सांड से टकराई बाइक, कॉन्स्टेबल का सिर फटा, मौत:पत्नी और बहन भी पुलिस में, डॉक्टरों ने डेढ़ घंटे सीपीआर दिया फिर भी नहीं बचे
झुंझुनूं में सांड से बाइक टकराने पर कॉन्स्टेबल की मौत हो गई। एसपी ऑफिस में तैनात कॉन्स्टेबल ड्यूटी पर जा रहे थे,अचानक सांड सड़क पर आ गया। हादसे में कॉन्स्टेबल का सिर फट गया। उन्हें बीडीके हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसा हवाई पट्टी सर्किल के पास बुधवार रात 8:30 बजे हुआ। कॉन्स्टेबल विकास झाझड़िया (35) पुत्र अमर सिंह गोवला गांव के रहने वाले थे। वह 5 साल से पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विधि शाखा में तैनात थे। विकास की पत्नी अनीता पुलिस लाइन में तैनात हैं। बहन का नाम भी अनीता है। वह महिला थाने में तैनात हैं। पुलिस लाइन जाते समय हुआ हादसा पुलिस के अनुसार- कॉन्स्टेबल विकास झाझड़िया रात में ऑफिस जा रहे थे। हवाई पट्टी सर्किल से आगे पुलिस लाइन तक सड़क निर्माण का काम चल रहा है। इसकी वजह से रास्ते को वन-वे किया गया है। विकास जैसे ही वन-वे से कट लेकर अपनी लेन में आए, तभी अचानक सामने सांड आ गया। सांड से बाइक टकराने के बाद विकास सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उनके सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट आई। राहगीरों ने विकास को बीडीके हॉस्पिटल पहुंचाया। डॉक्टरों ने करीब डेढ़ घंटे तक लगातार सीपीआर देकर उनकी जान बचाने का प्रयास किया। रात करीब 10 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी देवेंद्र सिंह राजावत, डीएसपी गोपाल ढाका और कोतवाल श्रवण कुमार सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी बीडीके हॉस्पिटल पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को ढांढस बंधाया। 2011-12 बैच के कॉन्स्टेबल थे विकास कॉन्स्टेबल विकास झाझड़िया वर्तमान में एसपी ऑफिस में तैनात थे। विकास 2011-12 बैच के कॉन्स्टेबल थे। उनकी पत्नी अनीता पुलिस लाइन में तैनात हैं। विकास की शादी 10 साल पहले हुई थी। बहन अनीता महिला थाने में तैनात हैं। विकास के दो छोटे बेटे हैं। ………………………… ये खबर भी पढ़ें ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर, 2 युवक की मौत:कर्मचारी को घर छोड़ने जा रहा था वर्कशॉप मालिक का बेटा; ड्राइवर गिरफ्तार जैसलमेर में बुधवार रात एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वर्कशॉप मालिक का बेटा अपने साथ काम करने वाले युवक को घर छोड़ने जा रहा था। सरदारपुरा मदरसे के पास सामने से आई ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। (पूरी खबर पढ़ें)

