ब्रेकिंग न्यूज़
नर्सिंग कॉलेज में छात्राओं को बताए जनसंख्या नियंत्रण के कानूनी उपाय

भास्कर न्यूज| जैसलमेर राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार एक्शन प्लान के तहत शनिवार को राजकीय गर्ल्स नर्सिंग कॉलेज में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल शिप्रा शांडिल्य ने छात्राओं को विश्व जनसंख्या दिवस के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस दिवस का मुख्य उद्देश्य परिवार नियोजन, मातृ स्वास्थ्य, लैंगिक समानता, शिक्षा तथा सतत विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। यह दिवस वर्ष 1989 में संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम की पहल पर शुरू किया गया। यह 1990 से पूरे विश्व में मनाया जा रहा है। इस वर्ष की मुख्य थीम “युवाओं की उम्मीदों और आकांक्षाओं को साकार करना—आज और भविष्य के लिए” है। अधिवक्ता शिप्रा शांडिल्य ने कहा कि बढ़ती आबादी के कारण प्राकृतिक संसाधनों पर भारी दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है।

रेलमगरा में सबसे ज्यादा 241, राजसमंद मुख्यालय पर सबसे कम 32 मिमी बारिश हुई

भास्कर न्यूज | राजसमंद राजसमंद जिले में इस बार मानसून करीब एक सप्ताह की देरी से पहुंचा, लेकिन सक्रिय होने के कुछ ही दिन बाद बारिश का दौर थम गया। पिछले पांच दिनों से जिले के अधिकांश हिस्सों में उल्लेखनीय वर्षा नहीं हुई है। नतीजतन आषाढ़ में वैशाख जैसी तेज धूप और उमस लोगों को परेशान कर रही है। शनिवार सुबह बादलों की आवाजाही रही, लेकिन कुछ ही देर बाद तेज धूप निकल आई। दिनभर उमस और गर्मी का असर बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक जिले में व्यापक बारिश की संभावना नहीं है। बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है, लेकिन अच्छी बारिश के आसार फिलहाल कम हैं। बारिश में आए इस अंतराल से खरीफ फसलों को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है। बुवाई के बाद फसलों के बेहतर विकास के लिए लगातार नमी जरूरी है। एक जून से 11 जुलाई तक जिले में औसतन 117 मिमी बारिश दर्ज की गई है। सबसे अधिक 241 मिमी वर्षा रेलमगरा में हुई, जबकि राजसमंद मुख्यालय पर महज 32 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो जिले में सबसे कम है। इसके अलावा देवगढ़ 228 मिमी, नाथद्वारा 140 मिमी, गढ़बोर 130 मिमी, देलवाड़ा 117 मिमी, गिलूंड 113 मिमी, खमनोर 110 मिमी, भीम 102 मिमी, कुंभलगढ़ 98 मिमी, आमेट 87 मिमी, सरदारगढ़ 83 मिमी और कुंवारिया 39 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। शनिवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में हल्की गिरावट के बावजूद हवा में नमी अधिक रहने से उमस बनी रही। मानसून की शुरुआती बारिश के बाद कई दिनों तक वर्षा नहीं होने पर सबसे अधिक असर खरीफ फसलों पर पड़ता है। इस समय मक्का, सोयाबीन, उड़द, मूंग और बाजरा जैसी फसलें अंकुरण और शुरुआती वृद्धि की अवस्था में हैं, जिन्हें नियमित नमी की जरूरत होती है। लगातार धूप और उमस से मिट्टी की नमी तेजी से कम होती है, जिससे पौधों की बढ़वार प्रभावित हो सकती है। जिन किसानों के पास सुविधा है, वे हल्की सिंचाई कर खेतों में नमी बनाए रखें। डॉ. जगदीश चौधरी, एमपीयूएटी, उदयपुर

30 सितंबर तक पुराने वाहनों की आरसी का नवीनीकरण कराएं

सवाई माधोपुर/ गंगापुर सिटी | राज्य सरकार द्वारा 15 वर्ष या उससे अधिक पुराने वाहनों के पंजीयन प्रमाण पत्र (आरसी) के नवीनीकरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एमनेस्टी योजना लागू की गई है। योजना के तहत वाहन स्वामी 30 सितंबर 2026 तक निर्धारित एकमुश्त राशि जमा कर आरसी का नवीनीकरण करवा सकते हैं तथा विलंब शुल्क (पेनल्टी) में विशेष राहत का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। जिला परिवहन अधिकारी अभिजीत सिंह ने बताया कि योजना का लाभ 15 वर्ष या उससे अधिक पुराने दोपहिया वाहन, बाइक, स्कूटर, मोपेड एवं ट्रैक्टर के स्वामियों को मिलेगा। सामान्यतः दोपहिया वाहनों की आरसी नवीनीकरण में विलंब होने पर प्रति माह 300 रुपए की पेनल्टी देय होती है, जबकि एमनेस्टी योजना के तहत केवल 1,000 रुपए की एकमुश्त राशि जमा कर नवीनीकरण कराया जा सकेगा।

