राजस्थान-MP में बाइक चोरी करने वाली गैंग का खुलासा:10 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं, दो शातिर चोर गिरफ्तार
कोटा ग्रामीण पुलिस को बाइक चोर गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। रामगंजमंडी और चेचट थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें 4 मोटरसाइकिलें कोटा ग्रामीण, 4 झालावाड़ और 2 मध्यप्रदेश से चोरी की गई थीं। पुलिस एसपी सुजीत शंकर ने बताया- गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्यप्रदेश के नीमच निवासी मुकेश मीणा और चेचट निवासी हंसराज केवट के रूप में हुई है। दोनों आरोपी सुनसान स्थानों और सार्वजनिक जगहों पर खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे। आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। आरोपियों को पीछा कर पकड़ा मामले का खुलासा रामगंजमंडी क्षेत्र से चोरी हुई एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल की जांच के दौरान हुआ। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद विशेष टीम का गठन कर आरोपियों का लगातार पीछा किया गया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में जुटी पुलिस पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ में कोटा ग्रामीण, झालावाड़ और मंदसौर जिले में हुई करीब दर्जनभर मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ। आरोपियों की निशानदेही पर कुल 10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।

