 19 को रविवार होने के कारण गिनती नहीं हुई। भंडार, दानपेटियों से कुल 29 करोड़ 77 लाख 17 हजार 869 रुपए नकद निकले। ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और मनीऑर्डर के 8 करोड़ 45 लाख 95 हजार 993 रुपए चढ़ावा आया। कुल 38 करोड़ 23 लाख 13 हजार 862 रुपए दानराशि मिली। भक्तों ने 4 करोड़ 30 लाख रुपए का सोना- चांदी दान की नकद राशि के अलावा श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में सोना और चांदी भी अर्पित की है। भंडार, दानपेटियों और मंदिर कार्यालय से कुल 1 किलो 148 ग्राम 500 मिलीग्राम सोना और 103 किलो 497 ग्राम चांदी निकली। यानी 1 करोड़ 60 लाख रुपए का सोना और 2 करोड़ 70 लाख रुपए की चांदी भक्तों ने दान की है। …………………………. ये खबर भी पढ़ें… सांवलियाजी को 34 साल में पहली बार 337-करोड़ का चढ़ावा:200 का स्टाफ, मशीनों से काउंटिंग, ऐसी आस्था…अमाउंट स्टाम्प पर लिख कर लाते हैं भक्त चित्तौड़गढ़ के मंडफिया स्थित श्रीसांवलिया जी मंदिर में इस साल (2025-26) करीब 337 करोड़ का चढ़ावा आया है। ये 34 साल में सबसे ज्यादा है। बीते लगभग चार दशक में ऐसा कोई साल नहीं है जब मंदिर में चढ़ावे में कमी आई है। पूरी खबर पढ़ें

झालावाड़ में तेज बारिश, कालीसिंध बांध का एक गेट खोला:सरकारी दफ्तरों और हॉस्पिटल में भरा पानी, मरीज और परिजन होते रहे परेशान

झालावाड़ में मंगलवार को मानसून की तेज बारिश ने सरकारी कार्यालयों और अस्पताल में जलभराव की स्थिति पैदा कर दी है। शहर में सुबह से रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण मिनी सचिवालय और जनाना अस्पताल के कुछ हिस्सों में पानी घुस गया। वहीं, जिले में लगातार हो रही बारिश के बाद कालीसिंध का एक गेट खोला गया। जिला मुख्यालय स्थित मिनी सचिवालय के समाज कल्याण कार्यालय में दीवार के सहारे ऊपर से रिसकर आ रहे तेज बारिश के पानी से सभी कमरे भर गए। जानकारी के अनुसार, पानी पूरे परिसर में फैल गया और अधिकारियों तथा कर्मचारियों के कमरों तक भी पहुंच गया। गंदा पानी भरने से लोग हुए परेशान
इसी तरह जिले के सरकारी जनाना अस्पताल के गायनिक (स्त्री एवं प्रसूति रोग) ओपीडी कक्ष में भी बारिश का पानी भर गया। इससे मरीजों और उनके परिजनों को आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ा। अस्पताल में इलाज के लिए पहुंची गर्भवती महिलाओं और अन्य मरीजों को गंदे पानी के बीच से गुजरना पड़ा। जलभराव के कारण संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। मरीजों ने अस्पताल जैसी महत्वपूर्ण जगह पर इस तरह की अव्यवस्था पर चिंता व्यक्त की और प्रशासन से तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की है। कालीसिंध बांध का एक गेट खोला
झालावाड़ जिले में लगातार हो रही बारिश के बाद मंगलवार को कालीसिंध का एक गेट खोला गया। कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार शाम 4:10 बजे गेट नंबर 17 खोला गया है। इससे 850 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है। उल्लेखनीय है कि मानसून की बारिश के दौरान यह पहला अवसर है, जब किसी बांध का गेट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है।