बामनवास में सिसोदिया, बौंली में राजेश नए ईओ

भास्कर न्यूज | सवाईमाधोपुर स्वायत्त शासन विभाग ने प्रदेशभर में नगर पालिका अधिकारियों के तबादले किए हैं। इसका असर सवाईमाधोपुर जिले में भी दिखा है। बामनवास, वजीरपुर और बौंली नगर पालिका में नए अधिशासी अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। नगर परिषद चित्तौड़गढ़ में अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी कमलेन्द्र प्रताप सिंह सिसोदिया को बामनवास नगर पालिका का नया ईओ लगाया गया है। बामनवास में वे संतोष कुमार मीणा का स्थान लेंगे। टोंक नगर परिषद में राजस्व अधिकारी राजेश कुमार मीणा को बौंली नगर पालिका का जिम्मा सौंपा गया है। बौंली में वे बृजेश कुमार मीणा के स्थान पर पदस्थापित होंगे। सपोटरा से आरओ दीपक चौहान को वजीरपुर का ईओ लगाया गया है। नगर परिषद सवाईमाधोपुर में राजस्व अधिकारी चन्द्रकला वर्मा को लाखेरी नगर पालिका का अधिशासी अधिकारी बनाया गया है। वजीरपुर नगर पालिका के कर निर्धारक श्रीनारायण गुप्ता को नौगांव नगर पालिका का ईओ बनाया गया है। स्वायत्त शासन विभाग के निदेशक जुईकर प्रतीक चन्द्रशेखर द्वारा जारी आदेश में सभी अधिकारियों को तुरंत कार्यमुक्त होने, नए स्थान पर जॉइनिंग देने, पालना रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

टांचा गांव के सीनियर स्कूल परिसर में पौधरोपण किया

छीपाबड़ौद| हरियालो राजस्थान एवं वृक्ष कुंज अभियान के तहत टांचा गांव स्थित सीनियर स्कूल परिसर में शनिवार को पौधरोपण किया गया। इस मौके पर प्रशासक रामगोपाल नागर, ग्राम विकास अधिकारी राजमल चक्रधारी, पंचायत सहायक त्रिलोकचंद प्रजापत, संस्था प्रधान शिवप्रसाद नागर, गिरिराज शर्मा, विनोद चौहान एवं स्कूल के स्टाफकर्मी उपस्थित थे। वहीं बालाजी की डूंगरी पर भी अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।

आरएमआरएस बैठक में विधायक गर्ग ने सुविधाएं बढ़ाने पर दिया जोर

भरतपुर। आरबीएम अस्पताल की राजस्थान मेडिकल रिलीफ सोसायटी (आरएमआरएस) की जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। बैठक में विधायक डॉ. सुभाष गर्ग ने आरबीएम और जनाना अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार तथा मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए कई सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि आरबीएम अस्पताल में सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का विस्तार किया जाए तथा गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी विभाग में ईआरसीपी सुविधा शुरू की जाए, ताकि मरीजों को दूसरे शहरों में इलाज के लिए नहीं जाना पड़े। इसके अलावा अस्पताल में कैथ लैब, एमआरआई और सीटी स्कैन मशीन स्थापित करने के लिए राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजने का सुझाव दिया। मरीजों की सुविधा के लिए एक अतिरिक्त सोनोग्राफी मशीन लगाने की भी बात कही। बैठक में गंभीर मरीजों को तत्काल भर्ती करने, अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, वार्डों में एसी, कूलर और पंखों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने, मरीजों के परिजनों के लिए छायादार शेड बनाने, अस्पताल की लिफ्टों का नियमित संचालन तथा सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर भी चर्चा हुई। विधायक ने कहा कि केवल विशेष परिस्थितियों में ही मरीजों को उच्च चिकित्सा संस्थानों के लिए रेफर किया जाए। बैठक में अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नगेंद्र सिंह भदौरिया, एडिशनल एमएस डॉ. राजेश गुप्ता, डिप्टी एमएस डॉ. प्रणव गुप्ता, जनाना अस्पताल के एडिशनल एमएस डॉ. शेर सिंह आदि उपस्थित थे।

