जैसलमेर में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, पटवारी लखबीर ट्रैप:उपनिवेशन पटवारी 50 हजार की रिश्वत राशि के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार, सरकारी आवास पर सर्च ऑपरेशन जारी
जैसलमेर जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने आज एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार करते हुए एसीबी ने नाचना उपनिवेशन विभाग के पटवारी लखबीर यादव को 50 हजार की रिश्वत की राशि के साथ रंगे हाथों दबोचा है। पटवारी की गिरफ्तारी के बाद महकमे में हड़कंप मच गया है। ताजा जानकारी के अनुसार, एसीबी की टीम पटवारी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है, वहीं दूसरी ओर आरोपी पटवारी के सरकारी आवास पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। शिकायत के बाद एसीबी ने बिछाया जाल प्राथमिक जानकारी के अनुसार, परिवादी ने एसीबी कार्यालय में उपस्थित होकर शिकायत दर्ज करवाई थी कि उपनिवेशन पटवारी लखबीर यादव उसका एक सरकारी काम करने के एवज में लंबे समय से चक्कर कटवा रहा है और काम की एवज में मोटी घूस की मांग कर रहा है। एसीबी की टीम ने गोपनीय रूप से शिकायत का सत्यापन करवाया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद आज योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया गया। जैसे ही परिवादी ने पटवारी को रिश्वत की राशि थमाई, इशारा मिलते ही घात लगाकर बैठी एसीबी की टीम ने दबिश देकर आरोपी पटवारी को रंगे हाथों दबोच लिया। टीम ने उसके पास से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली है। सरकारी आवास पर छानबीन जारी पटवारी लखबीर यादव को ट्रैप करने के तुरंत बाद एसीबी की टीम उसे लेकर उसके सरकारी आवास पर पहुंची। समाचार लिखे जाने तक आरोपी के सरकारी आवास पर एसीबी का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। टीम वहां मौजूद अलमारियों, बैंक खातों, जमीनों के दस्तावेजों और अन्य बेनामी संपत्तियों की गहनता से पड़ताल कर रही है। एसीबी के उच्च अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई अभी प्रारंभिक चरण में है। सर्च ऑपरेशन पूरा होने और दस्तावेजों की जांच के बाद ही रिश्वत की कुल राशि और आरोपी की अन्य संपत्तियों का पूरा खुलासा किया जा सकेगा। मामले की अग्रिम जांच जारी है। खबर अपडेट की जा रही है….