फाइनेंस-इंश्योरेंस कंपनियों संग पेंशनर की कार्यशाला हुई

भास्कर न्यूज | बारां पेंशनर भवन में निजी फाइनेंस कंपनी और इंश्योरेंस कंपनी के सहयोग से पेंशनर कार्यशाला हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लक्ष्मीकांत गुप्ता रहे। विशिष्ट अतिथि हरद‌याल नागर, रामधन नागर, भैरूलाल जैन, कान सिंह, सत्य प्रकाश पारीक रहे। कंपनी के डिप्टी डिवीजनल मैनेजर महावीर गोस्वामी भी मौजूद रहे। पेंशनर समाज के उपस्थित सभी पेंशनर्स का कंपनी ने सम्मान किया। जिलाध्यक्ष दिनेश गुप्ता ने जानकारी दी। महावीर गोस्वामी, प्रवीण कुमार सुमन, प्रियंका अग्रवाल ने पेंशनर्स की शंका और जिज्ञासा के जवाब दिए। सत्यप्रकाश पारीक ने शंका समाधान किया। कार्यक्रम की व्यवस्था चंपालाल नागर, कुंजबिहारी शर्मा, आरके शुक्ला, जगदीश शर्मा, भंवर सिंह सिरोहिया, सत्य नारायण चौहान, पुरुषोत्तम शर्मा, रामावतार ने संभाली। संचालन रामगोपाल मीणा ने किया।

काल्पा जागीर में हुआ ब्लॉक स्तरीय पौधरोपण कार्यक्रम

छीपाबड़ौद| पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हरियालो राजस्थान एवं वृक्ष कुंज अभियान के तहत शनिवार को उपखंड क्षेत्र के काल्पा जागीर में ब्लॉक स्तरीय पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए। अधिकारियों ने आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण और नियमित देखभाल की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा, जब पौधों की देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनाया जाए। कार्यक्रम में एसडीएम अभिमन्यु सिंह कुंतल, प्रधान नरेश कुमार मीणा, तहसीलदार सुरेंद्र सिंह गुर्जर, सारथल थानाधिकारी धर्मपाल यादव, पंचायत समिति सदस्य मांगीलाल मीणा, प्रधानाचार्य नरेंद्र संत सहित ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद थे।

प्रभा बनीं अग्रमठ अग्रवाल संगठन की प्रदेश अध्यक्ष

भरतपुर | अग्रमठ परिवार अग्रवाल संगठन ने प्रभा गुप्ता को महिला प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। प्रभा गुप्ता शिक्षा, समाज सेवा, गौ सेवा और महिला सशक्तिकरण के कार्यों से जुड़ी रही हैं तथा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में कार्यरत हैं। प्रभा गुप्ता ने कहा कि वह सौंपे गए दायित्व का निर्वहन अधिक जिम्मेदारी के साथ करेंगी और संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए सतत प्रयास करेंगी। उल्लेखनीय है कि वह अन्य संगठनों में भी कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रही हैं।

15 करोड़ से ट्रॉमा सेंटर-थैलेसीमिया यूनिट भी बनेगी:RUHS में जन्म लेते ही शिशु की होगी हियरिंग स्क्रीनिंग

प्रदेश के सबसे बड़े एसएमएस अस्पताल के बाद अब आरयूएचएस में भी आधुनिक ट्रॉमा सेंटर बनेगा। 15 करोड़ से बनने वाले इस सेंटर में 40 बेड, आधुनिक इमरजेंसी हॉल, नए ऑपरेशन थिएटर और न्यूरो, सीटीवीएस, प्लास्टिक सर्जरी आदि की सुविधा मिलेगी। ट्रॉमा सेंटर बनने के बाद आधे जयपुर के लोगों को गंभीर हादसों में एसएमएस अस्पताल नहीं जाना पड़ेगा। शेष | पेज 9 ओएई टेस्ट… यह सुविधा एसएमएस में भी नहीं केरल-गुजरात की तर्ज पर आरयूएचएस में भी यूनिवर्सल न्यूबॉर्न हियरिंग स्क्रीनिंग शुरू होगी। जन्म लेते ही हर नवजात का ओएई टेस्ट कर सुनने की क्षमता की जांच होगी। 10 लाख की मशीनें खरीदी जाएंगी। यह सुविधा एसएमएस में भी नहीं है। आरयूएचएस में नया ट्रॉमा सेंटर, यूनिवर्सल न्यूबॉर्न हियरिंग स्क्रीनिंग और थैलेसीमिया यूनिट जल्द शुरू की जाएगी। टेंडर प्रक्रिया चल रही है और उपकरण खरीदे जा रहे हैं।
-डॉ. मोहनीश ग्रोवर, प्रिंसिपल, RUHS